तुम्हारे लिए
**********
भाग तैंतीस
************
” जाह्नवी , मुझे सच बताना एक बात ,यह तन्मय जी
का क्या चक्कर है ,मुझे तो ऐसा लग रहा है कि तेरे दिमाग
में तन्मय के अलावा कोई दूसरी बात रहती ही नहीं, घूम फिर कर वही बात और बात भी कितनी इलोजिकल, तू जरा एक बार सोच कर तो देख , कहां मेरी जैसी एक मामूली लड़की,
न कोई ऊंचा कुल और न ऊंचा परिवार ,और उस पर मेरी की हुई करतूत जो हमेशा मेरे मुंह पर एक कालिख के टीके की तरह रहने वाली है, और फिर तूने ही तो बताया है कि अभी उनका सिलेक्शन आर. ए.एस. मेन में हुआ है तो भला ऐसा कोई शख्स क्यूं मुझ जैसी लड़की को अपने घर में बिठायेगा और चलो मान भी लिया कि उन पर मेरा फितूर चढ़ा है ,तो
जरा उनके परिवार की सोच,वो मुझे कैसे लेंगे, मुझे कभी भी उचित मान और इज्जत दे पायेंगे ,मैं तेरे इन तन्मय जी के
लिए एक ऐसा कौर बन जाऊंगी जिसे न निगलते बनेगा और
न ही उगलते, देख यार ,मेरा इस जिंदगी में जो होना था हो चुका ,तू मुझे अब मेरे ही हाल पर छोड़ दे , मुझे मुश्किल से
अब थोड़ा सा चैन हासिल हुआ है, अच्छी सी जगह नसीब
हुई है, कुछ कर दिखाने का एक अवसर मिला है,और सच
कहू़, मुझे मेरी यह बदली हुई स्थिति बहुत सुकून दे रही है,
तुझे यह सुकून समझ नहीं आयेगा, क्यूंकि तू उस चीज का अहसास ही नहीं कर सकती, और सच तो यह है कि इस
सुकून से निकल कर मुझे फिलहाल किसी नये जहन्नुम का रास्ता बिल्कुल भी नहीं देखना…”
” ठीक है , मत देखना ,पर एक नजर डालने में क्या हज्र है ,एक मिनिट रूक ,देख अब मना मत करना ,और देख तुझे कुछ नहीं करना है सिर्फ सुनना है..” यह कहते हुए उसने अपने बैग से अपने फोन की लीड निकाल ली ,और एक इयर
फोन खुद के और दूसरा इयर फोन अपर्णा के कान में लगा दिया,अपर्णा ने इसका विरोध किया तो उस ने इशारे से उसे बिल्कुल चुप रहने का.संकेत किया और तन्मय को फोन मिला दिया….” हैलो ! जाह्नवी,क्या कर रहे हो…”
” कुछ नहीं बस ऑफिस में बैठा हूं , थोड़ी ही देर में यहां से निकलने वाला हूं…”
” वैसे अब तो तुम्हारे ऑफिस वालों का बिवेहियर भी बदल गया होगा.,आखिर तुम जल्दी ही अब एक आर. ए. एस. ऑफिसर जो बन जाने वाले हो..”दूसरी तरफ से तन्मय की हल्के से हंसने की आवाज आई….” हां ,थोड़ा बहुत फर्क
तो जरूर पड़ा है ,पर ऐसे क्यूं कह रही हैं आप…”
” कुछ नहीं बस ऐसे ही ,खैर यह.सब छोड़ो ,तुम्हें एक बात बतानी थी…अर्पू का.ट्रांसफर अब जयपुर ही हो गया है ,अब तो वो यहीं पर रहने वाली है..” प्रत्युत्तर में दूसरी तरफ से एकदम खुशी से भरी आवाज में एक वाक्य निकला ..” सच में..यह तो बहुत अच्छा हुआ…”
” बस इतना ही ,यह नहीं बताओगे कि तुम अब क्या करने वाले हो…” दूसरी तरफ से एक डूबा सा स्वर सुनाई दिया,” मैं क्या कर सकता हूं ,आपने जो बताया है उससे तो मुझे लगता है कि मैं जो भी कुछ करूंगा उन्हें गलत ही लगने वाला है,मुझ पर भला वो कैसे विश्वास.कर पायेंगी, और कोई भी जो ऐसे खराब दौर से गुजरा हो,वो अब कैसे किसी और
पर भरोसा कर सकता है,मैंने तो सोचा है कि अभी मैं कुछ
नहीं करता हूं , अभी कुछ वक्त और गुजर जाने दीजिए फिर शायद उनका मन ही बदल जाए ,वैसे एक बात और भी चल रही है मेरे दिमाग में ..” आगे कुछ और कहता हुआ रूक गया था तन्मय…” अरे ,चुप कैसे हो गये.,क्या सोचा है तुमने , मुझे भी तो बताओ….”
