( 2 )
वह कैसा होगा ? आकर्षक, कुरूप ? उजला, गहरी रंगत वाला ? धनी , निर्धन ? लम्बा , नाटा ? गम्भीर, हँसमुख ? युवा, उम्रदराज ? कभी सामने क्यों नहीं आता ? वह उसे देखने उसका परिचय जानने को बेचैन थी। कैसा दिखता होगा ? वह स्वभाव से कैसा होगा ? वह देर तक सोचती रहती। समय के साथ उसकी उत्सुकता बढ़ती जा रही थी। अब तक यह उत्कंठा अपनी चरम पर आ गई थी।
गतांक से आगे-
भोजन के उपरांत वह आँख बंद करके लेट गई और सोने का प्रयास करने लगी। दिन भर की घटनाएं उसके मस्तिष्क में चलचित्र की तरह घूमती रहीं। फिर न जाने कब नींद के आगोश में गुम हो गई। स्वप्न में भी शिखर नाम के जाने कितने चेहरे आपस मे गड्डमड्ड होते रहे। इस समय उसके जीवन मे कदाचित इससे बड़ी कोई उलझन न थी। काश की वह केवल एक बार सामने आ जाता।
* * * * *
ट्रेड फेयर शुरू हो रहा था और सिम्मी वहाँ जाने को बहुत उत्सुक व प्रतीक्षारत थी। उर्वशी उस दिन अवकाश होने के कारण आराम और पढ़ाई, दोनो करने के मूड में थी। सिम्मी ने बहुत जोर दिया, तो वह इस शर्त के साथ जाने को तैयार हो गई, कि ट्रेड फेयर शुरू होने के समय तक वे दोनों वहाँ पहुँच जाएँगी। थोड़ी देर तक घूमेंगी और फिर इससे पहले, कि भीड़ बढ़े, वापस आ जाएंगी। ट्रैफिक का ख्याल करके वह दोनो सुबह जल्दी ही अपने घर से निकल पड़ीं। चूँकि सुबह का वक़्त था अतः वे दोनों ,बिना जाम में फँसे ट्रेड फेयर पहुँच गईं।
तभी बढ़ी हुई सुगबुगाहट से उर्वशी का ध्यान उस ओर खींच गया। एक राजनेता के साथ दिल्ली के युवा उद्योगपति राणा साहब आते नज़र आये। राजनेता तो मध्यम आयु के साधारण व्यक्तित्व और चेहरे मोहरे के थे, परन्तु राणा साहब काफ़ी चुम्बकीय व्यक्तित्व के थे। उम्र लगभग बत्तीस वर्ष , ऊँचा कद, मजबूत काठी, गेहुँआ रंग, कान में हीरे के दमकते स्टड , आँखों मे गज़ब का आकर्षण। उन्होंने सुरमई रंग का कीमती सूट पहन रखा था। पैरों में चमचमाते जूते, बायें हाथ की कलाई में दामी घड़ी, दाहिने हाथ की कलाई में प्लेटिनम का ब्रेसलेट। आँखों पर मूल्यवान काला चश्मा। उर्वशी ने उन्हें देखा तो बहुत प्रभावित होती नजर आयी। तभी उनकी दृष्टि भी उसकी ओर पड़ी, तो बेध्यानी में उन्होंने चश्मा उतार लिया और कुछ पल को वह मंत्रमुग्ध से उसे देखते रह गए। फिर एकदम से उन्होंने निगाहें फेर लीं और चश्मा वापस आँखों पर चढ़ा लिया। उर्वशी ने भी अचकचा कर सिम्मी पर दृष्टि डाली।
” सो चार्मिंग … हैं न ?” उसने पूछा।
” हूँ “
” हूँ क्या ? कैसी बेसुध होकर देख रही थी, असर तो तुझ पर खूब हुआ है,। हाँ अच्छी ख़बर ये है कि प्रिंस चार्मिंग की नज़र भी तुझ पर से नहीं हट रही थी। “
सिमी का वाक्य सुनकर वह एकदम से झेंप गई उधर सिमी दुष्टता पूर्ण अंदाज में मुस्कुरा दी। फिर वे दोनों दोपहर तक घूमती रहीं। कई स्टॉल पर गईं, थोड़ी बहुत खरीदारी भी की। उर्वशी की दृष्टि बार बार भीड़ में उन्हें ही खोज रही थी। उसका सौभाग्य था कि घूमते हुए तीन बार राणा साहब से सामना हुआ। हर बार उन्होंने उसे नज़र भरकर देखा। वह भी कनखियों से उन्हें बार बार देखती रही। मेले में ही कुछ खा पीकर वह दोनों घर आ गईं, तो थक कर चूर हो गई थीं। उर्वशी निढाल सी बिस्तर पर पड़ गई और आँखें बंद कर लीं।
आँखें बंद करते ही वह चेहरा उसके समक्ष आ खड़ा हुआ। वह आँखें उसे अपनी ओर खींचती सी महसूस हुईं। जी चाह रहा था कि बस वह उस चेहरे के सिवा किसी और चीज़ की फिक्र न करे। उसे हैरानी हो रही थी कि किस तरह कोई इस कदर भा जाता है कि उसके सिवा कोई और ख़्याल आने की जगह ही नहीं बचती। उसे पढ़ाई करनी है, उसके पास समय की बहुत कमी है। उसे आज अपने दिन का बचा हुआ हिस्सा अध्ययन में व्यय करना है। वह बार- बार अपना ध्यान हटा रही थी परंतु वह चेहरा बार -बार उसे परेशान करता रहा। उस दिन वह पुस्तक लेकर तो बहुत देर बैठी रही, पर वह चेहरा और उनमें जड़ी दो आँखें, उसे व्याकुल करती रहीं।
