मेघा राठी का उपन्यास ‘वहाँ कौन है ‘ भाग -39

वहाँ कौन है? (भाग 39)

कुमार अब भी उसी स्थान पर खड़ा था जहाँ कुछ क्षण पहले पत्थर की भूमि पारदर्शी दर्पण बन गई थी। उसकी दृष्टि बार-बार उसी फर्श पर लौट जाती, मानो उसे विश्वास ही न हो रहा हो कि अभी जो कुछ उसने देखा, वह केवल कुछ क्षणों का भ्रम था।

उदय ने उसके कंधे पर हाथ रखा, “ऐसे क्या देख रहे हो कुमार? हमारे साथ ऐसी घटनाएँ पहली बार नहीं हो रही हैं। अब तक तो तुम्हें इनकी आदत हो जानी चाहिए।”

कुमार ने धीरे-धीरे सिर उठाया। उसके चेहरे पर थकान स्पष्ट थी,”आप सही कह रहे हैं सर लेकिन जब हर दृश्य किसी अनजान जगह का न होकर अपने ही जीवन का लगने लगे, तब आदत भी साथ छोड़ देती है।”

उसने एक क्षण रुककर कहा “ऐसा लगता है जैसे मैं यहाँ भी हूँ और कहीं बहुत दूर भी…जैसे किसी ने मेरी स्मृतियों के कुछ पन्ने मुझसे छिपा दिए हों और अब एक-एक कर वापस लौटा रहा हो।”

मायरा उसके समीप आई,”कुमार!”उसने हल्के से उसका कंधा दबाया, “हम सब तुम्हारे साथ हैं। जो भी है, उसका उत्तर भी यहीं कहीं होगा।”

कुमार ने हल्की मुस्कान देने का प्रयास किया।

“चलो… देखते हैं इस जगह ने और क्या छिपा रखा है।”, मायरा ने उसे उठने का इशारा किया।

सभी की दृष्टि उस विशाल पत्थर के आसन पर टिक गई।उसके पीछे फैली पंखों जैसी नक्काशी, दोनों ओर लिपटे सर्प और सामने रखा विचित्र मुखौटा ।

उदय आगे बढ़ा।उसने अपना बैग खोला।एक-एक कर कई उपकरण बाहर निकाले। प्रभा मुस्कराई ,” सर का बैग देखकर ऐसा नहीं लगता जैसे पूरी प्रयोगशाला ही साथ ले आए हों।”

सुक्खी हँस पड़ा, “ओए, अगर यहाँ चाय बनाने वाली मशीन भी निकल आई न… मैं बिल्कुल हैरान नहीं होऊँगा,वैसे जरूरत भी लग रही है चाय की और अब तो भूख भी लगने लगी।”

तनाव भरे वातावरण में भी सबके चेहरे पर हल्की मुस्कान आ गई।सबसे पहले उदय ने एक पोर्टेबल एक्स-रे फ्लोरेसेंस एनालाइज़र निकाला, “इससे बिना नुकसान पहुँचाए किसी भी धातु या पत्थर की संरचना का पता चल जाता है।”

उसने मुखौटे की ओर किरण भेजी।स्क्रीन पर कुछ रेखाएँ उभरीं फिर अचानक बेतरतीब होने लगीं।कुछ सेकंड बाद स्क्रीन पर केवल एक संदेश दिखाई दिया –UNKNOWN COMPOSITION

“असंभव…” उदय बुदबुदाया।

“क्या हुआ सर?” प्रभात ने पूछा।

“यह किसी भी ज्ञात धातु से मेल नहीं खा रहा।”

अब प्रभा ने अपना डिजिटल मैग्नेटिक फ्लक्स मीटर निकाला, “यदि इसमें कोई चुंबकीय व्यवस्था होगी तो यह बता देगा।”

उसने मुखौटे के चारों ओर यंत्र घुमाया।शुरुआत में सूई बिल्कुल स्थिर रही फिर अचानक इतनी तीव्र गति से घूमने लगी कि उपकरण से तीखी बीप सुनाई देने लगी।

“पीछे हटो!”प्रभा ने तुरंत यंत्र बंद कर दिया,”यह सामान्य चुंबकीय क्षेत्र नहीं है।”

“अब मेरी बारी।”, प्रभात ने मुस्कुराते हुए अपने बैग से एक छोटा अल्ट्रासोनिक रेज़ोनेंस स्कैनर निकाला।उसने मुखौटे पर ध्वनि तरंगें छोड़ीं।सभी ध्यान से स्क्रीन देखने लगे पर इस बार कुछ और ही हुआ।स्क्रीन पर मुखौटे की आकृति बनने के बजाय आड़ी टेढ़ी लकीरें बनने लगीं।

मायरा अब तक चुप थी।वह धीरे-धीरे सिंहासन के पास पहुँची।उसने झुककर उसकी नक्काशियों को ध्यान से देखा, “उदी “

“हाँ?”

