तुम्हारे लिए
*********
भाग बीस
**********
तन्मय ने सुना और परेशान हो गया, अभी कुछ दिन पहले ही तो वो अजमेर में था ,और अब उसे यह पता लग
रहा है कि अपर्णा भी वहीं पर मौजूद है ,कितनी पास मगर कितनी दूर।
अपर्णा का पता तो लग गया था ,पर यह भी तो पता
था कि वो अब वहां किसी और के साथ है और शायद वो भी उसके साथ ही नौकरी कर रहा है, अर्पणा म्यूजिक टीचर ही
तो बनना चाह रही थी,मतलब सब कुछ उसके मन मुआफिक ही चल रहा है, पर फिर वो ही क्यूं अपने भीतर इतनी बेचैनी महसूस कर रहा है,अब कोई उसे ढूंढ ही नहीं रहा है,जाह्नवी
के इस वाक्य ने जैसे उसकी व्याकुलता को एक नयी ही हवा देदी थी, उसका मन तो आज भी हर दिन उसे ही ढूंढ रहा है, काम वो चाहे जो करे,मगर चुपके से आज भी उसका ख्याल आ ही जाता है, पर इससे क्या ,अगर उसका पता उसे लग
भी गया है ,तो वो वहां पर किस हैसियत से जायेगा,आखिर
वो है ही कौन ,और कौन सा उसे ही अब तक वो वाकया याद रहा होगा,पर जो भी हो,कम से कम एक बार उसे फिर देखने का,और मुमकिन हो तो उससे मिलने का हक तो कम से कम उसका बनता है ,बेशक यह हक भी खुद उसी ने खुद को दिया है, जिंदगी में आगे बढ़ जाने से पहले ,वो आखिरी बार उस पुराने रास्ते से तो जरूर गुजरना चाहेगा, जो उसकी मंजिल
बनते बनते रह गया था।
अपने ऑफिस से वो एक घंटा पहले ही निकल गया था ,ऑर्बिट टावर्स में था जाह्नवी का ऑफिस ,उसने उसे आज वहीं बुलाया था।समय से पहले ही वो वहां पहुंच गया था।वहां पहुंचते ही उसने जाह्नवी को एक मिस कॉल दी थी,और दो ही मिनिट बाद वो उसके सामने थी…
” यहां ग्राउन्ड फ्लोर पर ही एक कॉफी शॉप है , चलो हम वहीं पर बैठते हैं…” तन्मय तो अपनी उत्सुकता अब छुपा ही नहीं पा रहा था..”सच में कमाल का इत्तेफाक है ,आपके जरिए ही मुझे उनकी खबर फिर मिलनी थी ” जाह्नवी खुद भी चकित थी ,अपर्णा के अचानक फोन आ जाने से ,और वो भी करीब दो ढ़ाई साल बाद ,क्या किसी की चाहत में सचमुच ही इतनी तासीर होती है।एक बार तो उस का मन किया इस फोन का जिक्र तन्मय से करने की जरूरत ही क्या है, फिर उसे लगा कि यही तो उसके पास एक मौका है ,तन्मय के सामने अपनी एक उजली तस्वीर पेश करने का और फिर लड़कों की फितरत वो जानती है कि एक बार अगर उन्हें यह पता लग जाए कि लड़की किसी दूसरे के साथ इनवॉल्व है बल्कि उसी के साथ
रह भी रही है और वो भी इस तरह ,तो वो फिर ,इस तरह की लड़की से कम से कम शादी तो नहीं ही करते, पर तन्मय से
उसे कुछ डर सा लग रहा था ,यह दूसरों से कुछ अलग ही
तरह का बंदा है,कैसे अर्पणा की खबर मिलते ही एक ही फोन पर दौड़ता हुआ यहां पहुंच गया है।
“हां ,अपर्णा के फोन से मैं भी थोड़ी परेशान हूं,कहीं
मेरी बात सच न हो जाए ,वो विमलेश उसे परेशान न करने
लगा हो,वरना यूं ही तो इतने दिनो बाद उसका फोन नहीं आता,कुछ गड़बड़ तो जरूर है,उसने ज्यादा बात भी नहीं की , फोन काट दिया ,फोन भी बेसलाईन था ,शायद उसके स्कूल
का ही फोन नम्बर होगा,वही इस्तेमाल किया होगा उसने…”
” आपको पता है वो किस स्कूल में जॉब कर रही हैं..” तन्मय के स्वर में उसकी व्यग्रता,उस की बेचैनी और उसकी उत्सुकता सब एक साथ स्पष्ट हो रही थी..” हां ,पता है ,कोई ऐबेनेजर पब्लिक स्कूल है,शहर से तीन चार किलोमीटर दूर
है यह स्कूल,मगर मुझे तुम यह बताओ ,तुम क्या अब भी उस
से मिलना चाहते हो…।”
“नहीं ,उस तरह से तो अब कुछ भी नहीं चाहता ,पर आपने जो कुछ बताया है उन दोनो के बारे में,माने जो कुछ
भी आपको उस रिलेशिनशिपको सुन कर ,देख कर लगा , उसका पता चल जाने के बाद ,मुझे लगता है ,कम से कम
यह जानना तो बनता है कि वहां पर सब कुछ ठीक तो हैं न , अभी अभी आपने ही कहा कि अगर कोई बात न होती तो
वो यूं आपको इतने दिनो बाद फोन नहीं करती,.बस मुझे भी लगता है ,मैं चाहे इकतरफा ही सही ,जब उससे इतना जुड़ा हुआ रहा हूं तो मुझे कम से कम यह तो करना ही चाहिए ,
और फिर आपकी इस बात ने कि कोई अब उसे ढूंढ ही नहीं रहा है ,मुझे बहुत विचलित कर दिया है ,यूं. किसी का इतना अकेले पड़ जाना मुझे बिल्कुल भी ठीक नहीं लग रहा, हां
अगर एकबार सब कुछ वहां पर मुझे ठीक मिला तो यह बात फिर यहीं पर खत्म…..”
