नीना अंदोत्रा का उपन्यास ‘ सरोरुह ‘-भाग -3

 

बचपन जो पीछे छूट गया…

केशोदास का आधा घर मंगला के सिर पर चलता है, इसलिए चंद्रिका मंगला को घर के किसी सदस्य से कम नहीं समझती। मंगला नाम भी उसी ने रखा था अपनी गाय का। गाँव में बीएसएफ की छावनी में मंगला का दूध जाता है। इन छावनियों ने इस गाँव को कभी सहज होने का अवसर नहीं दिया। गाँव आधुनिक सुविधाओं से कटा हुआ है, जीवन भी जैसे कटा-कटा-सा है। वैसे कोई दूर से देखे, तो सब कुछ बहुत सुंदर दिखाई देता है, एक लहर चल रही हो जैसे जमीं पर… और जमीं पर चलने वाले लोग भी बेहद ख़ूबसूरत और मासूम। चंदों भी तो ऐसी ही है।
चंदों का घर ज़रा ऊँचाई पर है, अपने घर का रास्ता उसकी आँखों को बहुत ख़ूबसूरत लगता है, लेकिन क़दमों को इन रास्तों का सच पता है। और उसका सच!!
चंदों अब तक चंदर को अपना सच नहीं बता पाई। यूँ उसके पास इस बारे में सोचने के लिए समय भी तो नहीं होता।
रोज की तरह उसने आज भी घर के काम निपटाये और चिंटू को स्कूल छोड़कर बाऊजी की दवाइयां लेने पास के शहर हीरानगर जा पहुँची। गर्मियों के बड़े दिन बदलते मौसम के साथ छोटे होने लगे हैं। समय तेजी से फुर्र हो जाता और काम मुँह लटकाए उड़ते समय को देखता रहता।
‘आज तो बड़ी जैलदारनी गुस्सा करेंगी।’ चंदों अकेले ही बुदबुदाने लगी। जब भी उसे काम पर जाने के लिए देर होती, तो बड़ी जैलदारनी और उसकी दोनों बहुएं उस पर गुस्सा करतीं, इसलिए आज उन तीनों के बारे में सोचकर वह परेशान हो गई। हमेशा की तरह आज भी उसकी नज़र गाँव की सड़क पर ठहर गई जो बहुत साल पहले बनी थी, उसके बाद किसी ने इसकी सुध नहीं ली। इस सड़क से वाहनों का गुज़रना तो दूर, पैदल चलना भी मुश्किल है। बारिश के दिनों में यहाँ पानी भर जाता है, जिससे हादसे होते रहते हैं। इस सड़क को बनाने की मांग बैक टू विलेज कार्यक्रमों में और ब्लॉक दिवस पर कई बार उठाई गई, पर सुनवाई नहीं हुई। ऐसे कितने मुद्दे थे जो चंदों के मन में घर कर गये थे I बेरोज़गारी, अशिक्षा, अंधकार, पानी, बिजली, आवास और सबसे बड़ी चुनौती अंधविश्वास थी जिसके प्रभाव में ज्यादा औरतें ही थी I जिसके लिए शिक्षा का बेहतर होना ज़रूरी था पर इस सीमावर्ती गाँव को कोई क्यों इतना तवज्जों देगा जबकि अब तो ज्यादा लोग यहाँ से पलायन कर रहे थे पर चंदों किसी भी हालत में भागना नहीं चाहती थी I एक जज़्बा था कुछ बेहतर कर गुजरने का I
‘मीलीया तुझे टैम?’ चंद्रिका को आते देख बड़ी जैलदारनी ने कहा। हल्के जामुनी रंग के सलवार सूट पहने और काली शाल ओढ़े चंदों ने घर की ड्योढ़ी को जैसे ही अंदर जाने के लिए खोला तो, बड़ी जैलदारनी ने बोलना शुरू कर दिया।
लम्बी कद काठी वाली जैलदारनी लम्बी कुर्ती वाला सलवार सूट पहने हुए घर के एक-एक काम को ख़ुद देखती, सड़सठ की उम्र में भी उनमें ग़ज़ब की चुस्ती है, उन्हें देखकर अंदाज़ लगाया जा सकता है कि वह अपने समय में कितनी सुंदर रही होंगी। कहते हैं न कि रेशम उम्रदराज होने पर भी चमकता है।
बड़ी जैलदारनी ज़्यादातर डोगरी भाषा में ही बात करती, पर कभी-कभार अपने पोते-पोतियों के साथ टूटी-फूटी हिंदी भी बोल लेती। बड़ी-सी हवेली जिसमें ज़्यादा काम लकड़ी का है, अपने अंदर कई पीढ़ियों के किस्से संजोए हुए थी। बड़े-बड़े लकड़ी के दरवाज़े और आधी इमारत खस्ताहाल है, पर आज भी इस हवेली के ठाठ कायम है। कोई भी इसकी ड्योढ़ी लांघने से पहले दस बार सोचता। किसी समय में इस मकान में नौकर-चाकरों की चहल-पहल रहती थी, पर समय कब सदा एक-सा रहा है। अब आधी हवेली वीरान हो चली है और आधी हवेली के बुढ़ापे को हर दो-तीन साल में लाखों का खर्चा कर जवानी में तब्दील किया जाता है।
