इमरोज अशील का उपन्यास ‘गूँगी मोहब्बत ‘- भाग -28

भाग -28

अनंता और माही रास्ते भर अमर के बारे में बात करती चलीं आयीं थीं। सच तो यह है कि अनंता को दिल ही दिल में एक खुशी की अनुभूति हो रही थी। मानवीय स्वभाव है कि हम अपने एजंम्पशंश को सही होता देख खुश होते ही हैं ।अनंता ने भी अमर को ‘ बेचारे’ और ‘मासूम’ की दृष्टि से देखा था । पहले उसको ज्यादा गुस्सा भी इसी बात पर आ रहा था कि उसकी पूर्वधारणा एकदम ग़लत निकल गयी थी।

घर आकर अनंता पं० जी के साथ आरती पूजन इत्यादि में जुट गयी । अनंता जब आरती गाया करती थी तो इतना भाव विभोर हो जाया करती थी कि देखने वाले भी खुश हो जाते थे।और आज तो अनंता और भी ज्यादा भाव से शिव आराधना में रत थी। आरती पूजा के बाद पं० जी और अनंता भोजन की चौकी पर बैठ गये। खाते-खाते अनंता को अचानक याद आया और बोली,

” बाबा ,पता है ,,वो अस्पताल वाला लड़का गिल्टी नहीं है। गरिमा मेम बता रही थीं कि उन्हें कोई कन्फ्यूजन हो गया था। वही मैं कहूं कि मुझे यानी अनंता को क्या आदमी की इतनी भी समझ नहीं। मैं तो पहले ही कहती थी कि इतना मासूम लड़का ऐसा काम कर ही नहीं सकता।”एकदम यूं टर्न लेते हुये अब वो अमर की प्रशंशा पर उतर आयी थी।

” मैं तो हमेशा समझाता हूं बिटिया कि चीजों के प्रति पहली बार में धारणा का निर्माण करना अविवेक की निशानी है। हमारे लिये सबसे बेहतर है कि हम लोगों को और चीजों को वक्त दें,उन्हें समझें। मैं तो कहता हूं कि अभी भी उसे दोषी या निर्दोष कह देना जल्दबाजी होगी। मान लिया कि वो लड़का सही है तो भी उसके इतने खतरनाक दोस्त या दुश्मन क्यों हैं। किसी भी सामान्य आदमी के इतने बड़े दुश्मन क्यों होगे? ” पं० जी ने खाना खाकर हाथ धुलते हुये सामान्य भाव से कहा था।

अनंता पता नहीं कुछ समझी या नहीं परंतु इसके बाद दोनों ही सोने की तैयारी में लग गये थे। अपनी चारपाई पर लेटे लेटे पं० शिवनाथ नेत्र तो बंद किये थे परंतु नींद कहीं आस पास भी नहीं थी ।उनके दिमाग में फिर अनंतनाग,फणिमुकट राय ,खजाना और वो सभी घटनाएं एक एक करके किसी चलचित्र की भांति घूमने लगीं थीं। “शिव जो करेंगे,भला करेंगें।” ऐसा सोचते हुये वो सोने का यत्न करने लगे थे।

दूसरी तरफ अनंता , आज उसके मन में एक अजीब सी खुशी थी। आरती करते समय भी बार बार उसके मस्तिष्क में अमर का वही मासूम चेहरा आ रहा था जिसे वह अस्पताल में अपनी गोद में रखे थी। हालांकि अमर को लेकर उसके मन में अभी कोई प्रेम जैसा भाव शायद नहीं था । लेकिन इतना तो था ही कि पिछले चार दिन से लगातार उसी के विषय में सोच रही थी। बस अंतर एप्रोच का था।पहले निगेटिव अप्रोच के साथ काम कर रही थी लेकिन अब सकारात्मकता ने बाकी सब चीजों को रिप्लेस कर दिया था। लेकिन…बाबा के कहे शब्दों ने फिर उसके दिमाग में उलझन पैदा कर दी थी। किसी भी सामान्य आदमी के दुश्मन इतने ताकतवर क्यों होंगे। दोस्तों और दुश्मनों से ही तो वजूद के हैसियत की तहकीकात होती है। जाने क्यों उसके मन बार बार आकर इसी बात पर अटक जाता था कि आखिर वो लड़का था कौन ? उसकी कहानी क्या थी? उसने स्वप्न में भी नहीं सोचा कि उसकी अमर से दुबारा कभी फिर भी भेंट हो सकती है लेकिन फिर भी अनंता को उसी के बारे में सोचना अच्छा लग रहा था। माही ने एक दिन मजाक में कहा था कि मान लो वो अगर फिर सामने आ जायें तो? अनंता आज फिर इस सवाल का जबाब खोज रही थी कि अगर कहीं जादू से वो फिर सामने आ जायें तो?और वो सोचते सोचते ही सो भी गयी थी।

मजाक मजाक में ही बात आगे बढ़ जाती है और इस उम्र में सहेलियों द्वारा किये गये मजाक जाने अनजाने धारणा निर्धारण का काम करते हैं ।कहा भी गया है। कि ” कहे कहे से दीवाल भी चल जाती है।” इंसान तो खैर अपने आस पास होने वाली बातों का सबसे सहज शिकार होता ही है।

ये एक अलग तरह की सुबह थी। अमर बाबू नहा धो कर अपना बैग पैक कर चुके थे और चाय बना कर गरिमा सिंह को जगा भी चुके थे। इस समय दोनों ही चाय पी रहे थे और अमर अपनी उंगलियों में उलझी करेलिया को ऊपर से फूंक कर दहकती सुर्ख लौ को घूर रहा था ।

