( 1)
उर्वशी
” यह क्या कर डाला तुमने ! ” बड़ी बहन ने एक बार विस्फारित नेत्रों से, भूमि पर पड़ा, भाई का मृत शरीर देखा और एक बार छोटी बहन की ओर दृष्टि डाली ” तुमने इसे मार डाला ?” उसके स्वर में हैरानी, विषाद व क्रोध के मिले जुले भाव थे।
” इसने ही तो कहा था कि यह दुनिया जीने लायक नहीं। ” छोटी बहन ने सूनी आँखों से, एक बार बड़ी बहन की ओर देखा और एक बार हाथ में पकड़े चाकू पर निगाह डाली । आँखों में अश्रु कण , चेहरे पर भयानक वीरानी और विक्षिप्तता , स्वर बहुत सर्द था।
पर्दा गिर गया और ऑडिटोरियम में बैठे सभी दर्शक हतप्रभ से बैठे रह गए। उन्हें अपनी रीढ़ की हड्डी में एक ठंडी लहर सी दौड़ती प्रतीत हुई। कुछ पल एकदम शांति छाई रही, लग ही नहीं रहा था कि वहाँ दर्शकों का इतना विशाल समूह बैठा है। तभी पर्दा उठा, और दर्शक जैसे एक इन्द्रजाल से बाहर निकल आये। उनकी चेतना जागृत हो गई। सभी कलाकार दर्शकों के समक्ष प्रस्तुत थे। एक -एक करके नाटक में अभिनीत पात्र के नाम के साथ, उनका परिचय दिया जा रहा था और वे दर्शकों का अभिवादन कर रहे थे । पूरा ऑडिटोरियम तीव्र करतल ध्वनि से जीवंत हो उठा। यह ध्वनि परिचायक थी इस बात की, कि उस कथानक व उसे अभिनीत करने वाले अभिनेताओं ने दर्शकों के मन मस्तिष्क पर कितना गहरा असर डाला है। सभी कलाकर ग्रीन रूम में आ गए। आपस में कुछ वार्तालाप के पश्चात वे सभी कॉस्ट्यूम बदलकर चलने को हुए, तो एक किशोर लड़के ने आकर छोटी बहन का पात्र निभाने वाली उस खूबसूरत युवती उर्वशी की ओर सुर्ख गुलाब के फूलों का एक बड़ा सा गुलदस्ता पकड़ा दिया, और वहाँ से चला गया।
” मैम ये आपके लिए “
उसने बहुत प्रफुल्लता के साथ गुलदस्ता थाम लिया। उसने ध्यान से उसमें लगे छोटे से कार्ड को देखा, जिसमें लिखा था –
” आज के जानदार अभिनय के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।
शिखर । ‘
” आज फिर…. शिखर ….कौन है ये ? कभी सामने क्यों नहीं आता ?’ उसने स्वयं से प्रश्न किया और मोहभरे अंदाज में गुलदस्ते पर हाथ फेरा।
” आ गयीं शुभकामनाएं ?” उसकी सहअभिनेत्री पल्लवी हँसी। ” भई आशिक हो तो ऐसा, मजाल है जो कभी फूल भिजवाना भूल जाए। यू आर डैम लकी डियर ” बात समाप्त होते- होते पल्लवी के स्वर में ईर्ष्या का पुट आ गया था। जवाब में उर्वशी भी मुस्कुरा कर रह गई। पिछले एक वर्ष से यह हो रहा था । जब भी वह किसी भूमिका में मंच पर अवतरित होती उसके पास एक बड़ा सा गुलदस्ता शुभकामनाओं के साथ पहुँच जाता । उसमें सिर्फ नाम लिखा होता था – शिखर। कौन है यह शिखर ? देखने में कैसा है ? यह आज तक पता न चला था। उसके मस्तिष्क में ढेरों तस्वीरें बनती बिगड़ती थीं। वह जानने को बहुत उत्सुक थी, कि कौन हैं यह महानुभाव ? अपनी पहचान को वह इतना सीक्रेट बनाकर क्यों रखते हैं ? अरे भाई या तो सामने आ जाओ, अगर सामना करने की हिम्मत नहीं, तो बन्द करो यह तमाशा।
” उर्वशी, चल रही हो ?” साथी अभिनेता रोहित ने बाइक स्टार्ट करते हुए पूछा। उत्तर में उसने हामी भरी औऱ झट से बाइक में पीछे बैठ गई।
अपने फ्लैट में पहुँची तो देखा उसकी पुरानी मित्र और रूम पार्टनर सिम्मी उसका ही इंतज़ार कर रही थी। दरवाजे की घण्टी बजी तो सिम्मी ने दरवाजा खोला।
” वाओ, ब्यूटीफुल , अब तो जब भी तेरा प्ले होता है, मैं बुके का इंतजार करती हूँ। कुछ समय के लिए हमारा रूम सज जाता है।” सिम्मी ने उसके हाथ से गुलदस्ता ले लिया और अपने कक्ष में रख लिया।
