ज्योत्सना कपिल का उपन्यास ‘ उर्वशी’ भाग -9

 

( 9 )

इस जीवन में वह अपनी जीवनसंगिनी से छुटकारा नहीं पा सकते। सम्बंध विच्छेद की कल्पना भी उन्हें सह्य न थी, अपने खानदान की मर्यादा के साथ वह कोई खिलवाड़ नहीं कर सकते। यह जीवन व्यर्थ ही चला गया। क्या उनके निमित्त यही था ? इतने बड़े संसार में ऐश्वर्या जैसी स्त्री ही उनके भाग्य में थी। क्या वह इस लायक नहीं कि उन्हें उर्वशी जैसी पत्नी मिल पाती। वह उर्वशी पर बुरी तरह आसक्त हो उठे थे। उसे पाने के लिए वह छटपटा उठे।

गतांक से आगे –

उन्हें प्रतीत हुआ कि वह तपते हुए मरुस्थल में प्यासे भटक रहे हैं। उनके कंठ में काँटे से उग आए हैं। उनके भीतर का भयंकर रीतापन उन्हें निगलने लगा। एक सीलन सी जैसे श्वास नली को जकड़ती सी चली गई। उन्होंने वाइन का एक लार्ज पैग बनाकर, एक घूँट में ही कंठ से उतार लिया। इतने व्यग्र वह जीवन में कभी नहीं हुए थे, जितना व्यग्र वह उस दिन थे। उनके आँखों से अश्रुकण टपक पड़े। ईश्वर, क्या मेरे हिस्से में सिर्फ कर्त्तव्य ही आये हैं, मेरे मनोनुकूल कुछ भी नहीं ?
उसके बाद वह उसका अभिनीत कोई नाटक नहीं छोड़ते। जब भी वह रंगमंच पर उतरती तो वह सौ काम छोड़कर उसे देखने जाते। हर बार उसके लिए सुंदर सा गुलदस्ता भी तैयार करवाते। वह दिन रात उसके लिए तड़प रहे थे, पर ऐसा कोई नहीं था जिससे अपने मन की बात कह पाते। उन्हें दुख इस बात का भी था कि जिसके लिए वह इस कदर बेचैन हैं उसे तो ख़बर भी नहीं। काश वह उनकी बेचैनी, उनकी उनींदी रातों की व्यथा जान पाती ! उस दिन जब ट्रेड फेयर में वह अकस्मात सम्मुख आ गई, तो लगा , आज ईश्वर उन पर बहुत कृपालु हो उठा है । उनके किसी पुण्य की सौगात दी है। बहुत मुश्किल से स्वयम पर नियंत्रण कर पाए थे। उसे देखकर हृदय में बस एक ही कामना जगी, की काश वह भी उन्हें चाहे। इसके बाद एक विवाहोत्सव में अचानक उससे मुलाकात … उन्हें लगा ईश्वर सचमुच उनपर मेहरबान हो रहा है। फिर उसकी आँखें देखकर, उन्हें यह भी महसूस हुआ कि सम्भवतः वह भी उनकी ओर आकृष्ट है।
कुछ ही दिन गुज़रे थे, कि एक सूचना ने उनके हृदय को विदीर्ण कर दिया। समाचार पत्र में छपा था की दीपंकर घोष उसे अपनी आगामी फिल्म में साइन कर रहे हैं। वह विचलित हो उठे। उन्हें लगा उनके मन की इकलौती प्रसन्नता अब उनसे रूठ रही है। जब तक वह रंगमंच पर काम करेगी, उनकी पहुँच में रहेगी, पर एक बार मुम्बई चली गई, तो उनसे बहुत दूर हो जाएगी। हालाँकि मुम्बई जाना इतना कठिन नहीं था , जब इच्छा हो मुम्बई की फ्लाइट लेकर जा सकते थे, पर बार बार अपने काम का नुकसान करना सम्भव नहीं हो पाएगा। फिर वह उसे देखने को तरस जाएंगे। नहीं, वह ऐसा नहीं होने देंगे। उसे खुद से दूर नहीं जाने देंगे। वह कुछ भी करेंगे, पर उसे रोक लेंगे।
लेकिन क्या करें ? कैसे रोकें उसे ? विवाहित न होते, तो उसे अपनी संगिनी बना लेते, पर उनके पाँव में बेड़ियाँ पड़ी हैं। शौर्य … तभी छोटे भाई का नाम उनके मस्तिष्क में आया और वह चौंक गए। यह बात पहले दिमाग में क्यों नहीं आयी ? इस तरह वह हमेशा उनकी नज़रों के सामने रहेगी। कुछ दिन पहले ही उनके विश्वस्त सहयोगी ने उन्हें सूचना दी थी, कि शौर्य अपने ऑफिस में काम करने वाली एक गैर सम्प्रदाय की लड़की, ग्रेसी जोन्स के आकर्षण में फँस चुका है। जो स्मार्ट तो थी पर रंग रूप में लगभग साधारण ही थी। उन्हें समझ में न आया कि वह उस लड़की के चंगुल में कैसे फँस गया ? उसमें ऐसा क्या है, जो उसे असाधारण लगा ? एक भिन्न सम्प्रदाय की लड़की के साथ, किसी भी स्थिति में, उसका सम्बन्ध सम्भव नहीं था। उन्होंने उस लड़की का स्थानांतरण दूसरी शाखा में करवा दिया , पर उन दोनों का मिलना जुलना नहीं रुका। शौर्य को उन्होंने फटकार भी लगाई की उस लड़की से दूर रहे। बड़े भाई के सम्मान में वह कुछ बोला तो नहीं, पर ग्रेसी से नज़दीकी ज्यों की त्यों बनी रही।
