अनिल पुरोहित का उपन्यास ‘उस पार ‘ भाग -18

उस पार

भाग -18

प्रकाश पुंज अब एक पूर्ण मानवाकृति में परिवर्तित हो रहा था। आश्चर्य और कौतूहल से देखता रह गया मैं। कुछ ही देर में एक दिव्य तेज युक्त महात्मा दिखाई देने लगे। पद्मासन की मुद्रा में बैठे थे वे और आंखें बंद थी। निर्विकार भाव से ध्यानस्थ बैठे हुए । युवतियों ने चारों ओर से उन्हें घेर रखा था। कोई किसी से बोल नहीं रहा था। वातावरण में किसी भी प्रकार की कोई ध्वनि नहीं थी।

मुझे समय का कोई भान नहीं रहा। न जाने कब तक डूबा रहा मैं उस आध्यात्मिक और अथाह शांति सागर में। अचानक बादलों के गरजने और बिजली कड़कने की बहुत तेज़ ध्वनि से वातावरण गूंज उठा। फ़िज़ा में रोशनी की आड़ी -तिरछी रेखाएं नृत्य करने लगी। प्रखर आलोक से उद्भासित हो उठा समूचा रहस्यमय वातावरण। अगले ही पल मेरी आंखों के आगे अंधेरे की चादर खिंच गई। मैंने अपनी आंखें बंद कर ली।

कुछ समय बाद जब मेरी आंखें खुली तो ऐसा कुछ नहीं था जिसका अनुभव मैनें किया था। मेरी तंद्रा भंग हुई तो मैं आंखें फाड़ – फाड़ कर देखने लगा। हैरत की बात थी कि मैं तवांग मठ के अपने ही कक्ष के बिस्तर पर था। कक्ष में मेरे अतिरिक्त कोई नहीं था।

§§§§
§§§§

मैं सोचने लगा। शांग्रीला घाटी की तमाम घटनाएं एक के बाद एक किसी फिल्म की तरह मेरे मस्तिष्क में चलने लगी। मुझे स्वयं मालूम नहीं कि कैसे उस रहस्यमय घाटी से बाहर निकलकर मैं इस वातावरण में लौट आया। जब मेरी बाह्य चेतना लौटी तो लगा जैसे गहरी नींद से जागा हूं और उस गहरी नींद में एक लंबा अलौकिक स्वप्न देखा है जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता। पर मैं सोचने लगा क्या वह सत्य था? निश्चित ही सत्य था। उन अलौकिक और रहस्यमय घटनाओं को स्वप्न कैसे कहा जा सकता है। इन्हीं बातों पर विचार और मंथन करते – करते पता नहीं कब आंख लग गई।

§§§§
§§§§

सुबह किसी ने झकझोर कर मुझे उठाया तो मैंने मिचमिचाती आंखे खोलकर देखा तो सामने रिनजेन मुस्कुराते हुए खड़ा था और मुझे उठाने की कोशिश कर रहा था। मैंने घड़ी में समय देखा सुबह के आठ बज चुके थे। इतने वर्षों में ये पहली बार हुआ था जब मैं सूरज चढ़ने के बाद भी सोता रहा।

रिनजेन ने कहा – ” आपके गुरु कालिका नंद अवधूत का संदेश लाया हूं। एक घंटे बाद उनके कक्ष में पहुंचना है। मैं लेने आ जाऊंगा और हां, आपका नाश्ता और चाय रखी है। जलपान करके तैयार रहना आप।”

ये कहते ही रिनजेन किसी बगोले की तरह हवा हो गया। मैंने सीधे बाथरूम की ओर छलांग लगाई। नित्यक्रिया और स्नानादि से निबटकर फटाफट नाश्ता किया और चाय पीने लगा। चाय अभी तक गर्म थी मानो अभी -अभी बनाई हो। थोड़ी देर तक अब तक की यात्रा पर मंथन करने लगा। मुझे यहां रहते हुए ये सातवां वर्ष था। इस दौरान मैनें गुरुदेव की देखरेख में अध्यात्म और साधना के अनेक सोपान पार किए थे। बाहरी दुनिया से मैं लगभग कट गया था। कल की शांग्रीला घाटी की यात्रा को लेकर मेरे मन में थोड़ा संशय था कि ये वास्तव में घटित हुआ था या कोई स्वप्न था। मैं विचार करने लगा कि गुरुदेव से मिलते ही सबसे पहले यही पूछूंगा।

