अनिल पुरोहित का उपन्यास ‘उस पार ‘ भाग -19

उस पार

भाग -19

मुझे झरने के पानी के गिरने की हल्की -हल्की आवाज सुनाई दे रही थी। आंखे मिचमिचाकर खोला तो स्वयं को एक बड़ी पत्थर की चौकी पर सोए पाया। मेरे पास कोई सोया हुआ था। उसके चेहरे को देखा तो विनोद था। दिमाग पर जोर दिया तो गुफा में प्रवेश से लेकर अब तक की सारी बातें एक के बाद एक याद आती गई।

साधु महाराज का मुझे कैलाशनाथ कहकर पुकारना फिर स्वप्न में पूर्वजन्म की सारी बातें स्मृति पटल पर कौंध गई। कैसे बीकानेर से वाराणसी की यात्रा फिर वहां से तवांग मठ की यात्रा की सारी घटनाएं एक -एक कर किसी फिल्म की तरह मस्तिष्क में चलने लगी। साधु बाबा ने कहा भी था कि सुबह सोकर उठोगे तो पूर्व जन्म की सभी बातें याद आ जायेगी। सच, वही हुआ था। मेरे मन में विचारों का द्वंद्व चलने लगा। क्या वास्तव में मैं ही पूर्व जन्म का कैलाशनाथ हूं! क्या गुरु आज्ञा के वशीभूत होकर ही मैंने इस गुफा की यात्रा की है? अब मुझे कोई संशय नहीं रहा।

” उठो विनोद, उठो! देखो दिन निकल आया है।” – मैंने झकझोरकर विनोद को उठाया तो वो झटपट उठ बैठा।

मैंने देखा साधु महाराज हवन कुंड के सामने पद्मासन में बैठे थे। मैंने और विनोद ने उठते ही साधु महाराज को प्रणाम किया। थोड़ी ही देर में हम नित्यक्रिया से निवृत होकर स्नानादि कर तैयार होकर साधु महाराज के आगे बैठ गए। मैंने ध्यान से साधु महाराज का चेहरा देखा तो मेरी खुशी का ठिकाना न रहा। साधु महाराज ही मेरे पूर्वजन्म के गुरु कालिकानंद अवधूत थे। मैंने उन्हें पहचान लिया था।

गुरुदेव ने मेरी ओर प्रसन्नता से देखा और बोले – ” क्यों कैलाशनाथ! याद आ गया पूर्वजन्म? “

” हां गुरुदेव! सारी बातें याद आ गई। आपकी कृपा से ही ये संभव हो सका है।” – मैनें जवाब दिया।

” बहुत अच्छा! इस जन्म में तुम्हारी यात्रा अभी शुरू हुई है। आने वाले लगभग 40 वर्षों के बाद जब अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण हो जायेगा तब मैं तुम्हें वहीं सरयू के किनारे मिलूंगा। वहीं से तुम्हारी साधना की दूसरी पारी शुरू होगी और तुम्हारी अधूरी साधना पूर्ण होगी।”

” जो आज्ञा गुरुदेव! अब हमें यहां से बाहर निकलने का रास्ता बताएं? “

” यहां से सीधे – सीधे चलते रहो। बाहर निकलने का रास्ता अपने आप नज़र आ जायेगा। मेरा आशीर्वाद तुम्हारे साथ सदैव है। जाओ, भोजन कर लो और रवाना हो जाओ। “

गुरुदेव को हमने प्रणाम किया और मुड़े ही थे कि केले के पत्तो पर दो व्यक्तियों का गर्म भोजन रखा था। हमने भरपेट भोजन किया और वहां से रवाना हो गए।

हमारे पिट्ठू बैग हमारी पीठ पर बंधे थे। सुरंग अब पहले की अपेक्षा किसी रेल के डिब्बे की तरह संकरी हो गई थी। सुरंग की चट्टाने एकदम साफ और सूखी थी। हम तेज गति से चले जा रहे थे।

