भलोल
भाग -21
मैंने उसे दो रुपए दिए। चमन को सवारी मिल गई थी। वह चला गया। मैंने एम.सी.ओ. ऑफिस में जाकर रिजर्वेशन का फार्म भरा और लाइन में लग गया। मेरे आगे तीन जवान खड़े थे। मुम्बई एक्सप्रेस में सीधे बाबीना जाने के लिए मेरी बर्थ रिजर्व हो गई। बर्थ चार्ज ट्रेन में लिया जाना था।
स्टेशन से निकला तो सीधे उच्चे पुल का रास्ता पकड़ा। उच्चे पुल से पहले काठ के पुल तक कोई दुकान नहीं होती थी। अब बहुत-सी दुकानें बन गई हैं। अमृतसर के कबाड़ियों ने अपनी दुकानें बसा लीं थीं।
उच्चे पुल से मैंने घर जाने की बजाय हालबाजार का रास्ता पकड़ा। हाल गेट से मैं हालबाजार में घुसा। यहाँ मैंने सुना था कि बिशंबर की फलूदे वाली कुल्फी बहुत मशहूर है। आज खाने का मन हुआ। मुझे दुकान ढूंढने में देर नहीं लगी। चाहे सर्दी बहुत थी फिर भी उसकी दुकान पर भीड़ थी।
मैंने कुल्फी का आर्डर दिया। आने पर आराम से खाने लगा। खाकर मन हुआ कि दरबार साहिब जाकर लंगर खाकर घर जाऊँ फिर सोचा, बाऊजी को बुरा लगेगा। माँ का व्यवहार भी बदल गया था। मैं भी माँ को लेकर कोमल हो गया था। कुछ भी हो, उन्होंने मुझे जन्म दिया है। सत्रह साल तक पाला है। मैं उनके ऋण से मुक्त नहीं हो सकता। मनमुटाव चाहे जितने भी रहे हों।
कुल्फी खाकर मैंने घर जाने के लिए रामबाग का रास्ता पकड़ा। रामबाग से मैं पाथी ग्राउंड की ओर हो लिया। पाथी ग्राउंड के बीच से निकलूँगा तो सीधे शरीफपुरा के गेट पर पहुँचूँगा। वहाँ से पाँच मिनट में घर पहुँच जाऊँगा।
पाथी ग्राऊंड में घुसते ही मुझे याद आया कि छोटे भाई से किसी बात पर झगड़ा हुआ तो उसने कहा कि वह मुझे चूथरी बदमाश से मरवाएगा। मैंने कहा था, “मरवा लेना।”
बात आई -गई हो गई थी। चूथरी ज्यादा उम्र का लड़का था। पढ़ता लिखता कुछ नहीं था। जुआ खेलता था और बदमाशी करता था। लडकों से झगड़ा करता था और मारता था। बच्चों के पास जो कुछ भी होता उसे छीन लेता था। वह सिर का हुड मारता था और चेहरे से खून निकाल देता था।
मुझे आज भी याद है। मैं कभी भूल ही नहीं पाया था। एक रोज स्कूल से लौटते समय में पाथी ग्राऊंड में यही से गुजर रहा था। चूथरी एकदम मेरे सामने खड़ा हो गया था और बोलने लगा था, “तू अपने छोटे भाई से उल्टा-पुल्टा बोलता है?”
मैंने कहा, “मैंने कुछ नहीं बोला है।”
जब तक मैं कुछ समझ पाता, उसने मेरा कॉलर पकड़ कर सिर का हुड मारा और मेरे होठ फट गए। उनसे खून बहने लगा था। तब तक पीछे से मेरी क्लास के बच्चे आ गए थे। वे उसे पकड़ने भागे लेकिन वह दौड़ गया था।
घर पहुँचा, मैंने सारी बात बताई। मेरे सभी भाई चूथड़ी को ढूंढने लग गए। पकड़ में आया। उसे गली में लाकर माँ और भाइयों ने खूब मारा और चेतावनी देकर छोड़ दिया।
मैंने माँ, बाऊजी से कहा, “असली गुनाहगार तो यह छोटा भाई है, जिसने चूथरी को उल्टा-पुल्टा कहा।”
छोटे भाई को भी बहुत कुछ कहा गया लेकिन मेरे मन से यह बात कभी नहीं गई कि मुझे छोटे भाई ने चूथरी बदमाश से मरवाया था।
मैं घर पहुँचा तो माँ ने कहा, “खाना तैयार है, खा ले।”
खाना खाकर मैं लेटा और सो गया। शाम को उठा तैयार हुआ और आवारागर्दी करने निकल पड़ा। माँ ने कहा था, “तुम इतने दिन हो गए, अभी तो वापिस भी जाने वाले हो, अपनी बुआ के घर नहीं गए।”
“माँ, आज जाऊँगा।”
“अगर उधर जाओ तो आधा किलो पापड़ और आधा किलो बड़ियाँ ले आना। दुकान का पता है?”
