लवलेश दत्त का उपन्यास ‘दर्द न जाने कोई ‘ भाग -5

दर्द न जाने कोई

 

भाग -5

 

स्कूल में फंक्शन के अगले दिन हुईं कुछ दिनों की छुट्टियों के बाद आज स्कूल खुल रहा था। देबू को खुद ही स्कूल जाने की जल्दी थी। उस दिन फंक्शन के बाद तो वह सबसे मिल ही नहीं पाया था। वह जानना चाहता था कि उसके डांस का स्कूल के बाकी बच्चों पर क्या प्रभाव पड़ा। सच बात तो यह है कि वह खुद को स्पेशल फील कर रहा था और किसी ‘सेलीब्रिटी’ की तरह खुद को स्कूल में सबके सामने लाना चाहता था। वह उस पल की कल्पना में रह-रहकर पुलकित हो रहा था जब स्कूल के सारे लोगों की निगाहें उसकी ओर उठेंगी। सचमुचउसे कितना अच्छा लगेगा! वह खुद को सबसे अलग दिखाना चाहता थाजिससे उन लोगों को भी उसकी वैल्यू पता चले जो उसे लड़की या हिजड़ा कहकर चिढ़ाया करते थे। उसे आजस्कूल पहुँचने की जल्दी थी। इसलिए वह सुबह-सुबह उठ गया और रोज़ की तरह आँगन में झाड़ू लगाकर, बर्तन धोकर, सब्जी काटकर स्कूल जाने की तैयारी करने लगा। वह नाश्ता कर ही था कि बाहर से लड़कियों की आवाज़ आ गयी, “चल देवेन्द्र…जल्दी आ।” इस आवाज़ ने उसके शरीर में फुर्ती भर दी। परांठे का रोल बनाकर फटाफट मुँह में ठूँसा, बस्ता उठाया और तुरन्त घर से बाहर निकलकर अपनी साथी लड़कियों के साथ स्कूल की तरफ कदम बढ़ाने लगा।

“तू बहुत अच्छा नाचता है देवेन्द्र,” चलते-चलते रोशनी ने उससे कहा।

“अच्छा…थैंक्यू…,”उसकी गर्दन तन गयी।

“हाँ सच में, मेरी माँ और बहन कह रही थी कि इस बार गणेश उत्सव में भी तेरा डांस रखवाएँगे।”

“गणेश उत्सव में…वहाँ तो पूरा गाँव होता है।”

“तो क्या हुआ…सारा गाँव भी तो देखे कि हमारे स्कूल का यह होनहार कलाकार कितना मस्त नाचता है…देखना पूरे गाँव में तेरी वाहवाही हो जाएगी,” रोशनी ने देवेन्द्र के कंधे पर हाथ रखते हुए कहा।

“पर उसके लिए तो तैयारी करनी होगी…और मैं…,” वह कुछ सोचने लगा।

“अरे परेशान क्यों होता है, हम सब मिलकर तैयारी करेंगे…मेरी एक दीदी हैं—रश्मि दीदी। वह उन सब बच्चों की तैयारी करवा रही हैं जो गणेश उत्सव में अपना कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे। उन्हीं के साथ तू भी तैयारी करना,” रोशनी ने देबू को समझाया।

यह खबर देबू के लिए किसी उपहार मिलने की खुशी से कम नहीं थी। देबू के कदम अपने आप स्कूल की तरफ उठने लगे। उसके मस्तिष्क में गणेश उत्सव और उसके विशाल मंच पर नाचते देबू के चित्र उभरने लगे। इसके साथ उसे हजारों लोगों की‘वन्स मोर वन्स मोर’ की आवाज़ें सुनायी देने लगीं जोउसके डांस को देखकर आ रही थीं।उसे महसूस होने लगा कि तालियों की गड़गड़ाहट के बीच वह फूल की तरह ऊपर उठता जा रहा है। वह अपने ख्यालों में उडान भर ही था कि अचानक आवाज़ आती है, “ओए छक्के…किधर जा रहा है बे…ज़रा डांस तो दिखा दे…” वह एक ही झटके में यथार्थ के कठोर धरातल पर धम्म से आ गिरता है मानो ऊँची उड़ान भरते परिन्दे को किसी ने गोली मार दी हो। वह आवाज़ की दिशा में देखता है, पीछे वही लड़के खड़े हैं जो उस दिन बाजार में उसे छक्का कह रहे थे। वे लड़के उसी के स्कूल में सीनियर क्लास में पढ़ते हैं। इससे पहले कि वह कुछ कहता, उनमें से एक लड़के ने उसे पीछे से धक्का दे दिया। अगले ही पल वहजमीन पर चारों खाने चित्त गिर गया।वे लड़के उसे ‘छक्का’ कहते हुए उसके गाल नोचने लगे।साथ चल रही लड़कियों ने इसका विरोध करते हुए प्रिंसिपल सर से शिकायत करने की धमकी दी। लड़के “अरे चल…बहुत देखे हैं…” कहते हुए वहाँ से चले गये। लड़कियों नेदेबू को उठाया, उसके कपड़ों पर लगी मिट्टी झाड़ी और उसका हाथ थामकर स्कूल की तरफ चल दीं। देबू के लिए आज बहुत महत्त्वपूर्ण दिन था इसलिए गिरने के बावजूद भी आज उसने अपनी शारीरिक पीड़ा को महसूस नहीं किया।

