गूँगी मोहब्बत
भाग-22
लगभग शाम के चार बज चुके थे और आश्चर्यजनक रूप से बारिश इस समय बंद हो चुकी थी। हालांकि बादल अभी भी आसमान में थे और कभी भी बारिश शुरू होने का अंदेशा बरकरार था। गरिमा एक और चाय बना चुकी थी जिसे अमर करेलिया की कश के साथ घूंट घूंट गले के नीचे उतार रहा था। नो डाउट,गरिमा चाय में कोई पहाड़ी मसाला मिक्स करती थी और यह चाय के टेस्ट को एक अलग लेवल पर ले जाता था।
“बारिश बंद हो गयी है ।क्या हम कहीं बाहर घूमने चलें ? ” गरिमा ने प्रस्ताव रखा ।
” मेम , कब तक यहां रुकूंगा ? जाना पड़ेगा न । “
आज नहीं जा सकते हो मि० किलर । बारिश बंद हुई है लेकिन थोड़ा नीचे स्लाइडिंग हुई है।रास्ता साफ होने में समय लगेगा। तब तक आप यहीं रह सकते हैं।यह मान लीजिये कि हॉलीडे पैकेज मिल रहा है। एक्चुअली ,वो एरिया मेरे ही कमांड में आता है तो मुझे वहां तक जाना है। यहां अकेले क्या करोगे? इसलिये साथ चलिये।”
गरिमा की बात सुनकर अमर ने हल्का सा कुछ सोचा और अब वो दोनों पुलिस जीप में नीचे की तरफ जा रहे थे।जीप गरिमा खुद ही ड्रायव कर रही थी।बारिश के बाद के पहाड़…जिंदगी की सब तकलीफें भुला देते हैं। ऐसा लगता है जैसे किसी ने प्लांड वे में हरी मैट बिछा दी है । कहीं कहीं पड़ों पर दुबके से बैठे पक्षी ,,इक्का दुक्का जानवर ,,भीगी सड़कें,,हल्की ठंडी हवा ..जब ऐसे रास्ते मिलते हैं तो लगता है कि जिंदगी सफर में ही गुजर जाये।
थोड़ी ही देर में वो नीचे चौमढ़ा गांव के पास पहुंच गये थे। जहां सड़क घूम रही थी ,वहीं एक पहाड़ी खसक गयी थी। महादेव की कृपा थी कि किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई थी । बरसात लगातार होने के कारण कोई राहत कार्य भी शुरू नहीं हो पाया था । अब मलबा हटाने का कार्य शुरू किया जा सका था। अगर बरसात न हुई तो सुबह तक रास्ता साफ होने के आसार थे। बीइंग अ पुलिस ऑफिसर, गरिमा ने दोनों तरफ तीन सौ मीटर पहले ही बैरीकेडिंग करा दी थी। चूंकि अमर खाली था तो वो थोड़ा और नीचे की तरफ उतर गया था। वहां टूरिस्ट्स की एक बस कल से ही फंसी हुई थी और एक टपरी वाले की मौज हो गयी थी। उसकी छोटी टपरी दुकान पर भी कल से खूब बिक्री बढ़ गयी थी। अमर भी वहां से एक चाय लेकर अपनी करेलिया सुलगा चुका था । पास में ही बस के यात्रियों में शामिल औरतें जमीन पर ही दरी बिछा कर बैठ गयीं थीं और ढोलक पर गाना बजाना चल रहा था। टूरिस्ट्स की भी अपनी दुनिया होती है। सामान्य जीवन से ऊबते भागते लोग भी जैसे ही यात्रा पर निकलते हैं ,वो विशिष्ट हो जाते हैं। जीवन जीने की चाह में खोयी हुई जिंदगी की पूरी कीमत वो आनंद के लिये की गयी यात्रा में वसूल करते हैं। और इस समय उस बस के लोग भी रास्ते में ही जिंदगी का लुत्फ लूटने में लगे थे।
अमर बिना किसी उद्देश्य के उन सबको ऑब्जर्व कर रहा था। कुछ लोग होते हैं साइलेंट ऑब्जर्वर्स । अमर भी उन्हीं में से एक था । अचानक अमर चौंक उठा था ।
पहाड़ों की बनावट ऊंची नीची है,रास्ते रपटीले हैं लेकिन सादा और सीधे होते हैं। यही प्रकृति का नियम है : पूरा असर छोड़ती है आधी बात,आधा असर कर पाती है पूरी बात।जब चौमढ़ा के लोगों ने सुना कि टूरिस्ट्स की कोई बस रास्ते में फंस गयी है तो सब लोग बरसात बंद होते ही, खाना वगैरह की जो भी इमदाद उनके छोटे प्रयत्नों से संभव थी, लेकर बस के पास आ गये थे। वो बस वालों को खाने के पैकेट वितरित कर रहे थे। अनंता और माही भी आयीं हुईं थीं। जब अनंता पूछ पूछ के कि “तुमको मिला ..नहीं मिला..एक इन भैया को दो..”खाने के पैकेट बटवा रही थी ,तभी अमर की नजर अनंता पर पड़ी थी ।अमर तो बस देखता ही रह गया था ।
