नीना अंदोत्रा का उपन्यास ‘ सरोरुह ‘-भाग -10

सरोरुह
भाग -10
हार और जीत के बीच…

वक़्त अच्छा हो या बुरा रुकता नहीं है। चंदों हर रोज़ की तरह अपने घर के काम के साथ बड़े जैलदार के घर पर काम करने जाती रही। हवेली अब भी वैसी ही है, जैसी हमेशा से उसने देखी थी, पर अब जानकी अपने कमरे में नहीं दिखती। कमरे में वे सब सामान भी थे जो जानकी की ग़ैरमौजूदगी और मौजूदगी में हमेशा रहा है, पर इस बार कमरा अपने सामान के साथ भी ख़ाली ही लगा। अब इस कमरे में छुटकी की किलकारियां नहीं, वो महक भी नहीं है जो पूरे घर को महका जाती थी। छोटे बच्चों की महक भी सम्मोहन की कला जानती है और चंदों छुटकी की गंध के सम्मोहन में थी। वह काम करते हुए कुछ पल इस कमरे में ज़रूर बैठती और छुटकी को महसूस करती। उसका ममत्व जाने अनजाने बच्चे के लिए जाग जाता I उसका बच्चा …. , औरत ख़ुद को कठोर दिखा सकती है, बना सकती है पर कई बार कुछ पलों में कमज़ोर भी पड़ जाती है और यह एक ऐसा लम्हा था जिसमें बच्चे की कल्पना ने जन्म लिया जबकि वह जानती थी इस सोच का कोई आधार नहीं है सोच तो सोच है, हवा के झोके की तरह आई ख़्वाब बुना और चली गई I
जानकी से चंदों की रोज़ बात होती है। तभी वह जानती है कि उसका हाल कुछ ज्यादा कुशल नहीं है, फिर भी दोनों सहेलियों ने अभी तक धैर्य बना रखा है। दोनों को इंतज़ार है, वक़्त के साथ धैर्य के बांध के मज़बूत हो जाने का। डरी हुई सफ़ेद लिबास वाली लड़की अपने पैर मज़बूती से पत्थरों के बीच में जमाने की कोशिश कर रही है।
हारने और जीतने के बीच में बने रहना ज़रूरी होता है। हम कितनी देर बने रहते हैं, यही हमारी जीत-हार तय करता है और इसी हार-जीत के लिए हर कोई दौड़ रहा है I सामने वाले को दौड़ा रहा है I बेशक दौड़ते हुए सांसे उखड़ने लगें पर दौड़ना ज़रूरी है I
बड़े जैलदार साब के चेहरे पर हमेशा बेटी की चिंता की रेखाएं उभरी रहतीं। बेटे अपने ऐशो-आराम में व्यस्त रहते। जानकी को अपनी ससुराल गए हुए महीने भर से ऊपर हो गया था। बेटी को देखने की चाहत कई बार मन में उठती पर बूढ़ी हिम्मत लड़खड़ा जाती। बेटों से जैलदार साब ने बहुत बार कहा कि जानकी के ससुराल जाकर मिल आओ, पर हर बार दोनों बेटे ‘जायेंगे’ कह कर टरका देते।
चंदों काम करते हुए जैलदार जी की परेशानियों को पढ़ती, पर कभी उनको कोई दिलासा नहीं दे पाती। वह इस बात को अच्‍छे से जानती है कि जानकी हर घड़ी उनके मन में रहती है, एक पिता फोन के जरिए बेटी का कितना भी हालचाल क्यूँ न पूछ ले, पर तसल्ली देखकर ही मिलेगी।
‘तेरी जानकी से बात होती है।’ बड़ी जैलदारनी ने चंदों को चाय देते हुए पूछा।
उसने गर्म चाय के कप को ठंडे हाथों से पकड़ते हुए हाँ में सिर हिलाया। वह जब काम ख़त्म कर लेती, तो बड़ी जैलदारनी उसे चाय देती और वह अपने रोज़ के आसन पर बैठ हर रोज़ मिलने वाले कप में चाय पीती। जबसे चंदों ने इस घर में आना शुरू किया था तब से दो बार उसका पीढ़ा बदला था और कप भी तीन-चार बार ही बदला। अपने आख़िरी कप से उस को भी लगाव है, पर पहले कप की यादें धुंधली है। उस समय एक डरी सहमी चंदों इस घर में आई थी, पर समय के साथ इस घर ने जातिगत भेद भाव रहते हुए भी चंदों को अपना राजदार बना लिया।