“अभी नहीं आपसे मिलूंगा ,तभी मैं आपको बताऊंगा पर एक बात समझ में नही आ रही कि आज आप कुछ अलग तरह से बात कर रही हैं,और जिस दिन हम अजमेर गये गये थे उस दिन तो आप कुछ अलग ही …..”
” ऐसा क्यूं है यह भी जब तुम मुझसे मिलोगे न , तभी बताऊंगी..और याद रहे अभी पार्टी बाकी है,वो कब दे रहे हो, यह तो तुमने अभी तक बताया ही नहीं…”
” इसमें क्या बताना है ,शनिवार या रविवार जब भी आप चाहें…ओ.के. अपर्णा से भी पूछ लेती हूं ,यदि वो भी
पार्टी में इन्टरेस्टेड हो…ठीक है बताती हूं तुम्हें फोन करके… ओ.के. “
“ओ.के. बाय….” तन्मय ने भी फोन काट दिया था , बात अचानक जिस दिशा में मुड़ रही थी,जाह्नवी को लगा कि कहीं जिस दिन वो दोनो एक साथ अजमेर गये थे ,और उसने जो बातें तन्मय से कही थीं , उनका कोई जिक्र कहीं निकल
न आए, इसलिए उसने तुरंत ही बात को पार्टी की तरफ मोड़ दिया था और फोनबंद करते हुए उसने अपर्णा की तरफ देखा जो अब अपने कान से इयर फोन निकाल रही थी , उसका चेहरा एकदम सपाट था , शायद वो जाह्नवी की बात बदल
देने की चतुराई को भांप ही नहीं पायी थी…..
” अब तो तूने अपने कानो से सुन लीन,तन्मय के दिल की बात ,वो आज भी तुझे चाहता है ,बेकरारी से तेरी प्रतीक्षा कर रहा है.,और इस बात में न तो उसकी सफलता से फर्क आया है, न कुछ तेरे बारे में जानने से ,पहले मैंने तुझे सावधान किया था,विमलेश के बारे में ,क्योंकि तू तो उसके.प्रेम में पड़ी थी ,पर मैं बाहर रह कर उसे तटस्थ भाव से देख रही थी ,मुझे पता चल रहा था कि वो किस तरह से तेरी स्थिति.और तेरी कमजोरी का.फायदा उठा रहा था और तेरा उससे वो प्रेम नहीं था ,वो बस तेरी अपनी बेचारगी से उपजी बौखलाहट थी, तू बस परेशान थी,अपने घर से,सौतेली मां के आने और अपनी जड़ों से कट जाने से..पर तन्मय की बात बिल्कुल अलग है,वो सालों से तुझे अपने मन में बसाए है ,उसे तेरे मान सम्मान की परवाह है.और वो खुद को तुझ पर लादना भी.नहीं चाहता ,वो सच में तेरे लिए एक उपयुक्त आदमी है ,और मुझे पता है कि अगर तेरी सहमति मिली तो वो फिर.किसी भी बाधा से लड़ जायेगा…पर तुझ पर एक हरफ भी नहीं आने देगा ,आगे तेरी मरजी है…”
इस नये घटना क्रम ने एकबारगी अपर्णा को स्तब्ध सा कर दिया था और उस पर जाह्नवी के तर्क और बातों ने, एक तरह के नये असमंजस में डाल दिया था, वो पहले तो कुछ समझ ही नहीं पाई कि वो कहे तो क्या कहे,अपनी इस सहेली को कैसे और क्या जवाब दे, पर फिर उसने कहा…
” देख जाह्नवी , एक बात तो तू मानेगी , कि तू तन्मय जी की वकालत सिर्फ इसलिए कर रही है कि तुझे लगता है वो मुझसे प्रेम करते हैं, और मेरा आज तक इन्तजार कर रहे हैं और साथ में यह भी कि बावजूद इसके जो भी मैंने किया या जो कुछ भी मेरे साथ हुआ, वो मुझे फिर भी अपनाने को
तैयार है और तूने अभी जो भी किया,वो इसलिए कि मुझे तेरी बातों पर, और तन्मय जी के प्यार पर और भरोसा हो जाए , ठीक है मैंने यह मान लिया पर अब मेरे बारे में भी सोच , प्रेम कोई ऐसी चीज तो है नहीं कि तूने कहा और मैंने अपने भीतर का कोई बंद स्विच ऑन कर लिया, मैं जिस आदमी से आज तक ठीक से मिली नहीं , जिसके बारे में मैंने आज तक सोचा नहीं ,मैं उसे कैसे तुरंत प्रेम करने लगूं और वो भी इतने कड़वे और बुरे अनुभवों से गुजरने के बाद ,मैं तो बल्कि इन बातों से खुद को आज और ज्यादा उलझा हुआ महसूस कर रही हूं,
तुझे पता है , अभी कल ही रात को मुझे मैडम फ्रांसिस का
फोन आया था, वो मुझे बहुत मिस कर रही थीं और साथ ही मेरे लिए बहुत खुश भी हो रही थीं और मुझे हिदायत भी कर रही थीं कि तू अब कोई और बेवकूफी मत कर बैठना,अभी
