मेघा राठी का उपन्यास ‘वहाँ कौन है ‘ भाग -49

वहाँ कौन है? — भाग 49

कुमार बहुत देर से भटक रहा था। उसे यकीन था कि उसके साथी यहीं कहीं होंगे। बस समस्या यह थी कि उसे यह बिल्कुल याद नहीं था कि वह स्वयं इस जगह तक आया कैसे था।

वह कभी किसी पारदर्शी प्रकाश-पट्टी के पास जाकर रुक जाता, कभी किसी राहगीर को रोकने के लिए हाथ बढ़ाता और फिर उसकी भाषा न समझ पाने पर चुपचाप पीछे हट जाता।

हर तरफ कुछ जाना-पहचाना-सा था, लेकिन कुछ भी पहचाना हुआ नहीं था।कुमार ने माथे पर हाथ रख लिया, “मैं आया कहाँ से था?”

कोई उत्तर नहीं था। वह कुछ कदम और आगे बढ़ा। फिर अचानक पीछे मुड़कर देखने लगा, उसे भ्रम हुआ कि जैसे अभी-अभी किसी ने उसका नाम पुकारा हो लेकिन पीछे केवल चमकती हुई राह थी जो अपनी ही गति से आगे बढ़ती जा रही थी।

कुछ दूरी पर वही छोटी-सी गुलाबी चिड़िया हवा में मंडरा रही थी।
वह कुमार के पीछे-पीछे चली आ रही थी।कभी वह उसके सिर के ऊपर से निकल जाती, कभी किसी प्रकाश-स्तंभ पर बैठकर उसे देखने लगती। कुमार का ध्यान उस पर जाता तो वह गर्दन एक तरफ झुका लेती जैसे उसकी परेशानी उसे बहुत मनोरंजक लग रही हो।

कुमार ने एक बार उसे घूरकर देखा, “तुम भी मेरा मजाक उड़ा रही हो क्या?”

चिड़िया ने हल्की-सी आवाज निकाली और उड़कर आगे चली गई।कुमार ने सिर झटक दिया, “मुझे पागल होने में अब ज्यादा समय नहीं लगेगा।”

वह फिर चल पड़ा लेकिन कुछ ही देर बाद उसकी बेचैनी बढ़ती गई। उसे न दिशा मालूम थी, न यह कि अपने लोगों को किस तरह खोजे। वह एक स्थान पर जाकर रुक गया। सामने तीन अलग-अलग प्रकाश-पट्टियाँ तीन दिशाओं में जा रही थीं।

वह एक के पास गया…फिर दूसरी के पास…फिर तीसरी के सामने खड़ा होकर काफी देर तक उसे देखता रहा।

“कौन-सी तरफ जाऊँ?”,उसकी आवाज में झुंझलाहट से ज्यादा बेबसी थी।

आखिर वह वहीं बैठ गया।दोनों हाथों से सिर पकड़कर कुछ देर चुप रहा और फिर अचानक उठकर घुटनों के बल बैठ कर दोनों हाथ फैला कर बेबसी में चिल्लाने लगा,“ आआहह आहहह !!!! कहां गए सब मुझे छोड़कर?!!!”

कुछ क्षण बाद उसने दोनों हथेलियाँ जमीन पर रख दीं, ” कहां हो सब लोग प्लीज़ बताओ मुझे।”

उसी समय उसके कंधे पर कुछ हल्का-सा आकर बैठा।कुमार ने सिर उठाया।वही गुलाबी चिड़िया।इस बार वह बिल्कुल उसके सामने थी।उसने कुमार की ओर देखा।उसकी आँखों में एक अजीब-सी गहराई थी।कुमार की नजर उसकी आँखों से मिली।

बस कुछ क्षण…धीरे-धीरे उसकी तेज सांसें सामान्य होने लगीं। कंधों का तनाव कम हुआ। माथे पर खिंची रेखाएँ ढीली पड़ गईं।
कोई सम्मोहन ऐसा नहीं था कि कुमार अपना नियंत्रण खो देता। बस उसके भीतर उठता हुआ तूफान जैसे धीरे-धीरे शांत हो गया।

चिड़िया ने अपनी छोटी-सी चोंच से उसके बालों को छुआ और फिर सामने उड़ गई।कुछ दूर जाकर वह मुड़ी,फिर कुमार की ओर देखा, फिर आगे बढ़ी।

कुमार जैसे समझ गया, “तुम चाहती हो कि मैं तुम्हारे पीछे आऊँ?”

