राघवेंद्र सैनी का उपन्यास ‘ भाग -15

भलोल

भाग -15

बैरक में आकर मैं काले बक्से में सामान रखने लगा। दत्ता ने कहा, “रास्ते के लिए इतना बड़ा बक्सा लेकर मत जाओ। रात को गाड़ी में चढ़ाना मुश्किल होता है। एक बैग ले लो। बिस्तरबंद में दो कंबल, चादर और सिरहाना रख लो।”

मैंने कहा, “मेरे पास बिस्तरबंद तो है लेकिन बैग नहीं है।”

उसने कहा, “कैंटीन खुली है। वहाँ से एक बैग ले लो।”

मैंने कहा, “चार बजे पैसे मिलने के बाद ही ले पाऊँगा।”

“आप चलो तो सही। पैसे छुट्टी से लौटने पर दे देना। क्रेडिट मिलता है।”

मैं दत्ता के साथ कैंटीन गया और 25 रुपए का एक बड़ा बैग ले आया। मेरी सारी तैयारी हो चुकी थी। तभी नायक घोष ने मुझे मेरा क्लियरेंस सर्टिफिकेट दिया।

चार बजे मैं मेन ऑफिस में अपनी पे, लीव सर्टिफिकेट और रेलवे वारंट लेने के लिए हाजिर हुआ। पांच मिनट में ही मुझे सब कुछ दे दिया गया। सब लेकर मैं अपनी बैरक में लौट आया।

रात 8 बजे डिनर के बाद ही मुझे सुबह के लिए ब्रेकफास्ट और लंच दे दिया गया था। मैंने उसे सहेजकर बैग में रख लिया। मुंबई-अमृतसर एक्सप्रेस में चढ़ाने के लिए प्रायः सारा स्टाफ स्टेशन पर आया था। गाड़ी आने पर मुझे मिलिट्री कंपार्टमेंट में चढ़ा दिया गया।

जिस स्नेह, सम्मान और प्यार से मुझे छुट्टी भेजा गया, उसकी स्मृति आज भी मेरे जेहन में अंकित है। आज भी उसे याद करके मैं आर्द्र हो उठता हूँ। भावुक हो जाता हूँ।
गाड़ी चली तो स्टाफ के जवान ‘बाय’ करके चले गए। मुझे सोने की बर्थ तो नहीं मिली, बैठने की जगह मिल गई थी। मैंने सिविल ड्रेस पहन लिया था। यूनिफार्म अच्छी नहीं थी। मैंने बिस्तरबंद से दोनों कंबल निकाल लिए थे। बाबीना में इतनी सर्दी नहीं थी। नवंबर का महीना था। जैसे-जैसे गाड़ी दिल्ली की ओर बढ़ेगी सर्दी बढ़ती जाएगी। मैंने फुल स्लीव स्वेटर भी निकाल लिया था।

दोनों कंबल मैंने फोल्ड करके सीट पर रख दिए और आराम से बैठ गया था। मैंने खिड़की के बाहर देखा। बाहर घुप अंधेरा था। मेरे अपने जीवन की तरह। मैं बचपन की यादों में खो गया था।

मैं शरीर के किसी विकार के कारण काफी बड़ा होने तक चारपाई पर ‘शूशु’ किया करता था। 7वीं तक यह सिलसिला चलता रहा था। मेरे लिए एक झिकी मंजी रखी होती थी। उस पर एक दरी बिछा दी जाती थी। रोज उसे धूप में सुखा दिया जाता। मेरे अंडरवियर को भी धोने की बजाय धूप में ही रख दिया जाता था। कई बार तो डंडे में टांग कर झंडे की तरह टांग दिया जाता था, मुझे शर्मिदा करने के लिए ताकि मैं आगे से ‘शूशू’ न करूँ।

माँ का या बहन-भाइयों का उद्देश्य चाहे कुछ भी रहा हो लेकिन मुझे बहुत बुरा लगता था। वे सब मुझे बहुत चिढ़ाते थे। उनके ऐसा करने पर भी जब मेरा ‘शूशू’ करना बंद नहीं हुआ तो बाऊजी को चिंता हुई। उनके ऑफिस के आदमी ने अमृतसर के मिश्री बाजार के किसी वैद्य का पता बताया था। वे ऑफिस से उठ कर मिश्री बाजार जाते और मेरे लिए दवाई लेकर आते। वह दवाई पेस्ट की तरह होती और कुत्ते की पोटी की तरह काली होती थी। दूध के साथ खानी होती थी। मैं आँख बंद करके उसे खाता और दूध पी लेता। इसी बहाने दूध पीने को मिल रहा था।