उसने जब इस घर में काम करना शुरू किया था तो उस समय उसका रसोई घर में जाना वर्जित था। रसोई में बड़ी जैलदारनी का हाथ बंटाने के लिए एक ब्राह्मण औरत आती थी। जब उस औरत ने काम करना छोड़ा, तो बड़ी जैलदारनी से घर संभालना मुश्किल हो गया। दोनों बहुएं अपनी मर्ज़ी से रसोई घर में आती थी और बड़ी जैलदारनी ने भी कभी बहुओं को मज़बूर नहीं किया कि वह घर को संभाले। उनका मानना था कि एक बात से दस बातें बनेंगी इसलिए बेहतर है उस शुरुआती एक बात को मुँह में ही तोड़ दिया जाये। उसके बाद धीरे-धीरे पूरे घर का काम चंदों के जिम्मे आ गया। ज़रूरत पड़ने पर वह रसोई की सफ़ाई के साथ-साथ घर के लोगों के लिए खाना भी बनाती,कुछ दूरियां घर की चारदीवारी के अंदर समा गयी थी पर उसके बर्तनों और पीढ़े ने अपना रूप नहीं बदला था। कुछ चीज़ें शायद अपना रूप कभी नहीं बदलती पर ईमानदारी अपनी ओर बड़ी से बड़ी व्यवस्था को हिला देती है I चंदों की ईमानदारी ने भी इस घर के कुछ भेद जड़ से उखाड़ दिये थे या फिर यूँ कह लें कि जैलदार परिवार को उससे वफ़ादार कोई दूसरा मिला नहीं तो वह चंदों पर आश्रित हो गया I
बड़ी जैलदारनी, जैलदार साब के साथ सोफ़े पर बैठी हैं और चंदों अपने पीढ़े पर बैठी बात करने लगी।
‘कैसी है वह ? ठीक तो है न, और दोनों बेटियां।’ जैलदार जी की आँखों से बेटी के लिए बचे शब्द बहने लगे।
‘कहती तो है कि वह ठीक है पर…।’
‘पर क्या चंदो ?’ जैलदार चंदो की पर से हट नहीं रहे थे।
‘जब तक उसे अपनी आँखों से देख नहीं लेते, तब तक क्या कहा जा सकता है। हम उससे उसका हालचाल लेंगे और वह ठीक ही कहेगी, क्योंकि वह भी समझ चुकी है कि ठीक नहीं हूँ कहने से क्या होगा। जीवन की औपचरिकताएं हैं, जिसमें ठीक न होते हुए भी ठीक है कहना पड़ता है।’
‘चंदो, तू मिल आना जानकी को जाकर, वह मन की बात जो तुमसे कहेगी वो किसी और से नहीं करेगी।’ बड़ी जैलदारनी की कठोरता मोम सी पिघलने लगी I चंदों पहले भी जानकी की ससुराल में जाती थी पर उसके पति की मृत्यु के बाद पहली बार उसे वहां भेजा जा रहा है I
चंदों को वो दिन आज भी याद है जब उसके पिता को अंगघात हुआ था। उस समय यही परिवार उसके साथ मज़बूती से खड़ा था। शरीर चलने-फिरने की क्षमता खो बैठा था। जुबान सिकुड़ गई थी। उस समय वह बड़े जैलदार साब के साथ अपने पिता को दिखाने जम्मू जाया करती थी। कितने डॉक्टर बदले थे जैलदार साहब ने, पर कभी भी चंदों को खर्चे के बारे में नहीं बताया था। नाजुक कंधों पर बड़ी ज़िम्मेदारियां आ गई थीं, पर जैलदार साहब ने उसके सिर पर हाथ ऐसे ही रखा था जैसे वह अपनी बेटी के सिर पर रखते थे। यह चंदों के ऊपर सबसे बड़ा एहसान था उनका, जिसे वह आज हर हालत में निभाना चाहती है।
‘तू जाने की तैयारी कर ले। अगर कल नहीं तो परसों तो चली ही जाना और दो दिन रुक जाना उसके पास, उसे भी अच्छा लगेगा। एक बार अपनी आँखों से देखकर तो आ जानकी को।’ जैलदार ने गहरी सांस लेते हुए कहा।
‘मैं बच्चों के लिए कुछ सामान बांध दूंगी और तू ऐसा करना जानकी और बच्चों के लिए कुछ कपड़े ख़रीद लेना। जाते समय भी वह जल्दबाजी में ऐसे ही चली गई थी।’ माँ जिसमें दुनिया समाई होती है और वह माँ सदैव अपने बच्चों की चिंता में रहती है।
‘मैं जाऊंगी, पर अगर मुझे ज़रा-सा भी लगा जानकी के ससुराल वाले उसको नहीं रहने देना चाहते तो मैं उसे अपने साथ ही लेकर आऊंगी।’ चंदों ने अपनी बात कही नहीं थी, निर्णय सुनाया था। चंदों के निर्णय से जैलदार इस बात को भान गये कि वहां के हालात ठीक नहीं हैं इसलिए चंदो ने ऐसा कहा है पर बड़ी जैलदारनी को इस निर्णय ने थोडा डराया जिसे सुनते ही वह बोल पड़ी, ‘पर चंदो…।’
