मेघा राठी का उपन्यास ‘ वहाँ कौन है ‘-भाग -1

 

वहां कौन है?

भाग -1

कहते हैं, मध्य भारत में कहीं एक मंदिर छिपा हुआ है, घने जंगलों में किसी चट्टान के नीचे। जहां तक पहुंचने का रास्ता कोई नहीं जानता। यह भी कहा जाता है कि वह एक जागृत मंदिर है जो सदियों से धड़क रहा है।
वह मंदिर उनको सपने में खुद राह देता है जिन्हें वह बुलाना चाहता है।

मंदिर में किस देवी या देवता की मूर्ति है ,इस बारे में कोई नहीं जानता। जो लोग उस मंदिर से लौट कर आए उन्होंने भी इस बारे में चुप्पी साधी हुई है केवल एक बालक ने इतना बताया था कि मूर्ति पर आवरण रहता है और उस पर हर सुबह एक नीला पुष्प इस तरह गिरता है जैसे किसी ने प्रेम से आंसू की एक बूंद गिराई हो।

इससे अधिक जानकारी उसके पास भी नहीं थी। उस बालक के मंदिर तक पहुंचने की कहानी भी अन्य लोगों से बिल्कुल अलग थी। उसे मंदिर ने स्वप्न में रास्ता नहीं बताया था बल्कि संध्या काल जब वह मित्रों के संग खेल रहा था तब उसकी गेंद एक पेड़ की जड़ में गिर गई थी।
वह जब जड़ के पास पहुंचा तो किसी दिव्य रोशनी ने उसे स्वयं में समेट कर मंदिर के गर्भ गृह में पहुंचा दिया था।

वहीं उसने पहली बार उस मूर्ति को देखा था। जिज्ञासावश उसने आवरण हटाने का जितनी बार भी प्रयास किया,उतनी बार असफल हो गया। थककर वह वहीं मंदिर की भूमि पर सो गया। आश्चर्य की बात थी कि अनजान स्थान पर उसे डरना चाहिए था किंतु इसके विपरीत उसे असीम शांति का अनुभव हो रहा था।

सुबह उसकी नींद खुली तब उसने उस नील पुष्प को धीरे से मूर्ति पर गिरते देखा था। उसने प्रतीक्षा करी कि शायद कोई उस आवरण को हटाएगा किंतु इसके पश्चात कोई हलचल नहीं हुई। उसने पुष्प के पास जाकर अपनी।उंगली से उसे बस छुआ भर था कि उस दिव्य प्रकाश ने उसे वापिस उसी पेड़ की जड़ के पास पहुंचा दिया था।

बालक को लगा था कि सुबह हो गई होगी ,उसके घरवाले उसकी चिंता में उसे तलाश रहे होंगे किंतु सामने वही खेल का मैदान और उसके मित्रगण थे। गेंद उसके पैरों के पास पड़ी थी। सब कुछ वैसा ही था जैसा जाते समय था। शाम का समय भी केवल एक ही बात हुई थी…उसके शरीर से उस नील पुष्प की सुगंध आने लगी थी।

कोई भी उसकी बात का विश्वास नहीं करता था किंतु सुगंध के रहस्य पर सभी मौन हो जाते क्योंकि इस प्रश्न का कोई उत्तर किसी पर नहीं था। ऐसी सुगंध पहले किसी ने कभी भी नहीं देखी थी।

एक साधु बाबा भी इन खबरों को सुनकर आए थे जिन्होंने कभी उस मंदिर के दर्शन किए थे। बालक से एकांत में बात करने के उपरांत उन्होंने सभी से बालक का विशेष ध्यान रखने के लिए कहा था। वह अलग था उन सभी दर्शन कर चुके लोगों से क्योंकि उसने वह नील पुष्प देखा और उसकी सुगंध को पा लिया था मगर क्यों? इसका उत्तर उन पर भी नहीं था।

वह बालक कभी बीमार भी नहीं पड़ा और ब्रह्मचर्य का पालन करते हुए एक दिन जीवन से मुक्ति पा गया। कहते हैं कि जिस दिन उसकी मृत्यु हुई एक नील पुष्प उसकी शैय्या पर काफी देर तक रहा और उसके बाद विलुप्त हो गया।

वह मंदिर अब भी किसी को स्वप्न में पुकार कर अपने पास बुलाता है किंतु क्यों? वह मंदिर आज भी वहीं है, घने जंगलों, चट्टानों और समय की परतों के नीचे धड़कता हुआ पर वह किसे बुलाता है, किस उद्देश्य से बुलाता है और उस आवरण के भीतर कौन विराजमान है? इन प्रश्नों का उत्तर आज तक किसी के पास नहीं है। केवल इतना कहा जाता है कि जिस दिन संसार उस नील पुष्प का रहस्य जान लेगा उसी दिन उस मंदिर का रहस्य भी रहस्य नहीं रहेगा।

Megha

WhatsApp Image 2026-06-26 at 18.05.06 (1) — Vcare Language Academy

Author

Leave a Comment