अनिल पुरोहित का उपन्यास ‘उस पार ‘ भाग -17

उस पार 
भाग -17
                         इसके बाद न जाने कितने दिन बीत गए। मैं साधना के सोपान एक के बाद एक पार करता गया। एक दिन मैं पूरे दिन साधना में रत रहा, यहां तक कि रात हो गई। मैं अपने बिस्तर पर बैठा शीशे लगी गोल खिड़की से बाहर का नज़ारा देख रहा था। पूर्णमासी की धवल ज्योत्सना चारों ओर फैली हुई थी। मुझे अंतरप्रेरणा हुई मानो मुझे कोई बाहर बुला रहा हो। मुझे लगा जैसे गुरुदेव मुझे आवाज दे रहे हों। मैं उठकर खिड़की के पास आकर खड़ा हो गया और बाहर देखने लगा। मुझे एक साध्वी आकाशमार्ग से जाती हुई एकदम साफ़ दृष्टिगोचर हो रही थी। अब तक तो केवल सुना था। आज प्रत्यक्ष देखने का सुअवसर मिला था। मुझे उस साध्वी में एक पल के लिए गुरु मां शैलजा की झलक दिखाई पड़ी।                       मेरे मन में शांग्रीला घाटी को देखने का विचार जोर मारने लगा। पता नहीं किस अंतरप्रेरणा या साधना के आत्मबल के कारण मेरे विचार मूर्त रूप लेने लगे।अगले ही पल मैनें देखा मैं कक्ष की दीवार पार करके मठ के बाहर खड़ा था। मैं सोचने लगा कि मैनें तो बाहर निकलने का केवल विचार किया था। केवल विचार करते ही उसका कार्यरूप में परिणित हो जाने का अनुभव मुझे पहली बार हुआ था। क्षितिज में बहुत दूर गुरु मां आकाशमार्ग से जाते हुए नज़र आ रही थी।                       अचानक मैंने अपने आप को फूल से भी हल्का पाया। मेरे चारों ओर बादल दिखाई दे रहे थे जो पीछे की ओर भाग रहे थे। मैंने ध्यान दिया तो पाया कि मैं स्वयं आकाश मार्ग से गुरु मां के पीछे अत्यंत तीव्र गति से उड़ा जा रहा था। अब मुझे लगा कि हो न हो ये शांग्रीला घाटी की यात्रा हो जैसा गुरुदेव ने कहा था और गुरु मां इसके निमित्त हो। खैर जो भी हो, मेरी वर्षों की साध आज पूर्ण होने वाली थी। मैं सफेद हिम से आच्छादित उत्तुंग शिखरों, पर्वतों, घाटियों को एक के बाद एक पार करता जा रहा था। अबाध गति से , न जाने कब तक!§§§§§§§§                      अचानक मुझे लगा मानो मैं तीसरा आयाम पार कर चौथे आयाम में प्रवेश कर गया होऊं। वातावरण पूर्णतः परिवर्तित हो चुका था। मैं कब और कैसे जगत के तीसरे आयाम को पार कर चौथे आयाम के जगत में आ गया ,मुझे कुछ पता नहीं। एक बात अवश्य है कि प्रवेश करते ही संसार का अस्तित्व वायु के समान हो गया और उसके स्थान पर एक सर्वथा नवीन और आलोकमय संसार उद्भाषित हो उठा। मेरे सामने और उसी के साथ पहले की सारी स्मृतियां विलुप्त हो गई।                       यहां न सूर्य का प्रकाश था, न चंद्रमा की चांदनी। वातावरण में चारों ओर दूधिया प्रकाश फैला हुआ था जिसका स्रोत कहीं नज़र नहीं आ रहा था। चारों ओर एक विचित्र सी खामोशी फैली हुई थी।                       उस दूधिया प्रकाश में मैं चारों ओर देखने लगा। मैं एक चट्टान पर खड़ा चारों ओर दृष्टिपात कर रहा था। उस दूधिया प्रकाश में एक ओर मठ, मंदिर और आश्रमों की कतार थी और दूसरी ओर सुदूर तक फैली शांग्रीला घाटी। घाटी काफी रमणीक और आकर्षक लगी मुझे। चारों तरफ निर्वचनीय शांति का साम्राज्य था।                      घाटी में चलते – चलते मैं ऐसे स्थान पर जा पहुंचा जहां की जमीन स्फटिक की तरह पारदर्शी और चमकीली थी। अचानक मुझे लगा मानो कोई मेरे कान में फुसफुसाया हो।                      ” जानते हो! यह जमीन जहां तुम खड़े हो – एक महान योगी की प्रबल इच्छा शक्ति के वशीभूत है। इतना ही नहीं, इस जमीन का अगोचर संबंध लोक – लोकान्तरों से है। इच्छा शक्ति के अधीन है। ”                        ” मैं कुछ समझ नहीं पा रहा हूं।” – मैंने मन ही मन कहा।                        ” थोड़ा रुको, अभी तुम्हारी समझ में आ जायेगा।”  मानो मेरे कानों में फिर किसी ने सरगोशी की हो।                         सचमुच कुछ ही देर बाद एक विचित्र सा दृश्य धीरे – धीरे मेरे सामने उभरने लगा। वह पारदर्शक और चमकीली जमीन काफी दूर तक लाल रंग की हो गई और उसमें से रंग -बिरंगी रश्मियां निकलने लगी। कभी -कभी वे रश्मियां आपस में टकरा भी जाती। उनके टकराने से चिंगारिया सी निकलती जो आकाश में काफी ऊंचे तक फैल जाती। बड़ा ही विचित्र और अद्भुत दृश्य था वह। सहसा रश्मियों का टकराना और चिंगारिया निकलना बंद हो गया। अब रश्मियां आपस में घनीभूत होने लगी। उसमें से एक आकार प्रकट होने लगा। शनैः-शनैः आकार बड़ा होता गया और एक विशाल महल का रूप लेता गया। पूरा महल पारदर्शक और शुभ्र धवल प्रकाश से प्रकाशित था। लगा जैसे पूरा महल कांच का बना हो।                        महल के सामने काफी लंबी -चौड़ी पारदर्शक सीढ़ियां थी उसके बाद काफी बड़ा और भव्य फाटक था। फाटक के दोनों तरफ काले पत्थर के विशाल हाथी बने थे जो सूंड को ऊपर उठाए स्वागत में खड़े थे।                      ” किसका महल है ये ? – मेरे मन ने सवाल किया।                       ” ये महल नहीं ,आश्रम है। उसी योगी की इच्छा सृष्टि। उसी की प्रबल इच्छा शक्ति से इसका निर्माण हुआ है। सूक्ष्म जगत में रहते हुए वह योगी अपने योग बल से कभी – ८कभार ऐसे स्थान पर ऐसी सृष्टि कर देते हैं। ऐसी लीला वे क्यों करते हैं, क्या उद्देश्य है? वह परम महायोगी कौन है? नहीं बतलाया जा सकता!”                         पता नहीं कौन मेरे मस्तिष्क में चल रहे सवालों का जवाब देता जा रहा था। दिखाई कोई नहीं दे रहा था, सिवाय भव्य महल के।                         मुझे फिर सुनाई पड़ा – ” उसके बारे में कोई कुछ नहीं जानता। सब कुछ रहस्यमय है। योग विज्ञान प्रकृष्ट विज्ञान है। कार्य और ज्ञान को आपस में आदत्त किए बिना प्रकृष्ट विज्ञान में विशेषज्ञ होना असम्भव है ….!”                         इस प्रकार मेरे मन में जितनी जिज्ञासाएं उत्पन्न होती, उन सभी का उत्तर मुझे मिलता गया। मेरे मन में शंकाओं के जो काले बादल घिरे थे, धीरे -धीरे छंटने लगे।§§§§§§§§                    मैंने महल के विशाल फाटक को पार किया और अंदर प्रवेश कर गया। अंदर प्रवेश करने पर मुझे महसूस हुआ कि एक धुंधली सी छाया मेरे साथ चल रही है। सिर पर जटाजूट और काठी , चालढाल में गुरुदेव कालिकानंद अवधूत जैसा महसूस हो रहा था। हालांकि चेहरा स्पष्ट नहीं दिख रहा था। धुंए की बनी आकृति थी जो मेरे साथ चल रही थी।                    आगे काफी लंबा -चौड़ा किसी फुटबॉल के मैदान जैसा आंगन था। इसमें बीच में पारदर्शी कमल की आकृति का विशाल फव्वारा बना था जिसके बीच में एक स्त्री की पारदर्शी प्रतिमा बनी थी। स्त्री के हाथ में स्वर्ण कलश था। उस कलश से फव्वारे का पानी निरंतर नीचे गिर रहा था। चारों ओर तरह -तरह के रंग -बिरंगे ऊंचे – ऊंचे वृक्ष खड़े थे जिन पर ऐसे – ऐसे सुंदर पक्षी चहचहा रहे थे जिनके बारे में न सुना, न कभी देखा था। वातावरण में मदहोश करने वाली सुगंध फैली हुई थी। आंगन के चारों ओर काफी लम्बे – लम्बे दालान थे उसके बाद थे कमरे । दालान के स्तंभों और मेहराबों पर बेल – बूटों की सुंदर नक्काशी और चित्रकारी थी। दीवारों पर सुंदर प्राकृतिक दृश्य अंकित थे। जमीन पर मखमल जैसी मुलायम घास थी।                      मुझे ये सब स्वप्नवत लग रहा था। मानो किसी अलौकिक स्थान पर आ गया होऊं। मैं मुंह बाए किसी गूंगे की तरह इधर -उधर देख रहा था उस महान और परम साधक की कृति को।                     