( 8 )
” पर एक बात समझ नहीं आयी, जब मम्मी तेरी शादी की बात करती थीं, तब तो तू भड़क जाती थी। बड़ी -बड़ी दलीलें देती थी, कि अभी शादी नहीं करना है। कुछ कर दिखाना है, आसमान में चमकना है। मैरिज तो तेरे एजेंडे में थी ही नहीं। फिर एकाएक इतनी आसानी से तू मान कैसे गई ?”
गतांक से आगे –
वह एकदम से कोई जवाब न दे पाई। क्या जवाब दे ? मन में जो था, वह इस लायक नहीं, कि किसी से जिक्र कर पाए। सब क्या सोचेंगे उसके विषय में ?
” तू उनकी दौलत और ताकत की चकाचौंध में तो नहीं आ गई ?”
” अगर आ भी गई तो गलत भी क्या है ? ज़िंदगी जीने के लिए ये दोनों ही चीजें बहुत महत्वपूर्ण है। ” उसे उमंग के संशय को स्वीकार कर लेना ही ठीक लगा, ताकि वह असली बात की तह तक न पहुँच जाए।
” पर मेरा दिल ये मानने को तैयार नहीं, की मेरी बहन पैसा देखकर पिघल गई। कुछ और बात तो नहीं ?”
” और क्या बात होगी ? रॉयल फैमिली का मेम्बर बनना कोई छोटी बात तो नहीं भाई। मैं ख्वाब में भी नहीं सोच सकती थी कि कभी ऐसा भी हो सकता है। “
” देख अभी भी समय है। इन राजघरानों के रहस्य थोड़ा डराते हैं मुझे। “
” सब अच्छा होगा भाई । “
” ईश्वर करे सब अच्छा हो, फिर भी मैं कहूँगा की सोच समझकर निर्णय लेना। अभी कुछ नहीं बिगड़ा है। “
” अब जो कह दिया, सो कह दिया। मेरी फिक्र मत करो। “
” मैं तो हमेशा ईश्वर से यही प्रार्थना करूँगा की तू खुश रहे। ” उमंग ने उसे सीने से लगा लिया।
* * * * * * * *
राणा तेजवीर सिंह के पितामह प्रतापगढ़ के राजा थे। कालांतर में तेजवीर के पिता ने व्यवसाय में हाथ आजमाया और अपने व्यवसाय की देखभाल के तहत दिल्ली में ही एक विशाल भूखंड लेकर एक बड़ी हवेली बनवाई, जिसमें अब वह अपने परिवार के साथ निवास करने लगे थे। यह शानदार हवेली ही राणा पैलेस के नाम से मशहूर हुई। तेजवीर सिंह राणा की, एक बेटी शिप्रा और दो बेटे कुँवर शिखर प्रताप सिंह राणा व कुँवर शौर्य प्रताप सिंह राणा थे। तेजवीर का देहांत मध्यम आयु में ही एक दुर्घटना में हो गया था। उस समय शिखर हार्वर्ड यूनिवर्सिटी में उच्च शिक्षा हेतु गए थे। पिता के स्वर्गवास के बाद वह शीघ्र ही अपनी शिक्षा समाप्त करके भारत लौट आये और पारिवारिक विरासत को सम्हाल लिया। ज्येष्ठ पुत्र होने के कारण उन्होंने ही परिवार के मुखिया का पद सम्हाल लिया।
उनकी मर्जी के बिना घर में पत्ता तक नहीं हिलता था। उनका विवाह बचपन में ही तय कर दिया गया था। तेजवीर सिंह के घनिष्ठ मित्र समर सिंह एक बड़े जमींदार थे। उनकी संतानों में सबसे बड़ी एक पुत्री थी, ऐश्वर्या । जो उम्र में शिखर से दो वर्ष बड़ी थी, पर दोनो मित्रो ने बच्चों के शैशव काल में ही उनका विवाह तय कर दिया था। कुँवर के बीस वर्ष के होते ही दोनो का परिणय कर दिया गया। दोनो के स्वभाव में बहुत फ़र्क था। ऐश्वर्या उग्र स्वभाव की अभिमानी महिला थी। रंग कुछ दबा हुआ, परन्तु नाक नक्श तीखे थे। वह एक औसत महिला की तरह आभूषण और वस्त्रों की बहुत शौकीन थी। घर गृहस्थी में उसकी इतनी रुचि नहीं थी। बाहर घूमना फिरना, सामाजिक कार्यकलापों में उसकी ज्यादा रुचि थी। जबकि शिखर, उच्च शिक्षा प्राप्त कलात्मक अभीरुचि के युवा थे। उनके मन में ऊँच नीच की भावना नहीं थी। उनका दिमाग खुला हुआ था। वह सिर्फ गुणों को महत्व देते थे। परिवार की प्रतिष्ठा और सभी सदस्यों की देखभाल व उनके हित की चिंता में ही उन्होंने अपना जीवन समर्पित कर दिया था । खानदान की प्रतिष्ठा