राघवेंद्र सैनी का उपन्यास ‘भलोल’ – भाग -3

 

भलोल – भाग -3

राघवेंद्र सैनी

उन दिनों मैं जम्मू-कश्मीर में था। मुझे तार मिला और मैं तुरंत छुट्टी लेकर घर आया। संस्कार के बाद मैं अपनी यूनिट में लौट आया। बाऊजी का बचाया इतना रुपया था कि माँ, बड़े आराम से छोटे दोनों बेटों को पढ़ा सकती थी लेकिन मेरी बहन और जीजे को वह रुपया खटकने लगा था। घर के कई बेईमान सदस्य भी उनके साथ थे। माँ, बहन, जीजा और बड़े भाई ने यह सोचा कि आगे चल कर सबकी शादियाँ होनी हैं, बड़े परिवार बनने हैं, बड़ी जगह चाहिए होगी।

अमृतसर का यही मकान एक साजिश के तहत बिक गया। मैंने यह कह कर पावर-ऑफ-अटारनी दी कि बाऊजी के बैंक में जमा रुपया माँ के नाम हो जाए। मुझे छोड़कर बाकी सबको इस साजिश का पता था। उसके साथ मकान भी बेच दिया और जमीन ली गई। सोचा था, जब हम सेवानिवृत होकर आएँगे तो सब भाइयों के पास अपना-अपना घर होगा।

वह 2100 गज का प्लाट, 10 हजार के बदले जीजे ने अपने नाम करवा
लिया। माँ बहन, भाई और जीजे की धोखेबाजियों से पूरा परिवार बिखर गया।

इस बिखराव में वह जमीन बिकी। बहन, जीजे ने किस्तों में वह रुपया तीन साल में दिया जबकि अगर इकट्ठा रुपया मिलता तो उतने रुपए में सभी भाई अपने लिए एक-एक मकान खरीद लेते। बहन, जीजे भाई की साजिश ने किसी का घर नहीं बनने दिया।

गाँव की पुश्तैनी जमीनें भी कई तरह की साजिशों में बिक गई। पुश्तैनी मकान इसलिए नहीं बिका क्योंकि मैंने भाई के आगे घुटने नहीं टेके। मकान में अपने हिस्से को उसके आगे नहीं बेचा। आज उसी के बीवी-बच्चे वहाँ रह रहे हैं। भाई खुद दूसरे शहर में रह रहा है। धक्के खा रहा है। बाकी किसी से दूर-दूर तक का संबंध नहीं रहा। वह कहाँ हैं और किस तरह का जीवन व्यतीत कर रहा है, पता नहीं।

आज बाऊजी के इस मकान में सब याद करते हुए आँखें नम हो गईं। मकान के ऊपर के दोनों पोर्शन मैंने किराए पर दे दिए थे। नीचे का पोर्शन मैंने अपने लिए रखा था। किराएदारों के आने-जाने के लिए ड्योढ़ी से रास्ता निकाल दिया था। मेरा उनसे केवल किराए तक का संबंध था।

मुझे बाहर का खाना पसंद नहीं था। मैंने खुद अपना खाना बनाने का निर्णय लिया। केवल आटा गूंधना मेरे लिए मुश्किल था। हमारे मकान के बिल्कुल सामने बाऊजी के समय की नौकरानी थी, कुंती। कुंती तो नहीं रही थी लेकिन उसकी बेटी रंजना अब वहाँ रह रही थी। उसने मुझे घर का काम करने के लिए अपरोच किया। मैंने उसे झाडू-पोचे के लिए रख लिया। उसी से आटा गुंधवाने का मन था।

मैं सब्जी खरीदने के लिए घर से निकला। बाईं ओर मुड़कर गली की टक्कर से दाहिने मुड़ने पर डॉक्टर देसराज जौली की दुकान को रास्ता जाता है। वह गली ही है। डॉक्टर की दुकान के पास बहुत-सी सब्जी की दुकानें थीं। मैं उसी ओर बढ़ा। गली खत्म होन पर ओर मुड़ने पर सीधी गली रानी-बाजार को जाती है। कोने पर अमरीक सिंह की सब्जी की दुकान हुआ करती थी।

वह दुकान आज भी वहीं है। मैं वहीं रुक गया। अमरीक सिंह के पिता बाऊजी के पास चपरासी हुआ करते थे। चार घर छोड़कर अमरीक के पिता रहा करते थे। उन्हें भी पाकिस्तान से विस्थापित होने पर हमारी गली में मकान अलॉट हुआ था। अमरीक शायद आज भी उसी मकान में रहता हो,
मुझे पता नहीं है।

मैं उसकी दुकान पर पहुँचा तो एक बूढ़ा आदमी बैठा-बैठा सब्जी तोल कर दे रहा था। मैंने उसे ध्यान से देखा। ‘अरे, यह तो अमरीक ही है। उसके जीवन में कितना बिखराव आया था, यह तो पता नहीं लेकिन उसके शरीर में बहुत बिखराव आ गया था। आँखों पर मोटा चश्मा लग गया था। वह हमेशा दुकान पर ‘बनियान कसैरा’ पहने रहता था। कसैरा सिख लोग अंडरवियर की जगह पहनते हैं। यह अंडरवियर से थोड़ा लंबा होता है। पहना बुरा नहीं लगता है। उसकी जगह वह कुर्ता-पाजामा पहनने लगा था।

समय का अंतराल भी तो बहुत था। मैं उसे पचपन साल बाद देख रहा था। वह मुझसे चार साल बड़ा था। हम 8वीं तक साथ पढ़े थे। फिर उसने पढ़ाई छोड़ दी थी, गरीबी के कारण। जब में फौज में भर्ती होकर जा रहा था तो उसने यह सब्जी की दुकान खोली थी।

मैं सब्जी लेता रहा। उसने मुझे एक-दो बार गौर से देखा। फिर उससे रहा नहीं गया। उसने पंजाबी में पूछा, “बाऊजी, असीं तुहानु किथ्थे देखिया ऐ?”

