गूँगी मोहब्बत
भाग -7
एक भारी रात गुजर गयी थी। डा० श्री निवास वापस आ गये थे। अस्पताल से कुछ दूर गैंगवार हुई थी। तीन लाशें मौके पर मिली थीं। एक लाश के हाथ में ग्रेनेड था जिसका पिन नहीं निकाला जा सका था। गरिमा सिंह आला अधिकारियों को पूरा रिव्यू दे चुकीं थीं। गरिमा सिंह के हिसाब से एक ग्रुप अस्पताल को उड़ानें की कोशिश कर रहा था और दूसरे ग्रुप ने अस्पताल को प्रोटेक्ट करने की कोशिश की। जिसके हाथ में ग्रेनेड था ,गोली उसके माथे के बीचोंबीच लगी थी। वो शायद अस्पताल को निशाना बनाने की कोशिश कर रहा था और किसी एक्सपर्ट शूटर ने उसकी तमन्ना को जमींदोज कर दिया था। यह सोचकर ही गरिमा को झुरझुरी आ गयी कि अगर वो ग्रेनेड अस्पताल में गिर जाता तो इसके कांसीक्वेंसिस क्या होते ? अनचाहे ही गरिमा सिंह के फेस पे उस शूटर के लिये ग्रेट्टीट्यूड के भाव आ गये थे जिसने बिना नजर आये लाइफ सेविंग अफर्ट्स डाले थे।
एस०पी० प्रथम कुमार ने सबके बयान नोट करवाने के बाद सभी सिविलियंस को घर जाने की अनुमति दे दी थी। अस्पताल के लिये पास के शहर से एसिस्टिंग
नर्सिंग स्टाफ बुला लिया गया था क्योंकि माही और अनंता ,दोनों की हालत सही नहीं थी। जीतन भाई को देहली के लिये रेफर कर दिया गया था।
एस०पी०प्रथम कुमार ने आगे की घटनाओं को। रोकने के लिये एक प्रेस कांफ्रेंस बुलाकर यह क्लियर कर दिया था कि वह पेशेंट अब अस्पताल की सीमा से बाहर था। इससे पुलिस की किरकिरी तो हुई थी लेकिन प्रथम कुमार जानते थे कि अब कोई भी आर्गनाइजेशन या ग्रुप अस्पताल की तरफ नहीं आयेगा। पेशेंट की आयडेंटिटी को डिस्क्लोज नहीं किया गया था क्योंकि पुलिस डिपार्टमेंट के बहुत सारे लोगों का मानना था इससे उन्हें इंवेस्टीगेशन में आसानी रहने वाली थी।
उधर अनंता एवं माही को गरिमा सिंह ने अपनी जीप से तलहटी के रास्ते तक ड्राप कर दिया था। अब दोनों ही थोड़ा रिलैक्स्ड फील कर रहीं थीं।रास्ते भर माही अनंता को बताती आ रही थी कि गरिमा सिंह ने अमरवर्धन क्षत्री के बारे में क्या क्या बताया था। और अनंता यह सोचकर हलकान हुई जा रही थी कि एक सुपर किलर की लाइफ के लिये उसने अपनी लाइफ का रिस्क लिया । और उन इमोशनल मूमेंट्स के लिये अपने ही मन में इम्ब्रैशिंग फील कर रही थी।
हल्की बूंदा बांदी तो पहाड़ी जीवन का हिस्सा है। लेकिन आज घर पहुंचने की जल्दी में उन्होंने दूसरा रास्ता चुन लिया था। पहले इसी रास्ते से सबका आना जाना था पर बाद में जाने क्या हुआ ,सब गांव वाले नदी पार वाले रास्ते से आने जाने लगे थे। हालांकि ये सीधा पड़ता था,सीधा उतार था लेकिन सुनते हैं कि इस पर जंगली जानवर ज्यादा मिलते हैं। आबू रेंज का एरिया था तो ये स्वाभाविक भी था। अनंता और माही केवल साथ काम ही नहीं करती थीं बल्कि दोनों आपस में बहुत अच्छी सहेलियां भी थीं। दोनों में खूब घुटती थी। एक दूसरे को समझती भी थीं। बस माही थोड़ा प्रैक्टिकल और दुनिया की ऊंच नीच समझने वाली लड़की थी तो अनंता एकदम भोली और मासूम । सब के दुख में दुखी और छोटी छोटी बातों पर खुश। बस ये था कि माही हमेशा साथ रहती तो एक तरह से अनंता प्रोटेक्टेड रहती थी। अनंता कोई राजस्थानी गीत गुनगुनाते हुये जा रही थी कि अचानक सरसराहट की आवाज आयी।