‘क्या पर… पर बड़ी जैलदारनी जी, समझ है मुझे भी दुनियादारी की I अगर सब ठीक लगेगा तो जानकी की ख़ुशी में ख़ुश हूँ, पर अगर ज़रा भी लगा कि वह उस घर में प्रयोग में लाने वाली वस्तु से ज्‍़यादा कुछ नहीं है, तो वह मेरे साथ ही आयेगी।’ निर्णय बड़ा था पर बड़ी जैलदारनी को विश्वास था कि ऐसा कुछ भी नहीं होगा I जानकी अपनी बच्चियों के साथ ससुराल में जैसे – तैसे निर्वाह कर लेगी आख़िर वह एक रसूखदार परिवार की बेटी है जिसे हर हालत में संतुलन बना कर रहना सिखाया गया है और इसी संतुलन पर उसको अमल भी करना होगा I
चंदों का जानकी के ससुराल जाना तय हो गया। दूसरे दिन उसने जानकी और बच्चों के लिए कपड़े और कुछ मिठाइयां ख़रीद लीं। बड़ी जैलदारनी ने भी बेटी के लिए छोटा-छोटा सामान बांध रखा था। बेटी के घर कोई खाली कैसे जाए की रीत को बड़ी जैलदारनी बरक़रार रखना चाहती है।
अगले दिन चंदों जानकी के घर पहुँच गई। उसे देखकर जानकी की आँखों में चमक आ गई। उसकी बड़ी बेटी ‘मासी आई है…’ चिल्लाती हुई उसके गले से लिपट गई। जानकी को देखकर चंदों ने अनुमान लगा लिया कि इस घर के काम उसके हिस्से आ गए हैं। जानकी की शॉल मैली लगी या वक्‍़त ने उसका रंग चुरा लिया है, चंदों देखकर समझ नहीं पा रही है । जानकी की देवरानी और जेठानी बरामदे में मिट्टी की अंगीठी में आग सेकती हुई सिलाइयों पर फंदे डाल रही हैं। बीच में एक-दूसरे से ठिठोली करतीं तो दोनों की हँसी हवेली की ड्योढ़ी तक गूँजतीं।
जानकी की सास उसे बार-बार घर के काम के लिए बुलाती। चंदों बाहर के बरामदे में रखे पीढ़े पर बैठी हुई जानकी को चंदो बनी हुई देखती रही। उसकी देवरानी-जेठानी में उसे बड़ी जैलदारनी की दोनों बहुएं नज़र आ रही हैं। जब जानकी के पति थे, तो कितने ठाठ थे उसके, और आज किस हालत में है वो! ! यह देखकर चंदों के मन में दया तो नहीं, पर समाज के इस भेदभाव वाली नीति पर हँसी ज़रूर आ गई।
‘चंदो तू मेरे कमरे में बैठ, मैं कुछ देर में काम समेट कर आती हूँ।’
‘कमरे में अकेले बैठने से अच्छा है, मैं तेरा हाथ बटा दूं।’ बोलते हुए चंदों पीढ़े से उठ गई। जानकी उससे कोई काम नहीं करवाना चाहती, पर चंदों के आगे उसकी एक न चली। कुछ ही देर में दोनों ने घर के सब काम समेट लिए। जनवरी की ठंड में सब अपनी रजाइयों में दुबके पड़े थे। जानकी की देवरानी और जेठानी भी अब बरामदे में नहीं थीं। सब लोग दोपहर के खाने के बाद अपने-अपने कमरे में थे। जानकी की हालत चंदो बिना कुछ कहे ही समझ गयी थी।
‘सब ठीक तो है न ?’
‘जो भी है सामने ही तो है चंदो। कुछ समझ नहीं आता। कभी-कभी मन में सवाल उठता है कि मैं यहाँ क्यों हूँ ? मैं जिंदा क्यों हूँ ?’
‘दुनिया की हर स्त्री की तरह अपने बच्चों के लिए ज़िंदा हो और ज़िंदा रहना है इस बात को गांठ बांध ले। कुछ पोस्ट जम्मू गवर्मेंट निकालने वाली है, तू उन पर ध्यान दे।’
‘पढ़ाई ! ! कौन करने देगा मुझे पढ़ाई ? माता-पिता ने नहीं करने दी, तो यह लोग तो ! !’ चेहरे के भाव से चंदो समझ रही है कि उसे कितनी शिकायतें हैं, पर शिकायतें न करने के लिए उसने चुप्पी से खुद को बांध लिया है।
‘एक कोशिश तो कर सकते हैं ना !’
‘जवान विधवा को कौन कोशिश करने देगा चंदो। हर काम में औरत की जवानी आड़े आ जाती है। तुम्हें पता है चंदो, मेरी जेठानी मुझ पर शक करती है कि कहीं मैं उसके पति पर…।’ बोलते हुए जानकी का गला भर आया।
‘कि कहीं तू उसके पति पर डोरे ना डाल ले ? यही ना ?’