देबू की उम्मीदों के अनुसार ही स्कूल में उसके प्रशंसक थे। प्रार्थना के समय भी प्रिंसिपल सर ने उसे स्टेज पर बुलाकर उसकी पीठ थपथपाई। इसके साथ ही यह भी बताया कि इस साल गणेश उत्सव में स्कूल की तरफ से देबू भी भाग लेगा। सब बच्चों ने तालियाँ बजाईं। वैसे तो देबू खुश था लेकिनअन्दर-ही-अन्दर एक डर उसे खाये जा रहा था कि कहीं वे लड़के फिर उसे परेशान न करें। इसी डर की वजह से वह उस दिन कक्षा से बाहर नहीं निकला। जोरों की पेशाब लगी लेकिन वह पेशाब को दबाए बैठा रहा और छुट्टी होने का इंतजार करने लगा। वह दिन तो जैसे-तैसे कट गया। लेकिन यह एक दो दिन की बात नहीं थी, यह तो रोज़ की समस्या थी। परीक्षाएँ भी आने वाली थीं इस कारण स्कूल से अधिक छुट्टियाँ लेना भी ठीक नहीं था। पेशाब के लिए बाहर निकलने पर उन लड़कों का सामना करना, उनकी बदमाशियाँ झेलना, उनकी अश्लील हरकतें झेलना—यहसब सोच-सोचकर देबू का दिल दहल जाता और फिर पढ़ने में उसका मन नहीं लगता। ये लड़के केवल स्कूल में ही नहीं रास्ते में आते-जाते भी छेड़ते थे। कोई गन्दी बातें करता तो कोई उसके शरीर को गलत तरीके से छूता था। देबू के चेहरे पर हर समय एक अजीब-सी परेशानी और उलझन दिखने लगी थी लेकिन अभी तक उसके घरवालों ने इस बात पर ध्यान नहीं दिया था कि वह बुझा-बुझा-सा क्यों रहता है?

इस वर्ष रोशनी के पिता गणेश उत्सव आयोजन समिति के अध्यक्ष थे। हर वर्ष गणेश उत्सव में बाहर के कलाकार आया करते थे। इस वर्ष उन्होंने ही अलग-अलग स्कूलों के बच्चों का सांस्कृतिक रखने का प्रस्ताव दिया था जिसे समिति के सदस्यों ने सहर्ष स्वीकार कर लिया। गणेश उत्सव नज़दीक ही था। तैयारियाँ जोरों पर थीं। गाँव में जगह-जगह रंगीन पोस्टर लग रहे थे। देबू के दरवाजे के बाहर भी एक पोस्टर लगा था। देबू ने पड़ोस के बच्चों के साथ पढ़ा था—‘इस वर्ष गणेश उत्सव में स्कूल के बच्चों की प्रस्तुतियाँ भी होंगी।’ इस खबर ने देबू के अंग-अंग में एक लचक की पैदा कर दी थी। इसके साथ ही उसके चेहरे पर एक खुशी दिखाई देने लगी थी।

