राघवेंद्र सैनी का उपन्यास भलोल भाग -14

भलोल

भाग -14

जिस चारपाई पर मैंने बिस्तर रखा था। दत्ता ने उसे उठा कर अपनी बगल में लोहे की पाइप वाली चारपाई पर रख दिया, कहा “इस चारपाई वाले बिस्तर को वहाँ रख दो। यह जवान छुट्टी पर है। जनवरी में आएगा। लकडी के पाएवाली चारपाई में खटमल बहुत होते हैं। आप रात भर सो नहीं पाओगे।”
मैंने इस सबके लिए उसे धन्यवाद कहा। सुबह की इंटरव्यू के लिए सारा सामान निकाल दिया। पोलिश्ड बेल्ट और उसके चमकते बक्कल, बूट ऐसे जिसकी टो में अपना मुँह देखा जा सके। कड़क यूनिफार्म, चमचमाते टाइटल शोल्डर, नई कैप, नया लाइनयार्ड। कुल मिला कर सब-कुछ सुंदर था।

“यूनिफार्म को एक बार प्रेस करवाना होगा। सामने धोबी है। चलो, आप जगह भी देख लेना यूनिफार्म भी प्रेस करवा लेते हैं, ” दत्ता ने कहा, “हेयर कट आपके ठीक हैं। दाढ़ी आप बनाते नहीं होंगे क्योंकि वह मुझे कहीं दिखाई नहीं दे रही है।”

दत्ता जाने क्यों मुस्कराया। उसे देखकर मैं भी मुस्कराया था।

“राम-राम दत्ता बाबू।” दत्ता को देखते ही धोबी ने बड़े जोर से राम-राम ठोकी, “आज कहाँ रास्ता भूल गए? मुझे आवाज दे देते तो मैं हाजिर हो जाता,” कह कर वह जोर से हंसा था, “और यह दाना आपके साथ कौन है?”

मैंने धोबी को गौर से देखा। कोई 35 साल का काला-कलूटा आदमी था जो लगातार यूनिफार्म प्रेस करते जा रहा था।

“ओए करमू, जरा सोच-समझ कर बात किया कर। यह तुम्हें दाना दिखाई देते हैं। नए बाबू जी आए हैं। कल इनकी इंटरव्यू है। ले, फटाफट यूनिफार्म प्रेस कर दे।”

“ओह, माफ करना साहब! मैंने पहचाना नहीं।”

दत्ता से यूनिफार्म लेकर तुरंत प्रेस करने लगा। बाद में जब हम यूनिफार्म प्रेस करवा कर बैरक में लौटे तो मैंने दत्ता से पूछा, “यह दाना क्या होता है? कर्मचंद जी ने भी कहा था कि इस दाने का ख्याल रखना और धोबी भी दाना कह रहा था।”

मेरी बात सुन कर दत्ता खूब जोर से हँसा था। उसके हँसने से उसके मुँह का साँवलापन कालेपन में बदल गया था। मैं हँसी के कारण को समझ नहीं पाया था। बाद में उसने कहा, “आपने अपनी बैरक के सभी जवानों को देखा है। मेरे समेत सब काले-कलूटे और असुंदर हैं। आप सुंदर हैं। यहाँ किसी भी सुंदर जवान को देखते हैं तो ‘दाना’ कहने लगते हैं।”

मैंने खुद को कभी बड़े शीशे के सामने खड़े हो कर नहीं देखा था। ट्रेनिंग की भाग-दौड़ में कभी देखने का मौका ही नहीं मिला था। दूसरे रोज इंटरव्यू पर जाने से पहले यूनिफार्म पहन कर जब मैंने खुद को बड़े शीशे में देखा तो देखता ही रह गया था।। सचमुच, मैं इतना सुंदर है, मैंने कभी सोचा नहीं था। भर्ती होने से पूर्व का दुबला-पतला शरीर सांचे में ढलकर सुगठित हो गया था। गोरा रंग और गोरा हो गया था जो ओलिवग्रीन यूनिफार्म में ‘उगते सूर्य’ की तरह चमक रहा था। इस रूप को देखकर किसी के भी मुख से ‘दाना’ निकल जाना स्वाभाविक था। यह सुखद एहसास मुझे प्रफुल्लित कर रहा था।

“ओ, दाने! इधार आओ।”

मैंने पीछे मुड़ कर देखा। हवलदार कर्मचंद जी थे। मैं भागकर उनके पास गया। उन्होंने कहा, “आराम से। यह ट्रेनिंग सेंटर नहीं है जो दौड़कर किसी के पास जाओ। जब भी कोई बुलाए, आराम से जाओ।”

