भाग – 18
उनदोनो के बीच सब कुछ सामान्य होते देखकर शिखर ने उन्हें पन्द्रह दिन के हनीमून पैकेज पर यू एस भेज दिया। दिन रात का साथ, एकांत और स्वछंद जीवन , उनमें काफी घनिष्टता कर गया। उनके सुखद दाम्पत्य की शुरूआत हो चुकी थी। हर कोई इस बात से खुश था, बस अगर कोई खुश नहीं था तो ग्रेसी । उन दिनों जब शौर्य उसके प्रेम में पड़ा तो वह गर्व से भर उठी कि एक ऊँचे घराने का युवक उसके लिए दीवाना हो गया है। खूब मुलाकाते होने लगी, कीमती उपहार, घूमना फिरना । सब कुछ अच्छा चल रहा था कि तभी उसके बड़े भाई तक यह सूचना पहुँच गई और ग्रेसी का तबादला दूसरी शाखा में कर दिया गया, पर शौर्य ने हार नहीं मानी, उसने अपने रिश्ते में कोई फ़र्क नही पड़ने दिया ।
तभी सुना कि उसका विवाह निश्चित हो गया है। यह खबर ग्रेसी को बहुत भारी लगी। उसे यकीन था कि शौर्य नहीं मानेगा, और सचमुच वह मानसिक रूप से इस विवाह के लिए तैयार नहीं हो पाया। उसने गृहत्याग का निर्णय लिया। वह उसके लिए कुछ भी करने को तैयार था। लेकिन ग्रेसी की तो यह चाहना नहीं थी। शौर्य के गृहत्याग का अर्थ था, सारे ऐश्वर्य का भी परित्याग। ऐसा ग्रेसी ने कभी नहीं चाहा था। वह तो चाहती थी, कि पूरे अधिकार के साथ राणा परिवार की बहु बनकर जाए और ऐश आराम की ज़िंदगी जिये। इस कदम से उसे कोई लाभ न था।
उसने शौर्य से उसके परिवार की मान प्रतिष्ठा की बात की और उसे, उनके आगे समर्पण के लिए बोल दिया। वह उसके त्याग को देखकर भावुक हो उठा , और उससे कभी दूर न होने का इरादा कर लिया। विवाह हो गया, और बाद में शौर्य के द्वारा यह जानकर ग्रेसी को बहुत सुकून मिला, कि उसने अपनी पत्नी को अपनाने से इनकार कर दिया है। वह फूली न समाई। उसे विश्वास हो गया, कि यह स्थिति उसकी पत्नी ज्यादा दिन बर्दाश्त नहीं कर पाएगी और उसे छोड़ जाएगी। बस फिर तो शौर्य पर, उसका ही अधिकार रह जाएगा।
परन्तु उसके परिवार ने हिम्मत न हारी और पति पत्नी को कुछ समय साथ गुज़ारने के लिए जोर जबरदस्ती करने लगे। फिर अचानक वह बदलने लगा। जहाँ पहले एक दिन भी उसे देखे बिना नहीं रह पाता था, अब कई कई दिन निकल जाते। शिकायत करने पर बहाने बनाने लगा। उसपर यह हनीमून ट्रिप, ग्रेसी के अरमानों पर बिजली बनकर गिरी। उसे शौर्य अपने हाथों से फिसलता हुआ सा लगा। इन पन्द्रह दिनों में, वह इतना मस्त था, कि एक बार भी उसे फोन न किया। अब ग्रेसी सोच विचार में पड़ी थी कि अब क्या किया जाए ? कैसे उसे वापस लाया जाए ?