चिड़िया ने जैसे उत्तर में पंख फड़फड़ाए।कुमार उठ खड़ा हुआ।
वह उसके पीछे चल पड़ा।

उधर रेवनोर के घर में वातावरण बिल्कुल अलग था। उदय फर्श पर रखी उस छोटी-सी पांडुलिपि को सामने रखे बैठा था। मायरा उसके एक-एक पृष्ठ को अलग-अलग कोणों से देख रही थी।

प्रभात ने अपना उपकरण उसके ऊपर घुमाया।स्क्रीन पर कुछ क्षण तक बेतरतीब संकेत दिखाई दिए और फिर सब गायब हो गया।

“कुछ नहीं,” उसने निराश होकर कहा।

उदय ने पांडुलिपि उठाई, “जब इसे हमने उस दीवार से निकाला था, तब इसके अक्षर हमारे उपकरण पर अपने आप समझ में आ रहे थे।”

“हो सकता है तब एलवारा की ऊर्जा इसके साथ सक्रिय थी,” प्रभा ने कहा।

“या फिर उस समय उपकरण ने खुद उसका अनुवाद किया हो,” मायरा ने दूसरा अनुमान रखा।

उदय ने पन्ने को प्रकाश के सामने किया, “लेकिन अभी तो यह किसी ऐसी लिपि जैसी लग रही है जिसे हमने कभी देखा ही नहीं।”

सुक्खी थोड़ी दूर बैठा था और आश्चर्य की बात यह थी कि वह आज असामान्य रूप से खुश था।उसकी निगाह बार-बार उसी पांडुलिपि पर जा रही थी।

प्रभात ने उसे देखा, “तू इतना खुश क्यों है?ह्म इसे समझने की कोशिश कर रहे हैं और तू वहांबैठा मुस्कुरा रहा है!”

सुक्खी ने गर्व से अपनी छाती फुलाई,“क्योंकि यह मेरे हाथ से निकली है।”

“तो?”

“तो बस। अब मेरी जिम्मेदारी खत्म।”

प्रभा ने आँखें तरेरी, “तू एक बार इसे पढ़ने की कोशिश तो कर।”

“नहीं।”

“क्यों?”

“क्योंकि मेरा मूड नहीं है।”

“मूड?”, सब हक्के– बक्के होकर सुक्खी को देखने लगे। उनकी नजरों से बेखबर सुक्खी अपने हाव –भाव से खुद को विशिष्ट दिखाने की कोशिश कर रहा था।
उदय ने माथा पकड़ लिया, “सुक्खी, यह कोई किताब नहीं है जिसे पढ़ने का मूड बाद में बना लेना।”

“मेरे लिए तो अभी यह किताब ही है।”

प्रभात हँस पड़ा, “बता भाई, तुझे क्या चाहिए? क्या लेगा इस किताब को पढ़ने का तू?”

सुक्खी ने बिना किसी संकोच के कहा, “छोले भटूरे।”

कमरे में कुछ क्षण सन्नाटा रहा, सब एक– दूसरे को देखते हुए यकीन करने की कोशिश कर रहे थे कि जो उन्होंने सुना वह सही था।

फिर प्रभा ने कहा, “क्या?क्या कहा तुमने?”

“छोले भटूरे। साथ में गुलाब जामुन।”, सुक्खी ने आराम से कहा।

“यहाँ?”

“हाँ, यहाँ।”

प्रभा ने दोनों हाथ हवा में उठा दिए, “सुक्खी! यह द्युतिलोक है, दिल्ली का बाजार नहीं!”

“तो रेवनोर से बोलो।”

सबकी नजर रेवनोर की ओर चली गई।रेवनोर हँस पड़ा।

“मैं तुम्हारे स्वाद के अनुसार भोजन तैयार कर सकता हूँ लेकिन छोले भटूरे क्या होते हैं, मुझे मालूम ही नहीं।”

सुक्खी ने तुरंत समाधान दे दिया, “रामसेवक को बुलाओ।”

“क्या?”

“हाँ, जैसे उसने हमें यहाँ तक पहुँचाया, वैसे ही खाना भी भेज सकता है।”

प्रभात हँसते-हँसते दोहरा हो गया, “तू सच में भूखा है।”
सुक्खी कुछ कहता उसके पहले उसी समय रेवनोर ने सिर उठाया कुछ सुना और कहा, “रुको।”

“क्या हुआ?” उदय ने पूछा।

रेवनोर दरवाजे की ओर देखने लगा, “बाहर कोई है।”वह उठकर बाहर जाने ही वाला था कि दरवाजा खुला।सबकी नजर एक साथ उस ओर गई और अगले ही क्षण मायरा के मुँह से निकला, “कुमार!”