ये बात अब तक सिर्फ अमर जानता था कि हॉस्पिटल में होश में आने के बाद से अब तक उसके दिमाग में सिर्फ और सिर्फ अनंता छायी हुई थी।उसे याद है कि उसके माथे पर दो बूंद नेह बरसा था ।उस समय उसने आंख नहीं खोली थी लेकिन होश में आ चुका था । जब मस्तक पर दो बूंद आंसू टपके थे तो उसने आंखें खोलीं और पाया कि किसी ने अपनी गोद में उसका सर रखा हुआ था ।वो पहली बार था जब उसने मातृत्व भाव को इतने करीब से महसूस किया था। वो अहसास बहुत ही अलग था। अमर के मन में एक छोटा बच्चा जाग गया था। और जागता भी क्यों नहीं, अपने बचपन से ही बिन मां के पला बढ़ा था और कहते हैं संवेदनाएं ह्रदय तक पहुंचने का मार्ग खोज ही लेतीं हैं। और उस समय अनंता भी तो अमर की मॉ के बारे में सोच रही थी। दिल से दिल की राह होती है। वास्तव में ये इंसानी जरूरतें हैं जिन्होंने प्रेम ,स्नेह ,मोहब्बत,इश्क, जैसे तमाम फिरके वजूद में लाकर खड़े कर दिये ,वरना प्रेम तो सिर्फ प्रेम है। खुद के वजूद को भूल जाना प्रेम है। खुद को खो देना इश्क…
अमर दो बूंद ऑसू का कर्जदार था । इस समय उसका दिल हुआ कि दौड़कर अनंता के गले लग जाये लेकिन उसके दिमाग में अनंता की वो आवाज़,वो बातें दौड़ रहीं थी, जो वो गरिमा को फोन पर बता रही थी। जैसे ही अमर को अनंता की वो बातें याद आयीं उसका चेहरा मुर्झा गया था। कितनी अजीब कशमकश थी कि मौत के मुंह से बाहर आते ही जिसे उसने अपनी जिंदगी करार कर लिया था ,उसके इतने करीब होकर भी उसके सामने जाने की हिम्मत खो बैठा था। आखिर हिम्मत होती भी कैसे , ..अमर को अपनी गुजरी जिंदगी सोचकर खुद से ही नफरत होने लगी थी। इस समय उसकी हालत बिल्कुल उस बच्चे सी थी जो खाली जेब किसी दुकान के बाहर खड़ा होकर ,काउंटर के अंदर रखी अपनी फेवरेट चॉकलेट को हसरत भरी निगाहों से निहार रहा हो । चॉकलेट, ..हां ,अनंता वैसी ही तो लग रही थी। सफेद सूट , बंधी लंबी चोटी, मासूम खिलखिलाहट, खुद में मस्त ,खाना बांटने में व्यस्त ।कोई भी देखता तो उसे लगता कि पहाड़ों की देवी खुद ही उतर कर लोगों के दुख सुख बांटने आयी है।
अमर इतना खो गया था कि उसे ये भी पता नहीं चला कि करेलिया उसकी उंगलियां जलाने लगी थी।गरिमा सिंह बैरीकेटिंग लगवाने के बाद लोगों को दूर रहने की हिदायत देते हुये अमर को खोजते खोजते टपरी तक चली आयी थी । दूर से ही उसने भांप लिया था कि अमर खोया हुआ है। जब उसने अमर की निगाह का पीछा किया तो उसे ये समझने में एक भी पल नहीं लगा कि अमर अनंता को देख रहा है। और अनंता तो एक पागल सी लड़की आस पास की दुनिया भूल कर ,”भैय्या आप को खाना मिल गया,, उन वाले भैय्या को एक पैकेट और दो…”
कुछ सोच कर गरिमा सिंह ने अमर को डिस्टर्ब नहीं किया और अनंता की तरफ बढ़ गयीं,,,
“हलो अनंता..”
अनंता चौंक कर पीछे कई तरफ पलटी।
“अरे मेम , आप ,,, ।” खुशी से उछल पड़ी।
” आप को पता है ,उस हत्यारे के तलवे पर एक बड़ा सा शंख जैसा गहरा नीला निशान हैं।” वो हाथों से शंख बनाते हुये गरिमा से बोली। और जोर जोर से माही को आवाज देने लगी ताकि अपनी बात की पुष्टि करता सके। माही भी अनंता और गरिमा को देखकर उनके पास चली आयी थी। और वो दोनों गरिमा को बात का कोई मौका दिये बगैर ,बहुत एक्साइटमेंट के साथ गरिमा को कुछ एक्सप्लेन कर रहीं थीं।
अमर बहुत मायूस सा दूर बैठकर उन तीनों के भाव भाव परख रहा था। अपनी ह्यूमन साइकोलॉजी की समझ और लिप रीडिंग के आधार पर वो आसानी से समझ सकता था कि वो दोनों देवियां उसके चरित्र चित्रण में लगी हुईं हैं।
” चलो चाय पीते पीते बैठ कर बात करते हैं।” गरिमा सिंह ने माही और अनंता को ऑफर किया।और बिना उनका रिप्लाय सुने बिना टपरी की तरफ चल दी। वो दोनों भी गरिमा के पीछे चल दीं। हालांकि गरिमा ने जब वहां से देखा तो अमर अपनी जगह से गायब था..
अमर कहां गया होगा?
क्या गरिमा अमर की इमेज अनंता की निगाहों में क्लियर करेगी या उसे और अधिक कॉम्पलीकेटिड बना देगी?
आज अमर की रात कहां कटेगी ?
सवाल और भी बहुत से हैं लेकिन जबाब सिर्फ एक
” किसके दिल में क्या छुपा,सब उसे मालूम..”