“इधर आओ।”मायरा ने उसे अपने पास बुलाया। “इस सिंहासन के चारों ओर ये छोटी–छोटी आकृतियां क्या है? कुमार, तुम भी यहां आओ और देखकर बताओ कि कहीं ये दीप्ताक्षर लिपि में कुछ लिखा हुआ तो नहीं!”

कुमार ने पास आकर वृत्त में बनी उन आकृतियों को श्याम से देखा और उसके बाद सिर हिला दिया,” नहीं यहां कुछ नहीं लिखा हुआ है।”

उधर जंगल के बीच बने पुराने विश्रामगृह में रामसेवक अपनी लकड़ी की चौकी पर शांत बैठा था।कमरे में वही मंद संगीत लहरों की तरह बह रहा था।अचानक उसके सामने हवा काँपने लगी।रुपहले और सुनहरे सूक्ष्म कण जाने कहाँ से प्रकट हुए।वे सीधी रेखा में नहीं उड़ रहे थे।वे एक निश्चित क्रम में घूम रहे थे।

पहले एक वृत्त बना..फिर उसके भीतर तीन त्रिकोण…फिर उन त्रिकोणों के मध्य एक सूक्ष्म बिंदु। रामसेवक ने जैसे ही वह आकृति देखी, उसकी आँखों में चमक आ गई।

“अच्छा…”, उसने मुस्कराकर कहा।”तो उन्होंने प्रथम द्वार पार कर लिया।”

उसने दोनों हाथ जोड़कर उसी आकृति की प्रतिकृति बनाई।क्षणभर बाद कमरे की खिड़की से गुलाबी रंग की एक परिचित छाया भीतर आई…वही रहस्यमयी चिड़िया..वह सीधे उसके कंधे पर आ बैठी।

उसने गर्दन फुलाकर कई मधुर स्वर निकाले।रामसेवक ध्यान से सुनता रहा, “शाबाश बिटिया।”उसने स्नेह से उसकी पीठ सहलाई, “तुमने अपना कार्य ठीक से किया।”

चिड़िया ने प्रसन्न होकर पंख फड़फड़ाए।रामसेवक का चेहरा गंभीर हो गया, “अब उनसे एक क्षण के लिए भी दृष्टि मत हटाना। उनकी एक छोटी-सी भूल।” उसने जंगल की ओर देखा।”हमारे पूर्वजों के सौ वर्षों के तप को व्यर्थ कर सकती है।”

चिड़िया ने जैसे उसकी आज्ञा समझ ली।वह एक तीव्र चक्कर लगाकर फिर उसी दिशा में उड़ गई जिधर कुमार और उसके साथी गए थे। रामसेवक कुछ देर तक उसे जाता देखता रहा।फिर बहुत धीमे स्वर में बोला, “काश इस बार सब अच्छा हे से हो और हम सफल हो जाएं!”और उसकी आँखें बंद हो गईं।

वही उस गुफा में कक्ष का रहस्य अब भी वैसा ही मौन था।उदय ने मुखौटे की ओर हाथ बढ़ाया,”एक अंतिम परीक्षण और।”उसने इस बार मोटे दस्ताने पहन लिए और शिलाखंड से बने सिंहासन पर बैठ गया।

“उदी, सावधानी से।” मायरा ने कहा।

उदय मुस्कराया, “चिंता मत करो, मुझे बहुत अनुभव है ।इतनी आसानी से हार मानने वालों में से नहीं हूँ।”

उसकी उँगलियाँ जैसे ही मुखौटे के किनारे को स्पर्श करने पहुँचीं ही थी कि सिहासन एक पल में तेज गर्म होकर लाल हो गया और इसी के साथ जोर की आवाज हुई..धड़ाम्म्म!

