वहां कौन है? (भाग – 7)
काफी देर तक उदय की पूरी टीम झरने के आसपास खोजबीन करती रही, लेकिन उन्हें कुछ भी नहीं मिला। केवल मायरा को मिला वह रहस्यमय नीला कंगन ही उनकी अब तक की एकमात्र उपलब्धि था।
“बेकार ही आए यहाँ तक।” सुक्खी ने थककर कहा।
प्रभा मुस्कुराई। “समय तो लगा, लेकिन कम से कम एक बात की तसल्ली है कि खोज शुरू तो हुई।”
“हे गाइज, मुझे कुछ मिला था।”मायरा ने अपने बैग से नीला कंगन निकालकर सबको दिखाया “यहीं… उस दरार में फँसा हुआ था।”
उदय ने कंगन हाथ में लेकर उलट पुलट कर देखा। वह किसी धातु का नहीं था। किसी अनजान पत्थर से बना प्रतीत होता था, लेकिन आश्चर्यजनक रूप से बेहद हल्का था।
“अजीब है… ऐसा पत्थर न मैंने कभी देखा, न इसके बारे में पढ़ा।”
“मुझे भी अलग लगा, इसलिए संभाल लिया।”मायरा बोली।
“गेस्ट हाउस पहुँचकर इसकी ठीक से जाँच करेंगे। अभी हमारे पास समय है, आगे बढ़ते हैं।”
सबने सहमति में सिर हिलाया।
लौटते समय प्रभा पेड़ों पर बाँधी गई नारंगी कपड़े की पट्टियाँ खोलती जा रही थी। जीपीएस का ट्रैक सुरक्षित कर लिया गया था।
जंगल फिर पहले जैसा शांत था।कभी हवा से पत्तियाँ सरसरा उठतीं…कभी किसी अनदेखे पक्षी की आवाज़ सुनाई देती…बाकी चारों ओर वही गहरा सन्नाटा।
कुछ देर बाद वे फिर उस स्थान पर पहुँच गए जहाँ वन विभाग की जीप ने उन्हें छोड़ा था। इस बार उन्होंने दूसरी दिशा चुनी।
उदय आगे-आगे डिजिटल नक्शा और जीपीएस देखता चल रहा था। कुमार बीच-बीच में कम्पास और ईएमएफ मीटर की रीडिंग भी नोट करता जा रहा था।
अचानक कुमार ने हाथ उठाकर सबको रुकने का संकेत दिया।
उसने होंठों पर उँगली रखी।सभी बिना आवाज़ किए पास के पेड़ों की ओट में खड़े हो गए। दो मिनट तक कोई नहीं बोला।
फिर सामने की झाड़ियों से एक बाघिन बाहर निकली।उसके पीछे तीन छोटे-छोटे शावक थे।वे पूरी शान से पगडंडी पार कर रहे थे। एक शावक कुछ क्षणों के लिए ठिठका।उसने मनुष्यों की दिशा में देखा। हल्की-सी गुर्राहट की।बाघिन ने बिना पीछे देखे धीमी-सी आवाज़ निकाली।शावक तुरंत उसके पीछे चल पड़ा। कुछ ही क्षणों में पूरा परिवार जंगल में विलीन हो गया।
सबने एक साथ राहत की साँस ली।सुक्खी ने माथे का पसीना पोंछा। “बाप रे… टीवी पर देखकर कभी अंदाज़ा ही नहीं हुआ कि सामने से बाघ कितना विराट लगता है।”
प्रभा अभी भी उसी दिशा में देख रही थी।”उनकी चाल देखी? जैसे जंगल सचमुच उनका हो…”
उदय मुस्कुराया, “है भी तो।”कुछ पल बाद वह गंभीर हो गया।
“जंगल का नियम बड़ा सीधा है, भूख हो तभी शिकार करो। पेट भर जाने के बाद कोई हिंसा नहीं। विडंबना यह है कि मनुष्य स्वयं को सबसे बुद्धिमान प्राणी कहता है फिर भी उसकी लालसाएँ अक्सर उसकी आवश्यकताओं से कहीं बड़ी हो जाती हैं। कई बार वह केवल अपने अहंकार, लालच या मनोरंजन के लिए भी किसी निर्दोष का जीवन ले लेता है।”
कुछ क्षण सभी मौन रहे फिर मायरा ने कहा, “चलें?”