सुरंग में ऊपर की दरारों से छन – छन कर प्रकाश रश्मियां अंदर आ रही थी। चलते चलते हमें कई घंटे हो गए। विनोद ने मुझसे कहा – ” यार, काफी समय हो गया थोड़ी देर रुककर पानी – वानी पी लेते हैं। चाय पीने की तलब हो रही है पर वो तो हमारे पास है नहीं।”

हम दोनों किनारे की एक ऊंची समतल चट्टान पर बैठ गए। विनोद ने पानी की बोतल खोली और हमने पेट भर पानी पिया। मैंने पिट्ठू बैग में यूं ही हाथ डाला तो कुछ गर्म सा महसूस हुआ। मैनें यूं ही अपना थर्मस निकाला और ढक्कन खोल कर देखा तो ताजा चाय की गर्म -गर्म भाप निकलने लगी। अचानक ताजा और गर्म चाय देख हमारी खुशी का कोई ठिकाना न था। हमारे सोचते ही अचानक चाय कैसे आ गई, हैरत की बात थी। हम दोनों ने छक कर चाय का रसास्वादन लिया और आगे की यात्रा के लिए तरोताजा होकर चल पड़े।

सुरंग अब पहले की अपेक्षा चौड़ी हो गई थी। मैंने घड़ी में समय देखा शाम के पांच बज रहे थे। अस्ताचलगामी सूर्य की हल्की पीली रोशनी दरारों से छनकर अब भी आ रही थी। चूंकि दिन छिपने वाला था इसलिए हमने चलने की गति और तेज़ कर ली।

कुछ देर चलने के बाद थोड़ी चढ़ाई आ गई थी और सुरंग संकरी होती जा रही थी। कुछ ही दूर आगे हमें सुरंग का मुहाना दिखाई दे गया जिससे होकर रोशनी अंदर आ रही थी। हमारे अंदर खुशी और उत्साह की एक लहर सी फ़ैल गई।

” हुर्रे! ” – विनोद जोर से चिल्लाया और मारे खुशी के मुझसे लिपटकर नाचने लगा। मैंने उसे रोका और कहा – ” यार! पहले बाहर तो निकल जाएं, फिर जितनी मर्जी हो नाच लेना।”

विनोद ने मेरी बात मान ली। हम दोनों ने एक दूसरे का हाथ पकड़ा और सुरंग से बाहर निकलने के लिए दौड़ लगा दी।

§§§§
§§§§

आखिर जैसे तैसे करके हर्षनाथ से सीकर के लिए बस पकड़ी फिर सीकर से किसी तरह सुजानगढ़ पहुंचे। घर पहुंचकर घरवालों को पूरी बात तो नहीं बताई पर इतना झूठ बोलकर बताया कि हमारा स्काउटिंग का कैंप था, उसमें गए थे और जल्दबाजी के कारण बता नहीं पाए ।घरवालों की डांट भी पड़ी कि कैंप में गए थे तो बताना था। आखिर माहौल सामान्य हो गया पर पहाड़ी सुरंग में घटित घटनाएं और पूर्वजन्म की बातें निरंतर जहन में हलचल मचाती रही।

§§§§
§§§§

21 मई 2021 वार शुक्रवार
पूरे विश्व में कोरोना महामारी का खौफ कम नहीं हुआ है। मेरे उसी अजीज़ दोस्त विनोद के साथ अचानक हर्षपर्वत जाने का प्रोग्राम बनाने का विचार किया। अभी कोई काम -धंधा था नहीं। थोड़ा बहुत कार्य ऑनलाइन ही कर रहे थे। विनोद ने दो वर्ष पहले एक सेकंड हैंड कार खरीदी थी जो बहुत ही अच्छी कंडीशन में थी। उसे मैनें हर्ष पर्वत जाने और उस गुफा को फिर तलाश करने की बात कही तो वो फ़ौरन तैयार हो गया।
अगले दिन सुबह हम दोनों हर्ष पर्वत के लिए निकल पड़े। कोरोना के कारण ट्रैफिक ज्यादा नहीं था। दशकों बाद हमारा आना हुआ था। पहाड़ी के ऊपर बने मंदिर तक सड़क बन चुकी थी। विनोद कार ड्राइव करते हुए आराम से ऊपर पहाड़ी तक ले गया। पहाड़ी लगभग 3000 फुट ऊंची है जिस पर एक हजार वर्ष पुराना शिव मंदिर बना हुआ है। मंदिर के दर्शन कर हम नीचे आ गए। पहले का गांव अब कस्बे में तब्दील हो चुका था। पहले जहां इक्की -दुक्की घास – फूस की दुकानें थी अब आधुनिक दर्जनों पक्की दुकानें नज़र आ रही थी। पर्यटन और धार्मिक स्थल होने के कारण माध्यम श्रेणी के होटल बन चुके थे जहां रहने और खाने -पीने की सुविधाएं थी।

