मेघा राठी का उपन्यास ‘वहाँ कौन है ‘ भाग – 9

वहाँ कौन है? (भाग 9)

और फिर मायरा की आँखें खुल गईं। वह हैरानी से चारों ओर देखने लगी। उसे कुछ समय लगा यह समझने में कि वह कहाँ है। अभी-अभी वह जिस संसार की यात्रा करके लौटी थी, उससे बाहर आना इतना आसान भी नहीं था। नीले और गुलाबी क्रिस्टलों से चमकती वह रहस्यमयी दुनिया, जल के भीतर बने महल और वे धुँधले चेहरे अभी भी उसकी स्मृति में वैसे ही तैर रहे थे।

उदय ने उसका हाथ पकड़कर पूछा, “ठीक हो तुम? अब कैसा लग रहा है?”

लेकिन मायरा उसे इस तरह देख रही थी जैसे पहचान ही न पा रही हो।

“क्या हुआ मायरा? ऐसे क्या देख रही हो?” प्रभात ने उसकी आँखों के सामने हाथ लहराते हुए चुटकी बजाई।

पर मायरा पर उसका कोई प्रभाव नहीं पड़ा। वह फटी-फटी आँखों से सबको देख रही थी।

“मायरा!”

अचानक प्रभा ने उसे जोर से झकझोर दिया। अगले ही पल मायरा जैसे किसी गहरे सम्मोहन से बाहर आ गई।

“हाँ… हाँ… मैं ठीक हूँ। कुछ मिला यहाँ?” उसने उठने की कोशिश की, लेकिन शरीर में इतनी कमजोरी थी कि वह लड़खड़ा गई। उदय ने तुरंत उसे सहारा दे दिया।

“नहीं, अभी कुछ नहीं मिला। कुमार कुछ बताने वाला था, उससे पहले ही तुम बेहोश हो गईं। फिर हम सब तुम्हें होश में लाने में लग गए। आखिर हुआ क्या था तुम्हें?” सुक्खी ने पूछा।

मायरा कुछ क्षण चुप रही।उसे लगा जैसे वह सब सच था…उसके पैरों का मत्स्य रूप में बदल जाना…वह रहस्यमयी मत्स्य-कन्या…जल के भीतर की दुनिया…लेकिन उसने कुछ भी किसी को नहीं बताया।

“मुझे… मुझे कुछ नहीं पता। मेरा हाथ बैग पर था। तभी जैसे किसी गरम चीज़ ने छुआ… फिर उसके बाद क्या हुआ, कुछ याद नहीं।”

उदय ने उसकी पिंडली की ओर देखा जहाँ हल्की सूजन अब भी थी।

“तुमसे कितनी बार कहा है जंगल में पूरे ढँके कपड़े पहना करो। जींस पहनती तो शायद यह नहीं होता। लगता है किसी जहरीले कीड़े ने काट लिया था। अभी सूजन तो कम है लेकिन रंग पूरी तरह सामान्य नहीं हुआ।”

प्रभा ने भी घाव को ध्यान से देखा। “अब पहले से बेहतर है। लगता है दवा असर कर गई।”

“चलो… अब सामान समेटो। काफी समय हो गया है।”, उदय ने कहा।

सब लोग अपना-अपना सामान रखने लगे।जलाशय वैसा ही शांत था।उसका निर्मल जल बिल्कुल स्थिर दिखाई दे रहा था।

प्रभात ने एक बार फिर चारों ओर देखा “मुझे तो इस जलाशय को देखकर सबसे ज्यादा हैरानी इसी बात की हो रही है कि इतने बड़े-बड़े पेड़ हैं… फिर भी इसमें एक पत्ता तक नहीं गिरा।”

सुक्खी कुछ देर तक पानी को ध्यान से देखता रहा।”एक संभावना हो सकती है।”

सब उसकी ओर देखने लगे।

“हो सकता है इस जगह ऊपर और नीचे से ऐसी वायु-धाराएँ बनती हों जो एक स्थायी एयर वॉर्टेक्स तैयार करती हों। गिरने वाले पत्ते उस हवा से किनारे की ओर हट जाते हों। पहाड़ी इलाकों में चट्टानों की बनावट कई बार हवा के प्रवाह को पूरी तरह बदल देती है।”

प्रभात तुरंत हँस पड़ा।

“वाह! मतलब हवा पत्तों से कहती होगी—’भैया… यहाँ मत गिरना।'”

