वहां कौन है? भाग 5
कुमार का सिर भारी होने लगा था। कमरे में आते ही वह तुरंत बिस्तर पर लेट गया। ” यार , अजीब सा लग रहा है मुझे। सिर में भारीपन है मगर सीने में कुछ घुमड़ रहा है।”
” ज्यादा शायरी मत कर! ठूंस–ठूंस कर खाने के बाद बैठे रहने से गैस बनने लगती है। वही हो रहा है तुझे और तेरी ये गैस तो किसी काम भी नहीं आएगी सिवाय माहौल सड़ाने के। टहल ले थोड़ा।”, प्रभात ने उसके ऊपर एक तकिया फेंकते हुए कहा।
“अच्छा! ज्यादा होशियारी दिखा रहा है।”, कुमार ने उस तकिये को उस पर वापिस फेंका लेकिन प्रभात एक तरफ होकर बच गया। ” पर हो सकता है तेरी बात में दम हो। मै घूम कर आता हूं।”
“मै भी चल रहा तेरे संग।”, प्रभात ने बोला और लपक कर उसके संग हो लिया।
” जाओ यार, मुझे तो अब नींद आ रही है। उदय सर, आप भी आप सो जाओ और लाइट बंद कर दो प्लीज़।”, सुक्खी तकिए में मुंह डालकर औंधा होकर लेट गया।
“उदय सर, इसको कपड़े बदलने की तो बोलो। सरदार ऐवें ही जींस शर्ट में ठीक से कैसे सोयेगा और कपड़े नहीं बदले तो इसके पसीने की बदबूसे हम नहीं सो पाएंगे।”, तभी कुमार ने उसे दरवाजे से झांकते हुए छेड़ा।
” ओय खोते! बदबू आती होगी तुझसे। मै कैसे भी सोऊं तुमको क्या! सर इन दोनों को बोलो मेरा दिमाग खराब न करें ,वरना…”, सुक्खी झल्ला गया।
” वरना क्या?”, प्रभात ने भी झाँका।
” वरना मै अपने मोजे इनकी नाक पर तब तक बांधे रखूंगा जब तक ये बेहोश न हो जाएं।”, सुक्खी तकिए में मुंह छिपाए ही मुस्कुराया।
” कहा था कि तू बदबू मारता है।”, कुमार ने ताली बजाकर कहा।
” मै अब बताता हूं तुम दोनों को बदबू..!”, कहते हुए सुक्खी उठकर उनकी ओर भागा कि तभी उड़ाए उसका कंधा पकड़ कर उसे रोक लिया।
” बस कर सुक्खी, तू कपड़े बदल कर सो जा ,मै लाइट बन्द कर रहा हूं और तुम दोनो घूम कर आओ।”, हँसते हुए उदय ने बोला।” मै भी थक गया हूं।”
वे दोनों उसकी बात मानकर कमरे से बाहर चले गए। वास्तव में उदय कल आगे कैसे शुरुआत करनी है ,इस बारे में सोचना चाहता था इसलिए उसे एकांत चाहिए था।
सुक्खी कपड़े बदल कर लेटते ही सो गया था और उदय आँखें बंद अपना एक हाथ मोड़कर अपने सिर पर रखे कुछ सोच रहा था। ” पता करता हूं कि जंगल का सबसे घना हिस्सा कहां है जहाँ लोग जल्दी से नहीं जाते। शुरुआत ऐसी जगह से करना ही सही होगा।”
उधर मायरा और प्रभा कमरे में बातें कर रही थीं।
” यहां तक तो आ गए हैं लेकिन आगे कहां जाना है ,कुछ साफ नहीं है। वैसे ये रामसेवक कुछ अजीब नहीं लगा तुमको?”, मायरा ने कहा।
” कुछ अजीब?” वह हल्के से हँसी ,”बहुत ज्यादा ही अजीब। बोलता है तो ऐसा लगता है जैसे खिल्ली उड़ा रहा हो।…पता है मायरा, ऐसा लग रहा है जैसे वह केवल कर्मचारी नहीं है, कुछ तो रहस्यमय है उसमें जो वह किसी को बताना नहीं चाहता।”, प्रभा ने सोचते हुए कहा।
” ट्रू , मुझे भी ऐसा ही लगा।…ऐसा भी लगा जैसे वह मंदिर के बारे में नहीं बल्कि उसके नियम बता रहा हो और जाने क्यों ऐसा लगा जैसे वह हमें जानता हो।”,मायरा सहमत थी।
कुमार और प्रभात ने बाहर आते ही सिगरेट जला ली थी। अगर वे कमरे में पीते तो उन्हें उदय के ढेर सारे भाषण एक साँस में सुनने पड़ते इसलिए उन्होंने बहाना बनाया था।