अब उन्हें लगा कि उनकी दोनो समस्याओं का समाधान मिल गया है। ग्रेसी नाम की फाँस, छोटे भाई के जीवन से भी निकल जाएगी, और उर्वशी भी उनकी आँखों के सामने रहेगी। बेशक उसका सामाजिक स्तर उनलोगों के समक्ष कुछ भी नहीं था, पर सबसे बड़ी बात की वह समान धर्म और जाति की है। उस पर अप्सरा सी सुंदर, जिसे इनकार किया ही नहीं जा सकता। शौर्य के फरिश्ते भी उसके प्रेम पाश में ऐसे बन्धेंगे की सब चौकड़ी भूल जाएगा । कुछ ही दिनों में उसे याद भी न रहगा कि कौन ग्रेसी और कहाँ की ग्रेसी। यह विचार आते ही उन्होंने अपना मन फूल सा हल्का पाया।
पूरी योजना बनाकर, अगले दिन उन्होंने डिनर के समय परिवार के सभी सदस्यों से उपस्थित रहने का अनुरोध किया। संयोग से उस समय शिप्रा भी मायके आयी हुई थी। हल्की फुल्की बातों के पश्चात, उन्होंने शौर्य के विवाह की चर्चा छेड़ी और उर्वशी के विषय में सबको बताया। उनकी पत्नी ने उसकी साधारण पृष्ठभूमि की बात उठाई, जिसे उन्होंने उसके सौंदर्य की चर्चा करके दबा दिया। माँ व बहन ने इस सम्बंध में दिलचस्पी दिखाई। इतना संकेत काफ़ी था उनके लिए, उन्होंने झटपट मृच्छकटिकम ‘ की पूरी यूनिट को डिनर पर बुला लिया। ताकि किसी को संदेह न हो, कि उनके मन में क्या चल रहा है। उस डिनर में उन्होंने अपनी माँ , बहन और पत्नी को भी सम्मिलित किया। ताकि वे लोग चुपचाप लड़की को देखकर अपने विचार बता दें। माँ को लड़की बहुत पसंद आई थी। उन्हें उसके मध्यमवर्गीय होने से कोई समस्या नहीं हुई। बल्कि इसका वह राजनीतिक लाभ ले सकती थीं। अपने बेटे का विवाह एक मध्यमवर्गीय लड़की के साथ करके, वह एक ऊँचा उदाहरण प्रस्तुत करतीं। उन्होंने पुत्र के प्रस्ताव पर अपनी सहमति की मुहर लगा दी। अब किसी और के विरोध का तो प्रश्न ही नहीं उठता था।
शौर्य को जब यह पता लगा कि उसका सम्बन्ध तय किया जा रहा है तो उसने विरोध किया और अपनी नाराजगी भी जताई, पर उसका कोई लाभ न हुआ। बड़ों की सम्मति के सम्मुख उसे झुकना ही पड़ा। उसके पश्चात सबकी सहमति लेकर वह उर्वशी के घर गए और अपना प्रस्ताव उसके पिता के सम्मुख रखा। उनकी माँ को एक राजनीतिक दौरे पर उदयपुर जाना था। ऐश्वर्या ने ज़रूरी मीटिंग का बहाना बना दिया। इतने कुलीन परिवार का प्रस्ताव उर्वशी के परिवार के लिए आश्चर्य का बायस बन गया। उर्वशी के पिता ने कहा कि यदि उनकी पुत्री की सहमति हुई, तो वे बड़ी प्रसन्नता से इस प्रस्ताव को स्वीकार कर लेंगे। हाँ यदि उर्वशी की ही इच्छा न हुई तो कुछ न कर पाएंगे।
अब गोट उर्वशी के पाले में थी। उसका एक इनकार सब कुछ बदल सकता था। उन्हें यह तो महसूस होता था कि वह सम्भवतः उनकी ओर आकृष्ट है, पर शौर्य के साथ सम्बन्ध के लिए राजी होगी या नहीं, कहा नहीं जा सकता। उन्हें आशंका थी कि शौर्य के साथ सम्बन्ध की बात सुनते ही वह तुरंत इनकार कर देगी। इस बाधा को कैसे पार किया जाए, वह सोच में पड़ गए। न जाने कितनी मनौतियां मना डालीं की वह अपनी स्वीकृति दे दे। शायद ईश्वर ने उनकी सुन ली और उसने स्वीकार कर लिया। उसकी हाँ सुनकर उन्हें थोड़ा झटका सा भी लगा। यह क्या हुआ ? बेशक सब कुछ उनके अनुसार ही हो रहा था पर यह बात न जाने क्यों अच्छी नहीं लगी?

क्रमशः

WhatsApp Image 2026-06-16 at 13.30.59 — Vcare Language Academy

Author

Leave a Comment