यह दवाई कई महीने तक चली। इससे लाभ हुआ। मेरा चारपाई पर ‘शूशू’ करना बंद हो गया था। बाऊजी की मेहनत रंग लाई थी। उसी वैद्य से मेरे हर समय बहने वाली नाक की दवाई भी लाने लगे। नाक बहना भी बंद हो गया था।

नाक बहने के कारण मेरा नाम ‘दोमुँही’ रखा गया जो मुझे बहुत आहत करता था। बहुत चिढ़ता भी था। रोज भाई मुझे चिढ़ाते और रोज जो भी हाथ में होता मैं उन्हें दे मार देता। मन के भीतर जबरदस्त आक्रोश था। अगर मैं चारपाई पर शूशू करता हूँ या मेरी नाक बहती है तो इसमें मैं कहाँ दोषी हूँ?
बाऊजी ने मेरी बीमारी को देर से पहचाना था या मै यूँ कहूँ कि मेरा इलाज न करवा पाना उनकी मजबूरी थी। बड़े परिवार के कारण रोज किसी न किसी की जरूरत पूरी करते रहते थे। सैलरी भी इतनी नहीं होती थी। सारा राशन उधार आता था। सैलरी मिलने पर पिछला उधार चुका दिया जाता और आगे उधार चलता रहता था। बाऊजी की इन तकलीफों को 7वीं तक आते-आते मैं समझने लगा था। बड़ी बहन और भाइयों के कारण बाऊजी एक तरह से टूट चुके थे। मैंने उन्हें घर के एक कोने में कई बार चुपचाप रोते हुए देखा था।

मैं उसी समय मन से दृढ़ हो गया था कि जो मेरे भाइयों ने किया है, मैं वह नहीं करूँगा। पैंट की छोटी जेब में पड़े चार सौ रुपए उत्साहित कर रहे थे। मैं जाते ही बाऊजी को दे दूँगा। मन में उस समय के उनके चेहरे पर आए भावों को देखने का मोह था।

चाय-चाय’ की आवाज से मैं जगा। पता नहीं शायद मैं सो गया था।

‘ देखा, गाड़ी मथुरा स्टेशन पर खड़ी थी। स्टेशन की घड़ी से देखा, सुबह के 5 बजे थे। मेरी जेब में कुछ रुपए थे। सोचा, चाय पी कर फ्रैश हुआ जाए। चाय वाला डिब्बे में ही आ गया था। उसने मुझे कुल्हड़ में चाय दी। चाय बहुत टेस्टी थी। चाय पी कर मैं फ्रेश होने चला गया। मिलिट्री कंपार्टमेंट था। सामान गुम होने का कोई डर नहीं था।

गाड़ी चली तो अब नई दिल्ली में ही रुकनी थी। मैं फिर ऊंघने लगा था। दरअसल ख्यालों में घिर गया था। मुझे दुनियादारी का कुछ पता नहीं था। भोला था। पढ़ने में भी इतना होशियार नहीं था। सभी भाई और बहन बाजार से मुझे अपना सामान लाने के लिए भेजते रहते थे। मैं चुपचाप उनके काम करता रहता था। बाऊजी दफ्तर में रहते और माँ को मेरे सारा दिन भागते रहने से कोई सरोकार नहीं था। मैं परिवार का ‘फाडी’ बच्चा था।

मैं भोला से ‘भलोल’ कैसे बना, याद नहीं। यह उपनाम हमेशा मेरे संग रहा। भलोल उपनाम के साथ मेरे और भी कई उपनाम प्रसिद्ध हुए। जब-जब घर आता, इन्हीं उपनामों से जाना जाता रहा था।
क्रमशः

राघवेंद्र सैनी

WhatsApp Image 2026-06-14 at 20.06.06 — Vcare Language Academy

Author

Leave a Comment