अजय कुमार का उपन्यास ‘ तेरे लिए ‘ – भाग -24

 

तुम्हारे लिए
***********
भाग चौबीस
*************
” अब तू ही पहचान कौन हैं यह…” जाह्नवी के मुंह
से हठात् निकला,उसकी बात सुन कर अपर्णा थोड़ा घबराते
हुए फिर देखा तन्मय को ,कितनी अजीब सी थी अपर्णा की
वह नज़र,अपनी ही वेदना के भार से मुश्किल से उठती और झुकती सी…”ये तो..ये तो…” जाह्नवी को थोड़ा सा आश्चर्य
हुआ..मतलब अपर्णा की स्मृति में है वह बात अब तक भी
” कौन है ये…कुछ याद आया..” अपर्णा अब तक तन्मय को पहचान गयी थी…” वही जो उस दिन हमें मॉल में मिले थे…
वो किताब खरीदी थी न..” आगे कहते कहते रूक गयी थी अपर्णा…
“आप लोग अंदर आइये न…” अपर्णा को खुद समझ नहीं आ रहा था ,वो क्या कहे, तन्मय की समझ में नहीं आने वाली इस मौजूदगी ने उसे बहुत ज्यादा हैरान कर दिया था..
पर जाह्नवी जो खुद भी आज बहुत कुछ जानना चाहती थी ,
ने अंदर आते ही अपर्णा से पूछ लिया था….
“बाहर हमें पता लगा कि तू खुद आज जयपुर जाने
वाली है आकाशवाणी के किसी प्रोग्राम के सिलसिले में,और विमलेश जी कहां है,क्या वो इसी स्कूल में काम नहीं करते..” यह.बात पूछते हुए उसने अपर्णा की तरफ देखा था ,उसका चेहरा उस के इन स्पष्ट सवालों से स्याह हो गया था, उसे तो शायद यह बिल्कुल उम्मीद नहीं थी कि वह एक अजनबी की उपस्थिति में उससे ऐसी बातें यूं पूछ लेगी।वो जवाब में चुप रही,बल्कि उसने सवालों की उपेक्षा करते हुए कहा….” तुम
लोग खड़े क्यूं हो, बैठ जाइये आप भी,मैं तुम लोगों के लिए चाय का प्रबन्ध करती हूं…”और फिर जाह्नवी के जवाब की प्रतीक्षा किये बिना ही अपने क्वार्टर के किचन में घुस गयी ।
तन्मय अपर्णा के व्यवहार से तुरंत भांप गया था
कि उसे शायद उसकी उपस्थिति में जाह्नवी के सवालों से दिक्कत हो रही थी और यह स्वाभाविक भी था, ऐसी व्यक्ति
गत बातें कोई किसी अपरिचित व्यक्ति के समक्ष कैसे कर सकता था बल्कि अपर्णा को तो यह भी लग रहा होगा कि तन्मय को उसके बारे में जाह्नवी ने सब कुछ शायद पहले से
ही बता रखा है, जाह्नवी ने इस तरह से सवाल पूछ कर उसे जरूर पशोपेश में डाल दिया है, तन्मय तुरंत अपनी जगह से खड़ा हो गया उसने जाह्नवी से संकेत में कहा कि वो अपर्णा
के पास किचन में जाए और वह खुद यह इशारा करके कमरे
से निकलकर बाहर बरामदे की तरफ चल दिया।
जाह्नवी को भी कुछ ऐसा ही लगा था, वो भी तुरंत उठ कर किचन में चली गयी….” क्या हुआ , तूने मेरी बातों का
कुछ भी जवाब नहीं दिया, अभी भी अपर्णा कुछ नहीं बोली , बस जाह्नवी को देख कर उसकी आंखों से आंसू गिरने लगे , अब जाह्नवी को अपनी गलती का अहसास हुआ, उसे तुरंत
यह बात नहीं छेड़नी चाहिए थी,उसने उसकी मनोव्यथा का सही अनुमान नहीं लगाया था पर अब तो क्या हो सकता है..उसने अपर्णा को पीछे से बांहों में भरते हुए बहुत प्यार से कहा…” तन्मय तो बाहर खड़ा है ,तू कुछ तो मुझे बता ,शेष
बात हम बाद में अकेले में कर लेंगे वैसे जयपुर तो आज ही जाना है न तुझे…”
” हां ,जयपुर तो जाना ही है ,कल सुबह ही रिकॉर्डिंग है मेरी ,इसीलिए तो मैंने उस दिन तुझे फोन किया था..” अपर्णा
ने जाह्नवी को टूटते से स्वर में जवाब दिया था…
” ठीक हैं ,तो हम साथ ही चलते हैं ,चल सकते हैं न..”
” हां चल सकते हैं , मैंने चार दिन की छुट्टी ली है , मैं अभी जयपुर जाने की तैयारी ही कर रही थी…” जाह्नवी ने मौका देखकर अब वही बात पूछ ली ,जो उसे लगातार परे
शान किये हुए थी…”और वो विमलेश,वो कहां पर है,वो नहीं चल रहे हैं क्या  हमारे साथ…”