से बढ़कर उनकी दृष्टि में कुछ न था। इस जोड़े को देखकर कोई भी समझ सकता था, कि उनमें सिर्फ समझौता है, घनिष्टता नहीं। बहन का विवाह भी उदयपुर के एक ऊँचे व्यवसायी परिवार में हुआ था। शौर्य भी हार्वर्ड से उच्च शिक्षा लेकर आया था और अग्रज के साथ व्यवसाय की दिन दूनी प्रगति में योगदान दे रहा था। वह स्वभाव से भावुक किस्म का मितभाषी और अंतर्मुखी युवा था। उनकी माँ विजयश्री राणा राजनीति में सक्रिय थीं। वह हँसमुख स्वभाव की दबंग महिला थीं। परिवार की सुख सुविधा का ख़्याल रखती थीं परन्तु किसी के व्यकितगत जीवन में तब तक दखल नहीं देती थीं, जब तक कि आवश्यक न हो जाए। यूँ भी उन्हें राजनीतिक कार्यों से फुर्सत ही कहाँ रहती थी।
शिखर को गोल्फ़ खेलने और थियेटर का बहुत शौक था। वह जब भी समय पाते तो अपनी इन अभिरुचियों को पूरा करते थे। एक बार वह श्रीराम सेंटर में उन दिनों चल रहे मोहन राकेश कृत नाटक ‘ अषाढ़ का एक दिन ‘ को देखने गए। यही वह समय था, जब उर्वशी का रंगमंच में पदार्पण हुए, कुछ समय ही हुआ था। वह किसी महत्वपूर्ण भूमिका के लिए संघर्ष कर रही थी। तभी अचानक उसका भाग्योदय हुआ और इस नाटक में उसे कालिदास की प्रेमिका मल्लिका का महत्वपूर्ण चरित्र अभिनीत करने का अवसर मिला। शिखर ने उसे देखा तो सब भूलकर देखते ही रह गए। ऐसे ही स्त्री रत्न की तो चाह, तो उनके भीतर पोषित हो रही थी, जो ऐश्वर्या से विवाह करके कुम्हला गई थी। उस उग्रतेजी, अभिमानिनी के सम्मुख , वह कभी मनःपूर्वक प्रणयनिवेदन नहीं कर पाए। जब भी उसके अंतरंग हुए ,सदा यही महसूस हुआ, कि वह उनके योग्य नहीं। उनदोनो के मध्य कोई साम्य नहीं। कहीं कोई रुचि मेल नहीं खाती, सोचने का तरीका नहीं मिलता। एक पूरब तो दूसरा पश्चिम। उनकी कोमल भावनाएं समय के साथ सुप्त हो गई थीं। गठबंधन हो गया था, तो बस पतिधर्म का ही निर्वाह किया। अपनी पौरुष जनित कामनाएं तो पूर्ण की , पर उनके भीतर का प्रेमी हृदय व्याकुल रहा। बहुधा वह स्वयं के मनोभावों पर लज्जित हो उठते और स्वयं को डपट भी देते, पर जब भी ऐश्वर्या को अपनी प्रेयसी के रूप में देखने का प्रयास किया, उसने हर बार उन्हें निराश किया। उसके स्वभाव का ओछापन, परिवार में कोई रुचि न लेना, आवश्यकता से अधिक सुरापान करना देखकर, वह उसकी ओर से उदासीन होते चले गए थे।
यही कारण था कि उनके भीतर का रिक्त कोना, उर्वशी को देखकर व्याकुल हो उठा, उनके हृदय के भीतर, कहीं दबी पड़ी एक चिंगारी, भड़क उठी। वह उसके साहचर्य के लिए व्याकुल हो उठे, पर तभी उन्हें अपनी अवस्था का भान हुआ और वह तड़प उठे। काश की वह विवाहित न होते !
नाटक को देखने के पश्चात घर आये तो मदालस ऐश्वर्या से उन्हें विरक्ति हो उठी। वह थोड़ी देर पहले ही क्लब से लौटी थी और नशे में चूर थी। उनका जी चाहा कि उसका गला दबाकर मुक्त हो जाएं और अपनी हृदयेश्वरी को जीवन में ले आयें। वह बेड़ियों में जकड़े कैदी से फड़फड़ा कर रह गए। इस जीवन में वह अपनी जीवनसंगिनी से छुटकारा नहीं पा सकते। सम्बंध विच्छेद की कल्पना भी उन्हें सह्य न थी, अपने खानदान की मर्यादा के साथ वह कोई खिलवाड़ नहीं कर सकते। यह जीवन व्यर्थ ही चला गया। क्या उनके निमित्त यही था ? इतने बड़े संसार में ऐश्वर्या जैसी स्त्री ही उनके भाग्य में थी। क्या वह इस लायक नहीं कि उन्हें उर्वशी जैसी पत्नी मिल पाती। वह उर्वशी पर बुरी तरह आसक्त हो उठे थे। उसे पाने के लिए वह छटपटा उठे।
क्रमशः