इमरोज अशील का उपन्यास ‘गूँगी मोहब्बत ‘- भाग -29

 

गूँगी मोहब्बत

भाग -29

गरिमा अमर को छोड़ने आयी थी ।वो चौमढ़ा से आबू रोड के लिये निकले थे ।अमर चाहता तो किसी को भी बोलकर जाने के लिये कोई भी साधन मंगवा सकता था ।लेकिन अभी उसने जीवन का जो रास्ता चुना था वो बहुत ही सीधा एवं सिंपल था । वो हंगामाखेज दुनियां से दूर एक शांत एवं सरल जीवन की तरफ मुड़ चुका था । इंसान सोचता कुछ और है लेकिन होता कुछ और है।जीवन अनिश्चितताओं से इतना भरा हुआ है कि आप सुबह उठ कर जैसा प्लान करते हैं ,शाम तक उसमें कुछ न कुछ परिवर्तन अवश्य आ जाता है।

अब अभी का देख लो , गरिमा की जीप के सामने अचानक एक काला नाग आ गया था । जीप पहाड़ी ढलान पर बहुत देर से खड़ी थी । गरिमा हॉर्न बजा बजा कर थक गयी थी लेकिन नाग अपनी जगह से टस से मस भी नहीं हो रहा था । यह लगभग पिछले तीस मिनट से चल रहा था और देखने वाले लोगों का तांता बढ़ता चला जा रहा था । एक तो सावन ,ऊपर से नागदेवता ..मारने का तो प्रश्न ही नहीं उठता है।फिर क्या किया जाये ,किसी को समझ नहीं आ रहा था ।भीड़ अपने अपने हिसाब से बातें बनाने लगीं थीं।

” हमें लगता है इस लड़के या लड़की ने किसी नागिन को मारा है और ये नाग बदला लेने आया है।”

” ये लड़की पूर्व जन्म की नागिन है शायद और नाग ने उसे पहचान लिया है।”

“हमें तो ये लगता है कि नागदेवता चाहते नहीं कि ये लोग यहां से आगे जायें ।”

“हो सकता है नागदेवता इनके कोई पूर्वज हों और कुछ बताना चाहते हैं।”

जितने मुंह उतनी बातें ,,लोगों का मुंह बंद होने का नाम नहीं ले रहे थे।

अमर और गरिमा इस तरह की स्थिति में पहली बार ही फंसे थे। भारत में वैसे ही सर्पों के लेकर बहुत सारी कहानियां प्रचलित हैं।इतने मिथ्स ,इतनी कहानियां,इतनी कल्पनाएं चलन में हैं कि सच क्या है किसे पता ? अमर के लिये सर्प को रास्ते से हटाना कोई बड़ी बात नहीं थी ,ऐसा उसे लगता था ।लेकिन अभी वो भी इस स्थिति का मजा लेने के लिये खुद को मानसिक रूप से तैयार कर चुका था । भीड़ में से एक दो उद्दंड लोगों ने नाग की तरफ पत्थर भी फेंके थे लेकिन वो टस से मस नहीं हुआ था ।जमीन से लगभग एक फुट ऊंचा उठे हुये ,अपने फन को पूरे विस्तार से फैलाये हुये नागराज एकदम चौकन्नी अवस्था में विराजमान थे। अब तक लगभग दो घंटे बीत चुके थे और खबर आस पास फैलती ही जा रही थी ।कुछ के लिये तमाशा तो कुछ के लिये श्रद्धा का विषय था ।यह जगह लगभग जहां स्लायडिंग हुई उससे सौ मीटर पहले ही थी और आधुनिक विचारों वाले लोग अपना अलग ही एक्सप्लेनेशन देने में लगे थे, ” वो एक्चुअली स्लायडिंग की वजह से इस स्नेक का बिल खत्म हो गया होगा और अचानक यह रोड पर आ गया होगा । शायद केंचुली में है और लेजी लग रहा है। ब्लाह..ब्लाह ।”

अफवाहों के पैर तो नहीं होते लेकिन चलतीं बहुत तेज हैं। नीचे चौमढ़ा गांव में भी किसी राहगीर ने खबर कर दी थी कि ऊपर रोड पर एक पांच फन वाले नादेवता प्रकट हुये हैं और इंसानी रूप धारण करके कहा है कि मंदिर बनवाया जाये।” कुछ ने यकीन किया , कुछ फैक्ट चेक करने आये लेकिन अभी चौमढ़ा के बहुत सारे गांव वाले ऊपर नागदेवता को देखनेआये थे।कुछ महिलायें तो सिक्के भी फेंक फेंक चढ़ा रहीं थीं। पंडित शिवनाथ जी ने ये घटना सुनी तो वो भी अनंता के साथ नागराज देखने के लिये ऊपर चले आये थे। वैसे भी नाग संस्कृति से उनका बहुत पुराना रिश्ता था। हालांकि पं०शिवनाथ का अतीत यहां किसी को ज्ञात नहीं था परंतु लोग उनके ज्ञान और आचरण के कायल तो थे ही। पंडित जी को भीड़ ने अपने आप रास्ता दे दिया था । अनंता अभी भी भीड़ में पीछे ही थी ।

पंडित जी ने आगे आकर नागदेवता को प्रणाम किया । अब वो दोनों एक दूसरे की आंखों में देख रहे थे । नागराज फुंफकार रहे थे जैसे कुछ कहने की कोशिश कर रहे थे।यही क्रम लगभग दो मिनट तक जारी रहा ।पंडित जी हाथ जोड़े खड़े रहे और नागदेवता ने चुपचाप अपना फन झुका लिया और सबकी आंखों के सामने ही रेंगते हुये गहरी खाई की तरफ सरक गये थे। लोग अपने अपने हिसाब से बातें करते हुये अपने अपने रास्ते हो लिये थे। अनंता अभी भीड़ में पीछे ही खड़ी थी । गरिमा ने नागराज के खाई में उतरने के बाद , अपनी जीप की इग्नीशन में पहले से ही फंसी चाबी को घुमा कर उसे चालू करना चाहा लेकिन जीप घर्र घर्र करके रह गयी थी । गरिमा ने एक दो बार और ट्राय किया लेकिन नतीजा वही ढाक के तीन पात रहा ।