मैं विचारमग्न था इतने में रिनजेन की आहट से मेरी तंद्रा भंग हो गई। मैं तुरंत उसके साथ हो लिया। रिनजेन पता नहीं किन घुमावदार रास्तों और भूल -भुलैया से होता हुआ मुझे गुरुदेव के कक्ष तक छोड़ गया।

कक्ष के अंदर गया तो गुरुदेव मेरी ही प्रतीक्षा कर रहे थे। मैंने श्रद्धापूर्वक गुरुदेव के चरण स्पर्श किए तो पहली बार उन्होंने मुझे आशीर्वाद देकर तख्त पर अपने पास बैठा लिया।
गुरुदेव मुझे देखकर मंद -मंद मुस्कुरा रहे थे। मैं चुपचाप उनकी ओर देखे जा रहा था।

” तुमने कल रात वास्तव में शांग्रीला घाटी को देखा है। मैं स्वयं तुम्हारे साथ था। तुमने जो कुछ देखा वो अक्षरशः सत्य है। ” – गुरुदेव धीर गंभीर आवाज में बोले।

मेरे मन में उत्पन्न सारी शंकाएं दूर हो चुकी थी। मैं अच्छी तरह समझ चुका था कि जो कुछ मैंने देखा, अविस्मरणीय अनुभव था, एकदम सत्य था। सनातन सत्य। मेरे मुखमंडल पर आत्मविश्वास का तेज झलकने लगा।

मेरे मन में पुनः शांग्रीला घाटी के दृश्य चलने लगे। मैं सोचने लगा हजारों फुट ऊंची दुर्गम पर्वतमालाओं से घिरी उस रहस्यमय घाटी की खोज में अब तक न जाने कितने लोगों ने अपनी जान गंवा दी पर सफलता किसी को न मिली।

अचानक गुरुदेव मुझसे मुखातिब हुए और बोले – ” आज एक ऐसे रहस्य की बात तुम्हें बता रहा हूं, जिसके बारे में बहुत कम लोगों को जानकारी है।

गुरुदेव की बात सुनकर मेरी उत्कंठा अत्यंत तीव्र हो गई कि ऐसा क्या राज है? कौनसी ऐसी बात है जिसके बारे में गुरुदेव मुझे बताने जा रहे हैं। मैं सचेत होकर बैठ गया ताकि गुरुदेव के एक – एक शब्द को सुनकर आत्मसात कर सकूं।

§§§§
§§§§

30 नवंबर 1962 वार शुक्रवार।

मैं गुरुदेव के सामने बैठा प्रतीक्षा कर रहा था कि वो ऐसा कौनसा राज़ है जिसे गुरुदेव मेरे सामने खोलना चाहते हैं। मैं एकटक उनकी ओर देखे जा रहा था।

” क्या तुम्हें पता है , जिस रहस्यमय शांग्रीला घाटी की तुमने कल यात्रा की है,उसकी तलाश वर्षों से चीन को भी है? “

” नहीं, मुझे नहीं पता।” – मैंने जवाब दिया।

” अभी पिछले महीने चीन ने भारत पर आक्रमण किया था, ये तो मालूम ही है तुम्हें, पर ये नहीं मालूम कि उसने आक्रमण क्यों किया? इसका राज़ आज तुम्हारे सामने खोल ही देता हूं। नेहरू की चीन से मित्रता है, इसके बावजूद नेहरू की प्रतिष्ठा को आघात पहुंचाने या भारत की लोकतांत्रिक व्यवस्था पर चोट पहुंचाने के लिए चीन ने आक्रमण नहीं किया था, जैसा कि सब सोचते हैं।” – कहकर गुरुदेव एक पल के लिए रुके और मेरे चेहरे के भाव पढ़ने लगे।

” चीन का भारत पर आक्रमण करने का उद्देश्य केवल और केवल शांग्रीला घाटी का पता लगाना और उस पर कब्जा करना था और इसी नीयत से उसने आक्रमण किया।”