‘हाँ, मेरी सास मुझे दिन में कितनी बार हिदायतें देती है कि तू अब विधवा है, तुझे किसी के सामने ज़्यादा बोलना नहीं चाहिए, ज़्यादा हँसना नहीं चाहिए और घर के बाक़ी मर्दों के सामने भी नहीं जाना चाहिए।’
‘और उनके बेटे की जगह तुझे कुछ हो जाता तो ! तब क्‍या उसे भी ऐसी ही हिदायतें देतीं वह, हद है ! !’ चंदों को जानकी की सास पर बहुत गुस्‍सा आया। एक औरत जब दूसरी औरत के ख़िलाफ़ खड़ी होती है, तो वह उसका सबसे खराब रूप होता है।
‘बात बस इतनी सी है चंदों कि ये लोग मुझे घर से निकालना चाहते हैं और सच कहूँ तो मेरा भी यहाँ रहने का मन नहीं। पर कहाँ जाऊं यह समझ नहीं आता।’ जानकी का दर्द गले से होता हुआ आँखों से बहने लगा।
चंदों सुनकर कुछ कह नहीं पाई, बस एकटक जानकी को देखती रही। एक विधवा औरत का आत्मसम्मान दांव पर लगा हुआ है और आत्मसम्मान की पीड़ा सब पीड़ाओं से हटकर होती है।
बातों-बातों में शाम हो गई, ठंड बढ़ गई। खाने की तैयारी होने लगी। रसोई से बर्तनों के खटकने की आवाज़ आने लगी। सुबह हो या शाम, जानकी को जब भी रसोई में जाने के लिए कुछ देर हो जाती तो उसकी सास बर्तन खटकाने का अलार्म बजाकर उसको चौकन्ना कर देती। इस अलार्म को सुन दोनों बच्चियों को चंदों के सुपुर्द कर जानकी तुरंत रसोई में चली गई। चंदों बच्चों के साथ खेल खेलने में व्यस्त हो गई। दरवाज़े की आवाज़ से उसने पलटकर देखा तो जानकी की सास दिखी। ‘सुबह से घर के काम में व्यस्त थी तो समय ही नहीं मिला तुमसे बात करने का।’ जानकी की सास ने औपचारिकता पूरी करते हुए कहा। चंदों ने मुस्कुराहट के साथ हाँ में सिर हिलाते हुए बड़ी सोयानी की हाँ में हाँ मिलाने की हामी भर दी।
जम्मू में आज भी राजपूत औरतों को आदर से सोयानी और राजपूत पुरुष को राजा जी या मियां जी कहकर संबोधित किया जाता है।
बड़ी सोयानी चंदों से कुछ क़दमों की दूरी पर लगी कुर्सी पर बैठ गई। सबका हाल-चाल पूछते हुए जानकी के दुःख की गाथा गाती हुई उस नाज़ुक विषय पर आ गई जिसे कहने के लिए उनको इतनी भूमिका बांधनी पड़ी थी।
‘जवान विधवा पर तो घर के मर्द ही ताक लगाए बैठ जाते हैं, किसी बाहर वाले को कोई क्या कहेगा ?’ चंदों को बड़ी सोयानी का इशारा समझने में देर न लगी, पर उसकी ज़ुबान चुप रहने की उस हिदायत में दबी हुई थी, जो बड़ी जैलदारनी ने उसे आते समय दी थी कि कोई कुछ भी कहेगा तो तुम चुप रहना।
‘आप और बड़े मियां अगर जानकी के साथ खड़े हो जाएं तो कोई क्या कर सकता है।’ चंदों ने ना चाहते हुए दबी ज़ुबान से बड़ी सोयानी के आगे मन की बात रख दी थी।
‘मियां जी की सुनता कौन है। बुढ़ापे में हम दोनों ख़ुद को ढोयें या जवान विधवा बहू की ज़िम्मेदारी को ?’ बड़ी सोयानी की आवाज़ में बेरुख़ी झलकी। चंदों जानती है कि इस बेरुख़ी की खुश्की पर कोई भी तेल काम नहीं करेगा।
‘अगर इसके माँ-बाप इसके नहीं बन सकते तो कोई दूसरा क्यों बनेगा ?’ बड़ी सोयानी ने अपने मन की वो बात कह दी जो वह कहने के लिए आई थी। चंदों को यह बात कटार की तरह लगी। लहू भी रिसा, पर किसी को दिखा नहीं। ज़ुबान की कटार से जो लहू रिसता है, वो किसी को दिखता नहीं, पर उससे ज़ख्म बहुत गहरे होते हैं।
चंदों का चेहरा नरमी छोड़ कड़क हो गया। एक पल में मन हुआ कि सबको झिंझोड़कर पूछ ले कि आख़िर वह दो बच्चों की माँ कहाँ जाए ?