तुझे अपनी जिंदगी में बहुत कुछ करना है,अब तू ही बता
जिस ने मुझे पिछले दो ढ़ाई साल एक सरंक्षक की तरह से पाला है, आश्रय दिया है,काम दिया है ,एक नयी उम्मीद दी है ,जीने का.सहारा दिया है ,मुझे मेरे ही भीतर के अंधेरों से बाहर निकाला है उनको अब मैं यह बताऊं कि मुझे हाल ही
में एक दूसरा लड़का और मिल गया है जो मुझे प्यार करता
है और मेरी गलतियों के बावजूद अपनाने को तैयार खड़ा है,
इस लिए मैं अब फिर से कन्फ्यूज्ड हूं और चाह रही हूं कि मैं यह नया विकल्प आजमा कर देख ही लूं,अभी अभी तो मैंने अपने पापा से हुई मुलाकात के बारे में तुझे बताया है किस तरह बावजूद मेरी सारी हरकतों के,उन्होंने मुझे माफ कर
दिया है, फिर से अपना लिया है,उन्हें भी अब मैं यह समझाऊं कि अब एक दूसरा लड़का और मौजूद है, जो मुझे सालों से चाहता है, नहीं, अभी मैं ऐसा कुछ नहीं कर सकती जो मुझे फिर से इनकी और मेरी ही नजर में मुझे गिरा दे और तू भी
मेरे लिए प्लीज अब यह सब करना छोड़ दे….”
जाह्नवी ने अपर्णा की बातों को ध्यान से सुना और महसूस किया कि अपर्णा सच ही तो कह रही है ,वो यह सब क्यूं कर रही है ,सच तो यह है समस्या अपर्णा की है ही नहीं , समस्या तो उसकी खुद की है ,और समस्या यह है कि वो मन
ही मन तन्मय की स्थिति से इस तरह से जुड़ गयी है कि अब
वो उसके लिए कुछ करके यह साबित करना चाहती है कि वो असल में कैसी लड़की है ,कम से कम एक मौकापरस्त लड़की तो कतई नहीं है जैसा शायद तन्मय उसे अब तक समझने लग गया होगा शायद उससे यह सब उसके भीतर का गिल्ट करा रहा है ,वो तो अपनी सहेली को यह भी नहीं बता पा रही है कि जब उसने तन्मय की बातों को सुना उसकी स्थिति और उसके मन को समझा तो उसे खुद ही यह पता नहीं लगा कि कब वो तन्मय को प्यार करने लगी है , और उसने उस प्यार के चलते खुद को तन्मय के सामने एक विकल्प की तरह से पेश भी
कर दिया था,अगर उसे यहसब अब पता लगेगा तो पता नहीं
वो क्या सोचेगी, जैसा उसकी बातों से लग रहा है वो तो शायद तुरंत यह सुनते ही उसे इसी दिशा में आगे बढ़ने की सलाह भी दे देगी,मतलब इस सारे मुआमले में तन्मय अब तक सही रहा है, वो अपने ध्येय पर एकदम से अडिग है और अपर्णा भी एक दम सही है क्यूं कि उसे भी अब यह पता है कि उसे अपनी जिंदगी क्या करना है ,केवल वही है जो अपने गिल्ट से मरी
जा रही है , और साथ में तन्मय के सामने अपनी इमेज को सुधारने में लगी है क्यूं कि तन्मय ने उस पर बिना कहे ही यह जाहिर कर दिया है कि वो उसकी प्रयोरिटी कभी थी ही नहीं, वो केवल और केवल अपर्णा से प्यार करता था ,और शायद करता ही रहेगा ,और वो भी अपने भीतर उसके लिए कोई स्विचऑन नहीं कर सकता अगर यही बात है तो बहुत हुआ , उसे शायद सच में ही अब इस झमेले से बाहर निकल जाना चाहिए, इन दोनो को अब इन्हीं के हाल पर छोड़ देना चाहिए , यह तन्मय की दिक्कत है कि वो अपर्णा को कैसे मनाए,और अभी तो कहा है उसने फोनपर कि उसने एक और तरकीब सोची है तो आजमा लेगा वो अपनी तरकीब,उसने गलती की थी तो उसकी पूरी सजा भी भुगत ली है, अब इससे ज्यादा तो और वो क्या ही कर सकती है…
” क्या हुआ ,बहुत गहरे सोच में पड़.गयी यार तू तो..” जाह्नवी ने तत्काल खुद को संभालते हुए कहा…” नहीं, तेरी
ही कही बातों को सोच रही थी,तू एकदम ठीक कह रही है, फिलहाल इन बातों का कोई मतलब नहीं,तन्मय को ले कर
अब तुझे मैं तंग नहीं करूंगी…चल अब चलते हैं यहां से…”
*********************************************
(शेष आगे)
अजय कुमार