स्कूल से लौटकर देबू रोशनी के साथ रश्मि दीदी के घर जाकरडांस की प्रैक्टिस करने लगा था। जहाँ-जहाँ कमी होती,दीदी उसे खूब प्यार से सिखाती थी।एक-एक बोल पर कैसे हाथों को चलाना है, आँखों को चलाना है, कब मुस्कुराना है, कब कमर मटकानी है और एक के बाद एक कब पैरों को धीरे-धीरे रखना है। दीदी सबकुछ बहुत अच्छी तरह बताती थी। उनके घर में नया-नया सीडी प्लेयर आया था जो देबू के लिए किसी आश्चर्य से कम नहीं था। कौतुहलवश वह सीडी प्लेयर के पास खड़ा होकर देखता—‘एक चमकती हुई छोटी सी प्लेट जिसमें बीचोंबीच एक गोल छेद है, इतने सारे गाने इसमें कैसे भर जाते हैं? और आवाज़ इतनी साफ आती है कि वाह!’ उसने तो अभी तक कैसेट वाला बड़ा-सा टेपरिकार्डर ही देखा था जिसमें बार-बार कैसेट उलझती ही रहती थी। एक बार मनु भैया अपने दोस्त से माँगकर लाए थे। ऐसी कैसेट उलझी कि तुरन्त ही वापस करना पड़ा और उसके बाद फिर कभी नहीं लाए।‘पर यह सीडी प्लेयर तो कमाल है, मैं भी बड़ा होकर सीडी प्लेयर खरीदूँगा,’ वह सीडी प्लेयर के पास खड़ा-खड़ा अक्सर यह सोचता था।बाकीलड़के-लड़कियों के साथ देबू भी खूब प्रैक्टिस कर रहा था। वह चाहता था कि गणेश उत्सव में ऐसा डांस करे कि जो लोग उसके लिए उल्टा-सीधा बोलते हैं, जो उसके साथ छेड़खानी करते हैं, गन्दी बातें कहते हैं, उनके मुँह पर ताला लग जाए। देबू जी जान से डांस की प्रैक्सिट में जुटा था।

उस दिन घर पर कमरा बन्द किए हुए वह अपने डांस के स्टैप्स याद करने के साथ साथ, चुनरी को सिर पर रखकर उसके दोनों किनारों को अपनी शर्ट में फँसाए हुए लड़कियों जैसे हाव-भाव बना रहा था कि रेडियो पर वही गाना बजने लगा जिस पर रश्मिदीदी डांस सिखा रही थी। फिर क्या था देबू ने रेडियो की आवाज बढ़ा दी और गाने के साथ-साथ नाचना शुरू कर दिया, एक के बाद एक स्टैप खुद-ब-खुद उसे याद आए जा रहे थे। वह मग्न होकर नाच रहा था। लगभग पाँच मिनट के पूरे गाने पर वह बिना रुके नाचता रहा था। जब गाना रुका तो उसे पता चला कि कमरे की किवाड़ पर धप-धप की आवाज़ आ रही है और राजेन्द्र भैया उसे जोर-जोर से पुकार रहे हैं। उसका दिल धक् हो गया, ‘हाय, राजेन्द्र भैया शहर से वापस आ गए,’उसने घबराहट में बिना सिर से चुनरी हटाए ही दरवाजा खोल दिया।

“यह क्या हो रहा है?”राजेन्द्र ने आँखें निकालते हुए कहा।

“…”

“लौंडिया बनकर नाच रहा है…तुझसे कितनी बार कहा है कि…ठहर तू ऐसे नहीं मानेगा,” कहते हुए राजेन्द्र ने उसे दो थप्पड मारे और हाथ पकड़कर घसीटते हुए बाहर आँगन में ले जाकर धक्का दिया। वह औंधे मुँह गिरा, इतनी देर में राजेन्द्र ने अपनी कमर से बेल्ट निकाल ली और उस पर बरसानी शुरू कर दी। वह बुरी तरह चीखने लगा। उसकी चीख सुनकर ऊपर के कमरे से मानवेन्द्र भी बाहर आ गया और उसे राजेन्द्र से बचा लिया। राजेन्द्र जोर-जोर से बोल रहा था, “जब देखो तब लौंडियों वाली हरकतें करता रहता है। साला लड़का है या लड़की। झाड़ू लगाएगा, आँगन लीपेगा, बर्तन माँजेगा, अजीब लौंडा है…आज साला लौंडियों की तरह चुनरी ओढ़े कमरा बंद करके नाच रहा था। अगर फिर इसने ऐसा किया तो या तो इसे ठीक कर दूँगा या जान से मार डालूँगा…साला अजीब भाई पैदा किया है अम्मा ने…”