उर्वशी ने अपना बैग रखा और सीधे स्नान के लिए चली गई। गुनगुना पानी उसकी देह पर पड़ा तो लगा उसकी सारी क्लांति मिट गई। वह एकदम तरोताजा महसूस करने लगी। रसोई में गई, तो देखा गोभी का पराठा और अचार उसका इंतजार कर रहा था। फ्लास्क में कॉफी भी रखी थी। यह देखकर वह बहुत हर्षित हो उठी। उसके मन में सिम्मी के लिए बहुत सारा प्यार उमड़ पड़ा। जिस दिन कोई प्ले होता, वह हमेशा उर्वशी का ऐसे ही ख्याल रखती थी। कमरे में आकर उसने सिम्मी के गले में बाहें डालकर बहुत स्नेह से उससे लिपट गई
” तेरी वजह से ही मैं दिल्ली में सरवाइव कर पा रही हूँ। अगर तू न होती तो मेरा क्या होता सिम्मी ? “
” कुछ भी नहीं, तब भी तू आराम से रह लेती, किसी के भी बिना दुनिया का कारोबार नहीं रुकता।” सिम्मी ने लाड़ से कहा। वह मुस्कुरा दी और भोजन करने लगी।
उर्वशी बाईस वर्षीय एक अद्वितीय सुंदरी युवती थी। उसकी बड़ी -बड़ी आँखें, सुर्ख़ श्वेत वर्ण, इकहरी काठी , लम्बा कद, घनी स्याह केशराशि। देखने मे सचमुच वह अप्सरा सी सुंदर लगती थी, उसका सौंदर्य देखकर ही माता पिता ने उसे उर्वशी नाम दिया था। उसका परिवार आगरा में रहता था। उसके पिता बी एस चौहान, महाविद्यालय में गणित के व्याख्याता थे । वे खुले विचारों के व्यक्ति थे, जो अपनी संतानों में, अपनी पुत्री उर्वशी के साथ सर्वाधिक जुड़े हुए थे। उसकी माँ एक कुशल , व्यवहारिक गृहणी थीं। जिनका जीवन, अधिकतर भारतीय महिलाओं की तरह, परिवार में सबकी सुख सुविधाओं का ख्याल रखने को ही समर्पित था। अपने समय की, वह खासी पढ़ी लिखी महिला थीं। जो अपने कर्तव्यों के निर्वहन में ही व्यस्त रहतीं, अन्य महिलाओं के समान गपशप में उनकी रुचि नहीं थी। सबसे बड़ा भाई उत्कर्ष, ओटावा में एक प्रतिष्ठित कम्पनी में कार्यरत था। उसका विवाह हो गया था, और अब वह वहीं बस गया था। उससे छोटा भाई उमंग होटल मैनेजमेंट का कोर्स करके लखनऊ में एक पाँच सितारा होटल में काम कर रहा था। उमंग के साथ उसकी अच्छी बनती थी। जब वह घर आता, दोनो भाई बहन दुनिया भर की बातों में खो जाते।
उर्वशी की रुचि अभिनय में होने के कारण वह दिल्ली आ गई थी। स्नातक करने के साथ वह दिल्ली के एक प्रसिद्ध नाट्य समूह से जुड़ गई थी और थियेटर के लिए समर्पित थी। दिल्ली में वह अपनी पूर्व परिचित सखी सिमरन के साथ, एक कमरा के सेट को साझा करके रहने लगी। जैसे- जैसे समय गुज़र रहा था उसके अभिनय में धार आती जा रही थी और उसे एक गम्भीर अभिनेत्री माना जाने लगा था। स्नातक करने के उपरांत उसने अंग्रेजी साहित्य में स्नातकोत्तर करने के लिए फॉर्म भर दिया। अध्ययन में उसे सिम्मी का काफी सहारा था। वह तो अभिनय के कारण अक्सर व्यस्त रहती थी। ऐसे में सिम्मी ही नोट्स बनवाने में उसकी मदद करती थी।
उर्वशी जब भी परफॉर्म करने स्टेज पर उतरती, प्ले समाप्त होने के पश्चात किसी शिखर के द्वारा भिजवाए गए सुर्ख़ गुलाब उसे सदैव बेचैन कर जाते थे। वजह बस इतनी सी थी कि फूल तो हर परफॉर्मेंस के बाद आते थे, परन्तु वह स्वयं कभी सामने नही आया था। न जाने क्यों ? उर्वशी के मस्तिष्क में यह नाम अक्सर हलचल मचाए रहता था। जब भी खाली बैठती उस अनदेखे , अनजाने शख्स की ही आकृति, बनती बिगड़ती रहती। वह कैसा होगा ? आकर्षक, कुरूप ? उजला, गहरी रंगत वाला ? धनी , निर्धन ? लम्बा , नाटा ? गम्भीर, हँसमुख ? युवा, उम्रदराज ? कभी सामने क्यों नहीं आता ? वह उसे देखने उसका परिचय जानने को बेचैन थी। कैसा दिखता होगा ? वह स्वभाव से कैसा होगा ? वह देर तक सोचती रहती। समय के साथ उसकी उत्सुकता बढ़ती जा रही थी। अब तक यह उत्कंठा अपनी चरम पर आ गई थी।
(ज्योत्सना कपिल)
क्रमशः