तुम्हारे लिए
************
भाग बत्तीस
***********
अगले दिन अपर्णा के पिता रघुवीर सिंह बिना पहले कोई इत्तिला दिए, अपनी पुरानी मारूति कार में अपर्णा के स्कूल में आ धमके थे, पहले जब अपर्णा उनकी चेतावनी
के बावजूद विमलेश के साथ,बिना उन्हें बतलाए अजमेर चली गयी थी तो वह बहुत ज्यादा गुस्सा हुए थे।उन्होंने यहां तक
सोच लिया कि अब उनके लिए उनकी बेटी अपर्णा इस दुनिया में है ही नहीं,उन्होंने जितना इस लड़की के लिए किया,जितनी वाजिब थी उससे ज्यादा आजादी दी, उसने उतनी ही ज्यादा मनमानी की, पहले उसे कितना समझाया था कि वो गाने बजाने के चक्कर में न पड़े ,पर उसने कभी उनकी नहीं सुनी, हमेशा अपनी जिद को ही ऊपर रखा, और फिर संगीत की
राह छोड़ कर जाने किस राह पर चल पड़ी।
रघुवीर सिहं जी ने सोचा था यह बिन मां की लड़की है, उनकी दूसरी शादी कर लेने से मन ही मन उनसे नाराज भी रहती है तो यदि संगीत से इसका मन बहलता है तो यही सही और फिर उसके स्कूल के म्यूजिक टीचर ने भी उसके गाने की बहुत तारीफ की थी ,उसने कहा था गाने में आपकी लड़की अपने पूरे स्कूल में अव्वल है,और अगर इसे सही तरबियत
और मौका मिले तो यह पूरे सूबे में अपना नाम कर सकती है, तब उन्होंने सोचा ,चलो ऐसी बात है तो ऐसा ही सही पर हुआ
वही जिसका उन्हें ड़र था , संगीत तो पीछे रह गया और यह एक अंधी प्रेम राह में बिना सोचे मनमानी से आगे बढ़ गयी, अपने करतब से उनकी नाक को कटाकर ही छोड़ा, पर इतने
दिनो बाद जब अपर्णा का फोन आया और उसने अपनी बात बताई तो उनका इतने दिनों से उबलता हुआ गुस्सा अचानक
ठंडा हो गया,उन्हें लगा कि उस के इस तरह किसी के साथ जल्दबाजी में जुड़ जाने के पीछे भी उनका भी दोष है , और अगर उससे एक गलती हो भी गयी है तो इसका यह मतलब थोड़े ही है कि उसके लिए उसे अब हमेशा के लिए अकेला
और बेसहारा छोड़ दिया जाए और इस समय तो उनके साथ की ही शायद उसे सबसे ज्यादा जरूरत है,नहीं,अब वो गुस्सा नहीं रह सकते, और अपनी बेटी का चाहे जो हो जाए ,अब
अंत तक साथ जरूर देंगे।
मगर रघुवीर सिहं की दूसरी बीबी इस बात से बहुत खफा हुई थी उनसे,भला यह क्या बात हुई एक लड़की की जात को आप इतनी ज्यादा छूट दे रहे हैं, पहले तो उसने
इतनी बड़ी गलती की, बिना बताए ही रफू चक्कर हो गयी अपने यार के साथ और अब उसकी हिम्मत तो देखो,बाहर इतनी रंगरेलिया मना कर भी खुद अपने पापा को फोन कर
रही है ,और करे भी क्यूं ना, उसे तो अब सांभर में रहना नहीं है , लोग यहां क्या कहते हैं उसे क्या मतलब ,उसका किया , हमें ही तो भुगतना है,उसे जब अपने पति की बातों को सुना
तो सिर पर जैसे आसमान ही उठा लिया और इस मौके को अपर्णा के खिलाफ एक हथियार की तरह भरपूर इस्तेमाल किया, कहने लगी कि खून का असर तो आता ही है।
असल में अपर्णा की मां टोंक की रहने वाली थी और उसके पिता उन वक्तों में टोंक के नवाब साहब के दरबार में सारंगी बजाया करते थे, बहुत नाम था उनका और उन वक्तों
में भी उन्होंने लव मैरिज की थी,बस उनकी पत्नी ने इसी बात का ताना मारा था कहा जब इसके कुल का इतिहास ही ऐसा हो तो बेटी में उसका कुछ असर अपने ननिहाल का आना ही था माना आपने भी दूसरी शादी की थी, पर सारे रीति रिवाज और घर के बुजुर्गों की सलाह पर, कोई गलत काम तो नहीं किया और फिर हम गुर्जरों कौम में तो न जाने कितने मर्दों ने अपनी पहली बीवी मर जाने के बाद दूसरी शादियां की हैं तो इस में क्या नयी बात है ,जो अपर्णा इसबात पर अपने पापा