बड़ी सोयानी जो कहना चाहती थी वह कह चुकी थी। कमरे में छुटकी के तुतलाने की आवाज़ थी। कभी वह रोती तो कभी हँसती। चंदों भारी पलकों के साथ उसके साथ खेलने में व्यस्त होने का दिखावा करने लगी। दिखावा भी उस समय बहुत बड़ा हथियार बन जाता है, जब किसी को नज़रअंदाज़ करना हो। उसका मन हुआ कि छुटकी ज़्यादा रोना शुरू कर दे ताक़ि उसका बहाना लेकर वह कमरे से बाहर चली जाए। कमरे में एक घुटन है, दर्द है जो अपने भीतर चंदों को खींचने लगा । दरवाज़े ने फिर से ज़ोर से चीं.ची…. किया तो झुकी हुई गर्दन ने अपनी दिशा बदली। देखा तो जानकी खड़ी दिखी।
‘छोटे मियां ढूंढ रहे थे आपको।’ जानकी ने कमरे में दाख़िल होते हुए बड़ी सोयानी को कहा।
‘चंदो के आने के बाद से ठीक से मिली ही नहीं थी, तो सोचा मिल लूं।’ बोलते हुए बड़ी सोयानी अपनी कुर्सी से उठ गईं। छुटकी ने माँ को देखते ही रोना शुरू कर दिया और दोनों सहेलियां छुटकी को पुचकारने लगीं। बड़ी सोयानी हाथ रगड़ते हुए ‘ठंड बहुत है।’ बोलते हुए कमरे से बाहर जाने लगीं, तो चंदों ने यह कह कर रोक लिया कि बात करनी है।
‘जानकी मेरे साथ चली जायेगी, पर बच्चों का हक़ जो इस घर पर है, वो आप लोगों को देना पड़ेगा।’ चंदों ने मन की भड़ास निकालते हुए कहा I एक काम वाली के मुंह से हक़ की बात सुनकर बड़ी सोयानी उसको फटी आँखों से देखने लगी जैसे कुछ कहना चाहती हो, पर चंदों ने उनकी तरफ से मुँह फेरते हुए जानकी को सामान पैक करने को कहा।
‘पर चंदो…।’
‘तुम कोई नौकरानी नहीं हो इस घर की जो दिन रात कोल्हू के बैल की तरह जुटी रहो और बदले में यह लोग सम्मान भी न दें।’ चंदों की खरी-खरी बातें बड़ी सोयानी को भीतर तक लगी ।
‘एक जवान विधवा बहू और अपनी पोतियों के लिए इनके घर में जगह ही नहीं है ! अपने बेटे की निशानियां बोझ लग रही हैं ! !’ आवाज़ अब तेज़ होने लगीं, जिससे परिवार के बाकी लोग भी जानकी के कमरे में आ गए।
‘चंदो, सोच समझकर बात कर।’ बड़ी सोयानी ने अपना रौब दिखाते हुए कहा।
‘सोच-समझकर ? ठीक है, ऐसा करते हैं आप लोग अपनी पोतियां संभालें, मैं जानकी को ले जाती हूँ।’ चंदों पहले जितनी तैश में आई थी उतनी ही ठंडी होकर उसने कहा । जानकी ने बच्चियों से दूर होने की बात सुनते ही उनको गले से लगा लिया।
‘बिना माँ के बच्चियों को कौन संभालेगा ?’
‘क्यों, आपको संभालने में क्या है ? आप दादी हैं। समझदार हैं, जानती ही हैं बच्चे कैसे पाले जाते हैं।’
‘हूँ, यह लड़की अब इस घर में पंचायत करेगी।’ बड़ी सोयानी बोलती हुई कमरे से बाहर चली गई।
‘जिस घर के बड़े बुजुर्ग समझदार होते हैं उस घर को पंचायत की ज़रूरत नहीं होती बड़ी सोयानी जी।’ चंद्रिका ने आवाज़ को ऊँची करते हुए कहा जो बड़ी सोयानी को घायल कर गई। वह जुबान खीँच लेना चाहती थी चंदों की पर एक चुप सौ सुख पर अमल करती हुई चुप रही, नहीं तो एक काम वाली के मुंह से बड़ी सोयानी ऐसी वाणी सुन ले ऐसा तो हो नहीं सकता I कंकड़ की तरह चुभने वाली जानकी से पीछा छुड़ाने के लिए बड़ी सोयानी का बनाया गया हथकंडा काम आ गया था उसका सहयोग घर के बाकि लोगों ने भी किया पर जानकी के आड़े खानदान की इज्ज़त के वास्ते आ रहे हैं I वह चाहकर भी कुछ बोल नहीं पा रही है I अपने घर की गूँज उसके कानों में गूंजने लगी पर आँखों को अपने घर के नाम पर एक छत तक देखने को नसीब नहीं थी I
सिर से छत न चली जाये इस एक डर के कारण औरत कितना कुछ सहती है I माँ – बाप की दहलीज छोड़ते ही पराई होने वाली लड़की, ससुराल आते ही सबको अपना बना लेती है पर वो घर, घर के लोग उस लड़की को फिर भी पराया ही कहते हैं और यहाँ पर बात एक विधवा स्त्री की है, एक छत की उम्मीद में जिसका जीवन खानाबदोश हो रहा है I दर – बदर होते हुए हारने को मजबूर होती जानकी की हार को चंदों महसूस कर रही रही है I समय की नाजुकता को समझते हुए उसने जानकी का हाथ थाम लिया I वक़्त पर किसी को थाम लेना बहुत बड़ा आसरा है और इस वक़्त जानकी को देने के लिए चंदों के पास यही आसरा था I तबाही का अंजाम वही जाने जो उजड़ा हो I देखने वाला तो ढहती इमारतों, उफनते सागर को ही तबाही कहता है पर आँखों के उफान और टूटे मन की पीड़ा को जो वक़्त पर देख ले, समझ ले वही अपना है I
