भलोल
भाग -2
उनकी इकलौती बेटी ने और बेड़ा गर्क कर दिया। वह संगीत सीखना चाहती थी लेकिन उस समय संगीत को खराब समझा जाता था। उसे ‘लेडी हेल्थ विजिटर’ के कोर्स में डाला गया। चार साल के इस कोर्स से उसे सरकार की पक्की नौकरी मिलनी थी। बाऊजी ने सिफारिश लगा कर एडमिशन करवाया था कि लड़की अपने पैरों पर खड़ी हो जाएगी। बहुत पैसा भी लगा लेकिन उस लड़की ने कोर्स पूरा नहीं किया और बीच में ही छोड़ दिया। शायद, मुश्किल कोर्स उससे हुआ ही नहीं। बाऊजी डूब गए। पहली बार उन्हें दिल का दौरा पड़ा लेकिन रिकवर कर गए।
मुझसे बड़े भाई से उन्हें बहुत उम्मीद थी। वह पढ़ने में होशियार था।
फर्स्ट डिविजन में मैट्रिक पास की थी। उस समय इंडियन नेवी में वेकेंसी निकली थी। पचास प्रतिशत नंबरों वाले अप्लाई कर सकते थे। ‘ऑल इंडिया बेस’ की परीक्षा थी। मेरे गाँव का परमिंदर, मेरा लंगोटिया यार, जाट परिवार का होनहार लड़का, उसने भी हाई सेकंड डिविजन में मैट्रिक पास की थी। उसे भी इस परीक्षा को देने के लिए कहा गया।
सारी जिंदगी की रोटियाँ थीं। दोनों ने परीक्षा दी। बाऊजी जानते थे कि बिना सिफारिश के काम नहीं बनेगा। नगर निगम में जहाँ वे अधिकारी थे, वहाँ की डिस्पेंसरी के डॉक्टर का बेटा आई.एन.एस. लोनावला में अफसर था। उन्हीं के पास परीक्षा पत्र जाने थे। उन्हें कहा गया। बेटे ने कहा, “परीक्षा में दोनों के रोल नंबर भेजो।”
दोनों सलेक्ट होकर आई.एन.एस. लोनावला में ट्रेनिंग पर चले गए। बाऊजी निश्चिंत हो गए कि उनका यह बेटा सैटल हो गया। जब तक नेवी में रहेगा, रोटी, कपड़े और मकान की कमी नहीं रहेगी। बाद में मरचेंट नेवी में भी काम कर सकेगा लेकिन बाऊजी को भी क्या पता था कि उनका यह बेटा बहुत बड़ा बेईमान निकलेगा। बड़े दोनों से भी बड़ा बेईमान और धोखेबाज ।
नेवी में नियम है कि जवान दाढ़ी-मूँछ एक साथ रख सकते हैं। यह नहीं कि आपने मूँछें रखी लेकिन दाढ़ी नहीं रखी। इस भाई ने नेवी में यह पंगा डाला कि उसके यहाँ रिवाज है कि मूँछें रखते हैं लेकिन दाड़ी नहीं रखते। सशस्त्र सेना के किसी भी अंग में जाते हैं तो उनके आदेश और नियम मानने पड़ते हैं।
किसी एक के लिए ये नियम नहीं बदले जा सकते हैं। असल में नेवी छोड़ने के सब बहाने थे। वहाँ की सख्त ट्रेनिंग यह श्रीमानजी सह नहीं पाए थे। जानबूझ कर वहाँ की परीक्षाएँ ठीक नहीं दी। नेवी ने इन्हें बाहर निकाल दिया।
दूसरी ओर मेरा लंगोटिया यार जानता था कि गाँव में कुछ नहीं रखा है। खेती-बाड़ी में भी कोई भविष्य नहीं है। खेतों में काम करने वाले लड़के ने बचपन से मेहनत की थी। सख्ती सही थी इसलिए वह नेवी में बना रहा और चीफ पैटी अफसर बनकर रिटायर हुआ। सरकार की सारी सुविधाएँ प्राप्त कर रहा है। जब तक जिएगा ये सुविधाएँ मिलती रहेंगी।
