( 6 )
क्या कभी ख्वाहिशें यूँ भी परवान चढ़ती हैं ! बिल्कुल किसी परिकथा की तरह। चमकीली चाँदनी रात में, सिंड्रेला का हवा के रथ पर सवार, अपने सपनों के राजकुमार से मिलना, राजकुमार का सिंड्रेला के हाथ थाम लेना, हमेशा के लिए। क्या ऐसा हक़ीक़त में भी होता है ! मिल्स एन्ड बून की स्टोरी है या सच ? अनजाने में ही उसने खुद की चुटकी ली। पर यह सब कुछ तो वास्तविकता है।
गतांक से आगे –
उमंग ने उसे सब कुछ विस्तार से बताया, कि अगले दिन वह अपने परिवार के कुछ सदस्यों के साथ आएंगे। वह कोई रस्म करके जाना चाहते थे। यह सब सूचनाएं एक के बाद एक उस पर विस्फोट सा कर रही थीं। क्या आज सिर्फ चौंकने का दिन है ? पर उसके सपनों का क्या होगा ? अभिनय के नए कीर्तिमान गढ़ने का, विश्व के पटल पर छा जाने का ? अभी तो उसने उड़ान भरनी ही शुरू की है और उसके पँख कतरने की तैयारी शुरू हो गईं। क्या विवाह के बाद वह कला के प्रति इतनी समर्पित रह पाएगी ? क्या उसे इतना अवकाश मिल पाएगा ? उस ऊँचे खानदान की वधु को रंगमंच पर या सिनेमा के पर्दे पर आने की इजाज़त मिलेगी ? औरों का तो पता नहीं, पर शिखर अवश्य उसे इजाज़त देंगे। आखिर उन्होंने उसे रंगमंच से ही तो पाया है। वह स्वयं भी तो ललित कलाओं के प्रशंसक हैं, तभी तो बेनागा थियेटर देखने आते हैं। लेकिन अगर उन्हें ही एतराज़ हुआ तो वह क्या करेगी ? क्या वह अभिनय छोड़ सकती है ? कदापि नहीं, अभिनय उसके लिए प्राणवायु के समान है। तो क्या वह शिखर को छोड़ेगी ? शिखर ! वह तो उन्हें बहुत चाहती है। उन्हें उसने संसार मे सर्वधिक चाहा है, उनकी कामना की है। अब तक वह अपने मन को साधती आयी थी, कि उसका और उनका साथ असम्भव है। पर अब जब यह सुसंयोग बन रहा है तो वह कैसे अस्वीकार कर दे ? उमंग थोड़ी देर बैठकर न जाने क्या कहता रहा, पर वह कुछ न सुन पाई। उसका ध्यान कहीं और ही था।
सारी रात वह शिखर के स्वप्न देखती रही । कभी उनके अंक से लगी हुई, कभी उनके साथ घूमती हुई। उनकी वधु बनकर छुईमुई होती हुई , तो कभी उनके स्पर्श से सिहरती हुई। एक अजीब सा खुमार उस पर छाता जा रहा था। मन मस्तिष्क में एक मीठी सी बेचैनी, एक गुदगुदी सी महसूस की उसने। क्या होगा जब उसके कलाकार साथियों को यह असम्भव सी लगती सूचना मिलेगी। जब दीपंकर को यह समाचार मिलेगा तो उनकी प्रतिक्रिया क्या होगी ? हो सकता है वह उसे उनके प्रोजेक्ट से निकाल दें। यही सुना है कि विवाहित अभिनेत्री में लोगों की दिलचस्पी नहीं रहती। उसके विचार न जाने कहाँ कहाँ दौड़ते रहे और सारी रात निकल गई।
* * * * *
दोपहर बाद राणा परिवार को आना था। मम्मी , पापा, और उमंग सुबह से ही तैयारी में बहुत व्यस्त थे। कामवाली बाई को आज तड़के ही बुला लिया गया था। घर तो एक दिन पूर्व ही उमंग व उर्वशी ने झाड़ पोंछकर व्यवस्थित किया था। आज फिर पूरे घर को धो पोंछ के चमकाया गया। पर्दे, चादरें, कुशन कवर, सब बदले गए। पीतल के शोपीस दो दिन पहले ही उन दोनों ने ब्रासो करके चमकाए थे। गुलदस्तों में ताजा फूल सजाए गए। प्रवेश द्वार, खिड़की, दरवाजे, हर जगह गेंदे और गुलाब के फूलों की लड़ियों और बन्दनवारों से सजाए गए। पापा ने नाश्ते के लिए कितनी ही चीजों का ऑर्डर करके मंगवा लिया। सुस्वादु व्यंजनों की सुगन्ध से घर सुवासित हो उठा।