चंदों जानकी की टूटन से बेख़बर नहीं थी I वह जानती थी जिस परस्थिति में जानकी है इसमें वह कोई भी निर्णय लेने की हालत में नहीं है, बिखरे मन को समेटने में, आत्म मंथन में समय लगता है I जब आत्म मंथन होगा, नकारात्मकता के बादल बरसेंगे, अगर बरसे नहीं तो भीतर तूफ़ान मचाते रहेंगे इसलिए ज़रूरी हैं बरसे और ख़ूब बरसे ताकि आशाएं अनुकूलता से जागे और जीवन में यह हादसा भी ज़रूरी था और चंदों को यकीन है कि एक दिन जानकी ऐसा ज़रूर कहेगी I
नया दिन नई कोशिशें

चंदों ठंड की परवाह किए बिना सुबह की पहली बस से जानकी और बच्चियों को साथ लेकर गाँव के लिए निकल ली। भीतर के तूफ़ान को घर पहुँचने की जल्दी है। वह जानती है कि उसके इस निर्णय के साथ कोई खड़ा नहीं होगा, पर बिना किसी की फ़िक्र किए उसने अपना निर्णय ले लिया । जानकी अपनी सोच में डूबी है, उसकी आँखों में पिता के घर से विदा होने का दृश्य बार-बार आ रहा है। आज ना चाहते हुए भी वह उसी घर में वापस जा रही है, जहाँ से उसे जबरन भेजा गया था। उसने आँखें बंद कर ली, पर बंद आँखें सच पर पर्दा तो नहीं डाल सकती! ! वह जानती है कि पिता के घर में कई उलाहने उसका पीछा करेंगे। नहीं, पिता के घर के उलाहने झेलना ज्‍़यादा मुश्किल है, जानकी भीतर तक डर गई, उसने चंदो का हाथ कसकर पकड़ लिया और बोली, ‘मुझे डर लग रहा है।’
‘जानती हूँ।’
‘तुम जानती हो ना, यहाँ भी मुझे देखकर कोई ख़ुश नहीं होगा।’
‘क्या फ़र्क पड़ता है अब ? हालात का सामना तो करना ही पड़ेगा न I’
दोनों अब हवेली के ठीक सामने पहुँच चुकी हैं, पर जानकी के क़दमों ने जैसे भीतर जाने से इंकार कर दिया है। चंदों ने गौर से जानकी को देखते हुए कहा, ‘जानती हूँ तुम्हारे मन में क्या चल रहा है, पर तुम्हारा जन्म तिरस्कार के लिए नहीं हुआ है। तुम्हें ख़ुद अपमान, तिरस्कार जैसे दकियानुसी विचारों से बाहर निकलना होगा। जब तक तुम यह सोचती रहोगी तब तक तुम दबी रहोगी और इससे तुम्हारी बच्चियां भी प्रभावित होती रहेंगी।’
चंदों जानती है अगर किसी भी तरह जानकी यह समय निकाल लेगी, तो वह ख़ुद ही अपने भाग्य की विधाता बन सकती है। वास्तव में टूटे हुए इंसान को स्मरण कराने की ज़रूरत होती है कि तुम बेचारे नहीं हो, जो तुम्हें दुनिया के रहमों करम पर पलना पड़े, पर लोग टूटे हुए व्यक्ति को सांत्वना देते हुए उसे बेचारा कह – कह कर इतना अपाहिज़ कर देते हैं कि वह बेचारा होना ही अपनी नियति समझ लेता है। भूल जाता है कि वह अकेला भी बहुत कुछ कर सकता है लेकिन चंदों जानती थी जानकी इस समय माँ-बाप, ससुराल, और बच्चों में फंसी हुई है, जिसके कारण वह तीक्ष्ण बुद्धि लड़की, कुंदबुद्धि बनी हुई है, जिस दिन उसको एहसास हो गया कि उससे बड़ा सहारा उसका कोई नहीं है, उस दिन उसे किसी की ज़रूरत नहीं रहेगी।
‘पानी हमेशा ढलान की ओर बहता है। जब तक तुम सिर झुकाए खड़ी रहोगी हर नज़र तुम पर आकर ठहरेगी। हर कोई तुम तक आसानी से पहुँच जायेगा। अब तय तुम्हें करना है कि तुम्हें ढलान बनना स्वीकार है या एक मज़बूत चट्टान बनना है।’ जानकी चंदों की बातें समझने की कोशिश कर रही है। शायद एक मज़बूत चट्टान बनने की चाहत उसके भीतर पनपना चाहती है, पर वह खनिज नहीं मिल रहे, जो उसकी मज़बूती में सहायक हो। दयनीय वक्‍़त की एक घड़ी भी बुरी होती है और जानकी की तो हर घड़ी बुरी है, जिसमें निराश हो जाना, हैरान करने वाला नहीं है। आहिस्ता – आहिस्ता सकारात्मक बातों की आग जानकी के निराशा के लोहे को पिघलाने की कोशिश कर रही है।
नज़रें ड्योढ़ी के अंदर भागती हुई पहुँचीं, बड़ी जैलदारनी बाहर वाले आंगन में झाड़ू लगाती दिखीं। जानकी को लौटते देख सबकी त्योरियां चढ़ गईं। चंदों अपने इस निर्णय में बड़ी जैलदारनी और जैलदार जी की सहमति चाहती है, बाक़ी परिवार की उसे कोई परवाह नहीं है।
‘इतनी ठंड में आप क्यों झाड़ू लेकर लगी हुई हैं।’ चंदों ने जैलदारनी के हाथ से झाड़ू लेते हुए कहा। बड़ी जैलदारनी को समझ नहीं आ रहा कि वह बेटी को देखकर ख़ुश हों या दुःखी, बच्चियों को दुलारते हुए नानी की आँखें भर आईं।
बड़ी जैलदारनी के चेहरे के हाव-भाव कोमल हो गए, पर सांसों की गति तेज़ होने लगी, जिन्हें सुना जा सकता है।
‘राजा जी के जाने के बाद जानकी की उस घर में क्या कद्र है आप सब जानती हैं। इसको तो सिर झुकाए भी वहाँ पर कोई स्वीकार नहीं करना चाहता और कब तक यह उस परिवार में अवांछित बनकर अपमान की आग में जलेगी, कब तक सिर झुकाए हुए रेंगती हुई जीवन निर्वाह करेगी !’