से नाराज है,पर इस लड़की ने तो देखो कैसा गुल खिलाया
है, लेकिन रघुवीर सिहं जी ने अब अपनी पत्नी की एक
नहीं सुनी और उसके लाख मना करने पर भी वो अपर्णा के भेजे पते के सहारे यहां स्कूल पहुंच ही गये थे।
दुपहर ढल जाने के बाद अपर्णा के पिता उसके
स्कूल में पहुंचे थे,अपर्णा तक खबर पहुंची तो वो एक बार
तो वह सहम गयी ,कहीं उसके पापा स्कूल में ही कोई सीन
न क्रियेट कर दें, उसे इस मुलाकात के लिए मानसिक रूप
से तैयार होने का तो अवसर भी नहीं मिला था, पर फिर
उसने मन ही मन अपने हाथों की मुठ्ठियां बांध ली थी,कभी
तो यह सामना होना ही था तो आज ही सही,बाहर विजिटिंग हॉल में बैठे थे उसके पापा,रौबदार चेहरा, बड़ी बड़ी मूंछे.,
भरा हुआ बदन और आवाज भी एकदम बुलंद,एक बार तो अपर्णा को लगा,आज उसकी जॉब के पहले ही दिन कुछ
बहुत बुरा होने वाला है,आज ही तो सब कुछ ठीक हुआ है
और पहले ही दिन ही पूरे स्कूल को पता लग जाना है, कि
यह नयी म्यूजिक टीचर क्या चीज है।
अपर्णा ने अपने पापा के सामने जाते ही भूमिका बांधनी.शुरू कर दी…” देखिए.पापा ,आप को मुझसे कुछ भी.कहना है तो आप यहां.से पहले मेरे क्वार्टर में चलिए.,
वहीं कहिए जो भी…”
रघुवीर सिहं जी.ने बहुत शांत स्वर में कहा..” मुझे
पता है ,मुझे ले कर तेरे मन में हमेशा से गुस्सा है ,पर मुझे
तेरी परवाह है , और तुझे मेरी इज्जत का ख्याल हो न हो
मुझे बराबर है ,मैं यहां कोई हंगामा करने नहीं आया हूं.,बस तुझे यह भर बताने.आया हूं कि जो हुआ सो हुआ.पर अब
सिर्फ मेरे खिलाफ गुस्से में तू अपने को नुकसान पहुंचाने की और कोशिश मत करना,तू मेरी बेटी है.और मैं तेरा बाप हूं
यह बात हम चाहे जैसी स्थिति हो,कभी नकार नहीं सकते , मुझसे जो भी बन पड़ेगा मैं वही करूंगा ,बस अपना.ख्याल रखना और खुद को कभी भी अकेला मत समझना….”
अपर्णा को अपने पापा से इस तरह की बातों की उम्मीद बिल्कुल भी नहीं थी ,आज उसने पहली बार अपने पापा के व्यक्तित्व का यह उजला पक्ष देखा और फिर से खुद पर बहुत शर्म महसूस हुई ,वो अपने पापा से कुछ नहीं कह सकी ,बजाय किसी जवाब के उसकी आंखों में एकाएक लबालब पानी भर आया था।
” यार,तुझसे सच कह रही हूं ,एक अरसे के बाद इतनी गहरी नींद आई है मुझे कल रात, वरना यह जिंदगी मुझे अब तक एक जिंदा नर्क मालूम हो रही थी..” आज एक अरसे के बाद दोनो सहेलियां फिर से रीजेंट मॉल की कॉफी शॉप में
बैठी हुई थी, और अपर्णा जाह्नवी को स्कूल में अपने पिता
जी से हुई मुलाकात और उसके बाद उसे कैसा महसूस हुआ , उसके बारे में विस्तार से बता रही थी और उसकी बातें सुन
कर जाह्नवी की आंखों में भी नमी उतर आई थी।
” बुरा वक्त तो कभी भी किसी का भी आ सकता है
अर्पू ,पर अब जो हुआ तू सब भूल जा,और इस नये मौके
और नयी जिंदगी का अब दोनो बांहे फैला कर स्वागत कर।
हर आदमी को दूसरा मौका नहीं देती यह बेरहम जिंदगी..” अपनी सहेली को अपनी बात से फिर से एक संकेत देने की कोशिश कर रही थी जाह्नवी और उसके शब्दों में छुपे हुए
अर्थ और इशारे से फिर परेशान सी हो गयी थी अपर्णा।
********************************************
(शेष आगे )
अजय कुमार