जाह्नवी को आज ठीक से यह पता चला कि तन्मय किस तरह सोचता है,उसे पता लग चुका है कि वो जिस
लड़की के.बारे में सोचता रहा है ,वो किसी और से जुड़ी थी बल्कि उसके साथ भाग भी गयी है ,कोई और होता तो बस इतना जानना भर उसके लिए काफी होता,पर तन्मय.ने उस
की बातों से क्या निकाला कि वो सचमुच कहीं किसी दुष्चक्र
में न फंस गयी हो,उसकी बातों से सिर्फ एक कंसर्न नहीं कुछ और भी दिख रहा था,और वो कुछ और था कि तन्मय अभी
भी अपर्णा को चाहता है, उस का दिमाग अब भी चाहे अन
चाहे उसी से मुब्तला है ,वो अब भी उसे ही सोच रहा है….
” तो तुम क्या चाहते हो , अजमेर जा कर उससे मिलना चाहते हो ,उसे देखना चाहते हो, उससे यह पूछना चाहते हो कि वो ठीक है या नहीं …”
” हां ,मैं चाहता तो यहीं हूं ,पर मेरा जाना तो शायद उचित नहीं होगा ,मगर अगर आप वहां मेरे साथ चलें तो यह बिल्कुल ठीक रहेगा,हम बस एक ही दिन में वहां से जा कर वापस आ जायेंगे,अजमेर यहां से है ही कितनी दूर….”
जाह्नवी को पूरी उम्मीद थी तन्मय ऐसा ही कुछ कहने वाला है,तन्मय की बात सुन कर मगर उसने शरारत से अपनी
आंखें नचायीं…” और अगर मैं वहां जाने से इन्कार कर दूं ,
तब क्या तुम भी वहां पर नहीं जाओगे….”
तन्मय एक क्षण के लिए यह बात सुन कर हत्प्रभ रह गया ,मगर फिर बोला…” नहीं ,जाऊंगा तो तब भी ,पर तब शायद मैं उनसे सीधे जा कर मिलने का प्रयास नहींकरूंगा,
बस यह पता लगानेकी कोशिश करूंगा कि वो वहां पर ठीक
तो हैं न,और उसे कोई दूसरी दिक्कत तो नहीं है…”
जाह्नवी को हठात् मिर्जा गालिब का शे’र याद आ गया ,हालांकि यह शे’र बहुत बार सुन सुन कर पूरी तरह से
घिस चुका है , पर आज के मौजूं पर एकदम सही बैठता है…
” इस सादगी पर कौन न मर जाए ए खुदा,
लड़ते हैं मगर हाथ में तलवार भी नहीं। “
यह तन्मय सच में हर गुजरते दिन उसके दिलो दिमाग पर भारी पड़ने लगा है, इससे पहले कि देर हो जाए, उसे खुद को यहीं पर रोक लेना चाहिए..” मैं तो मजाक कर रही थी ,मैं चलूंगी तुम्हारे साथ, तुमसे पहले तो वो मेरी खास सहेली रही
है,तो मुझे भी तो मालूम हो कि आखिर वहां पर चल क्या रहा है,बोलो ,हम कल के कल ही चलें.अगर तुम्हें कोई छुट्टी वगैरह का कोई प्रॉब्लम न हो तो..”
*********************
(शेष आगे…)
अजय कुमार