एक प्रचंड विद्युत-आघात पूरे कक्ष में गूँज उठा।चमक इतनी तीव्र थी कि सबकी आँखें अनायास बंद हो गईं…

“उदी!”, मायरा लगभग दौड़ती हुई उदय तक पहुँची। तेज़ विद्युत-आघात के कारण उदय कई कदम पीछे जा गिरे थे। उनके दस्तानों से धुएँ की हल्की लकीर उठ रही थी और हथेलियाँ झनझना रही थीं।

“मैं… ठीक हूँ…” उदय ने गहरी साँस लेते हुए कहा, “लेकिन यह बिजली जैसी नहीं थी। “उसने अपनी हथेली को देखते हुए धीमे स्वर में कहा, “ऐसा लगा… जैसे किसी ने मेरे दिमाग को एक पल से भी कम हिस्से में स्कैन किया हो और फिर निर्णय लिया कि मै अस्वीकार हूं।”

कुछ क्षण तक वहाँ मौन छाया रहा।गुफा फिर पहले जैसी शांत हो गई थी, मानो कुछ हुआ ही न हो।

सुक्खी ने धीरे से कहा, “मुझे तो लग रहा है… यह जगह किसी को पहचानती है।”

प्रभा ने सहमति में सिर हिलाया,”अब तक जितनी भी घटनाएँ हुई हैं, उनमें एक बात समान रही है। हर बार प्रतिक्रिया केवल कुमार के साथ हुई है।”

वह सिंहासन की ओर देखते हुए बोली,”दरवाज़ा उसी ने खोला… दीप्ताक्षर वही पढ़ पाया… सुनहरे कण उसी के चारों ओर आए… दृश्य भी उसी ने देखे…”

उसने एक क्षण रुककर कुमार की ओर देखा,”…तो संभव है कि यह स्थान भी उसी की प्रतीक्षा कर रहा हो।”

कुमार ने तुरंत सिर हिला दिया,”नहीं प्रभा। अभी-अभी देखा न ? सर को कितना तेज़ झटका लगा। अगर मेरे साथ उससे भी…”

“तभी तो तुम्हें करना होगा।”, इस बार यह आवाज़ मायरा की थी।
“डरना स्वाभाविक है कुमार… लेकिन अगर यह स्थान हर बार तुम्हें ही बुला रहा है तो कोई और तुम्हारी जगह यह नहीं कर सकता।”

कुमार कुछ क्षण चुप रहा।उसने एक-एक कर अपने सभी साथियों को देखा।सबकी आँखों में मायरा की बात की पुष्टि थी।

उसने गहरी साँस ली,”ठीक है, अगर सबको यही लग रहा है तो ठीक है…यह काम अब मै ही करूंगा।”

धड़कते दिल और भारी होती हुई सांसों के साथ धीरे-धीरे वह सिंहासन की ओर बढ़ा।गुफा के भीतर फिर वही विचित्र निस्तब्धता उतर आई।उसके प्रत्येक कदम की आहट दीवारों से टकराकर लौट रही थी।

वह सिंहासन के सामने आकर रुक गया।अभी कुछ ही क्षण पहले जहाँ उदय बैठा था, वही शिलाखंड अब बिल्कुल सामान्य दिखाई दे रहा था। न लाल…न तप्त…न किसी प्रकार की गर्मी।

कुमार ने सावधानी से अपनी हथेली उस पर रखी।

“कैसा है?” उदय ने पूछा।

कुमार ने आश्चर्य से उत्तर दिया,”ठंडा , बिल्कुल सामान्य।”

सभी ने एक-दूसरे की ओर देखा।यह पहला उत्तर था जो उनके अनुमान की पुष्टि कर रहा था।

कुमार धीरे से सिंहासन पर बैठ गया।कुछ भी नहीं हुआ।गुफा वैसी ही शांत रही।सुक्खी ने राहत की साँस ली।,”लगता है इस बार तो…”
उसकी बात पूरी भी नहीं हुई थी कि प्रभा ने मुखौटे की ओर इशारा किया, “अब यह भी…”

कुमार ने धीरे से वह मुखौटा उठाया।जितना विचित्र वह दूर से दिख रहा था पास से उससे कहीं अधिक अद्भुत था।वह किसी धातु का प्रतीत नहीं होता था।उसकी सतह पर न जाने कितनी सूक्ष्म रेखाएँ थीं जो देखने के कोण के साथ बदल जाती थीं।

उसने उसे दोनों हाथों में थामा और आशंका से आँखें बंद कर ली। कुछ देर तक कुछ नहीं हुआ तो उसने धीरे-धीरे मुखौटा अपने चेहरे पर लगा लिया।

कुछ देर तक कुछ नहीं हुआ। मगर सबकी धड़कने सामान्य से तेज हो चुकी थीं।अचानक ऐसा लगा मानो गुफा के भीतर सहस्रों सूर्यों का प्रकाश एक साथ फट पड़ा हो। एक प्रचंड प्रकाश-विस्फोट पूरे कक्ष में फैल गया।