दोनों ठिठक कर रुक गयीं और आवाज की दिशा में देखा। जैसे ही उनकी नजर झाड़ियों के पीछे एक जोड़ी चमकीली आंखों पर पड़ी, वो दोनों सन्न रह गयीं। ये एक भालू था जो उन पर टूट पड़ने को तैयार ही था । तैयार क्या ,,, लपक कर आया था कि माही के पैर से एक पत्थर फिसला और दोनों नीचे की तरफ लुढ़कने लगीं। उन्होंने तो लुढ़कते हुये ये भी नहीं जान पाया कि जम्प लगाकर उनकी तरफ आता भालू हवा में ही किसी धांय की आवाज का शिकार होकर जमीन पर गिर पड़ा था । किसी ने उछलते हुये भालू पर सटीक निशाना लगाया था और गोली भालू के माथे से घुसकर पेट को चीरते हुए बाहर निकल गयी थी। इसका मतलब कोई था जो इन दोनों पर निगाह बनायें हुये था। लेकिन उन दोनों को क्या हुआ उसकी अब तक कोई खबर नहीं थी। संयोगवश एक दूसरी चट्टान के सहारे से वो रुक गयीं थीं। ऊपर की तरफ देखा तो कोई भालू नजर नहीं आया । फिर भी वो जल्दी जल्दी तेज चाल से घर की तरफ चल दीं। उनका गांव वहां से बस दो सौ मीटर की ही दूरी पर रह गया था।
पंडित शिवनाथ जी परम शिवभक्त थे।अब तक का उनका जीवन निष्कलुष था। अनंता का जन्म यहीं हुआ था लेकिन बताते हैं कि पंडित जी कहां से आकर यहां बसे ,किसी को पता नहीं। बस यहां आये तो यहीं के होकर रह गये । पूजा पाठ में समय जाने लगा।धर्मपत्नी समय से पहले विदा ले गयीं तो भी उन्होंने अनंता को मां की कोई कमी महसूस नहीं होने दी। पंडित जी नित्य पूजा के बाद थोड़ा बहुत वैद्यकी भी कर लेते थे। उन्हें पहाड़ी जड़ी बूटियों का अच्छा ज्ञान था और लोग कहते हैं कि उनके हाथ में जस है। कभी दवा के बदले किसी से मांगते कुछ नहीं थे बस जो अपनी श्रद्धा से जितना दे देता ,वहीं उनका पारिश्रमिक होता । और कहते हैं ना कि बिन मांगे मोती मिलें…पंडित जी को भी आवश्यकता से अधिक ही मिल जाता था। कुछ लोग तो यह भी कहते हैं कि पंडित जी को सर्पविद्या का भी ज्ञान है परंतु आज तक पंडित जी ने कभी इसका कोई प्रदर्शन नहीं किया था और किसी भी प्रकार का प्रदर्शन पंडित जी के स्वभाव में था भी नहीं।
अनंता जब घर आयी तो पंडित जी सुबह की पूजा पाठ से निवृत हो चुके थे।जैसे ही अनंता ने घर में कदम रखा ,पंडित शिवनाथ की दृष्टि उस के चेहरे पर पड़ी। सदैव शांत एवं संयत रहने वाले पंडित जी एकदम विचलित हो उठे ।
” क्या हुआ बेटी ? तुम्हारे हाथ पर भी खरोंचे हैं? क्या हुआ ? बताओ ,बोलो? चेहरे पर चोट कैसे? कपड़े कैसे फट गये? बताओ बिटिया। बोलो? “
अनंता अपने बाबू जी के सीने से लग गयी। बिल्कुल जैसे बरगद छुपा लेता है छोटे छोटे पक्षियों को किसी प्रतिकूल मौसम में । सच भी है बेटियां अगर चिड़यों कि तरह होतीं हैं तो बाप भी बरगद से होते हैं। खुद सब सह लेंगे लेकिन अपनी औलाद पर आंच नहीं आने देंगें।
” मेरी बच्ची, बताओ मेरे लाल ! हुआ क्या? “
अनंता ने रोते रोते पंडित जी को शाम से लेकर अभी तक का पूरा घटनाक्रम अक्षरस: सुना दिया। पंडित जी ने जब अनंता की हालत देखी तो उनके मन में कोई और ही आशंका घर कर गयी थी। पूरी बात सुनकर वो अब थोड़े रिलैक्स्ड थे। लेकिन एक खूबसूरत बेटी का बाप आखिर कितना निश्चिंत हो सकता है ?