चंदों की बातें सुनकर बड़ी जैलदारनी आँखें बंद करके अपने बिस्तर पर लेट गईं। पानी की बूंदें बंद आँखों से बिना किसी आहट के गिरने लगीं। चंदों उनका दुःख समझती है, पर उसे जानकी के दुःख के आगे एक माँ का दुःख कम लग रहा है। बड़ी जैलदारनी के मन में अपनी बेटी के लिए दया है, सहानुभूति है पर कभी कभी दया, सहानुभूति की जगह चिंगारी चाहिए होती है जो आग बनकर हर संताप के धुएं को उड़ा दे । चंदों ने धीरे- धीरे सब कहना शुरू किया, वह जानती है कि बड़ी जैलदारनी भी एक साधारण महिला हैं, जो हर हाल में बेटी को ससुराल में ही देखना चाहेंगी, लेकिन हालात उन्‍हें जानने ही चाहिए।
चंदों बताती रही, ‘बड़ी सोयानी ने कहा है कि जिस विधवा बेटी के माँ–बाप उसके अपने नहीं बन सकते, उसका कोई क्या अपना बनेगा।’ उसने यह आख़िरी बात याद से तूल देकर कही। बड़ी जैलदारनी की ज़ुबान जैसे सिल गई। बीच-बीच में गहरी सांस लेते हुए ‘हे राम’ ज़ोर से कहतीं। जैसे राम को कह रही हों कि राम कोई चमत्कार कर दो और उनकी बेटी के जीवन से दुखों का अंत हो जाए। कमरे में अब ख़ामोशी ठहरने लगी। चंदों हर बात को ख़ूब बढ़ा-चढ़ाकर कह रही थी ताकि बड़ी जैलदारनी के अंदर की ममता बेटी के सम्मान के लिए जागे ।
‘अच्छा किया जो इसको ले आई। अब जो भाग्य को मंज़ूर होगा।’ बड़ी जैलदारनी ने बुझे मन से कहा।
जैलदारनी दिलेर औरत हैं, पर दुनिया की परवाह एक ऐसा रोग है जो हर दिलेरी को निगल जाता है। बड़ी जैलदारनी समझती हैं कि बनावटी रिश्तों की खोखली दीवारें किसी भी आंधी का सामना नहीं कर पाएंगी। यह दीवारें ज़रा-सी बरसात के होते ही ढह जायेंगी, इनके ढहने से पहले ज़रूरी है इनके ताक में रखे हुए कीमती जेवर निकाल लिए जायें।
चंदों ने जानकी का कमरा साफ़ किया और उसे अपने निर्णय पर अटल रहने के लिए बोलकर घर चली गई। चिंटू दौड़कर माँ से लिपट गया। बूढ़े पिता ने बेटी को मुस्कुराती हुई नज़रों से देखा और हुक्का पीने लगे। थकी हुई चंदों ने बिखरे हुए घर को समेटकर बाऊजी और चिंटू को खाना खिलाया और रजाई में दुबककर बैठ गई। मानसिक रूप से आज वह ख़ुश है। एक क़दम जानकी के हित के लिए उठ चुका है। इस ख़ुशी को वह चंदर के साथ साझा करना चाहती है। यूँ मैसेज के जरिए दोनों की बराबर बात हो रही थी, लेकिन आवाज़ सुने तो चौबीस घंटे से ज्‍़यादा का वक्‍़त हो चुका था। उसने चंदर को याद किया ही था, कि उसका फोन आ गया।
चंदर को उसने सारा हाल सुनाया, पर न जाने क्‍यों बात पूरी होते-होते आवाज़ की खनक गायब हो गई।
‘उदास हो।’ सुस्त आवाज़ को भांपते हुए चंदर बोला।
‘ख़ुश थी कि चलो एक क़दम तो जानकी के हित में आगे बढ़ाया, पर अब आगे क्‍या होगा ? कुछ समझ नहीं आ रहा।’
‘कुछ बातों को समय पर छोड़ देना चाहिए।’
‘समय कुछ भी सही नहीं करता है, बस निकल जाता है और हाथ में आता है पछतावा और मैं नहीं चाहती वह दो बच्चियों की माँ बेसहारा होकर पछतावा करे।’
‘तुम कर तो रही हो उसके लिए इतना कुछ…।’
‘इतना नहीं, बहुत कुछ करना चाहती हूँ उसके लिए, पर कोई रास्ता नहीं मिल रहा। ऐसे लग रहा है कि चारों तरफ़ अंधेरा है और मैं अंधेरे में भटक रही हूँ।’
‘तुमने पहला क़दम तो उठाया है ना ? बाकी सब भी धीरे-धीरे होगा। जानकी को भी थोड़ा संभलने दो।’
‘हम्मम।’
‘हम्मम, यही हम्मम सुनने के लिए बेकरार था मैं। अब यह हम्मम सुन लिया तो चैन मिला है।’
‘बेचैन थे?’