” क्या बात है डियर ? पढ़ाई में मन नहीं लग रहा ? ” सिम्मी ने उसे छेड़ा।
” तू अपना दिमाग ज्यादा मत दौड़ा, नन्ही सी अक्ल है, उसे खर्च मत कर, कुछ पढ़ाई के लिए बची रहने दे। ” उर्वशी ने झुँझलाकर कहा। जवाब में सिम्मी ऊँचे स्वर में गाने लगी –
‘ आँखों से जो उतरी है दिल में, तस्वीर वो एक दीवाने की, खुद ढूँढ रही है शम्मा जिसे, क्या बात है उस परवाने की.. आँखों से जो उतरी है दिल में ।’
” सिम्मी … मुझे पढ़ने दे। “
” अब मैंने क्या कर दिया ! शिकायत राणा साहब से कर। ” सिम्मी ने मासूम चेहरा बनाते हुए कहा।
वह बनावटी नाराज़गी दिखाते हुए पढ़ने का दिखावा करने लगी, पर मस्तिष्क अब भी अस्थिर था। वह चेहरा, वो निगाहें, वह एक क्षण को भी विस्मृत नहीं कर पा रही थी। फिर बड़ी मुश्किल से अपनी कल्पनाओं पर काबू पाकर वह अध्ययन में मन लगा पाई।
* * * * *
उस दिन कालिदास कृत प्रसिद्ध नाटक ‘ मालविकाग्निमित्र ‘ का मंचन था। उसमें वह मालव देश की राजकुमारी मालविका बनकर अवतरित हुई। जब वह श्वेत परिधान में, रंगमंच पर राजकुमारी बनकर आयी तो लगा मानो स्वर्गलोक से कोई अप्सरा ही राह भूलकर श्रीराम सेंटर आ गई हो। युवाओं ने अपनी साँसें थाम लीं, पूरे ऑडिटोरियम में उजाला सा भर गया। देखने वालों की अवस्था ऐसी हो गई, जैसे किसी जादूगर ने पूरी दर्शक दीर्घा में सम्मोहन कर दिया हो। उस दिन समानांतर सिनेमा के प्रसिद्ध निर्देशक, दीपंकर घोष भी प्रस्तुति देखने आए हुए थे। नाटक के सभी कलाकारों में बहुत उत्साह था। हर कोई चाहता था कि आज वह अपने अभिनय की ऐसी छाप छोड़े, की निर्देशक महोदय उसे अपनी किसी आगामी फिल्म के लिए साइन करके ही जाएं। उधर उर्वशी की सोच थोड़ी भिन्न थी। वह , यह तो मानती थी कि फ़िल्म एक बहुत बड़ा माध्यम है जो उसकी कला को अधिक विस्तार दे सकता है, उसे करोड़ों दर्शकों तक पहुंचा सकता है। जिससे उसकी ख्याति बहुत बढ़ जाएगी और धनार्जन भी प्रचुर मात्रा में होगा। परन्तु दूसरी ओर वह यह भी मानती थी कि उसके अभिनय में निखार, व नए आयाम, जितना रंगमंच दे पाएगा उतना फ़िल्म नहीं। वहाँ अभिनय की अपनी सीमाएं हैं।
अंतिम दृश्य चल रहा था और दीपंकर उसमें खोए हुए थे। हर बदलते दृश्य के साथ उनके चेहरे पर भावों का परिवर्तन हो रहा था। अंतिम दृश्य के साथ जब पर्दा गिरा तो दीपंकर ने खड़े होकर देर तक करतल ध्वनि की। उपसंहार के पश्चात कलाकारों के परिचय का समय आया तो उनकी दृष्टि उर्वशी पर जमी रही। जब वह ग्रीन रूम में पहुँची, तो थोड़ी देर बाद उसके पास नाटक के निर्देशक आशुतोष का संदेश आया, कि उसे दीपंकर बुला रहे हैं। यह सूचना बड़ी तेजी से फैलती चली गई। कितने ही हृदय में उर्वशी के प्रति डाह की अग्नि प्रज्वलित हो उठी। वह आशंका भरे मन से आशुतोष के पास आयी तो देखा लगभग पैंतीस वर्षीय, साँवली रंगत वाला एक दुबला सा व्यक्ति बैठा है। जिसने नीली जीन्स और खद्दर का कुर्ता पहन रखा है। आँखों पर नज़र का चश्मा, कन्धे तक झूलते घुँघराले ,काले बाल, हाथ मे सुलगती हुई सिगरेट। उर्वशी को देखकर एक बार पुनः उसने सिर से पाँव तक निरीक्षण किया और फिर अपना दांया हाथ आगे बढ़ा दिया। प्रतिउत्तर में उसका हाथ आगे बढ़ा तो दीपंकर ने गर्मजोशी से उसका हाथ थाम लिया।
क्रमशः