“रो मत मेरी बच्ची, बहादुर बिटिया रोती नहीं। तू नहा ले ,मैंने खाना बना लिया है । हम साथ साथ खाते हैं।”
अनंता जब तक नहा धो कर आती ,पंडित जी ने एक औषधीय लेप तैयार कर लिया था। पहले दोनों बाप बेटी ने जमीन पर चौकी लगाकर भोजन किया और फिर बाहर शिवमन्दिर के चबूतरे पर आराम करने लगे। अनंता का सिर पंडित जी ने अपनी गोद में रख लिया था और उसके चेहरे ,कोहनी और छिली हथेली पर प्यार से औषधि का लेपन करते हुये कथा सुनाते जा रहे थे,” और फिर शिव जी का मंतव्य समझ कर पार्वती जी ने और अधिक कठिन तप आरंभ कर दिया।
“कछु दिन भोजन वारि बताशा,कछु दिन और कठिन उपवासक।।”
लेकिन अनंता ने जिस तरह से रात भर का स्ट्रेस जिया था , बहुत देर पहले ही निद्रा देवी की गोद में चली गयी थी। आखिर बाप की गोद से ज्यादा सकून और मिल भी कहां सकता है।पंडित जी भी अपनी बिटिया के चेहरे की तरफ देख देख किसी सोच में डूबे हुये थे। दोनों को अगर कोई इस समय देखता तो उसे यही लगता कि बादल चांद को सम्हाले बैठा है।
पंडित शिवनाथ ऊपर से तो शांत थे लेकिन उनका ध्यान रह रह कर अनंता की कुंडली पर जा रहा था ।क्या समय आ गया है कि अनंता को सब कुछ बता दिया जाये या और प्रतीक्षा करना उचित होगा। एक पिता अंतर्द्वंद में उलझा हुआ था ..क्या उनकी करनी का फल उनकी संतान को भुगतना होगा ?या कोई प्रायश्चित संभव है। प्रयत्न तो बहुत किया कि कोई अपराध न हो पायें लेकिन जो हो चुका था उसको बिना हुआ तो किया नहीं जा सकता ।
“जीवन का एक सत्य यही है कि किये हुये को चाहकर भी बिना किया हुआ नहीं किया जा सकता।आप दीवार में कील ठोंक सकते हैं। फिर कील निकाल भी सकते हैं लेकिन कील के निशान तो रह भी जाते हैं। कर्मा रिटर्न्स। भूत भविष्य बन कर सामने आता है।यही नियति है।यही विधान है। “
यही सब सोचते सोचते कब सूरज सिर पर आ गया ,पता ही नहीं चला ।शायद चबूतरे के बाहर खड़ा पेड़ जिसके नीचे पंडित जी और अनंता थे ,अब सूरज की किरणों को रोक पाने में अक्षम था । अनंता के चेहरे पर पड़ती सूर्य रश्मियां .. ऐसा लग रहा था जैसे सोना चमका रहा हो। अनंता की आंख खुल गयी थी । चमत्कारिक रूप से औषधि लेपन से अनंता को आशातीत आराम मिला था और वो काफी हल्का फुल्का महसूस कर रही थी । लेटे लेटे ही नजर ऊंची कर उसने पंडित जी के चेहरे की तरफ देखा।पंडित जी अपनी सोच में इतने तल्लीन थे कि उन्हें अनंता के जागने का आभास नहीं हुआ था ।
“बाबा, बाबा , क्या सोच रहे हो?”