मैं विनोद के साथ पास ही एक होटल में प्रवेश किया और एक कमरा बुक किया क्योंकि हमें एक दिन रुकना था। होटल में ही हमने जलपान किया और गुफा को ढूंढने पैदल ही निकल पड़े।

हर्ष पर्वत की तलहटी में बांई तरफ से चलकर हम आगे बढ़ने लगे। हमें अच्छी तरह याद था कि हम फिसलते हुए कहां आकर गिरे थे। थोड़ी ही देर में पहाड़ का चक्कर लगाते हुए हम उस स्थान पर पहुंच गए। वहां से ऊपर की ओर दृष्टि डाली तो सर्पिलाकर में एक पगडंडी ऊपर की ओर जाती दिखाई दी। पगडंडी पर पहले की तरह कंक्रीट जैसे छोटे -छोटे पत्थर साफ़ नुमायां हो रहे थे।

” हम इसी पगडंडी से फिसलते हुए नीचे आकर गिरे थे, मुझे अच्छी तरह याद है।” – आत्मविश्वास भरे स्वर में बोला विनोद।

” हां… जगह तो वही है, इसमें कोई दो राय नहीं। मैनें भी पहचान लिया है।” – विनोद की हां में हां मिलाता हुआ मैं बोला।

पहाड़ की पगडंडी पर काफी ऊंचाई तक बकरियों का एक झुंड दिखाई दिया जो वहां उगी घास चरने में व्यस्त था। कोई गडरिया हमें दिखाई नहीं दिया। हम दोनों सावधानी के साथ पगडंडी पर आगे बढ़ते रहे। कुछ स्थानों पर पैर भी फिसले पर चोट वगैरह नहीं आई।

आखिर कड़ी मशक्कत के बाद पसीने से लथपथ हम लगभग उसी स्थान पर पहुंचे जहां हमारे अनुमान के अनुसार गुफा का द्वार होना चाहिए था। यहां एकदम ठंडी हवा चल रही थी जिससे कुछ राहत मिली। यहां पहाड़ की एक चट्टान किसी विशाल मगरमच्छ के मुंह के जैसी आगे की ओर निकली हुई थी। हमारा अंदाजा था कि हम इसी मगरमच्छ के मुंह की आकृति की चट्टान के अंदर से ही बाहर की ओर गिरे थे। हमने उस चट्टान के चारों ओर खुर्दबिनी निगाह से ध्यानपूर्वक मुआयना किया पर हमें गुफा जैसा कोई भी छोटा या बड़ा छेद नज़र नहीं आया।

तभी अचानक बकरियों के पास आता हुआ गडरिया हमें दिखाई दे गया जो चट्टानों के पीछे से निकल कर आ रहा था। उसकी ” हुर्र -हुर्र ” की तेज आवाज ने हमारा ध्यान उसकी ओर आकृष्ट किया। मैनें उसे जोर से आवाज दी तो वो हमारे पास आया। उसकी काठी दुबली – पतली और छः फुट से कुछ ऊपर निकलती नज़र आ रही थी। उसने घुटनों तक मैली चीकट धोती, ऊपर आधे बांह की बंडी पहन रखी थी। सिर पर था एक मूंगिया रंग का साफा।पास आने पर मैनें ध्यान से उसे देखा। उम्र में अधेड़ अवस्था के इस व्यक्ति का चेहरा झुर्रियों भरा था। आते ही उसने राम -राम की।

मैनें उसके अभिवादन का जवाब दिया और पूछा – ” क्या नाम है तुम्हारा? कहां रहते हो और कितने वर्षों से बकरियां चरा रहे हो?”