‘माँ…’ जैलदारनी को ऐसे बोलते देख जानकी आँखों के इशारे से माँ को टोकते हुए बोल पड़ी।
‘चंदो तू ठीक तो है न ? आज भी तेज़ क़दमों की चाल से तेरे गाल लाल हो गए है I’ जानकी ने दबी हंसी से कहा I वह जानती थी कि ज़ल्दबाज़ी में और ज़्यादा काम-काज करने से उसके गाल लाल हो जाते हैं और ठंडक हो तो ये लाली ज़्यादा बढ़ जाती है।
‘हाँ, दीदी मैं ठीक हूँ।’ चंदों ने बड़ी जैलदरनी को देखते हुए कहा I वर्षों बाद आज उसे गुलाल की याद आ गई I अपनी माँ का चेहरा तो उसे ठीक से याद भी नहीं था पर गुलाल ने उसके जीवन में एक माँ की भूमिका निभाई थी I बेशक जैलदार परिवार के लिए चंदों भी परिवार के किसी सदस्य से कम नहीं थी और बड़ी जैलदरनी हमेशा अपने बच्चों की तरह ही उसको हुक्म सुना देती तो कभी पुचकार लेती पर समाज के इस दोहरे भेद को चंदों ख़ूब समझती थी I
‘कितनी बार कहा है कि मेरा नाम लिया कर। हम दोनों एक स्कूल में पढ़े हैं, साथ खेले हैं, साथ खाना खाते थे… और अब…!’ बोलते-बोलते जानकी उदास हो गई और मन ही मन सोचने लगी, ‘तेरा आम का अचार मेरी जीभ पर आज भी खटाई का रस भर देता है। पता नहीं हम क्यों बड़े हो जाते हैं और फिर रंग-रूप, जाति के भेद में पड़ जाते हैं।’
चंदों ने बात बदलनी चाही और आस-पास नज़र डालते हुए कहा, ‘आज भी आपने ही झाड़ू-पोंछा किया न?’
‘क्या आप-आप लगा रखा है ? जैसे बचपन में बात करती थी वैसे नहीं कर सकती? आख़िर हम दोनों में फ़र्क़ ही कितना है चंदो?’ जानकी ने सफ़ेद रंग की दुधिया कश्मीरी शाल ओढ़ रखी है जिससे बातें करते हुए बार-बार सजल आँखों को साफ़ कर रही है । तीखे नैन-नक्श वाली जानकी का आकर्षण उसके गेहुँए रंग ने बढ़ाया ही है, उसकी उदासी भी उस आकर्षण को ढक नहीं पाती। चेहरे के आकर्षण से कई ज्‍़यादा बढ़कर होता है दोस्ती का आकर्षण। चंदों के सामने बीता वक़्त तैर गया, दोनों सहेलियों ने एक-दूसरे को गले लगा लिया। ‘तुझे याद है… जब भी हम लंगड़ी खेलते थे, तो मैं ही हमेशा जीतती थी और हारने पर तू गुस्सा हो जाती थी।’ चंदों ने बचपन के भाव चेहरे पर लाते हुए कहा।
‘अच्छा…!! तुझे याद है, इसलिए मुझे दीदी बोलना शुरू कर दिया।’ बचपन को याद कर दोनों सहेलियां खिलखिलाकर हँसने लगीं।
‘जानकी…, छुटकी उठ गई है।’ बड़ी जैलदारनी की आवाज़ से दोनों फिर से अपने वर्तमान किरदार में लौट आईं।
जानकी अब पहले की तरह चंचल नहीं है। एकदम शांत रहती है, दो बेटियों की विधवा माँ है। पिछले कुछ महीनों से अपने मायके में रह रही है। छोटी बेटी पैदा होने वाली थी, तभी पति की एक दुर्घटना में मौत हो गई। सबको उम्मीद थी कि जानकी के घर बेटा होगा तो घर के लोगों को वारिस मिलेगा और माँ को भी जीने का सहारा मिल जाएगा। बेटी पैदा हुई तो दोनों घरों में मातम पसर गया। उसके ससुराल वालों ने तो साफ़ बोल दिया कि जब हमारा बेटा ही नहीं रहा तो कौन दो-दो बेटियों की ज़िम्मेदारी निभायेगा। ये सब सुनकर बड़े जैलदार जी ने भी अपनी बेटी को वहाँ न भेजने का इरादा कर लिया था, पर दोनों भाई और भाभियों को ये अच्छा न लगा। अक्सर कहते, ‘क्या हुआ अगर उन लोगों ने इतनी बात बोल भी दी तो… उन्होंने अपना जवान बेटा खोया है। बेटियों को ऐसे कौन गले से लगा लेता है।’ घर के काम करती चंदों हमेशा छोटी बहू और बड़ी बहू की बातें सुनती। ये वही बहुएं थीं, जो जानकी के ससुराल से आने पर एक-दूसरे की बातें ही बताती रहतीं, अब दोनों को ननद का विषय मिल गया है। जब भी चंदों काम पर न आती या देर हो जाती तो उसके हिस्से का सारा काम जानकी करती। न भाई मना करते और न ही भाभियां और बड़ी जैलदारनी जैसे अच्छे से समझती हैं कि विधवा बेटी को कौन ऐसे ही बिठा कर खिलाएगा, इसलिए वे भी उसे काम करने से मना नहीं करतीं।
जानकी की छोटी बेटी, जिसे सब छुटकी कहते हैं, करीब-करीब ग्यारह महीने की हो चुकी है। पूरे घर को अपने नन्हे-नन्हे क़दमों से नापती हुई चलने लगी है। बड़े मामा विराट को आते देख छुटकी अक्सर टूटे-फूटे शब्दों में ‘पा…पा …. पापा।’ बोलती है। विराट इस मासूम पुकार को अनसुना करके अपने कमरे की ओर चला जाता है। यही रवैया छोटे मामा का भी रहता है।
छोटे भाई सम्राट और जानकी की शक्ल आपस में बहुत मिलती-जुलती है। सब यही कहते, रंग जैलदार साहब का और नैन-नक्श बड़ी जैलदारनी के। वहीं बड़े भाई विराट बड़ी जैलदारनी की कार्बन कॉपी है, वही गोरा रंग, वही कद काठी। हम किसी को सिर्फ़ सतह से ही तो जान पाते हैं, भीतरी बुनावट तो मुसीबत के वक्‍़त ही समझ आती है।
जानकी अपनी नन्ही-सी जान को भीगी आँखों के साथ बांहों में भींच लिया करती, पर बड़ी बेटी जैसे सब समझने लगी है, बस अपनी समझ को शब्द नहीं दे पाती। आठ साल की बच्ची क्या कह सकती है! सिर्फ़ महसूस करती है… यहाँ सब अजनबी हैं… महसूस करती है कि उसके पिता इस दुनिया में नहीं हैं। यह दुनिया उसकी दुनिया नहीं है।
वहीं चंदों सोचती है कि शायद ऐसी ही होती है बड़े घरों की दुनिया!! चारदीवारी के अंदर रिश्तों की चादर कुछ ज्‍़यादा ही फटी हुई होती है। कभी कभी वह सोचती, मेरे पिता ने ग़रीब मज़दूर होते हुए भी मुझे समझौते की ज़िंदगी नहीं दी, पर अगर उनके भी कोई बेटा होता तो!! भाई होता तो मुझे भी न चाहते हुए बहुत से समझौते करने पड़ते।
हालांकि एक समझौता तो उसे भी करना ही पड़ रहा है, जैलदार साब के घर आना होता है, न चाहते हुए भी! जैलदार साब में अब पहले वाला दबदबा नहीं रहा था, लेकिन हैं तो जैलदार ही। करीब सत्तर बरस की उम्र है, लंबी कद काठी है। सफ़ेद रौबदार मूंछें हैं, जो उनके व्यक्तित्व को आज भी निखारती है। गेहुँआ रंग इस उम्र में भी चमकता है। जैलदार साहब ने आज तक अपने पुरखों की बची हुई ज़मीन-जायदाद को संभालकर रखा है। बची हुई इसलिए कि बड़े जैलदार साहब से पहले जितने भी जैलदार हुए, सब अय्याश थे, अपने शौक पूरे करने के लिए बहुत सारी ज़मीन बेच डाली थी।
चंदों जब भी बचपन में अपने पिता से जैलदारी का अर्थ पूछती तो वह जो बताते थे वो आज भी उसे अच्छे से याद था ‘अंग्रेजी हुकूमत में जागीरदारों/जमींदारों को जैलदार बोलदे ने, ते हर जेल इक्क प्रशासनिक इकाई थी, जो चालीस से सौ गाँवों तक फैली होती थी। हर गाँव का मुखिया लंबरदार होता, जिसकी सहायता गाँव के ज़ोरदार जमींदार करते। जैलदार आय वसूल करने वाले अधिकारी थे और व्यवस्था बनाए रखने के लिए भी जिम्मेदार थे। जैलदार उपनाम अंग्रेजी हुकूमत की देन है I’ चंदों अक्सर सोचती कि आज़ाद देश में हमें आज़ादी कब मिलेगी!! पर जब वह जानकी की ओर देखती तो उसे लगता कि जिन्हें सब कुछ मिला, वे अपनी बेटी को आज़ादी क्यों न दे सके! आख़िर चूक कहाँ हो जाती है हम सब से!!