” मुझे पता नहीं विमलेश कहां है ,उसके साथ नहीं रहना
है मुझे,वो तो यहां अजमेर में ही नहीं है पहले दिन से मैं उस
के साथ नहीं रही, अभी बस कुछ और मत पूछना, बाद में बताऊंगी मैं तुझे… “
जाह्नवी ,अपर्णा की इस बात से ही बुरी तरह डगमगा
गयी थी,यह तो मुआमला ही कुछ और था एकबात जानने
के बाद न जाने कितने और सवाल उग आये थे पर अभी
इन सवालों का कुछ मतलब नहीं था।
चाय बन चुकी थी, और अपर्णा ने कुछ बिस्किट
और कुछ नमकीन भी प्लेट्स में निकाल दिए थे..अपर्णा ने
ट्रे उठाई और जाह्नवी ने किचनसे बाहर आ कर तन्मय को
अंदर बुला लिया था।
” यह अपर्णा अब हमारे साथ ही जयपुर चल रही है ,कल सुबह आकाशवाणी जयपुर में रिकॉर्डिंग है इसकी..” अपर्णा जब चाय सर्व कर रही थी ,तब जाह्नवी ने यह बात बताई और फिर खुद अपर्णा की तरफ देखते हुए बोली…
” पर हमें यह तो बताओ कि अचानक यह रिकॉर्डिंग वगैरह
यह सब कुछ हुआ कैसे….”
” मदर फ्रांसिस की वजह से , जॉब तो मुझे पहले अंगेस्ट लीव रिर्जर्व वैकेन्सी के मिल ही गयी थी और बाद में मुझे पूरी रैग्यूलर बेसिस पर एपोइन्ट भी कर लिया पर मदर फ्रांसिस
को लगा कि मेरी जगह सिर्फ स्कूल में नहीं है ,तो उन्होंने ही
यह सब.अरेंज कराया,यहां हुए एक म्यूजिक प्रोग्राम हो जाने
के बाद ,और वो अब यह भी कोशिश कर रही हैं कि मेरा ट्रांसफर भी कहीं किसी जयपुर के कान्वेंट में हो.जाए , बस उन्हीं की वजह से हुआ सब वरना मैंने तो…सारी उम्मीदें ही छोड़ दी थी…”
तरकीब से अपनी बात को दूसरी तरफ मोड़ दिया
था अपर्णा ने,तन्मय की उपस्थिति जैसे आज दोनो सहेलियों
के बीच एक अवरोध की तरह से बन चुकी थी जाह्नवी को
भी अब यही महसूस हो रहा था,तब उसे लगा शायद यही उपयुक्त समय है तन्मय की यहां मौजूदगी को नये सिरे से समझाने और उसे इन्ट्रोड्यूस करने का।
” यह तो बहुत बढ़िया संयोग बन गया , मैं तो यहां आई थी ,तेरी खैर खबर लेने ,कितने दिन हो गये थे तुझसे मिले, तुझसे बातें किए हुए और अब हम एक साथ ही चल रहे हैं , वाह ,और अब तन्मय यहां पर क्यूं है ,तू जरूर यही सोच रही होगी, तुझे मैं बताती हूं , तन्मय एक दिन रीजेन्ट मॉल में मिल गये थे और इन्होंने ही पहिचाना भी मुझे, याद है उस दिन जो किताब की बात हुई थी ,बस उसी से आगे बातें हुईं,इन्होंने तेरे बारे में पूछा और फिर दो तीन मुलाकातें और ,यह जयपुर के
ही हैं ,एफ.सी.आई में जॉब है,इनकी ,फिर तेरा फोन आया
तो मुझे यहां आना ही था ,ये भी बस साथ देने आ गये..बस
यही वजह है यहां इनके मेरे साथ चले आने की…”
अपर्णा ने पूरी बात सुन कर तन्मय को एक नजर देखा ,और एक बार फिर अभिवादन किया , कितनी खाली खाली थीं अपर्णा की निगाहें, उसने उन आंखों के खालीपन
को तन्मय ने अपने भीतर तक गड़ता हुआ महसूस किया…।
अपना बैग पैक करके वो अपनी फ्रांसिस मैम से परमिशन लेने गयी और कुछ ही देर बाद तीनो एक साथ अजमेर से जयपुर के लिए रवाना हो गया….कोई वक्त इस
वक्त तन्मय के दिल से उसकी कैफियत पूछता तो वो शायद कह भी नहीं पाता ,उसे जिसकी तलाश थी वो आज उसके साथ ही कार में बैठी थी ,और विमलेश जिसके बारे में उसने जाने क्या.क्या सुन रखा था ,उसका कहीं भी पता नहीं था, इसकी वजह क्या थी ,यह तो अभी उसे मालूम नहीं थी,पर फिलहाल उस.वजह को वो जानना भी कहां चाहता था।
************************
(शेष आगे )

अजय कुमार

 

 

 

 

WhatsApp Image 2026-06-03 at 13.23.29 — Vcare Language Academy

Author

Leave a Comment