नेवी से बाहर आकर पढ़ने डाला लेकिन पढ़ा नहीं। घर में किसी से झगड़ा किया और फौज में चला गया। वहाँ बीमार हुआ, मेडिकली अनफिट हो गया। फौज ने निकाल दिया। मजे की बात यह हुई, उसे फिर पढ़ने डाला गया। इस बार पढ़ाई का खर्चा हमारी मॉडल टाऊन वाली मौसी दे रही थी।
उसकी नेवी की सर्विस और फौज की सर्विस के कारण उसे भूतपूर्व सैनिक मान लिया गया। उस आधार पर उसे पंजाब सरकार के ‘फूड एंड सप्लाई विभाग’ में ‘सब-इंस्पेक्टर’ की नौकरी मिली लेकिन उसने यह कह कर नौकरी छोड़ दी कि यह बेईमान और खाऊ-पीऊ महकमा है। एक अत्यंत बेईमान और धोखेबाज आदमी पूरे विभाग को बेईमान कह रहा था। उसे स्टेट बैंक की नौकरी मिली। वहाँ टिक गया। पूरी नौकरी की। शादी भी की लेकिन उसकी अपने बीवी-बच्चों से नहीं बनी। तीन बेटे हुए। वे अपने परिवार को संभाल नहीं पाए। छह साल तलाक का मुकदमा लड़ा लेकिन तलाक नहीं मिला। उसका बड़ा बेटा पढ़ने में होशियार था। उसे इंजीनियरिंग करने लुधियाना कालेज भेजा। वहाँ सोसाइटी खराब मिली। फेल हो गया। भाई बटाला इंजीनियरिंग कालेज में भेजना चाहते थे लेकिन बाप की हरकतों से तंग आ गया था, घर से दूर चले जाना चाहता था।
भाई को समझाया गया कि बच्चा है, यंग है गलती हो जाती है। अब इसे बटाला कालेज में भेजें। स्कूटर से रोज आया-जाया करेगा। मैंने यहाँ तक कहा, “आप खुद गलतियाँ करते रहे हैं। कुछ असर तो आप का होगा ही। आपके कारण सारा खानदान बरबाद हो गया। बुजुर्गों की जमीने बिक गई। आप थोड़ा सोचें।”
इसके बावजूद भाई अपनी जिद पर अड़े रहे। उन्होंने उसे आगे पढ़ने के
लिए नहीं भेजा। वह घर से ऐसा गया कि फिर लौट कर नहीं आया। पता नहीं वह जिंदा भी है या मर गया है। ‘दुर फिटे मुंह’ ऐसे आदमी को जो अपने बीवी, बच्चों को नहीं संभाल सका। ‘दुर फिटे मुँह’ उस औरत को भी जो अपने आदमी की रजा में नहीं रह सकी। परिवार तो पति-पत्नी के सहयोग से चलता है। ऐसे लोगों को शादी ही नहीं करनी चाहिए थी। रंडे रहना चाहिए था। ऐसे लोगों में आत्मविश्लेषण की शक्ति नहीं होती है।
मैं जाने कब तक अपने ख्यालों में खोया रहता कि ‘डोर बेल’ बजी। दूध वाला था। मैंने दूध लेकर उबालने रख दिया। फिर खयालों में खो गया।
हमारे परिवार में दो शादियाँ अच्छी हुई। एक सबसे बड़े भाई की और दूसरी बहन की। मैंने दो महीने की छुट्टी में शादी की। मेरे से छोटे ने घर में ही जयमाला डालकर शादी कर ली। देश में एमरजेंसी के कारण मैं फौज में जा चुका था।
बड़े तीनों ने परिवार को जितना नुकसान पहुँचाया और किसी ने नहीं पहुँचाया। एक-से-एक बेईमान और धोखेबाज निकले। दूसरी बार बाऊजी को दिल का दौरा पड़ा और 22 दिन अस्पताल में रह कर वे चलाना कर गए। मैं 7 वर्ष से घर में रुपया दे रहा था। जो बड़े भाइयों ने नहीं किया, वह मैं कर रहा था।