कुमार अंदर खड़ा था।कुछ पल तक किसी को विश्वास ही नहीं हुआ फिर प्रभात लगभग दौड़ता हुआ उसके पास गया, “कुमार!”

उसने उसे गले लगा लिया।उदय, मायरा, प्रभा और सुक्खी भी उसके आसपास आ गए।

“तुम हमें छोड़कर कहाँ चले गए थे?” कुमार ने उल्टा शिकायत की।

सब एक-दूसरे का चेहरा देखने लगे।
मायरा ने कहा, “तुम्हें याद नहीं कि क्या हुआ था? सच में कुछ याद नहीं?”

“क्या याद नहीं?”

“तुमने हम पर हमला किया था।”

कुमार पीछे हट गया, “मैंने?नहीं यह संभव ही नहीं। मैं तुम लोगों पर हमला क्यों करूंगा?”

सुक्खी ने छोले भठूरे की जिद भूलकर तुरंत कहा, “यही तो हम भी पूछ रहे हैं!”

कुमार ने उसकी ओर देखा, “तुम ठीक हो?क्या कह रहे हो यह सब ?”

सुक्खी ने अपनी छाती पर हाथ रख लिया, “तुमने मुझे जमीन पर पटक दिया था।”

कुमार की आँखें फैल गईं, “मैंने?”

“हाँ।”

“मुझे कुछ याद नहीं।”

उदय ने हाथ उठाया, “सब शांत हो जाओ। अभी यह समझना ज्यादा जरूरी है कि इसके साथ हुआ क्या है।”

तभी कुमार की नजर रेवनोर पर पड़ी।वह अचानक ठिठक गया।
“रामसेवक?तुम यहां कैसे?”

उदय ने धीरे से कहा, “कुमार, यह रामसेवक नहीं है।”

“तो?”

“यह उसका भाई है। रेवनोर।”

कुमार ने रेवनोर को गौर से देखा, “भाई?”

रेवनोर ने सिर हिलाया।

“हाँ। तुम्हें अभी बहुत कुछ समझना बाकी है।”

कुमार धीरे-धीरे बैठ गया।उसने अपना सिर पीछे टिकाया और आँखें बंद कर ली, “मुझे बस इतना याद है कि हम गुफा में थे… फिर कुछ हुआ… और उसके बाद…” वह रुक गया। “कुछ भी याद नहीं।”

मायरा ने उसका हाथ पकड़ लिया, “कोई बात नहीं। हम धीरे-धीरे सब समझेंगे।”

कमरे के दूसरे कोने में बैठी गुलाबी चिड़िया चुपचाप उन्हें देख रही थी।कुमार की नजर उस पर पड़ी।वह कुछ क्षण उसे देखता रहा फिर उसकी आँखों में जैसे हल्की-सी पहचान उभरी।

लेकिन अगले ही क्षण वह फिर उलझ गया, “यह चिड़िया…”

लेविरा ने गर्दन झुका ली और सुक्खी ने उसी समय पांडुलिपि को अपनी ओर खींच लिया।

“वैसे एक बात तय है।”

उदय ने उसे देखा,“क्या?”

“जब तक मुझे छोले भटूरे और गुलाब जामुन नहीं मिलेंगे…”,सुक्खी को अपनी बात फिर याद आ गई।उसने पांडुलिपि दोनों हाथों से पकड़ ली। “…मैं इसे किसी को नहीं दूंगा।”

“सुक्खी!” प्रभा लगभग चिल्लाई।

“क्या?”

“तू पागल हो गया है?”

“नहीं। मैं भूखा हूँ।”

प्रभात ने हँसते हुए सिर हिलाया।रेवनोर ने असहाय भाव से सबको देखा और लेविरा, जो अब भी चिड़िया के रूप में पास बैठी थी, अपनी गर्दन बार-बार सुक्खी और पांडुलिपि के बीच घुमा रही थी।

जैसे वह भी सोच रही हो—इन मनुष्यों को समझना शायद द्युतिलोक के किसी रहस्य को समझने से भी कठिन है।
Megha

( तो बताइए सुक्खी तक छिले भठूरे गुलाबजामुन कैसे भेजे जायेंगे? क्योंकि इनके बिना तो वह पांडुलिपि नहीं पढ़ने वाला और मै भी आगे चुप हो जाऊंगी अगर आपने कमेंट्स नहीं किए तो)

WhatsApp Image 2026-06-26 at 18.05.06 (1) — Vcare Language Academy

Author

Leave a Comment