मैं आऊँगा, उसे उम्मीद भी नहीं थी। मैंने कहा, “मैं कौन हो सकता हूँ,

पहचानो?”

“ओह हो, बाऊजी तुसीं! निन्दी बाऊजी।”

उसने मेरी आवाज से पहचाना था, कहा, “ऐने सालां बाद, ऐथे किथ्थे?”

उसे पता नहीं था कि मैंने वही अपना मकान खरीद लिया है। मैंने उसे

पंजाबी में ही उत्तर दिया, “वहीं जिसमें हम रहा करते थे।”

“ओह, बहुत चंगा कित्ता। तुसीं अपने घर आ गए। किस्मत वाले हो।

पिछले तीन साल से वह मकान बन रहा सी लेकिन पता नहीं चला था कि किसने खरीदा है।”

उसने उठकर मेरे साथ हाथ मिलाया। गले मिलते मिलते रुक गया। मैंने उसे गले लगाया। उसके मुख से निकला, “तुसीं बिल्कुल नहीं बदले।”

वह अपने पिता की हैसियत देखकर गले नहीं मिल रहा था। मैंने अमरीक से उनके पिता के बारे पूछा। उसने कहा, “वे तो कब के चलाना कर गए।”

“अफसोस है।”

मैं सब्जी उठाकर चलने लगा तो उसने कहा, “बाऊजी, आप सब्जी
बता दिया करें। सब्जी घर पहुँच जाया करेगी।”

कहते हुए उसने अपना कार्ड मेरी ओर बढ़ा दिया। अपने नौकर को कहा, “जाओ, बाऊजी के घर सब्जी छोड़ आओ।”

लड़का मेरे साथ चलने लगा। मैंने उससे नाम पूछा। कहा, “मैनू सलू कहदें ने, वैसे मेरा नाम सतनाम है।”

“मैं तुम्हें सतनाम ही कहूँगा। सुंदर नाम है, तेरा।”

“चंगा जी। पता नहीं किसने मेरा नाम बिगाड़ दिया। मैंनू सत्तू नाम चंगा नहीं लगदा।”

“तेरा क्या, सतनाम, यहाँ पंजाब में सबके नाम बिगाड़ देते हैं। अब मेरा नाम नरेंद्र है, सभी मुझे निन्दी नाम से जानते हैं।”

सतनाम खूब हँसा। बहुत खुश हुआ, कहा, “बाऊजी, मैं तुहानू निन्दी कहूँगा, निन्दी बाऊजी।”

उसके चेहरे पर बहुत खुशी थी। शायद वह जीवन में बहुत कम हँसा था। मैंने कहा, “सतनाम, तू मुझे कुछ भी कहना। मुझे अच्छा लगेगा।”

सतनाम से मिल कर मुझे अपना बचपन याद आ गया। बचपन में मुझे कई नामों से बुलाया जाता था। ‘भलोल’, जिसे कुछ न पता हो। सदा नाक बहने की वजह से मुझे ‘दो-मूँही’ कहा जाता था। ‘छझू भक्त’ नाम कैसे पड़ा, मुझे पता नहीं है। इन नामों के बार-बार दोहराने से मैं बहुत चिढ़ा करता था। खूब रोता, इस रूदन से जाने कैसे माँ से लेकर बहन, भाइयों को गली में लड़ाकी ‘कौशल्या’ की आवाज का आभास होता। कौशल्या हमारी गली में रहने वाली एक मोटी जनानी थी। जितनी वह मोटी थी, उतनी ही पंजाबी में मोटी-मोटी गालियाँ देती थी। उसे कोई मत्थे नहीं लगाता था। पता नहीं, वह आज जिंदा भी है या नहीं।

सतनाम सब्जी रख कर चला गया था। मैं चने की दाल ‘बड़ी’ डाल कर बहुत अच्छी बनाता था। बिना पिछ निकाले कुक्कर में चावल भी बना लेता था। मुझे चावलों से पिछ निकालनी नहीं आती थी। शुगर के कारण मुझे पिछ निकाल कर चावल खाने के लिए कहा गया था। एक रोज मैं चावलों से पिछ निकालने की कोशिश कर रहा था, पता नहीं हाथ से पतीला कैसे छूट गया। गनीमत यह रही पिछ से मेरे हाथ-पाँव जलने से बच गए।

उसी समय रंजना झाडू-पोचा करने आई। उसने कहा, “क्या अंकल जी,
खाना भी मुझे बनाने दें। आपके सामने तो रहती हूँ। जब मर्जी मुझे बुला लिया करें। मेरे चार पैसे ज्यादा बन जाया करेंगे।”

मैंने उसकी ओर देखा तो उसकी आँखें गीली थी। रंजना, जाने कहाँ खो गई थी। वह कुंती की तरह साफ-सुथरी रहती थी। उसका पति गुजर चुका था। अपनी बेटी को किसी तरह पाल रही थी। मैंने उसके चेहरे के बिखराव को देखा। पति के जाने का दुख और बेटी को पालने की चिंता साफ दिखती थी। उस दिन से खाना बनाने का काम भी रंजना को दे दिया।

क्रमशः

WhatsApp Image 2026-06-14 at 20.06.06 — Vcare Language Academy

Author

Leave a Comment