उसने घर के काम करते हुए महसूस किया कि आज फिर घर के माहौल में तनातनी है I
‘ बिना मेहनत के भरे हुए कुएं भी ख़ाली हो जाते हैं I’ बड़े जैलदार की आवाज़ घर में गूँज गयी पर दोनों बेटों पर रत्ती भर भी असर न हुआ । जब भी उनको पैसों की जऱा सी तंगी होती, तो दोनों अपने पिता को तंग कर ज़मीन का कोई ना कोई टुकड़ा बेच देते। घर की खानदानी ज़मीन जिसको आज तक जैलदार साहब संभाल रहे थे, वो ज़मीन अब दोनों बेटों को अपने नाम पर चाहिए थी। बहन के लौटकर आने से भाइयों की बेचैनी और भी ज़्यादा बढ़ गई थी। दोनों बेटों को डर है कि कहीं पिता ज़मीन का कोई बड़ा हिस्सा बहन के नाम न कर दें।
बूढ़े पिता को अपनी विधवा बेटी और उसकी मासूम बेटियों की फ़िक्र थी, पर बेटों के आगे एक बेटी के पिता लाचार थे। चंदों उन बूढ़ी आँखों में लाचारी देखती, तो उसे उन पर कभी दया आती, तो कभी गुस्सा।
‘जानकी कोई और काम है तो बोल।’ बेटियों के कपड़े समेटते हुए चंदों ने कहा।
‘काम तो नहीं है, पर तू कुछ देर बैठ न मेरे पास।’
‘तेरे पास ही हूँ और हमेशा रहूँगी, तू परेशान न हो।’ उसने जानकी का हाथ अपने हाथ में लेते हुए कहा। ‘देख कितनी प्यारी बच्चियाँ दी हैं भगवान ने तुझे, इनके लिए ख़ुश रहना सीख।’
‘चाहती हूँ ख़ुश रहना, पर विधवा औरतों को हक़ नहीं होता यूँ ख़ुश रहने का। क्यों हम बड़ी हो गईं चंदो? क्यों हम औरतें बन गईं? क्यों वक़्त ने इतनी जल्दी हमारी मासूमियत छीन ली।’ जानकी सिसक उठी। माँ को ऐसे रोते देख बड़ी बेटी सहम गई।
चंदों को उसका यूँ सहम जाना भीतर तक परेशान कर गया। ‘देख, तुझे ख़ुद को संभालना होगा। इन बच्चों के सामने ख़ुद को ऐसे मत हारने दे।’
‘हार गई हूँ भीतर से। दिन तो जैसे-तैसे कट जाता है पर रात खाने को दौड़ती है। पास के कमरों में हँसी, ठिठौली की आवाजें आती हैं। सजने-संवरने की आहट होती है और मैं रात के अँधेरे में खो जाती हूँ।’ कहते-कहते जानकी रोने लगी।
‘रो ले, रोना भी ज़रूरी है, पर बेटियों के सामने नहीं। तुझे सोचना है कि अब इनकी ज़िंदगी में कैसे उजाला आएगा, जो शरारतें हमने कीं, वो इनके हिस्से कब आएंगी।’ बाहर दिन ढल गया और बन्द कमरे में दोनों सहेलियां अतीत और वर्तमान में गोते खा रही हैं।
‘हाँ, तू सही कह रही है, मुझे भी अपनी बेटियों के लिए जीना है। तू अपने चिंटू के लिए कितनी मेहनत करती है, मुझे भी अपनी बेटियों के लिए ख़ुद को मज़बूत करना होगा।’ आँसू पोंछते हुए जानकी ने छोटी बेटी को चूम लिया।
‘अब सुन ले, मैं कितनी भी देर से आऊं, तू झाड़ू-पोछा नहीं करेगी, तू बस इन बच्चियों पर ध्यान दे।’ बड़ी बेटी को गले से लगाते हुए चंदों ने कहा।