“जबान को लगाम दो राजेन्द्र…”मानवेन्द्र ने देबू की पीठ सहलाते हुए कहा, “जैसा भी है अपना ही छोटा भाई है, ठीक है उसे नाचना पसन्द है तो क्या हुआ? सबकी पसन्द अलग-अलग ही होती है और फिर अभी छोटा है, बड़ा होगा तो ठीक हो जाएगा।”

“घर के काम करना, लौंडियों की तरह चलना, हाथ मटकाते हुए बातें करना क्या यह भी इसकी पसन्द है…मुझे तो लगता है साला…छक्क…” जैसे उल्टी आने से पहले उबकाई आती है वैसे ही राजेन्द्र के मुँह से शब्द बाहर आते-आते रुक गया।

“घर के कामों में वह मेरा हाथ बँटाता है तो क्या गलत करता है? क्या अपनी माँ या बहन की घर के कामों में मदद नहीं करनी चाहिए?” दीदी ने घर में घुसते हुएजोर से कहा, “अगर कोई लड़का घर में काम करता है तो इसका मतलब यह नहीं कि वह…”दीदी ने भी आगे के शब्द नहीं कहे और राजेन्द्र को डाँटते हुए वहाँ से जाने को कहा।राजेन्द्र सबको आँखें दिखाता हुआ वहाँ से चला गया। वैसे भी दीदी के सामने कोई कुछ नहीं बोलता था क्योंकि माँ के बाद एक वही तो थी जो आँगनबाड़ी में नौकरी करके घर चलाने में माँ की मदद रही थी। बाकी दोनों भाइयों को तो इधर-उधर खाली घूमने से ही फुरसत नहीं थी।

देबू के कोमल शरीर पर नील पड़ गए थे। औंधे गिरने से उसकी हथेलियाँ और घुटने छिल गए थे। रोते-रोते उसकी सिसकी छूट रही थी। वह तख्त पर औंधे मुँह पड़ा था। मानवेन्द्र बहुत प्यार से उसके आँसू पोंछने लगा। दीदी ने उसकी शर्ट उतारी और नील देखकर उसकी आँखें भी नम हो गईं। उसने उसके घावों को पानी से धोकर उसपर हल्दी लगाई। घावों पर पानी लगते ही देबू कराह उठता था। हल्दी उसके घावों में जलन पैदा कर रही थी लेकिन उससे कहीं ज्यादा उसका कोमल मन जल रहा था। उसे लग रहा था कि ‘अब तक तो मैंने बाहर के लोगों के मुँह से अपने लिए ‘छक्का’ शब्द सुना था और आज तो खुद भैया भी मुझे छक्का कह रहे थे। क्या मैं सचमुच ही छक्का हूँ? क्या मैं लड़का नहीं हिजड़ा हूँ? शायद इसीलिए मैं लड़कियों जैसा हूँ। पर माँ ने, दीदी ने, मनु भैया ने तो कभी नहीं कहा कि मैं लड़का नहीं हूँ। तो फिर क्यों सब मुझे लड़का नहीं समझते?’ तन से ज्यादा मन के घाव दर्द देते हैं। देबू के तो तन और मन दोनों घायल थे। घायल मृगशावक-सा वह तड़प रहा था।

“तू क्यों ऐसा करता है देबू?” दीदी ने उसकी पीठ पर हल्दी लगाते हुए बहुत प्यार से पूछा।

“आई रे…उई माँ…”देबू दीदी का हाथ लगते ही कराह उठा, “मत करो दीदी…बहुत जलता है,” दर्द और जलन से उसकी आँखों में पानी आ गया।

“अरे पगले, रात भर में सही हो जाएगा…तू तो बहादुर लड़का है,” दीदी ने बिल्कुल माँ की तरह प्यार से कहा।

“म…मैं…लड़का ही हूँ ना दीदी…”सुबकते हुए देबू बोला।

“हाँ, हाँ पगले…तू लड़का ही है…पर ऐसे क्यों करता है लड़कियों जैसे…अगर तू लड़कियों जैसी हरकतें करेगा तो फिर लोग तुझे लड़का कैसे मानेंगे?”