“आं…आंहा…कुछ भी तो नहीं ,कुछ नहीं। “
पंडित जी को अचानक ये लगा कि चोरी पकड़ी गयी हो। लेकिन अनंता कुछ भी अंदाज नहीं लगा पायी थी।अब वह उठ कर बैठ गयी थी और पंडित जी के हाथ चूम लिये थे।
“बाबा, आप के हाथों में जादू है।देखो, मेरी सब खरोंचें सही हो गयीं हैं । मेरे बाबा मेरे हीरो हैं।
“मेरी बिटिया रानी , बड़ी बड़ी बातें करने लगी है। बिटिया , हर बाप की ख्वाहिश होती है कि वो अपनी औलाद के लिये नायक बने ,बस वक्त सबको ऐसे मौके नहीं देता है। खैर , सूरज चढ़ आया है ,चलो अंदर चलते हैं। “
मंदिर प्रांगण से लगा हुआ एक छोटा सा घर था ।दो कमरे, दालान , चबूतरा ।सामने मंदिर और घर से नीचे उतरते ही थोड़ा पीछे जाने पर बहती हुई नदी । कुल मिला कर एक पीसफुल प्लेस जहां चारों तरफ शांति छाती रहती थी । यदा कदा पक्षियों की आवाज या किसी श्रद्धालु द्वारा शिवमन्दिर की घंटी बजाने पर एकदम से पक्षियों के उड़ने की आवाजें ही निस्तब्धता को भंग करतीं थीं ।
शाम को अनंता अक्सर नदी के पास उतर आया करती थी अपने माउथ आर्गन के साथ । माउथ आर्गन, हां… अनंता बहुत अच्छी माउथ आर्गन प्लेयर थी ।और जब वो नदी किनारे बड़े पत्थर पर बैठकर अपनी सुध बुध खोकर आर्गन बजाती थी तो ऐसा लगता था जैसे नदी खुद ऊपर चढ़ी आ रही हो अनंता के पास तक …. ये अनंता की दिनचर्या का हिस्सा था ।और आज भी वो। माउथ आर्गन प्ले कर रही थी । लेकिन आज क्या हुआ ? आज सब माधुर्य ,खो गया था । अनंता खुद भी हैरान थी लेकिन यह सब उसकी समझ से परे थे। इतनी रेस्टलेसनेस क्यों? कई बार होता है ना कि आप बेचैन होते हैं बिना ये जाने कि आप क्यों बेचैन हैं? अनंता ने नदी की ओर उम्मीद भरी निगाह से देखा लेकिन नदी अनंता को खुद से भी जादा उदास लगी ।शाम ढलने लगी थी । लाल सूरज नदी में तैर रहा था जैसे दिन भर की गर्मी से निजात पा रहा हो। अनंता भी उठ कर अपने घर की ओर चल दी ।
जब अनंता घर आयी तो बाबा संध्या पूजन और भोग आरती कर रहे थे। अनंता ने बाबा और अपने लिये शाम का खाना तैयार कर लिया था ।मंदिर जाकर आरती भी ले आयी थी । अब बस दोनों भोजन कर लें तो सोने की तैयारी।सोने से पहले बाप बेटी सुख दुख की बातें करतें और बातें करते हो जाते थे। यही इस छोटे परिवार की दिनचर्या थी और इतनी ही छोटी दुनिया।अनंता ने बाबा से ज्यादा खुद सोचा नहीं । और पंडित जी के लिये अनंता से अधिक कुछ था नहीं।
पंडित जी की आंख लगने ही वालीं थीं कि अनंता की धीमी आवाज उनके कानों में पड़ी , ” बाबा , आज दोपहर चबूतरे पर सोते समय एक अजीब सपना देखा था । आप किसी सिंहासन पर बैठे हैं और कोई नाग आप के सामने हाथ जोड़े खड़ा है। वो कुछ कह रहा है लेकिन आप बहुत अधिक क्रोधित हैं और वो नागदेवता रोते हुये बाहर चले जाते हैं। और भी कुछ था बहुत खजाने जैसा..लेकिन मुझे पूरा याद नहीं आ रहा है। “
यह बात सुनकर पंडित शिवनाथ एकदम चौंक गये थे लेकिन अंधेरे की वजह से अनंता उनका चेहरा नहीं देख पायी थी। पंडित जी ने अपनी घबराहट छुपाते हुये कहा , ” सपने तो सपने होते हैं। शिव जी का ध्यान करो।जगदम्बा हमेशा कृपालु रहें। सो जाओ बिटिया ।”
अनंता तो शायद सो भी चुकी थी लेकिन पंडित जी का मन बहुत तेज अतीत के गलियारे में दौड़ा जा रहा था ।
क्या है पंडित जी के अतीत की कहानी ?
कौन है जो साइलेंटली अस्पताल और अनंता को प्रोटेक्ट कर रहा था और क्यों?
एस०पी०प्रथम कुमार की इंवेस्टीगेशन कहा तक जायेगी ?
क्या अनंता के सपने का कोई अर्थ था ?
दोस्तों, एक कहानी कुलबुला रही होगी आप सब के दिमाग में । चलते रहिये इस सफर पर साथ साथ। देखते हैं कि नफरतों की जमीन पर मोहब्बतों का पौधा अपने वजूद को कैसे कायम रख पायेगा।
इमरोज अशील