उसकी चमक इतनी तीव्र थी कि उदय, मायरा, प्रभा, प्रभात और सुक्खी ने सहज ही अपनी आँखें बंद कर लीं। कुछ क्षणों के लिए किसी को कुछ दिखाई ही नहीं दिया।उसी के साथ पूरा कक्ष भयावह कंपन से भर उठा।

“सब… सावधान रहो!” उदय की आवाज़ गूँजी पर वह भी उस गर्जना में दबकर रह गई।

सब तेज रोशनी में भी अपनी आँखें खोलने का साहस कर थे लेकिन सफल नहीं हो पा रहे थे।

सिंहासन रोशनी के विस्फोट में अपना रूप बदल रहा था। उसकी पीठ पर उकेरे गए विशाल पंख अब पत्थर की नक्काशी नहीं रहे थे।वे सचमुच जीवित पंखों की भाँति धीरे-धीरे फड़फड़ा रहे थे।उन पंखों के फैलते ही वातावरण में हल्की-सी कंपन उत्पन्न होती और चारों ओर उपस्थित धूल के सूक्ष्म कण मानो किसी अदृश्य लय पर नृत्य करने लगते।

सिंहासन की दोनों बाँहों पर लिपटे हुए पत्थर के सर्प भी धीरे-धीरे गति करने लगे।पहले उनकी पूँछ हिली, फिर उनका विशाल शरीर और अंततः दोनों ने एक साथ अपने फन ऊपर उठा लिए।

उनकी नीली आँखें खुलीं तो ऐसा लगा जैसे दो नीलमों के भीतर बिजली कैद हो।

अगले ही क्षण दोनों सर्पों की आँखों से अत्यंत तीव्र प्रकाश-धाराएँ निकलकर उस विशाल प्रकाश-पुंज में समा गईं।प्रकाश और भी प्रचंड हो उठा।

उसी पल में,सिंहासन के चारों ओर बने वृत्ताकार चिह्नों में हलचल होने लगी किन्तु इस बार वहाँ किसी साधारण रोशनी का दृश्य नहीं था।फर्श पर बने असंख्य सूक्ष्म वृत्त, रेखाएँ, बिंदु और ज्यामितीय आकृतियाँ एक-एक करके सक्रिय होने लगीं।

वे बिल्कुल वैसे दिखाई दे रहे थे जैसे किसी अत्यंत विकसित सभ्यता के विशाल नियंत्रण-पटल पर हजारों संकेतक एक साथ कार्य करने लगे हों। रंग बिरंगी चमक के साथ वे सभी आकृतियां जल बुझ रही थीं।

ऐसा लगता था मानो पूरा पत्थर का फर्श किसी जीवित, बुद्धिमान यंत्र में बदल गया हो जो सदियों की निद्रा के बाद पहली बार सक्रिय हुआ हो…जैसे किसी वैज्ञानिक नियंत्रण प्रणाली हो।

कुमार अब भी सिंहासन पर निश्चल बैठा था।उसके चेहरे पर लगा मुखौटा उसी प्रकाश-पुंज का हिस्सा बन चुका था।अब पहचानना कठिन था कि प्रकाश मुखौटे से निकल रहा है या मुखौटा स्वयं प्रकाश में विलीन हो चुका है।

अचानक पूरे कक्ष में एक अत्यंत गंभीर, गूँजती हुई ध्वनि उठी। मानो किसी अज्ञात व्यवस्था ने अपना अंतिम चरण आरम्भ कर दिया हो।फर्श पर दौड़ती रंग-बिरंगी प्रकाश-रेखाएँ एक-एक कर सिंहासन की ओर प्रवाहित होने लगीं।

दोनों सर्पों की नेत्र-ज्योति भी उसी ऊर्जा में विलीन हो गई।सिंहासन के पीछे फड़फड़ाते पंख पूरी तरह फैल गए।और अगले ही क्षण वह प्रकाश-पुंज तीव्र गति से फैलने लगा फिर देखते ही देखते पूरा कक्ष उसी दिव्य प्रकाश में डूब गया…
Megha

( यात्रियों से निवेदन है अपनी सीट बेल्ट कस कर बांध लें। गिरने पर जल लोक या नाग लोक पहुंच गए तो कुमार के विमान की जिम्मेदारी नहीं होगी। वैसे कमेंट न करने पर यह खतरा बहुत बढ़ सकता है😈)

WhatsApp Image 2026-06-26 at 18.05.06 (1) — Vcare Language Academy

Author

Leave a Comment