खुश शिखर भी नहीं थे। एक तो विवाह तय होने के बाद से उर्वशी उनसे दूर रहती थी। वह उनसे बात करना तक गवारा नहीं करती थी। सामने पड़ जाने पर उनकी ओर दृष्टि उठाकर देखती तक न थी। उसकी इस उपेक्षा से वह बहुत आहत होते। उस पर पति के साथ उसकी नजदीकी उन्हें और परेशान कर रही थी। वह समझ ही नहीं पा रहे थे कि आखिर वह चाहते क्या हैं ? एक तरफ उसकी खुशी की चाहत, दूसरी तरफ उसकी खुशी से ही कष्ट। बड़ी मुश्किल से यह पन्द्रह दिन गुज़रे और वह दोनो घर लौट आये। इस प्रवास ने उन पर मानो जादू की छड़ी फेर दी थी। दोनो के ही खिले निखरे चेहरे, छलक -छलक उठता उल्लास, यह सब देखकर शिखर का मन बुझ गया । उन्हें सब कुछ बहुत असहनीय , अनचाहा सा लगा।
उधर ग्रेसी को तो यह बात बहुत आहत कर गयी। उसे लगा कि अब शौर्य को और छूट देने का अर्थ होगा, हमेशा के लिए उसे खो देना। अब वह शौर्य पर शिकंजा कसने लगी। जब देखो तब उसे ताने देती रहती, की वह बहुत बदल गया है। अब वह उसका ज्यादा समय चाहने लगी थी। उससे उम्मीद करने लगी थी कि वह उसे पहले की तरह ही पैम्पर करे और पत्नी से दूर रहे। वह अब बहुत असुरक्षित महसूस कर रही थी। कहीं ऐसा न हो कि वह उसे छोड़ दे और सारा प्रेम पत्नी पर लुटाने लगे।
दूसरी तरफ शौर्य तेजी से पत्नी की ओर खिंच रहा था। इसके पीछे एक बहुत बड़ा कारण उर्वशी का सौंदर्य व दैहिक आकर्षण भी था। पर जब भी शौर्य अकेला होता, तो उसका अंतर्मन उसे प्रताड़ित करने लगता। उसे लगता जैसे वह ग्रेसी के साथ बेईमानी कर रहा है। वह ग्रेसी को कभी छोड़ना नहीं चाहता था। उसका मन यह मानने को तैयार नहीं था, कि वह अब अपनी प्रेमिका से दूर हो गया है। वह अब भी वफादार प्रेमी का तमगा लगाए रखना चाहता था। पर अब उसकी मुश्किलें बढ़ रही थीं।
अब ग्रेसी की माँग थी कि वह उसके साथ ज्यादा समय बिताए। वह दोनो कुछ दिनों को कहीं घूमकर आयें। शौर्य संकट में पड़ गया। वह न तो जाना चाहता था और न ही उसे दुख पहुँचाना चाहता था। अगर जाएगा, तो घरवालों से क्या कहकर निकलेगा ? शिखर के स्रोतों से वह अनजान नहीं था। उन्हें सब पता लग जाएगा कि वह कब , कहाँ और किसके साथ गया। अब वह रिस्क लेने की स्थिति में नहीं था। उसे समझ में न आ रहा था, कि वह क्या करे। उधर ग्रेसी कुछ समझने को तैयार ही न थी। वह अपनी जिद पर अड़ी थी। अब अक्सर उन दोनों के बीच बहस हो जाती।
इन विवादों का असर अब उसके स्वभाव में पड़ने लगा। उसका दिमाग कहता कि वह इस प्रसंग को यहीं समाप्त कर दे और पत्नी के साथ शांतिपूर्ण ढंग से जीवन बिताए। लेकिन उसका अहम यह गवारा नहीं करता। उसे लगता कि यह उसकी हार होगी। उसने तो बड़ी दृढ़ता से कहा था कि उसके जीवन में ग्रेसी की जगह कोई नहीं ले सकता। अब वह कैसे, कल की आयी हुई एक स्त्री के सम्मुख झुक जाए।
ग्रेसी उस पर बेवफाई का इल्जाम लगा रही थी। कह रही थी कि उसने उसका जीवन खराब किया है। जब लोग उसकी किस्मत को सराहते कि उसे इतनी सुंदर पत्नी मिली है तो कई बार वह चिढ़ जाता। कई बार उसे लगता कि अगर कोई दोषी है तो बस उर्वशी। यदि वह इतनी सुंदर न होती, तो शायद उसका विवाह भी अभी कुछ समय न होता। कई बार वह सोचता कि वह किस झंझट में पड़ गया है। काश ग्रेसी न होती तो जीवन में कोई उलझन न थी।
उसकी जिद से विवश होकर शौर्य ने अपने एक मित्र के रिसॉर्ट में दो दिन ग्रेसी के साथ गुज़ारने की योजना बनाई। हुआ यह कि उसका मित्र अभय, अपने रिसॉर्ट में एक पार्टी कर रहा था। पार्टी की सूचना सुनकर उसके दिमाग में ग्रेसी के साथ, समय गुज़ारने का आईडिया आया।
क्रमशः