” क्या … …? ” – मारे हैरत के मेरा मुंह खुला का खुला रह गया।

” क्या तुमने कभी गहराई से विचार किया है कि चीन ने क्यों और किसलिए आक्रमण किया था? सच तो यह है कि आज तक कोई भी अधिकारपूर्वक या स्पष्ट शब्दों में उत्तर नहीं दे सका है कि चीनियों ने आक्रमण क्यों किया? इसके साथ आश्चर्य की बात ये भी है कि चीनियों ने एक पक्षीय युद्ध विराम घोषित होने के तुरंत बाद अपनी सेनाएं वापस क्यों बुला ली? साथ ही इससे भी आश्चर्यजनक और विचारणीय बात है कि चाउ एन लाई, माओत्से तुंग या हुआ कुओ फंग जैसे किसी भी नेता ने अभी तक इस प्रश्न का कोई ठोस उत्तर नहीं दिया है।”

गुरुदेव की इन तर्कपूर्ण बातों पर मैनें गंभीरता पूर्वक विचार किया। मुझे उनका तर्क उचित जान पड़ा। भारत पर चीनियों का आक्रमण और उनकी वापसी अभी तक रहस्य बनी हुई है।

” मेरे सिवा इस तवांग मठ में रहने वाले कुछ ही लामा ऐसे हैं जो चीनी आक्रमण के वास्तविक तथ्यों से भली – भांति परिचित हैं। जैसा तुमने भी मेरी बात पर सहसा विश्वास नहीं किया उसी प्रकार इस मामले में उन लामाओं की बात पर सहज ही कोई विश्वास नहीं करेगा।” – कहकर गुरुदेव रुके और मेरी ओर देखने लगे।

अचानक गुरुदेव ने तिपाई पर रखे दो कप उठाए जिनमें से भाप निकल रही थी। एक कप मेरे हाथ में देकर दूसरे से वे स्वयं चाय पीने लगे। मेरी भी चाय पीने की इच्छा हो रही थी जिसे गुरुदेव ने योगबल से भांप लिया था। उनके विचार करते ही चाय के दो कप तिपाई पर प्रकट हो गए। एक कप मैंने और दूसरा गुरुदेव ने उठा लिया।

” क्या तुमने जेम्स हिल्टन का नाम सुना है? इनकी एक प्रसिद्ध पुस्तक है – ‘ लोस्ट होराइजन ‘ ( खोया हुआ क्षितिज) के नाम से। इस पुस्तक में जेम्स हिल्टन ने कुछ ऐसी रहस्यमय घाटियों का वर्णन किया है जहां के लोग सैंकड़ों वर्षों तक जीवित रहते हैं और बूढ़े नहीं होते। इसी संदर्भ में उन्होंने शांग्रीला घाटी का भी वर्णन किया है। इस पुस्तक को पढ़कर अनेक देशी -विदेशी लोग शांग्रीला घाटी की खोज में गए पर किसी को सफलता नहीं मिली। अनेक लोग हमेशा के लिए गायब भी हो गए, कुछ भी पता न चला उनका। खैर…!”

हमारी चाय तब तक समाप्त हो गई थी। खाली कप मैंने तिपाई पर वापस धर दिया। गुरुदेव ने मेरी ओर गहरी दृष्टि डाली और बोले – ” चीनियों को शांग्रीला घाटी के बारे में कब और कैसे जानकारी हुई ,ये तो निश्चित रूप से नहीं बताया जा सकता पर ये निश्चित रूप से कहा जा सकता है कि शांग्रीला घाटी की प्रबल जिज्ञासा के वशीभूत 1950 में चीन ने तिब्बत पर अधिकार किया था। तिब्बत पर उनका आक्रमण करने का एकमात्र कारण शांग्रीला घाटी का पता लगाना था। लेकिन वे अपने प्रयास या उद्देश्य में सफल नहीं हुए। उनके टोही विमान घाटी का पता लगाने के लिए आज भी तिब्बत के आकाश में नियमित उड़ान भरते रहते हैं -परंतु वे अभी तक सफल नहीं हुए और होंगे भी नहीं।