उसकी बात पर सब मुस्कुरा दिए। सुक्खी भी हँस पड़ा।

“मैंने कहा संभावना लेकिन सच कहूँ… केवल हवा से बात नहीं बन रही। यहाँ कुछ ऐसा है जो इस पानी को बाकी जंगल से अलग रखे हुए है।”

अब सभी एक बार फिर उस शांत जलाशय को देखने लगे।अजीब बात थी…जंगल जीवित था…हवा चल रही थी…पेड़ों की शाखाएँ हिल रही थीं…लेकिन उस जलाशय का पानी जैसे किसी और ही संसार का हिस्सा था।

ईएमएफ मीटर की स्क्रीन पर भी अब सारी रीडिंग सामान्य हो चुकी थी। कुमार ने दोबारा उसे जाँचकर बैग में रख दिया। “अब कुछ नहीं है।”

“फिर चलते हैं।”उदय ने कहा।

अब किसी का मन वहाँ रुकने का नहीं था। वे वापस उसी रास्ते लौटने लगे जिस पर उन्होंने नारंगी रंग की फ्लोरोसेंट टेप बाँधी थी।

जहाँ वन विभाग की जीप उन्हें छोड़कर गई थी, वे वहीं आकर बैठ गए। चार बजने में अभी काफी समय था।

प्रभा ने ऊबते हुए कहा, “क्यों न कुछ फोटो ले लिए जाएँ? ऐसे बैठे-बैठे तो बोर ही होंगे।”

“कितने फोटो खींचती है तू!” कुमार हँस पड़ा। “तुझे बोरियत नहीं होती क्या?”

“बुराई क्या है इसमें?” प्रभा ने तुरंत उत्तर दिया। “यादें बनाती हूँ मैं। बाद में इन्हें देखकर मुस्कुरा सकूँगी। तू भी फोटो खिंचवा लिया कर… कॉन्फिडेंस बढ़ेगा।”

कुमार उसकी नकल उतारते हुए बोला, “कॉन्फिडेंस बढ़ेगा…”

सब हँस पड़े।

“चल हट… जिसे फोटो खिंचवानी है, मेरे पास आ जाए।”, इतना कहकर प्रभा ने मोबाइल निकाल लिया।

तभी कुमार अचानक बोला, “रुक…”वह अपना बैग टटोलने लगा।

“क्या हुआ?”

“मेरा डीएसएलआर कहाँ है?”,उसने पूरा बैग उलट-पुलट दिया।

कैमरा कहीं नहीं था। “सुक्खी… कैमरा देखा क्या?”

“बैग में ही होगा।”

“नहीं है।”

प्रभात अचानक सोच में पड़ गया, “एक मिनट… मुझे याद आ रहा है। जब मायरा बेहोश हुई थी, तब कैमरा शायद उदय सर के हाथ में था।”

उदय ने माथा सिकोड़ लिया , “मेरे पास?”उसने याद करने की कोशिश की।”सच कहूँ… मुझे याद नहीं।”

सबने अपने-अपने बैग फिर से देख लिए।कैमरा कहीं नहीं था।

“शिट!”उदय ने झुँझलाकर कहा। “मतलब वहीं छूट गया।”

कुमार कुछ क्षण चुप रहा फिर धीरे से बोला, “अगर कैमरा वहीं छूटा है…” सब उसकी ओर देखने लगे, “…तो अब तक वहीं होना चाहिए।”

सुक्खी ने चुप्पी तोड़ी, “कोई बात नहीं सर। रास्ता अभी याद है। निशान भले हटा दिए हों, लेकिन मैं पहचान लूँगा। मैं और प्रभात जाकर ले आते हैं।”

“मैं भी चलूँगी।” प्रभा तुरंत उठ खड़ी हुई। “वैसे भी उस जगह कई अच्छे फ्रेम थे। इस बार आराम से फोटो भी ले लूँगी।”

कुमार ने सिर पकड़ लिया, “इस लड़की का इलाज नहीं हो सकता।”

प्रभा ने उसे जीभ चिढ़ाई और हँसते हुए दोनों के साथ चल पड़ी।

तीनों उसी दिशा में बढ़ने लगे जहाँ कुछ देर पहले वह रहस्यमयी जलाशय मिला था।शुरू-शुरू में सब सामान्य था। वही ऊँचे साल के पेड़, वही बाँस के झुरमुट और वही नम मिट्टी की गंध।
लेकिन कुछ दूर चलने के बाद सुक्खी के कदम अपने आप धीमे पड़ने लगे।

“यार… इतनी देर में तो वह जगह आ जानी चाहिए थी।”

प्रभात ने घड़ी देखी। “कितनी देर हुई?”