” सुनो,कल मुझे चाय कौन पिलायेगा ?”गरिमा ने बैठती आवाज में पूछा था।

उतने ही मजाकिया लहजे में अमर ने बायीं आंख दबाते हुये जबाब दिया था ,” आज फिर किसी पर गोली चला देना।”

गरिमा नर्वस हो गयी थी। उसकी पनीली आंखों में फिर सॉरी के भाव आ गये थे। अमर ने जब गरिमा के फेस की तरफ देखा तो थोड़ा असहज हो गया था।

” तुम गर्ल्स के साथ यही प्रॉब्लम है।मजाक को भी सीरियसली ट्रीट करते हो यार ।” अमर ने उसे सामान्य करने की कोशिश करते हुये कहा था ।

” अच्छा सुनो, क्या हम फिर कभी मिलेंगे ? गरिमा ने फिर एक भाव भीना प्रश्न किया था।

” मिलना बिछड़ना सब उसके हाथ में है। जो मिला है उसका जाना तय है लेकिन जो गया है उसका आना निश्चित तो नहीं..यही अटल सत्य है देवी।” प्रवचन की मुद्रा में हाथ उठाकर गरिमा को हंसाने की कोशिश करते हुये अमर ने जीवन का एक बड़ा सत्य कह डाला था।

” अच्छा, ये तो बता सकते हो कि कहां जाओगे?” गरिमा बार बार इस तरह से सवाल पूछ रही थी जैसे कोई छोटी बच्ची गुड़िया के लिये जिद कर रही हो।

“मैं चाहता था कि मैं तुम्हें ये बात बता पाता लेकिन अफसोस मुझे खुद भी नहीं पता है। मैं खुद वक्त की नदी में लहरों के साथ लुढ़कते हुये उस पत्थर की तरह हूं जिसे खुद नहीं पता कि कौन‌ लहर उसे कब कहां ले जाकर पटकेगी। पटकेगी भी या नदी में डूब जाना ही उसकी नियति है । गरिमा ! कुछ सफीनों को साहिल मयस्सर नहीं होते..”

इस बार अमर खुद भी सीरियस हो गया था।

गरिमा आगे बढ़कर अमर के गले लग जाना चाहती थी लेकिन समझदारी ने ऐसा करने नहीं दिया था। वो चीख चीख कर रोना चाहती थी , बहुत देर तक रो कर अपनी सारी भावनाएं बहा देना चाहती थी लेकिन अजीब बात है कि इंसान को खुलकर रोने की भी इजाजत नहीं मिलती है।

अमर देखने में तो सामान्य लग रहा था परंतु आज उसके अंदर भी बहुत विचलन था।यहां उसके आने का अहम उद्देश्य अपना लॉकेट लेना नहीं अनंता के बारे में पता लगाना,उससे मिलना,उसकी जिंदगी में जाना था। जब अस्पताल में उसे होश आया था तो उसने खुद को एक नर्म गोद में महसूस किया था ।किसी का निश्चल प्यार मोगरे की खुशबू की तरह उसके आस पास फैला हुआ था। अमर के आस पास लड़कियां ही लड़कियां थीं लेकिन बलदेव राजावत ने उसे इस तरह की तालीम दी थी कि कभी उस के मन में रोमांस का ख्याल ही नहीं आया था।बलदेव राजावत ने खुद भी शादी नहीं की थी और उनका स्ट्रोंग बिलीफ था औरत एक भूल भुलैया है जिसमें बाहर जाने का कोई मार्ग नहीं। अब तक अमर भी यही मानता आया था लेकिन अब …अब कई बार चेहरा धोने के बाद भी उसे लगता था कि दो बूंद आंसू उसके मस्तक पर टिके हुये हैं एन वहां जहां पूजा का तिलक लगाते हैं। शरीर विज्ञान कहता है कि वहां पीनियल ग्रंथि है जिससे निकला मेलाटोनिन हार्मोन नींद और सकून लाता है । रेन डेस्कार्ते ने कहा कि वहां तीसरी आंख है : तीसरी आंख ,हां वही जो शिव जी जब खोलते हैं तो प्रलय आ जाती है।

इस यूनीवर्स के कुछ रूल्स हैं जिन्हें कोई भी डिनाय नहीं कर सकता । उन्हीं में से एक रूल है ,

“सोल अट्रैक्ट्स सोल “

“Soul attracts Soul.”

ये जो लव एट फर्स्ट साइट है ना , ये इसी प्रिंसिपल के अंडर में कार्य करता है।

आप दुनिया में कहीं भी रहें, प्रेम आप को खींचकर वहां ले ही जायेगा जिस के लिये आप बने हैं । प्रेमी बदलते रहते हैं लेकिन प्रेम का मूल भाव शाश्वत है।

उसने जाने का कह तो दिया था लेकिन अपना बैग उसे हिमालय सा भारी लग रहा था । जब उसने बाहर के लिये कदम उठाये तो उसे ये महसूस हुआ था कि सारी धरती का गुरुत्वाकर्षण उसके दो पैरों पर ही काम कर रहा है। बोझिल मन और थकी उम्मीदों के साथ उसने दरवाजे के बाहर कदम रखा था ।गरिमा उसे नीचे आबू रोड स्टेशन तक छोड़ने के लिये जा रही थी । वैसे भी चौमढ़ा स्टेशन से आबूरोड के लिये प्रायवेट कार ही एक मात्र साधन थी।इस सबके अलावा इतनी कर्टसी भी बनती थी और गरिमा के मन में वक्त की शाख से कुछ और अनमोल लम्हें चुराने का लालच भी ..

Author

Leave a Comment