” कल से आज पीने में आई है।”,कुमार ने धुआँ उड़ाते हुए तृप्त होकर कहा।
” मै तो पी आया था, जब लंच करने रुके थे तब बाथरूम के बहाने।”, प्रभात ने आँख मारते हुए बोला।
” बड़ा सयाना निकला तू। अकेले– अकेले, मुझे नहीं ले जा सकता था।”, कुमार ने नाराजगी दिखाई।
” तू तो अपनी शोना बाबू को ,मिस यू का मेसेज भेजने में व्यस्त था तो मै कितना इंतजार करता। समय भी ज्यादा नहीं था।”, प्रभात की बात पर कुमार का असंतोष तो दूर नहीं हुआ मगर उसके बाद वह कुछ नहीं बोला।
दोनों चुपचाप सिगरेट का कश ले रहे थे अचानक कोई अजीब सी आवाज आई जैसे किसी पंख फड़फड़ाती मुर्गी को पकड़ लिया गया हो।
” यह कैसी आवाज थी।”,कुमार हड़बड़ाया।
” अबे, जंगल है यह। यहां हर रात किसी न किसी के शिकार बनने की बारी होती है….समझा ढक्कन!”, प्रभात ने सिगरेट की राख झाड़ते हुए कहा।
” हाँ,मै ढक्कन और तू? तू क्या है बे?”, कुमार ने उसकी पीठ पर मुक्का मारा।
” हाथ मत चला देख, वरना मै…”, प्रभात के आगे के शब्द उसके मुंह में ही रह गए। वह सामने देखने लगा। कुमार ने भी उसकी निगाहों का अनुसरण किया।
” रामसेवक, तुम यहां क्या कर रहे हो?”, प्रभात ने उसे आवाज दी ।
रामसेवक कुछ दूर खड़ा जंगल की ओर देख रहा था। प्रभात की आवाज़ सुनते ही उसने धीरे से गर्दन घुमाई। ऐसा लगा मानो वह चुपचाप लौट जाना चाहता था लेकिन अब रुक गया।
“गेस्ट हाउस का कर्मचारी हूं ,वो भी जंगल के। आप लोगों की सुरक्षा की जिम्मेदारी भी मेरी बनती है। देर रात में आप बाहर आकर घूम रहे हैं ।किसी जंगली जानवर ने हमला कर दिया तो उंगली तो हम पर ही उठेगी। नियम में साफ लिखा है कि रात में बाहर न जाएं पर आप लोग जिम्मेदार नागरिक के गुण सीखते ही नहीं।”,रामसेवक ने उल्टा उन्हें ही सुना दिया।” रात में जंगल मजाक नहीं करता साहब।”
” बात तो सही है। सॉरी रामसेवक जी….हम लोग आगे से ध्यान रखेंगे।”, प्रभात ने कुमार को कोहनी से टहोकते हुए अंदर चलने का इशारा किया।
उन दोनों ने सिगरेट के टोटे वहीं फेंक दिए और अंदर चले गए। अंदर आते हुए उन्हें याद आया कि उन्होंने टोटे डस्टबिन तो डाले नहीं,अब रामसेवक इस पर भी उन्हें खरी खोटी सुनाएगा। यह सोचकर जब वे वापिस गए तो राम सेवक वहां नहीं था।
वे टोटे डस्टबिन में भी नहीं थे बल्कि एक बड़े से तेंदू पत्ते पर रखे हुए थे।
” इन्हें इस पत्ते पर किसने रखा?”, प्रभात ने हैरानी से कहा और तभी उन्हें अहसास हुआ कि वे अकेले नहीं हैं, कोई उन्हें देख रहा है।
प्रभात का गला सूख गया।उसे पूरा विश्वास हो गया था कि कोई उन्हें देख रहा है।उसने धीरे-धीरे सिर घुमाकर झाड़ियों की ओर देखा।अगले ही क्षण…घने अँधेरे के भीतर दो भूरी आँखें चमकीं।
पलक झपकते ही झाड़ियों में तेज़ सरसराहट हुई और सब कुछ फिर से शांत हो गया।
Megha
( रामसेवक अंधेरे में क्या सचमुच उन दोनों की सुरक्षा के लिए खड़ा था या कुछ और बात थी? वे भूरी आँखें किसकी थीं और टोटे पत्ते पर किसने रखे? आपको क्या लगता है कमेंट में जरूर बताइए ताकि मैं जान सकूं आप कहानी कितने ध्यान से पढ़ रहे हैं और आपको कैसी लग रही है।)