“लगभग बीस मिनट।”

प्रभा ने मोबाइल निकाला, “अरे… यहाँ तो बयालीस मिनट हो चुके हैं।”

“क्या?”दोनों एक साथ उसकी ओर मुड़े।

“देख लो।”

मोबाइल की स्क्रीन पर सचमुच 42 मिनट बीत चुके थे।तीनों कुछ क्षण एक-दूसरे को देखते रह गए।

उन्हें तो लगा था जैसे मुश्किल से बीस मिनट चले हों।

“शायद चलते-चलते समय का अंदाज़ा नहीं रहा।”, प्रभात ने बात हल्की करने की कोशिश की लेकिन न जाने क्यों उसके अपने शब्द भी उसे नकली लगे।

कुछ दूर आगे बढ़ते ही प्रभा अचानक रुक गई। “सुनो… इस जगह मेरी एक फोटो निकाल दो।”

उसके सामने रंग-बिरंगी तितलियों का झुंड उड़ रहा था।

प्रभात ने मोबाइल उठाकर तस्वीर ली। फोटो खिंचते ही प्रभा ने देखा कि एक नीली तितली उसके बिल्कुल पास आकर मंडरा रही है।वह मुस्कुरा दी।तीनों आगे बढ़ गए।

अब जंगल का वातावरण बदलने लगा था।अभी कुछ देर पहले तक पक्षियों की आवाज़ें सुनाई दे रही थीं।अब चारों ओर ऐसा सन्नाटा था कि अपने कदमों की आहट भी अस्वाभाविक लग रही थी।हवा भी जैसे थम गई थी। सुक्खी अचानक रुक गया।

“बस…बहुत आगे आ चुके हैं हम ,वापिस चलो।”, वह लौटने लगा। उसके पीछे वे दोनों भी चलने लगे। एक पेड़ के पास आकर सुक्खी रुक गया। उसने सामने एक पेड़ पर चढ़ी बेल की ओर इशारा किया।

“देखो… यही गाँठ मैंने बाँधी थी।” बेल उसी तरह मुड़ी हुई थी।
सुक्खी के चेहरे पर क्षणभर संतोष आया। फिर उसने सामने देखा…और उसका चेहरा सफेद पड़ गया। “न… नहीं…”

वहाँ कुछ भी नहीं था।न जलाशय।न दोनों बरगद।न बीच की त्रिकोणीय चट्टान।सिर्फ जंगल…घना…सामान्य…जैसे यहाँ कभी कुछ था ही नहीं।

“यह… यह कैसे हो सकता है?”, प्रभात धीरे-धीरे आगे बढ़ा।

प्रभा ने चारों ओर घूमकर देखा। , “हम लोग गलत रास्ते पर आ गए क्या?”
“नहीं।”, सुक्खी ने बिना सोचे उत्तर दिया।

“मैं सौ प्रतिशत यकीन से कह रहा हूँ। यही जगह है।”उसने फिर बेल की गाँठ दिखाई। “यह मैंने खुद बाँधी थी ताकि यह पेड़ से गिरे नहीं। “

अब प्रभा भी असमंजस में थी।”अगर यही जगह है…तो फिर बाकी सब गया कहाँ?”

तीनों के पास इस प्रश्न का कोई उत्तर नहीं था।जंगल अपनी सामान्य अवस्था में खड़ा था।केवल एक प्रश्न हवा में तैर रहा था…

आख़िर गायब क्या हुआ था?…वे… या वह स्थान?
या फिर कुछ देर के लिए वे स्वयं किसी ऐसी जगह पहुँच गए थे, जहाँ सामान्य दुनिया के नियम लागू ही नहीं होते?

Megha

( क्या लगता है आपको? आपके कमेंट्स की तरह ही वो जगह भी छिप गई है क्या? जैसे आपने पढ़ा और गायब हो गए मै खोजती रह गई कि कमेंट्स का निशान कहां है😈। पढ़कर कमेंट जरूर कीजिए यदि जानना है कि आगे क्या हुआ।)

WhatsApp Image 2026-06-26 at 18.05.06 (1) — Vcare Language Academy

Author

Leave a Comment