“जी, पता है, माँ। उजागर सिंह एंड सन्स, बाजार काठियाँ।”
“बड़ियाँ और पापड़ तीखे वाले हों। यह पैसे लो।”
“हैं मेरे पास।”
माँ कुछ नहीं बोली। दरबार साहिब के पास ही बुआ जी का घर था।
मैं जलियांवाला बाग के पास से दरबार साहिब की ओर मुड़ा। उससे पहले ही एक सड़क चौक परागदास की ओर जाती है। मैं उसी ओर मुड गया। अमीचंद सोडा फैक्टरी के पास से ही एक छोटी गली है, गली मंगल सिंह। मैं उसी गली में हो लिया। गली के पीछे बुआ जी का घर है।
मैंने बुआ जी के घर पहुँच कर दरवाजा खटखटाया। उनकी बड़ी लड़की ने दरवाजा खोला। मुझे देखकर बहुत खुश हुई. “ओह, निंदी भाजी।”
बुआ जी को प्रणाम किया। उन्होंने कहा, “निंदी को आने की आज फुरसत मिल गई?”
“रोज आने की सोच रहा था। बस किसी-न-किसी कारण से आ न सका।”
“छुट्टी कब तक है?”
“बस, अगले सोमवार जा रहा हूँ।”
“तेरे फूफा जी बता रहे थे कि निंदी की जिंदगी बन गई है।”
“जी, बुआ जी! फूफा जी और मेरा डिपार्टमेंट एक ही है। मैं यूनिफार्म पहनता हूँ और वे सिविलियन हैं। उनकी बदली नहीं होती। मेरी बदली होती रहेगी।”
“निंदी, तेरी सेहत बन गई है। तू सोहना हो गया है। खाने-पीने को खूब मिलता है?”
“जी, बुआ जी।”
चाय पीकर मैं वहाँ से निकल आया। बुआ, बाऊजी के चाचाजी की लड़की थी। बाऊजी उसे सगी बहन से कम नहीं समझते थे। लाहौर में उनके इसी चाचाजी ने बाऊजी को मैट्रिक तक पढ़ाया था, उसके बदले बाऊजी 11 साल तक उन्हें अपनी कमाई देते रहे थे। जब बाऊजी की खुद की जिम्मेदारी बढ़ी तब उन्होंने पैसे देना बंद किया था।
मैं बुआ जी के घर से निकला तो दरबार साहिब की ओर मुड़ गया। वहीं से माईसेवा के बाजार के लिए रास्ता निकलता है। बाजार में घुसते ही पहले मोड़ से ‘बाजार काठियाँ’ शुरू हो जाता है। घोड़ों की काठियाँ और उनसे संबंधित सामान यहीं से मिलता है। शायद इसीलिए इस बाजार का नाम ‘बाजार काठियाँ’ पड़ा था। थोड़ी दूर चला सामने उजागर सिंह एंड सन्स की पापड़ बड़ियाँ की दुकान थी। अमृतसर की मशहूर पापड़-बड़ियों की दुकान। विदेशों में भी इनकी पापड़-बड़ियाँ जाती हैं।
मैंने पापड़ बढ़ियाँ लीं और वापिस दरबार साहिब जाने की बजाय माईसेवा के बाजार से करमो-ड्योड़ी का रास्ता पकड़ा। करमो-ड्योडी का बाजार खत्म होते ही सामने ‘भरावां दा ढाबा’ है। वहीं बाऊजी का दफ्तर भी है। वहाँ से कोतवाली होते हुए मैंने मानासिंह गेट का रास्ता पकड़ा। वह सीधी सड़क शरीफपुरा गेट पर निकलती है।
मन के भीतर एक तीखा भाव था कि यह जीवन का बिखराव ही तो है। जब मुझे घर में बैठ कर आराम करना चाहिए था, मैं अमृतसर की सड़कों को नाप रहा हूँ।
मैं अमृतसर के स्टेट बैंक की मेन ब्रांच से निकला तो आगे हमारी इकलौती बहन का स्कूल आना था। शिखर दोपहर हुआ करती थी, उसी समय मुझे भी स्कूल से छुट्टी हुआ करती थी। बाऊजी ने बहन को साइकिल लेकर दी थी कि लड़की है, आने-जाने की सुविधा रहेगी। तब मैं कोतवाली स्कूल में पढ़ता था। बहन मेरे पास से गुजर जाती थी लेकिन वह मुझे साइकिल पर कभी नहीं बैठाती थी।, क्यों? बस इस प्रश्न का उत्तर मुझे कभी नहीं मिला था।
मैं हमेशा महसूस करता रहा हूँ कि सारा परिवार मेरे प्रति अभावुक रहा है। कारण मुझे कभी समझ नहीं आए थे। मैं ही उनके प्रति भावुक रहा था।
मैंने घर पहुँच कर माँ को पापड़-बड़ियाँ दे दी और निढाल होकर बिस्तर पर गिर गया। मैं शरीर से नहीं, मन से थका हुआ था। मेरा घर में रहने को दिल नहीं कर रहा था। अगले सोमवार को मुझे चले जाना था लेकिन ये कुछ दिन गुजारने मेरे लिए मुश्किल हो रहे थे।
मन से थका होने के बावजूद मैंने चाहा कि कोई मुझे बाहर से आवाज दे और मैं घर से भाग जाऊँ।
क्रमशः
राघवेंद्र सैनी