“जी, सर।”

उन्होंने मेरी कैप ठीक की और ‘गुड’ कहा, “आप हमारे साथ चलें। पहले टी.एस.एस. यानी टेक्निकल स्टोर सेक्शन स्टाफ के साथ परिचय होगा। फिर हमारे अफसर इंचार्ज कैप्टन डी.एस. गुजराल के साथ इंटरव्यू होगा। वैसे मैं भी कह दूँगा कि आप ने अपनी वार्षिक छुट्टी नहीं काटी है। आपने भी कहना है।

“जी, सर।”

मैं उनके साथ चलने लगा। टी.एस.एस. सेना की हर वर्कशॉप में औरडनेंस कवर देने के लिए होता है। वर्कशॉप को हर स्पेयर पार्ट के लिए इस सेक्शन को अपरोच करना होता है जिसके लिए औरडनैंस कोर के विभिन्न ट्रेडों के 17 जवान और एक अफसर पोस्टड होते हैं। अब मैं भी इस टी.एस.एस. का हिस्सा था।

टी.एस.एस. में पहुँचा तो सारा स्टाफ बहुत खुशी से मिला। मैं और दत्ता ही सिपाही थे। बाकी सब नायक और हवलदार थे।

इंटरव्यू रजिस्टर में मेरे पर्टीकुलर लिखे गए। कैप्टन गुजराल साहब आए तो हवलदार कर्मचंद जी ने मुझे मार्च किया। मेरा स्मार्ट सैल्यूट देखकर बहुत खुश हुए।

“सिपाही एस.के.टी. सिग्नल नरेंद्र कुमार, वर्कशॉप के इस टी.एस. एस. में आपका स्वागत है। आप सीधे ए.ओ.सी. स्कूल जबलपुर से पोस्ट होकर आए हैं?”
जी सर
“गुड, कल आपको खाना ठीक से मिला? रात को आप ठीक से सोए?”

“जी, सर।”

“गुड, कोई समस्या?”

“सर, ट्रेनिंग से सीधा यहाँ पोस्ट होने के कारण मैंने अभी वार्षिक छुट्टी नहीं काटी है।”

“कोई बात नहीं। पहले आप छुट्टी काटें फिर आराम से मन लगाकर काम करना। सभी यहाँ अच्छे हैं। आपको अच्छे से गाइड करेंगे।”

“जी, सर।”

“और कुछ?”

“सर, छुट्टी जाने के लिए मेरे पास पैसे नहीं हैं।”

“उसकी आप चिंता न करें। पेमेंट के लिए मैंने लिख दिया है। आप आज ही छुट्टी जाएँगे। कर्मचंद मार्च करें।”

हवलदार कर्मचंद जी ने मुझे ‘सैल्यूट’ और ‘मार्च’ का आदेश दिया। मैं कैप्टन साहब के कमरे से निकल कर टी.एस.एस. के ऑफिस में आ गया।

इंटरव्यू रजिस्टर लेकर हवलदार कर्मचंद जी मेरे पास आए। उन्होंने मुझे रजिस्टर देते हुए कहा, “आप मेन ऑफिस में सूबेदार रघुबीर सिंह साहब को रिपोर्ट करें। वे ओ.सी. साहब मेजर डबल्यू.एफ. आर. यंग साहब से इंटरव्यू करवा देंगे। एडयूडेंट साहब तो है नहीं। हमारे साहब ही एडयूडेंट की डयूटी कर रहे हैं इसलिए एडयूडेंट के कॉलम में उन्होंने साइन कर दिए हैं। इंटरव्यू के बाद आप यहीं आ जाएँ।”

मैं रजिस्टर लेकर मेन ऑफिस की ओर चल दिया। कुछ देर बाद मैं सूबेदार रघुबीर सिंह साहब के सामने था। मैंने उन्हें ‘सैल्यूट’ किया।

“आओ, बाबू जी। हवलदारमेजर, मैं रजिस्टर लेकर ओ.सी. साहब के पास जा रहा हूँ। आप इन्हें इंटरव्यू के लिए लेकर आएँ।”

हवलदार मेजर मुझे ओ.सी. साहब के कमरे के सामने लेकर खड़े हो गए। सूबेदार साहब के आदेश पर उन्होंने मुझे ‘मार्च’ किया। मैंने मेजर साहब को ‘स्मार्ट सैल्यूट’ किया। मेजर साहब ने ‘गुड’ कहा। उन्होंने भी वही प्रश्न किए जो कैप्टन गुजराल साहब ने किए थे। बाद में मेजर साहब ने कहा, “आप आज ही छुट्टी जाएँगे। मैंने पेमेंट के लिए लिख दिया है। सूबेदार साहब, हेडक्लर्क साहब को कहकर सारे प्रबंध करवा देंगे।”
जी, सर।” सूबेदार साहब ने कहा।