“पर मुझे अच्छा लगता है दीदी…मुझे लड़की बनना, डांस करना, घर के काम करना…यह सब अच्छा लगता है तो मैं क्या करूँ?” कहकर देबू फफक पड़ा।

“अरे…अरे, रोने की क्या बात है? अभी तू छोटा है ना, इसलिए ऐसा बोल रहा है, जब बड़ा हो जाएगा तो सब ठीक हो जाएगा,” दीदी ने रोते हुए देबू को अपने सीने से लगा लिया।

ज़ख्मों में अभी तक लपकन हो रही थी। शरीर का अंग-अंग दर्द कर रहा था। देबू सिसक रहा था लेकिन उसके सिसकने का कारण उसके शरीर के जख्मों का दर्द नहीं बल्कि मन पर पड़े घावों की पीड़ा थी, जो उससे बर्दाश्त नहीं हो रही थी। वह समझ नहीं पा रहा था कि ‘एक लड़का होकर उसे लड़कियों जैसे रहना, चलना, बातें करना, खेलना, काम करना क्यों पसन्द है? उसके मन में न जाने कितनी गाँठें थीं जिनमें यह रहस्य बंधा था कि उसके तन और मन में एक रूपता क्यों नहीं है? वह लड़कियों के साथ सहज और लड़कों के साथ डरा हुआ क्यों महसूस करता है? क्यों उसकी दोस्ती लड़कों के साथ नहीं होती? वह लड़का होकर भी लड़कियों की तरह डांस कैसे कर लेता है?’ उसके मन में इन प्रश्नों की तमाम गांठें थीं जो रह-रहकर दर्द करती थीं। लेकिन उसकी इन गांठों को खोलने वाला और उसके दर्द को जानने वाला कोई नहीं था। खुद वह भी नहीं जानता था कि उसके इस दर्द का इलाज क्या है?इसके विपरीत यह दर्द उसे हर चीज से भटका देता था।

उसे लगने लगा था कि उसके साथ कुछ तो ऐसा था जिसे वह नहीं समझ पा रहा है। कोई ऐसा रहस्य है जिसकी गुत्थी सुलझने का नाम नहीं ले रही थी तभी तो वह हर बार मन में प्रतिज्ञा करता कि ‘अब ऐसा नहीं करेगा’ लेकिन फिर भी न जाने क्यों उसका मन बरबस ही उस ओर खिंचने लगता और अनायास ही वह घर के काम करने लगता, डांस के लिए तड़पने लगता, छुप-छुप कर सजने-सँवरने की कोशिश करता। उसे वह दिन याद आता जब बड़े भैया महेन्द्रप्रताप,भाभी को लेकर गाँव आए थे और एकदिन उसने चुपचाप भाभी की लिपिस्टिक लगाई थी। गालों पर लाली लगाई, आँखों में काजल लगाया और भाभी की लाल साड़ी को बाँधकर खुद को आइने में देखा था—कितनासुन्दर लग रहा था वह! ब्लॉक आफिस में लगे टीवी में फिल्म देखकर उसका मन करता कि ‘हीरो के साथ जो हीरोइन है, अगर उसकी जगह वह होता तो ज्यादा अच्छा काम कर सकता था।’ हीरो-हीरोइन के प्रेम वाले दृश्यों में उसे बहुत शर्म लगती। उसके गाल लाल और कान गर्म हो जाते थे। बलात्कार के दृश्यों में उसके दिल की धड़कन बढ़ जाती, उसके होंठ सूख जाते, उसे घबराहट होने लगती और उबकाई आने लगती थी। वह नज़रें टीवी से हटाकर या तो नीचे झुका लेता या आँखों बन्द करके बैठ जाता और आवाज़ से अन्दाजा लगाता कि वह दृश्य हट गया या नहीं। वह रह रहकर सोचता कि ‘उसके साथ ऐसा क्या है कि वह और लड़कों की तरह पिक्चर नहीं देख पाता? क्यों वहउनकी तरह ऐसे दृश्यों में अपनी आँखें टीवी पर गड़ा नहीं पाता और आँखें झुका लेता है? क्यों वह और लड़कों की तरह अधनंगी हीरोइन के डांस पर सीटी नहीं बजाता है?’ ऐसे ढ़ेरों प्रश्नों का मकड़ जाल जब उसे फँसा लेता तो वह बेचैन हो उठता और घर से भाग कर उस पुलिया पर चला जाता जहाँ अक्सर वह पढ़ाई करने के लिए बैठा करता था। वहाँ बैठे-बैठे वह बहुत देर तक अपने विषय में सोचता और व्याकुल मन लिए वापस आ जाता।

 

क्रमशः

 

लवलेश दत्त

WhatsApp Image 2026-08-10 at 16.21.47 — Vcare Language Academy

Author

Leave a Comment