उमंग उसके श्रृंगार के लिए पार्लर की मदद लेना चाहता था, पर उसने इनकार कर दिया। माँ ने उसके लिए थोड़ी भारी काम की साड़ी निकाली, पर वह उसे पहनने को भी तैयार न हुई। उसने एक सादी सी जॉर्जेट की फिरोज़ी रंग की साड़ी, जिस पर हल्का सा सीक्वेंस वर्क था, पहन ली। थोड़े बाल क्लचर में लेकर बाकी खुले छोड़ दिये। दायें हाथ में अमेरिकन डायमंड का ब्रेसलेट और बायें हाथ मे घड़ी , गले में चेन हमेशा पड़ी ही रहती थी, उसमें एक पेंडेंट डाल लिया कानों में भी अमेरिकन डायमंड के टॉप्स। तैयार होकर स्वयं पर दृष्टि डाली तो वह सन्तुष्ट नज़र आयी।
चार बजे एक मर्सडीज़ और एक लैंड रोवर दरवाजे पर रुकी। जिनमें से एक विवाहित महिला, दो पुरूष, एक किशोर आयु की लड़की और एक लड़का उतरा। जबकि दोनो गाड़ियों के ड्राइवर व एक एक अंगरक्षक गाड़ी में ही बैठे रहे। आगन्तुकों में एक तो शिखर ही थे दूसरी एक महिला थी, जो लगभग तीस वर्ष की होगी। देखने मे सुंदर, गोरा रंग, वेशभूषा से बहुत आधुनिक और फैशनेबल लग रही थी। वह कीमती डिज़ाइनर सूट में थी। देह पर डायमंड व प्लेटिनम के आभूषण , कुल मिलाकर उसकी एक एक वस्तु उसकी अभिजात्यता का आभास करा रही थी। साथ में लगभग पच्चीस वर्षीय, गोरा चिट्टा युवक था, जो देखने में बहुत सुदर्शन था। उसका कद भी काफी लंबा था। उसके कुछ सुनहरे से घुँघराले बाल , हरी सी आँखें थीं। क्रीम कलर का सिल्क का कुर्ता व पजामा, रस्ट कलर की बन्द गले की नेहरू जैकेट पहने वह युवक किसी मॉडल की तरह आकर्षक लग रहा था । किशोरी लड़की बारह वर्ष के करीब थी और बहुत प्यारी लग रही थी और उसका चेहरा शिखर से मिलता हुआ था। लड़का उससे छोटा था, देखने में वह भी प्यारा था, पर शक्ल अलग थी।
उर्वशी के परिवार ने बहुत गर्मजोशी से आगन्तुकों का स्वागत किया। महिला ने निरक्षण पूर्ण ढंग से उसके घर में चारों ओर दृष्टि दौड़ाई। वह उनकी हैसियत का आँकलन करती हुई प्रतीत हुई। उनलोगों के आने के थोड़ी देर बाद उमंग, उर्वशी को लेकर आया। हर निगाह उसकी ओर उठ गई और बहुत प्रभावित नज़र आयी। उसका दप दप दमकता रूप, हर एक पर गहरा असर छोड़ गया। शिखर भी अपलक उसे सुध खोकर देखते रह गए। जब वह बैठ गई तो जैसे उन्हें अपनी अवस्था का भान हुआ। उन्होंने अपने परिवार का परिचय उससे करवाना शुरू किया। वह महिला उनकी छोटी बहन शिप्रा थी जो विवाह करके उदयपुर में बस गई थी। वह युवक उनका छोटा भाई शौर्य था , लड़की, उनकी बेटी स्वस्ति तथा लड़का उनका बेटा सौम्य था ।
छन्न से जैसे कोई काँच टूट गया हो, उसके हृदय के उसने टुकड़े होते हुए महसूस किये। उनके बेटे और बेटी के विषय में जानकर उर्वशी अवाक रह गई। उसने शिकायती नज़रों से उन्हें देखा। एक पल को उसे ऐसा महसूस हुआ जैसे उन्होंने उसका विश्वास तोड़ दिया हो। उसने कभी सोचा ही नही कि यह व्यक्ति विवाहित या दो किशोर बच्चों का पिता होगा। पर उसने क्यों नहीं सोचा ? उनकी आयु ऐसी है जिसमें अक्सर विवाह हुए कई वर्ष हो चुके होते हैं। फिर किशोर बच्चों का पिता होना कौन सी हैरानी की बात है। विवाह हुआ है, तो बच्चे भी होंगे ही। उन्होंने उससे कब कहा कि वह अविवाहित हैं ? वह ही मूर्ख है, जो बिन सोचे समझे, जाने क्या क्या कल्पना कर रही है। उन्होंने कब उसके साथ प्रेम की पींगें बढ़ाई ? कब उसे अपने विषय में धोखे में रखा ? कब कोई वादा किया ? तो फिर उसे हर समय फूल भेजने का क्या अर्थ था ? उसने कब उन्हें जाना था ? क्यों मुलाकात होने पर उसे मुग्ध भाव से देखते रहते थे ? हर बार उनकी दृष्टि ने उसके प्रति अपने लगाव को प्रदर्शित किया था। क्यों उसने उनकी दृष्टि में प्रेम के सन्देश पढ़े ? उसने बिना किसी कारण के तो उनके प्रति आकर्षण महसूस नहीं किया था।
क्रमशः