भलोल
भाग -9
शायद उनकी आँखें नम हो गई थीं. “माँजी को पता चलेगा तो वे बहुत रोएँगी।”
“जानता हूँ, परंतु परिवार की हालत देखकर चुप हो जाएँगी।” मैंने कहना चाहा था कि आप अगर नेवी छोडकर न आते तो परिवार की शायद यह हालत न होती लेकिन मैं कह नहीं पाया था।
मैं ड्योढ़ी के पास बनी बैठक में ही रह गया था। मैं बाऊजी के दफ्तर से लौटने से पहले माँजी के सामने नहीं पड़ना चाहता था। मैंने इसके प्रति विकेश भाई से भी कहा। शायद वे समझ गए थे। वे घर से बाहर चले गए। मैं माँजी के सामने किसी भी प्रकार से कमजोर नहीं पड़ना चाहता था।
शाम को बाऊजी सीधे मेरे पास आए। शायद विकेश भाई ने उन्हें बता दिया था। माँजी भी साथ थीं। पता था, वे रोएँगी और वे बहुत देर तक रोती रहीं थीं। फिर दूसरे कमरे में चलीं गईं थीं।
“तो भर्ती हो गए?”
“जी, बाऊजी।”
“किसमें भरती हुए हो?”
“जी. ए.ओ.सी. में क्लर्क भरती किया गया हूँ।”
“यह ए.ओ.सी. क्या है?”
“आर्मी औरडनेंस कोर। सेना का सप्लाई विभाग।”
“सप्लाई? यानी राशन आदि?”
“नहीं, राशन, पेट्रोल, केरोसीन और मेडिसन को छोड़कर बाकी सब कुछ सप्लाई करता है।” मैंने वही शब्द दोहरा दिए जो भर्ती दफ्तर में मुझे बताए गए थे।
“अच्छा, कब और कहाँ जाना होगा?”
“मुझे ट्रेनिंग के लिए कल ए.ओ.सी. सेंटर सिकंदराबाद के लिए निकलना होगा।”
“यह कंबल और मच्छरदानी वहीं से मिले हैं?”
“जी, बाऊजी, यह मूवमेंट आर्डर, रेलवे वारंट और 15 रुपए भी मिले हैं।” कहते हुए मैंने सब-कुछ बाऊजी को दे दिया। उन्होंने पढ़ा और वापिस लौटा दिया। सब अपने पास रखने के लिए कहा।
शाम को आपके शरण मामा जी आ रहे हैं। फौजी होने के नाते हमें बता पाएँगे कि आपको कैसे विभाग में भर्ती किया गया है। अपनी तैयारी कर लो।”
“जी, बाऊजी।”
शाम को शरण मामा जी आए तो मूवमेंट आर्डर देख कर बहुत खुश हुए। “वाह, निन्दी! तुमने तो बाजी मार ली। मैं भी क्लर्क हूँ लेकिन लड़ाकू फौज में। तुमने स्टोरों में बैठकर नौकरी करनी है। शाही नौकरी। तुम लड़ाई में भी जाओगे तो 15-20 किलोमीटर पीछे रहोगे। वहाँ भी सामान ही देना है। उसके लिए भी तुमने कहीं नहीं जाना है। सब तुम्हारे पास सामान लेने आएँगे। वाह निन्दी, वाह।”
मामा जी के यह कहने पर सबके चेहरों पर जो उदासी छाई हुई थी वह मुस्कराहट में बदल गई। विशेषकर माँजी और बाऊजी के चेहरे पर।
“तो शरण, सब-कुछ ठीक रहेगा?” बाऊ जी ने पूछा।
“ठीक, जीजा जी! मेरे से तो हजार गुना ठीक रहेगा। निन्दी की किस्मत अच्छी है। समझें, उसकी जिंदगी बन गई। घर में क्या करता? आगे पढ़ पाता?
आप तो जानते हैं सब? जो हुआ, अच्छा हुआ। यहाँ से यह ए.ओ.सी. सेंटर जाएगा, जहाँ इसे फौजी बनाया जाएगा यानी फिजिकल ट्रेनिंग। भाग-दौड़ तो रहेगी परंतु पक्का फौजी बन कर निकलेगा। सेहत अच्छी हो जाएगी। बॉडी फिट हो जाएगी। जहाँ यह ट्रेनिंग 9 महीने की हुआ करती थी, अब एमरजेंसी के कारण तीन महीने की रह गई है। वहाँ ई. एम.ई. सेंटर में सुम्मी का हसबैंड किशन भी कोर्स कर रहा है। कभी-कभी वह भी अपने साथ ले जाया करेगा। निन्दी का दिल होर का होर हो जाएगा।” सुम्मी मेरे बड़े मामा जी की बेटी है।
सबको तसल्ली हुई लेकिन मुझे सबसे अधिक हुई। मैं मानसिक रूप से जाने के लिए तैयार हो गया था। मुझे पहले से पता चल गया था कि वहाँ क्या होने वाला है। बाऊजी मेरे लिए बिस्तरबंद ले आए थे। उसमें मैंने कंबल और मच्छरदानी रख ली। छोटे अटैची में एक पैंट, एक कमीज रख ली। तौलिया, अंडरगारमेंट, साबुन, ब्रश, एक छोटे बैग में रख लिया, जिससे अटैची न खोलनी पड़े।
स्टेशन पर गाड़ी में चढ़ाने के लिए मेरे साथ बाऊजी के अतिरिक्त और कोई नहीं आया। वहाँ उन्होंने एक ऐसा आदमी ढूंढ लिया जो दिल्ली में मुझे सिकंदराबाद के डिब्बे में बैठा देगा। गाड़ी चलने से पूर्व मैंने बाऊजी के पाँव छए। उन्होंने मुझे बीस रुपए दिए और कहा ” अपना ख्याल रखना। फौज का माहौल ऐसा है कि बहुत सी बरी आदतें पड़ जाती हैं। तम्हें इन आदतों से बचना है। इनमें शराब, सिग्रेट और मीट है। इनका सेवन न करने से तुममें सात्विकता आएगी।”
उस समय मुझे सात्विकता शब्द का अर्थ तो समझ नहीं आया लेकिन मैं मन से दृढ़ हो गया कि मुझे इन व्यसनों से दूर रहना है।