अचानक एक अपूर्व घटना घटित हुई। न जाने कहां से दर्जनों युवतियां वहां आ गई। सभी अप्सराओं जैसी खूबसूरत और वय में 16 – 17 वर्ष की। आश्चर्य की बात ये थी कि सभी की शक्ल – सूरत, रूप – रंग , कद – काठी आदि एक जैसे। सभी ने एक समान गेरुएं रंग की साड़ी पहन रखी थी और गले में थी स्फटिक की मालाएं। सभी के चेहरे अपूर्व तेज़ से दमक रहे थे।                      युवतियों के हाव – भाव से मुझे लगा जैसे इन्हें किसी की प्रतीक्षा हो। मेरा अनुमान सही था। कुछ ही पल बाद मैंने देखा कि रुपहले प्रकाश का एक तेज पुंज वहां दिखाई दिया। वह प्रकाश पुंज कैसा था इसका ठीक – ठीक वर्णन करने की सामर्थ्य मुझमें नहीं है बस समझ लीजिए कि अद्भुत था वह प्रकाश पुंज। उसके चारों ओर सुनहरे रंग का वलय था जिसमें से रश्मियां निकल रही थी। मानवाकृति का वह प्रकाश पुंज चलकर आश्रम के भीतर जाने लगा। युवतियां भी उसके पीछे – पीछे चलने लगी।                       मैं अपने आप से सवाल करने लगा कि ये प्रकाश पुंज कैसा है। मेरे भीतर से आवाज आई मानो मेरे मन के प्रश्न का किसी ने उत्तर दिया हो।                      ” ये प्रकाश पुंज आत्मशरीर है।”                      ” आत्मशरीर !” – चौंक कर मैं बोला।                      ” हां, आत्मशरीर! योगियों का आत्मशरीर ऐसा ही होता है। ”                        ” किस योगी का है ये आत्मशरीर ?”                         ” उसी महान और परम योगी का, जिसकी ये रचना है। ” – मेरे भीतर से किसी ने जवाब दिया।                         ” अच्छा!” – कहकर मैं अपलक जाते हुए उस प्रकाश पुंज को देखता रहा। मेरे साथ चल रही धुंए की छाया का रूप प्रकट होने लगा। मेरे साथ मेरे गुरुदेव कालिका नंद अवधूत ही थे। अब वे पूर्ण रूप से भौतिक शरीर में थे। पहले भी मैनें उन्हें पहचानने में भूल नहीं की थी। मैंने नतमस्तक होकर गुरुदेव को प्रणाम किया।                        ” तुम्हारी उत्कट अभिलाषा थी न शांग्रीला घाटी को देखने की? देखो, जी भरकर देखो। यही है वो घाटी!” – गुरुदेव मुझसे मुखातिब होकर बोले।                        ” ये सब आपके आशीर्वाद और कृपा से संभव हो सका है गुरुदेव।” – मैं कृतज्ञ स्वर में बोला।                         मैं और गुरुदेव उस प्रकाश पुंज की ओर देखने लगे जो एक स्फटिक शिला पर बैठ गया था। युवतियां उसके चारों ओर एक घेरा बनाकर बैठ गई और उस प्रकाश पुंज की ओर निहारने लगी।                        उस समय वातावरण बड़ा ही अलौकिक रहस्यमय लग रहा था। चारों ओर असीम शांति फैली हुई थी। मेरे पूछने पर गुरुदेव ने बताया कि ये युवतियां योगकन्याएं हैं। कई जन्मों की साधना और तप के बाद इन्हें ये दिव्य स्थिति प्राप्त हुई हैं। योग में इसे कैवल्य अवस्था कहते हैं। ये सब आत्मशरीर धारिणी ही हैं लेकिन कौतुक या मनोरंजन के लिए इन्होंने भौतिक शरीर की रचना की है।                         ” क्या ऐसा संभव है गुरुदेव? ” – मैंने उत्सुकता से पूछा।                         ” क्यों नहीं ,आत्मशरीर को प्राप्त कर लेने के पश्चात योगात्माएं अपनी इच्छानुसार कभी भी अपने लिए स्वयं भौतिक शरीर की रचना कर सकती है और कोई भी रूप धारण कर सकती हैं।”                         मैं जब गुरुदेव से वार्तालाप कर रहा था तभी अचानक मेरी दृष्टि उस प्रकाश पुंज की ओर गई। उधर मेरी दृष्टि पड़ते ही स्तब्ध रह गया मैं।

WhatsApp Image 2026-07-20 at 15.13.50 (1) — Vcare Language Academy

Author

Leave a Comment