मेघा राठी का उपन्यास ‘वहाँ कौन है’ भाग – 14

वहां कौन है? ( भाग 14)

“तो फिर खुदाई कैसे होगी सर?” प्रभात ने निराश होकर पूछा।

उदय कुछ क्षण उस चट्टान को देखता रहा, फिर बोला, “हर पुरातात्विक या वैज्ञानिक खोज का एक तय तरीका होता है। हम चाहें भी तो यहाँ अपनी मर्ज़ी से एक फावड़ा तक नहीं चला सकते।”

“फिर?” प्रभा ने पूछा।

“सबसे पहले हम आज की सारी रीडिंग, जीपीआर स्कैन, जीपीएस लोकेशन, तस्वीरें और अपने निरीक्षण की रिपोर्ट तैयार करेंगे। अगर हमें पर्याप्त वैज्ञानिक आधार मिला तो यह रिपोर्ट वन विभाग को सौंपेंगे।”

“उसके बाद?” सुक्खी ने उत्सुकता से पूछा।

“अगर वन विभाग को लगे कि मामला महत्वपूर्ण है, तो वे इसकी संयुक्त जाँच करवा सकते हैं। ज़रूरत पड़ने पर पुरातत्व विभाग, भूवैज्ञानिकों और अन्य विशेषज्ञों की टीम भी बुलाई जा सकती है। उनकी अनुमति मिलने के बाद ही यहाँ सीमित वैज्ञानिक खुदाई या सर्वेक्षण किया जा सकेगा।”

“मतलब… अभी तो हमें सिर्फ़ इंतज़ार करना पड़ेगा?” प्रभात ने मुँह बना लिया।

उदय मुस्कुराया, “इंतज़ार नहीं… सबूत इकट्ठा करने पड़ेंगे। बिना प्रमाण के कोई भी विभाग यह नहीं मानेगा कि ज़मीन के नीचे कुछ है।”

उसने एक बार फिर चट्टानों की ओर देखा, “लेकिन एक बात तय है… अगर जीपीआर की यह रीडिंग सही है तो हम खाली हाथ नहीं लौट रहे। चाहे नीचे प्राकृतिक गुफा हो… कोई प्राचीन संरचना… या हमारी तलाश का पहला वास्तविक सुराग… इसकी पुष्टि अब वैज्ञानिक तरीके से ही होगी।”

” हो सकता है इसकी आवश्यकता ही न पड़े।”, अचानक कुमार ने कहा तो सभी चौंक गए।

” क्या मतलब?”, मायरा ने माथे पर बल डालकर पूछा।

” मतलब यह है कि मुझे लग रहा है कि चट्टान पर दिख रही समानांतर रेखाओं का कोई तो कारण है। तुम लोगों ने ध्यान नहीं दिया। ये रेखाएं नीचे की तरफ एक विशेष दिशा में मुड़ी हुई हैं। मुझे लगता है कि इस बारे में ध्यान देना चाहिए कि यह कोई संकेत तो नहीं!”, कुमार की बात सभी को सही लगी।

” हमें जिस दिशा में यह घूम रही हैं वहां तलाश करना चाहिए शायद कुछ मिल जाए।”, सुक्खी ने बोला।

वे चट्टानों पर उभरी रेखाओं की दिशा नोट करने लगे। सुक्खी टैबलेट में उनका स्केच बनाता जा रहा था। प्रभात लकड़ी की छड़ी से दरारों की गहराई जाँच रहा था। उदय छोटे रबर मैलेट से अलग-अलग चट्टानों को हल्के से थपथपाकर उनकी ध्वनि सुन रहा था। कहीं ठोस आवाज़ आती तो कहीं थोड़ी खोखली। मायरा और प्रभा मिट्टी व काई हटाकर देख रही थीं कि कहीं कोई उकेरा हुआ चिन्ह या प्रवेश का संकेत तो नहीं छिपा है।

“अरे इसे देखो, यह क्या है?”, तभी सुक्खी ने सबको बुलाया।

एक चट्टान पर नीचे की तरफ वैसी ही रेखाएं बनी हुई थीं जैसी उन्होंने ऊपर देखी थीं। वे सभी यह देखकर बहुत उत्साहित हो गए।

अब उन्होंने उस स्थान के आस–पास बारीकी से निरीक्षण करना आरम्भ कर दिया। तभी एक पत्थर की काई हटाते हुए बारीक सी पीली धूल हवा में उड़ने लगी। चट्टानों के बीच हवा का प्रवाह कम होने के कारण वह सीधे उनके चेहरों तक पहुँच गया।
अचानक सुक्खी अपनी आँखों में जलन सी महसूस हुई।

” मेरी आँखें!”,वह अपनी आंखों पर हाथ रख कर बैठ गया।” बहुत जल रही हैं।”

” ये ठंडा पानी ले, आँखें धो अपनी फटाफट।”, प्रभात ने बोतल का ढक्कन खोलकर उसके हाथ में देते हुए कहा।

” मेरी भी आँखें जल रही हैं।”,तभी मायरा की आवाज़ आई।

फिर प्रभा, उदय और खुद प्रभात की आंखों में भी जलन होने लगी। वे सभी ठंडे पानी से बार– बार अपनी आँखें धोने लगे। ताज्जुब की बात थी कि इस दौरान किसी को भी कुमार की आवाज नहीं आई। वह अब भी उन रेखाओं का निरीक्षण करने में व्यस्त था शायद।

काफी देर बाद जब उनकी आंखों में कुछ आराम हुआ तब सबसे पहले उदय का ही ध्यान गया।” कुमार कहाँ है?”

” पता नहीं, यहाँ कहीं तो दिख नहीं रहा। कुमार…कुमार!”, प्रभात ने आवाज लगाई

सभी लोग उसे पुकारते हुए खोजने लगे लेकिन कुमार न जाने कहाँ गायब हो गया था। अपनी टीम के एक सदस्य के इस तरह गायब हो जाने पर सभी घबरा गए थे।

” कुमार इतना गैर जिम्मेदार कभी नहीं रहा कि बिना बताए कहीं भी चला जाए। समझ नहीं आ रहा है कि वह कहां है।”, उदय ने परेशान होते हुए कहा और फिर से कुमार का नाम पुकारते हुए चट्टानों पर आगे बढ़ गया।

उधर रामसेवक गेस्टहाउस में सफाई कर रहा था।वह अचानक ही चौंक गया। उसके हाथ से कपड़ा छूट गया।
” नहीं, यह कैसे संभव है! क्या मै ही पहचानने में भूल कर गया!”

वह जल्दी से अपने कमरे में गया और अपनी अलमारी खोलकर उसमें कुछ खोजने लगा।कुछ ही देर में उसके हाथ में बहुत पुरानी पांडुलिपि थी।
Megha
( क्या था जो रामसेवक से छूट गया था? कुमार कहाँ चला गया? क्या वे वास्तव में इस खोए मंदिर के समीप थे? जानने के लिए दी सारे कमेंट्स कीजिए। आपके कमेंट्स इतने कम हो रहे हैं कि मुझे लगता है मेरी आँख में भी कुछ चला गया हो और वे जलने लगी हों। ऐसा रहा तो मै आगे कैसे लिख सकूंगी? यह रहस्य अधूरा न रह जाए।)

WhatsApp Image 2026-06-26 at 18.05.06 (1) — Vcare Language Academy

Author

Leave a Comment