“मार्च करें।”

हवलदार मेजर ने मुझे मार्च किया। मैं ओ.सी. साहब को सैल्यूट करके बाहर आ गया। पीछे-पीछे सुबेदार रघुबीर सिंह साहब भी थे। वे मुझे हेडक्लर्क सुबेदार कुलकणी साहब के पास ले गए। ओ.सी. साहब का आदेश सुनाका इंटरव्यू रजिस्टर उनके सामने रख दिया।

हैडक्लर्क के पास बैठे हवलदार राम सिंह से कहा, “इनका हिसाब बनाकर पेमेंट के लिए अकटेंस रोल तैयार करके साइन ले लो। लीव सर्टिफिकेट रेलवे वारंट बना कर कैप्टन गुजराल साहब से साइन करवा लो।”

मुझे कहा, “आप चार बजे पेमेंट के लिए आ जाना। उसी समय आपको लीव सर्टिफिकेट और रेलवे वारंट मिल जाएगा।”

हवलदार राम सिंह ने अकुटैंस रोल तैयार कर लिया। दो महीने की पे दो महीने की राशनमनी, हेयर कट और वाशिंग अलाउंस, रास्ते का खर्चा मिला कर चार सौ रुपए बने थे। मैंने तुरंत साइन कर दिए। मेरे लिए यह रकम मेरी कल्पना से भी बाहर थी। इतना रुपया मैं एक साथ देखूँगा, इस एहसास से ही मैं रोमांचित था। मैं 37/- रुपए का भर्ती था।

मैं टी.एस.एस. लौटने लगा तो हवलदारमेजर ने बुलाकर मुझे क्लियरेंस सर्टिफिकेट दिया “जब लीव सर्टिफिकेट लेने आओ तो इस सर्टिफिकेट को साथ लेकर आना।”

मैं टी.एस.एस. में लौट आया। कर्मचंद जी को मैंने क्लियरेंस सर्टिफिकेट दिखाया तो उन्होंने उस पर अपना नाम, नंबर लिखने के लिए कहा। नायक घोष को आवाज दी। नायक घोष का ट्रेड स्टोर हैंड जी.डी. था। वे सेना में जनरल ड्यूटी के लिए भर्ती किए गए थे। वे आए तो कर्मचंद जी ने उन्हें क्लियरेंस सर्टिफिकेट देते हुए कहा, “बाबू जी के क्लियरेंस सर्टिफिकेट पर सब के साइन करवाकर लाओ।” वे तुरंत चले गए।

“आओ, मैं आपको आपका स्टोर दिखा दूँ।” हवलदार कर्मचंद जी ने कहा, “मैं उनके पीछे हो लिया,” सारा स्टोर तीन भागों में बाँटा गया है। टेक्निकल स्टोर में टेलिकॉम, इंस्ट्यूमेंट, वेपन्स और जनरल स्टोर है जिसके आप इंचार्ज रहेंगे।”

“लेकिन सर, मुझे वैपन्स और जनरल स्टोर के बारे पता नहीं है।”
“मैं मानता हूँ, आप एस.के.टी. सिग्नल हैं और हमेशा रहेंगे लेकिन यह वर्कशॉप है। आपको हर तरह का स्टोर डील करने का अवसर मिलेगा। काम सीखने के लिए वर्कशॉप से बेहतर जगह और कोई नहीं है। आपके साथ वाला स्टोर बी. व्हीकल्ज है यानी मोटर स्पेयरपार्ट्स उसके साथ ए, व्हीकल्ज यानी टैंक स्पेयरपार्ट। यहाँ 150 बिन में सारा सामान है। एक बल्क स्टोर है जिसमें बड़ी असेम्बली रखी जाती हैं। एक पेंट स्टोर है। बस आज के लिए इतना ही। बाकी छुट्टी से लौटने के बाद।”

एक बजे लंच के लिए आये तो मेस कमांडर को बोल दिया गया कि आज मैं छुट्टी जा रहा हूँ।। कल सुबह का नाश्ता और लंच पैक करके दे दिया जाए।

राघवेंद्र सैनी

WhatsApp Image 2026-06-14 at 20.06.06 — Vcare Language Academy

Author

Leave a Comment