वे मुश्किल से पचास कदम ही आगे बढ़े होंगे कि कुमार अचानक रुक गया। उसकी नज़र ईएमएफ मीटर पर टिक गई।स्क्रीन पर सामान्य रीडिंग लगभग 42 माइक्रोटेस्ला थी।
अचानक…118…196…327…
रीडिंग तेज़ी से ऊपर जाने लगी। “उदय सर !”, कुमार की आवाज़ में उत्साह था। “यह देखिए!”
सब उसके पास आ गए। कम्पास की सुई भी हल्की-हल्की काँप रही थी।जीपीएस स्क्रीन कुछ सेकंड के लिए सिग्नल खो बैठी।
फिर वापस चालू हुई।
“यह सामान्य नहीं है।”, उदय ने धीरे से कहा। “चलो… देखते हैं।”
जैसे-जैसे वे आगे बढ़ रहे थे, ईएमएफ मीटर की रीडिंग बढ़ती जा रही थी।
361…428…471…
फिर अचानक…489 माइक्रोटेस्ला।
“यहीं कहीं है।” कुमार बोला।
सभी सावधानी से आगे बढ़े। उनके सामने दो विशाल और अत्यंत प्राचीन बरगद के वृक्ष खड़े थे। उनकी लटकती जटाएँ धरती को कई स्थानों पर छूकर फिर नए तनों का रूप ले चुकी थीं।
दोनों वृक्षों के बीच एक छोटा-सा जलाशय था।उसके मध्य से त्रिकोणाकार काली चट्टान बाहर निकली हुई थी।सबसे विचित्र बात यह थी कि जल बिल्कुल स्वच्छ था।इतना स्वच्छ कि तल तक दिखाई दे रहा था और…उसकी सतह पर एक भी पत्ता नहीं था। जबकि ऊपर बरगद की सैकड़ों शाखाएँ फैली हुई थीं।
उसी समय एक सूखा पत्ता हवा से उड़ता हुआ जलाशय की ओर आया। सबकी नज़र उसी पर टिक गई।पत्ता पानी को छूने ही वाला था…कि जैसे किसी अदृश्य लहर ने उसे हल्के से किनारे की ओर मोड़ दिया। वह पानी पर गिरा ही नहीं।
प्रभा अनायास बुदबुदाई “ये… कैसे हुआ?”
मगर किसी के पास इसका उत्तर नहीं था।
कुमार कुछ कदम आगे बढ़ा।उसने आँखें बंद कर लीं।साँसें गहरी होने लगीं। माथे पर पसीने की बूँदें उभर आईं।उसके चेहरे के भाव बदल रहे थे।
ऐसा लग रहा था जैसे वह किसी ऐसी अनुभूति से गुजर रहा हो जिसे बाकी लोग महसूस नहीं कर सकते। कुछ क्षण बाद…उसे लगा…उसके चारों ओर पानी ही पानी है।उसके फेफड़े भरने लगे। पैर किसी गहरी तलहटी से टकराए। उसकी आँखों में नीली रोशनी भर रही थी…और फिर…
कुछ विशाल उसके बिल्कुल पास से गुज़रा।उसने देखने की कोशिश की पर नीली रोशनी के अलावा उसे कुछ नहीं दिख रहा था। सिर्फ़ उसके शरीर का स्पर्श महसूस हुआ।
उसी क्षण, कुमार ने झटके से आँखें खोल दीं।वह तेज़-तेज़ साँस ले रहा था।
“क्या हुआ?”, प्रभात लगभग दौड़कर उसके पास पहुँचा।”क्या देखा?”
कुमार ने उत्तर देने के लिए होंठ खोले ही थे कि पीछे खड़ी मायरा का हाथ अनायास ही अपने बैग पर चला गया। वहीं उसी स्थान पर… जहाँ नीला कंगन रखा था।
उसे लगा…बैग के भीतर जैसे हल्की-सी गर्माहट फैल रही है। वह कुछ समझ पाती…उससे पहले उसकी आँखों के आगे अँधेरा छा गया।
“मायरा!”,प्रभा चीखी।
अगले ही पल…मायरा बेहोश होकर ज़मीन पर गिर पड़ी।
Megah
( अ अ अ…मै नहीं बताऊंगी कि मायरा क्यों बेहोश हुई और कुमार ने किसे महसूस किया था जब तक आप लोग पढ़कर अच्छे अच्छे कमेंट्स नहीं करेंगे। पढ़कर चुपचाप चले जाना…ऐ साहिब ,यह ठीक नहीं।)