” चीनियों को अभी तक उस घाटी का पता नहीं चला, इतने विश्वास से आप कैसे कह सकते हैं? – मैंने अपनी शंका जाहिर करते हुए कहा।

” जिस दिन चीन को इस घाटी का पता चल जायेगा, उस दिन चीन के सारे बड़े -बड़े नेता वहां चले जायेंगे, एक भी पीकिंग में नहीं रहेगा।” – गुरुदेव एक क्षण के लिए रुके फिर कहा – ” सृष्टि का विस्तार असीम है और इस असीम विस्तार में पृथ्वीलोक रहस्यमय ग्रह है। यहां वर्तमान में ज्ञान की अपेक्षा विज्ञान अधिक व्यापक है क्योंकि पश्चिमी देश विज्ञान को अधिक तरजीह देते हैं। रहस्य के पर्दे इतने पड़े हैं कि हमारी जानकारी लगभग नगण्य ही है। सूक्ष्म जगत तो अभी अज्ञात ही है। प्रकृति के रहस्यों को समझने का दावा करने वाली वैज्ञानिक बुद्धि जब रहस्यों का पर्यवेक्षण करती है तो उसे देखकर हतप्रभ रह जाती है। सृष्टि की कोई घटना ऐसी नहीं है जो कारण रहित हो या अवैज्ञानिक हो। “

” इस धरती पर शांग्रीला और उससे मिलती -जुलती घाटियों के अलावा और भी स्थान हैं जो भू -हीनता और वायु शून्यता से प्रभावित चतुर्थ आयामी हैं। उन रहस्यमय स्थानों में जो लोग गए ,हमेशा के लिए गायब हो गए। आज तक उनका कोई पता नहीं चला। लोगों के गायब होने की घटनाएं हजारों वर्षों से चली आ रही है। 18 वीं सदी में स्पेन और फ्रांस के बीच भयानक युद्ध हो रहा था। दो हजार सैनिकों का नेतृत्व कर रहा था कमांडर जर्नबाव। ये सैनिक तीन टुकड़ियों में बंटकर चल रहे थे। देखते ही देखते एकाएक पंद्रह सौ सैनिकों की एक टुकड़ी गायब हो गई। इसकी खोजबीन के लिए विशेषज्ञों की एक टोली भेजी गई लेकिन टुकड़ी का कहीं पता नहीं चला। ऐसी ही एक घटना 1856 में घटी। 650 फ्रांसीसी सैनिकों की एक टोली जर्मन सैनिकों की एक चौकी पर हमला करने के लिए आगे बढ़ रही थी। अचानक एक हल्का सा बवंडर आया और देखते ही देखते 645 सैनिक हवा में गायब हो गए। महीनों तक खोजबीन चलती रही पर उन सैनिकों का कोई सुराग नहीं मिला। कहने का तात्पर्य ये कि ऐसी घटनाएं इस जगत में निरंतर होती रही हैं। “

इसके बाद विभिन्न विषयों पर बातें होती रही। मैं ध्यानपूर्वक गुरुदेव की बातें सुनकर आत्मसात करता रहा। कुछ समय बाद गुरुदेव ने मुझे जाने की आज्ञा दे दी।

इस बार मैनें सोच लिया था कि अपने कक्ष का रास्ता अपने आप तलाश करूंगा। मैं अपने वापसी के रास्ते पर चल पड़ा। मेरे कदम अपने आप चले जा रहे थे मानो मेरे अंतर्मन में रास्ते का नक्शा स्मृति में हो। मेरे मस्तिष्क में विचारों का क्रम निरंतर चलता रहा और कब में अपने कक्ष में पहुंच गया पता नहीं चला। कक्ष में पहुंचते ही मैं सीधे बिस्तर के हवाले हो गया और गहन निद्रा में चला गया। रात को सोते वक्त मुझे भान हुआ मानो मैं एक अंधेरी सुरंग में किसी मछली की भांति तैरता हुआ चला जा रहा हूं। सुरंग में सफेद प्रकाश फैला हुआ था और चिर शांति थी। इसके बाद क्या हुआ मुझे कुछ भी याद न रहा।

क्रमशः
अनिल पुरोहित

WhatsApp Image 2026-07-20 at 15.13.50 (1) — Vcare Language Academy

Author

Leave a Comment