गुलमोहर के नीचे
भाग 9
शांति ने आत्महत्या कर ली। रात को उसने सबको गरमागरम फूलकों के साथ सबको भोजन कराया था, सोने के लिए खटिया बिछाकर, बिस्तर-तकिए जमाए थे। अपने बाबूजी के पैर दबाए थे। उनके सिरहाने के स्टूल पर एक लोटा पानी और उलटकर गिलास रखा था। फिर सोने चली गईं थी।
गाँव से अमराई का चौकीदार आया था। उसने सीधे गणपत को बताया,
“अपन कमरा में रात के किसी परहर (प्रहर) में शंतिया चूहा मारनेवाला चार पुड़िया गटक ली थी। सोने से पहले किसी को भनक तक लगने नहीं दी थी।”
सुनते ही नीलिमा के घर में बहुत हंगामा हुआ। गणपत ने उत्तेजित होकर बंदूक निकाल ली। वे पहले विश्वास के पास जाने के लिए उद्यत।
“नहीं छोड़ूँगा…बदमाश की खोपड़ी में गोली उतार दूँगा। क्या समझ रखा है।”
किसी तरह मम्मी मना पाई।
भाई और परिवार को सँभालने के लिए गणपत उन दोंनो के साथ गाँव गए।
नीलिमा को पहले खबर नहीं भेजी गई। उसकी परीक्षाएँ चल रही थीं।
घर पहुँचते ही बुरी खबर मिली।
नीलिमा चीख पड़ी,
“मैं जानती थी, यह होगा…यही होगा। देश किसी सदी में जाए, नारियों की नियति वही रहेगी। शांति को लांछन-प्रताड़ना मिली…मिलेगी। हजारों शांतियों को।”
लगा जैसे उसे दौरा पड़ गया,
“एक भी विश्वास पकड़ा नहीं जाएगा, भले वह एक साथ तीन-तीन लड़कियों…नहीं!…नहीं, पूरे खानदान को बर्बाद कर दे।”
वह कभी खड़ी होती, कभी बैठती।
“एक भी विश्वास आत्महत्या नहीं करेगा। आत्महत्या नाबालिग शांति को ही करनी होगी।”
दिवा ने हाथ पकड़कर शांत करना चाहा। नीलिमा ने झटक दिया।
“कोर्ट कचहरी सब बेकार है। समाज का बंधन, लोक-लाज सारी बंदिशें उस देवी के लिए हैं, जिसे सबने देवी कह-कहकर भरपूर लूटा-खसोटा, छला।”
फिर एकाएक पूछा,
“पापा-मम्मी को भी पता चल गया होगा दिवा, अपराधी विश्वास था?”
“हाँ!”
“दिवा तू?”
“दीदी! मैं एकदम ठीक हूँ। सोचती हूँ, तो सिर्फ शांति की बात।”
“सच! नन्हीं सी जान, किस झमेले में फँस गई थी कि जान गँवाकर पीछा छुड़ाना पड़ा।”
नाबालिग शांति नीलिमा की आँखों में उतर सी गई।
‘बालिग विश्वास अब कभी आँखों में नहीं बसेगा।’
साल बीतते ही पापा वर अनुसंधान में लग गए। एक से एक बड़े घर के लड़के सिर्फ रंग, नाक-नक्श, अपने चेहरे की बनावट के कारण छाँट दिए गए। नीलिमा का सौन्दर्य अद्भुत था। पापा नहीं चाहते थे, लड़का उन्नीस पड़े।
एक दिन पापा के कमरे में नीलिमा का बुलावा।
“यह फोटो तुम्हें पसंद आना चाहिए। घर-वर सब अच्छा है। तुम्हारी मर्जी जानते ही उसके घर जाकर बात पक्की कर लूँगा।”
नीलिमा की तरफ से फोटो स्वीकृत हो गई। दिवा ने जाकर पापा को बताया,
“दीदी ने कहा है, सब कुछ देखभाल कर हाँ कीजिएगा।”
पारुल को नीलिमा के संबंध में जानकारी के लिए डाकिए की राह देखनी पड़ती। पहला खत पाकर वह बगीचे में नाचती फिरी थी। बगीचा क्या था, सामने की थोड़ी सी जमीन में गुलाब, मेंहदी और जूही के फूल अपनी सुगंध बिखेरा करते।
सवेरे सींचते समय वह उस मेंहदी के झाड़ के पास जरूर रुका करती थी, जिसे यत्न से नीलिमा लगा गई थी। भीनी-भीनी गंध में पारुल को नीलिमा की सुगंध मिलती।
नीलिमा की पहली चिट्ठी उसे मेंहदी तक ले गई। दूसरी ने बताया, नीलिमा बोर हो रही है। अतः वह अब पैजामा उधेड़कर सिलने को तैयार है।इसीलिए अनचाहे फाइन आर्टस में एडमिशन ले लिया है।
तीसरी में वह अपना मात्र हाल लिख पाई थी।