” आप लोग आगे नहीं जा सकते हैं। ” अब तक पंडित जी जीप के पास पहुंच चुके थे।

” क्यों ? ” पूछने को अमर ने पूछा तो लिया था लेकिन सामने खड़े इंसान को देखकर उसके मन में अपने आप श्रद्धा उत्पन्न हो गयी थी । अब तक अनंता भी जीप के पास पहुंच गयी थी और जीप में गरिमा एवं अमर को देखकर उसके चेहरे पर आश्चर्यमिश्रित प्रसन्नता झलक उठी थी । वो गौर से अमर को देख रही थी लेकिन अमर अभी तक उसे नहीं देख पाया था । वो अभी पंडित जी की तरफ ही देख रहा था ।

” हर प्रश्न का उत्तर मनुष्य के पास नहीं होता है। नियति के चक्र से बाहर कुछ नहीं घट सकता है। आप को लगता होगा कि आप यहां तक खुद आये हैं लेकिन आप को आपका भाग्य यहां तक लाया है और ईश्वर की इच्छा है कि आप अभी यहीं रुकें। यह कोई आदेश नहीं है लेकिन मेरा सुझाव अवश्य है। आप चाहेंगे तो भी नहीं जा पायेंगे बस आप के प्रयत्न आप की मुश्किल बढ़ा सकते हैं। यह नागराज सिर्फ आप को रोकने आये थे। मैं जानता हूं कि आज की पीढ़ी मेरी इस बात पर विश्वास नहीं करेगी लेकिन समय एक दिन आप के सारे प्रश्नों का उत्तर अवश्य देगा ।” पंडित शिवनाथ जी ने गम्भीर भाव भंगिमा के साथ अमर को उत्तर दिया था । अमर एक दम स्टंड रह गया था ।ये एक नये प्रकार की समस्या थी ।तब तक गरिमा सिंह ने पूछा ,

“बाबा ! इस बात पर यकीन किया जा सकता है क्या? “

” आप इस नवयुवक को नीचे उतार कर जीप चालू करिये , हो जायेगी।” पंडित जी ने एक रहस्यमयी मुस्कान के साथ कहा।

इस बीच गरिमा कई बार इग्नीशन में चाबी घुमा चुकी थी लेकिन पंडित जी की बात सुनकर अमर अपने आप जीप से नीचे उतर चुका था और एकदम कमाल हो गया था । इस बार चाबी लगाते ही जीप स्टार्ट हो गयी थी जैसे कुछ हुआ ही न हो। पंडित जी के चेहरे पर एक रहस्यमय मुस्कराहट थी …और जीप से नीचे उतरते उतरते अमर की नजर अनंता के ऊपर पड़ चुकी थी । अचानक यहां अनंता को देखकर अमर सरप्रायज्ड था ।

इतने करीब और अनएक्सपेक्टेडली,, वो एकटक उसे देखता रह गया था । गरिमा अमर को जज करने की कोशिश कर रही थी । और अनंता जल्दी जल्दी अपने बाबा को बताने में लगी थी ,

” बाबा ! ये गरिमा जी हैं अपने चौमढ़ा थाने की एस एच ओ और ये वही लड़का है जिसके बारे में मैंने आप को बताया था कि कन्फ्यूजन में हम लोगों ने इसको किलर समझ लिया था । बाबा ,इसके पैर पर एक गहरा नीला निशान भी है एकदम शंख जैसा और इस पर जहर का भी कम असर होता है।”

पंडित शिवनाथ जी केवल हम्म करके रह गये थे। अचानक अनंता ने बोली ,

” आज आप लोग मेरे घर के इतने पास हो, आज हमारे यहां चाय पी कर जायेंगे आप लोग ।” यह कह कर बिना किसी उत्तर की प्रतीक्षा किये माही को फोन लगा दिया था , ” कहां हो? जल्दी घर आओ। कोई मिलने आया है तुमसे। “

उधर से माही की आवाज आ रही थी , ” कौन आया है? हलो , कौन आया ?” लेकिन माही फोन डिस्कनेक्ट कर चुकी थी ।

सभी लोग जीप में ही बैठ कर पंडित शिवनाथ जी के शिव मंदिर पहुंच चुके थे । अनंता एकदम अति उत्साहित होकर चाय बनाने घर के अंदर चली गयी थी । बाकी लोग शिव मंदिर के चबूतरे के नीचे पड़ी चारपाई पर बैठ गये थे। अचानक अमर की नजर मंदिर के अंदर स्थापित शिवलिंग पर जाते ही अमर एकदम जोर से उछल पड़ा ….

 

अचानक मंदिर में अमर ने क्या देखा होगा ?

नियति अमर को यहां आबू क्यों लायी है?

पंडित शिवनाथ के मस्तिष्क में क्या चल रहा है और उनके चेहरे पर नाचने वाली मुस्कराहट का क्या अर्थ होगा ?

आज मैं चाहता हूं कि इन सवालों के जबाब खोजने की बजाय हम सब अमर और अनंता का दिल पढ़ने की कोशिश करें,,, सफर जारी रहेगा आप के खूबसूरत साथ के साथ…

क्रमशः

इमरोज अशील

Author

Leave a Comment