एकसाथ इतने प्रश्नों को सुनकर एकबार तो वो हड़बड़ा गया फिर गला साफ करके बोला – ” साहब , मेरा नाम रामऔतार है। वो मेरा घर है। ” – कहते हुए उसने पहाड़ की तलहटी में एक खेत में बने कच्चे -पक्के घर की ओर इशारा किया।

फिर कुछ रुककर कहा – ” …और साहब, बकरियां तो हम बचपन से ही चरा रहे हैं। स्कूल तो गए नहीं, और क्या करते।” – कहते – कहते उसके चेहरे पर विषाद की छाया घिर गई जिससे उसकी झुर्रियां और घनीभूत हो गई।

” क्या तुमने यहां कभी कोई गुफा देखी है?” – इस बार विनोद उससे मुखातिब होता हुआ बोला।

” ह -हां साहब! क्यों नहीं देखी है। ये जो आप मगरमच्छ के मुंह जैसी चट्टान देख रहे हैं, इसी के अंदर गुफा थी जो काफी पहले भूकंप के कारण चट्टाने गिरने से इसका मुंह पूरी तरह से बंद हो गया है। पहाड़ की चट्टान आगे की ओर निकली हुई होने के कारण पहले जब गुफा खुली थी तब भी उसके अंदर जाना मुमकिन नहीं था। मैं तो इसे बचपन से ही देखता आ रहा हूं।”

” क्या किसी को कभी इसके अंदर जाते या निकलते हुए देखा है, या ऐसी कोई आवाज सुनी है जिससे ये पता चलता हो कि इसके अंदर कोई हो सकता है? ” – इस बार मैंने पूछा।

मेरी बात सुनकर हंस पड़ा रामऔतार और बोला – ” क्या बात करते हैं साहब! इसके अंदर जाना असंभव है, हां – जंगली जानवर और सांप आदि तो ऐसी जगह होते ही हैं। सियारों ,भेड़ियों आदि जानवरों की आवाजें तो कभी कभार सुनाई देती थी पर अब तो वो भी बंद हो गई है।”

मैं और विनोद उसे खोद -खोदकर और भी बहुत सी बातें पूछते रहे परंतु उन सब का सार यही था कि अब गुफा का मुहाना पूरी तरह बंद हो चुका है। ये जानने के बाद हम थोड़ा निराश हो गए। काफी समय हो गया था। तेज धूप और गर्मी के मारे हम बेहाल हो चुके थे। हम वापस लौटने के लिए पगडंडी से नीचे उतरने लगे।

होटल में पहुंचकर हमने हाथ – मुंह धोकर खाना खाया और कार से सुजानगढ़ के लिए रवाना हो गए।

31 जनवरी 2024 वार बुधवार
उस मरणदायिनी घटना को आज चालीस वर्ष बीत चुके हैं। कालिकानंद अवधूत की भविष्य वाणी अक्षरशः सत्य साबित हुई है। अयोध्या में रामलला का भव्य मंदिर बन चुका है। पूर्व जन्म की धुंधलीसी स्मृतियां अब भी जहन में है। दो – ढाई वर्ष पहले हर्ष पर्वत की गुफा की जी – तोड़ तलाश की जहां से हम बाहर निकले, पर ऐसा भाग्य कहां कि मिल जाए। अब देखना है कि गुरुदेव की भविष्यवाणी के अनुसार कब अयोध्या की यात्रा का योग बनता है और कब सरयू के तट पर गुरुदेव कालिकानंद अवधूत से मुलाकात होती है। अधूरी साधनाएं जो पूरी करनी है।

समाप्त

अनिल पुरोहित

WhatsApp Image 2026-07-20 at 15.13.50 (1) — Vcare Language Academy

Author

Leave a Comment