‘मैं तेरा हाथ नहीं बटा सकती? इतना हक़ भी नहीं मेरा? तू मेरे लिए मेरी सहेली है। याद है बचपन में हीरानगर तक पैदल चले जाते थे और घरवालों को बताते भी नहीं थे। कितने अच्छे दिन थे न वो चंदो…। गर्मियों में आम के बाग में जाते, पेड़ों पर कितनी उछल कूद करते थे। कभी-कभी लगता है कि हम बड़े नहीं हुए अब तक… बस शारीरिक बदलाव आ गए हैं, लगता है कि आज भी हम वहीं पर रुके हुए हैं।’
जानकी एकदम जैसे अतीत से बाहर निकल आई, ‘बहुत देर हो गई है चंदो, चिंटू तेरी राह देख रहा होगा। तुझे अब जाना चाहिए। बातों बातों में आज दिन का पता ही नहीं चला।’
‘हाँ, ठीक है… पर तू काम नहीं करेगी। मैं जब मर्ज़ी करूँ। तू बस अपना और इन दोनों परियों का ख़याल रखेगी।’ चंदों ने अपनी सहेली पर प्यार उड़ेलते हुए कहा।
‘चाय पियो दोनों।’ बड़ी जैलदारनी को कमरे में दाखिल होते देख चंदों असहज होती हुई जानकी के पलंग से उठ गई। वह जानती थी कुछ भेद दोनों सहेलियों के गले मिलने से भी नहीं मिटेंगे!!
बड़ी जैलदारनी चाय देकर चली गयी।
‘जानकी, तूने मेरा कप ले लिया है।’
‘हाँ, तो क्या हुआ? तू मेरे कप में पी ले ना। दोस्ती की जात हर भेद मिटा सकती है?’ चंदों की आँखें चमक उठीं। उसने जानकी का कप ले लिया और दोनों चाय पीते हुए अपने दोस्ती की गर्माहट को महसूस करने लगीं।
चंदों के बर्तन इस घर में अलग ही रहते हैं, मन विद्रोह करना चाहता, पर वह कभी कर न सकी। आज उसके लिए एक चुप्पा-सा विद्रोह जो जानकी ने किया, वह उसकी कर्जदार हो गई। दोस्ती तो वही है जो मिसाल हो नहीं तो न हो इस तथ्य की उंगली चंदों ने सदा कसकर पकड़ी और यही कारण था वह आज तक दिखावे के भाईचारे से दूर ही खड़ी रही पर आज अपनी बचपन की सहेली का पुराना प्यार पाकर धन्य हो गई I इस बदलते दौर में एक सच्चा दोस्त किसी जागीर से कम नहीं है इस बात को अकेला रहने वाला व्यक्ति जितनी अच्छी तरह से समझ सकता है उतना भीड़ में रहने वाला नहीं और चंदों के अकेलेपन में जानकी नाम की दूब उग आई है और मन हरा भरा होने लगा है I ‘समाज के नियम, भेद – भाव मैं जानती हूँ पर इस दोस्ती की धरोहर को हमेशा संभाल कर रखूंगी I’ कुछ वादे किसी को दिए नहीं जाते बल्कि किसी से निभाने के लिए अपने आप से किए जाते हैं और चंदों ने भी ख़ुद से वादा किया इस दोस्ती को बरकरार रखने का I
बाहर गोधूलि उतर आई थी, आँगन में पेड़ों की परछाइयाँ लंबी हो चली थीं। परछाइयों की तरह ही उनकी ज़िंदगी भी लंबी और बोझिल थी, पर दोस्ती की यह छोटी-सी मुलाक़ात उन्हें कुछ हल्का कर गई। चंदों जानती थी कि कल फिर वही काम, वही गालियाँ, वही भेदभाव उसका इंतज़ार कर रहे होंगे, और जानकी जानती थी कि उसकी रात फिर अकेली और लंबी होगी। मगर आज, इस एक शाम ने उन्हें यक़ीन दिलाया था कि बचपन कहीं खोता नहीं, वह भीतर छुपा रहता है और सही वक्त पर उभरकर जीवन को जीने लायक बना देता है।

WhatsApp Image 2026-06-17 at 10.53.15 — Vcare Language Academy

Author

Leave a Comment