‘हम्मम मतलब चंदों जी अब ठीक है और आज तुम्हारी हम्मम को जैसे कोई चुरा कर ही ले गया था।’
‘सिर्फ़ तुम्हारे साथ बहकते हैं
यह ठहरे हुए क़दम मेरे
बहुतों के हिस्से हमारे
आधे – अधूरे अल्‍फ़ाज़ ही आते हैं।’ चंदों का अंदाज़ फिर शायरना हो गया।
‘जानता हूँ मेरी जान पर तुम्हें परेशान देखकर मैं भी परेशान हो जाता हूँ। मैं यह भी जानता हूँ कि तुम मुझसे नहीं कहोगी तो किससे कहोगी। बस कभी खुद को अकेला मत समझना।’ चंदर की आवाज़ में ठहराव लगा, चंदों को अपने लिए जैसे इसी ठहराव की दरकार थी। इसी ठहराव के साथ दोनों नींद की आग़ोश में चले गए।
पंछियों ने अपने-अपने राग छेड़ने शुरू कर दिए। सुबह ने दस्तक दे दी है। केशो दास हुक्के की चिलम के लिए आग जलाने बैठ गए। चंदों अंगारों को रोज़ चूल्हे में दबा देती है, पर जबसे ठंड बढ़ गई है, आग के अंगारे सुबह तक राख हो जाते।
चंदों ने पिता को बिस्तर में जाने का बोला और फू… फू कर आग जलाने लगी। कुछ ही देर में कोयले पूरे जोश के साथ सुर्ख हो गए। चिमटे से एक-एक कोयले को चिलम में डालकर वह हुक्के को पिता के पास लेकर बैठ गई।
‘कैसी है जानकी ?’ हुक्का पीते हुए केशो दास ने पूछा। बाप-बेटी के वार्तालाप में हुक्के की गुड़गुड़ाहट हुंकारा भरने लगी।
‘यह बड़े घरों की दीवारें इतनी मज़बूत क्यों होती हैं बाबा।’ जानकी के नाम के साथ उसका चेहरा आँखों के सामने आ गया।
‘वक्‍़त के साथ हर दीवार ढह जाती है।’ केशो दास की ज़ुबान से उम्र का तजुर्बा बोल रहा है।
‘तो क्‍या वक्‍़त का इंतज़ार करते रहें ? तब तक देर नहीं हो जाएगी ?’
‘जानकी के ज़ख्म अभी हरे हैं, अचेतन अवस्था में है वो… जब उसकी चेतना जागेगी वही सामने खड़ी दीवार को खुद ढहा देगी। तब तक तुम उसका साथ दो। तू ले आई है ना जानकी को ?’ केशो दास ने बेटी का कंधा थपथपाते हुए पूछा।
चंदों मुस्कुरा दी और हाँ में गर्दन हिला दी। केशो दास ने राहत की सांस ली और मंगला की ओर चले गए। उनके चेहरे पर सुकून है, जब कोई दूसरे के लिए खड़ा होना सीख जाता है, तो इसका मतलब यह तो है ही कि वह हर हाल में अपने लिए भी लड़ ही लेगा। केशो दास को अपनी बेटी को लेकर एक तसल्ली थी I ऐसी तसल्ली जिसे उन्होंने एक पिता के नाते सदा बेटी के लिए चाहा था I बेशक उनकी बेटी जीवन के कडवे अनुभवों से गुजरी है पर उन्हीं कड़वे अनुभवों से उसने फैंसला लेना सीखा I जीवन के प्रति उसका नजरिया बदला है I नहीं तो एक पिछड़े गाँव में फैंसला लेना तो बहुत दूर की बात है औरत के खुलकर साँस लेने पर भी पाबंदी है पर चंदों अपने रास्ते स्वयं बना रही थी जबकि हर रास्ते में उसको एक नयी चुनौती का सामना करना पड़ा था I केशो दास ने ज्यादा दुनिया तो नहीं देखी थी पर रानी लक्ष्मीबाई की गाथा के लोकगीतों ने उन पर कहीं न कहीं प्रभाव छोड़ा था और उस प्रभाव के कारण ही उनको अपनी बेटी का हर क्रांतिकारी बदलाव सुकून देता I
लेखिका – नीना अंदौत्रा

WhatsApp Image 2026-06-17 at 10.53.15 — Vcare Language Academy

Author

Leave a Comment