ज्योत्सना कपिल का उपन्यास ‘ उर्वशी’ भाग -40

40-

” अगर आपकी जगह मैं होती, तो क्या आप मुझे माफ़ करते ? “
उसके प्रश्न पर वह सोच में पड़ गया।
” चलिए मैंने आपको माफ़ किया, पर वापस नहीं लौटूँगी। “
” जब माफ़ कर दिया, तो क्या उलझन है ? क्या आपको लगता है कि हम फ़िर वही गलती करेंगे ?”
” नहीं, आप पर यकीन है, पर अब मेरी वापसी सम्भव नहीं। “
” क्यों सम्भव नहीं ? बल्कि अब आपको हमारी, देखभाल की ज्यादा ज़रूरत है। ” शौर्य के जवाब पर उसने प्रश्नवाचक दृष्टि से उसकी ओर देखा।
” मम्मी जी को जब हमने आपके पास आने के विषय में बताया, तो उन्होंने हमें खुशखबरी दी, कि हमारा वारिस आने वाला है। ” उसके चेहरे से खुशी छलकी पड़ रही थी। यह सुनकर उर्वशी को बहुत कोफ़्त हुई, की मम्मी से यह बात बताए बिना रहा नहीं गया।
” आपने हमें बताया भी नहीं ?”
” मुझे लगा ही नहीं, कि अपने बच्चे के विषय में मुझे आपको बताना चाहिए । “
” कैसी बात कर रही हैं आप ? ख़ैर, अब हम आपको लेकर ही जाएंगे।”
” मैं आपको हर्ट नहीं करना चाहती शौर्य, पर अब नहीं। मैं आपसे बहुत दूर हो चुकी हूँ । “
” कोई बात नहीं, जब हम साथ रहने लगेंगे तो यह दूरी भी खत्म हो जाएगी। हम आपको हर खुशी देंगे उर्वशी। आपके जाने के बाद हमें अहसास हुआ, कि हम आपको दिल की गहराई से चाहने लगे हैं। बहुत पश्चाताप भी किया है। “
” अब बहुत देर हो चुकी है। “
” कोई देर नहीं हुई, जब जागो, तभी सवेरा। प्लीज़ गुस्सा थूक दीजिये, हमें माफ़ कर दीजिए। “
” कहा न कि अब मैं आपसे नाराज़ नहीं ” कहते हुए वह पलभर को खामोश रह गई। थोड़ी देर कशमकश में लगी, फिर बोली
” मेरे जीवन में अब किसी और का प्रवेश हो चुका है। “
” यह सब आप नाराज़गी में कह रही हैं न ?” शौर्य ने अविश्वास भरे स्वर में कहा।
” यह बिल्कुल सच है।”
” हमें यकीन नहीं हो रहा ।”
” आप जितनी जल्दी यकीन कर लें उतना ही अच्छा है शौर्य। “
यह सुनकर शौर्य उसे देखता रहा। उसके चेहरे पर सच्चाई के भाव देखकर जब लगा, कि उर्वशी सच कह रही है, तो वह अवाक रह गया। यह बर्दाश्त करना उसे मुश्किल लगने लगा, कि जिस पर कभी उसका अधिकार था, जिसकी वह इतनी मिन्नतें कर रहा है, वह अब उसकी न रही।
” बहुत तेज रफ़्तार है आपकी, इतनी जल्दी प्रेमी भी ढूँढ लिया। ” उसने व्यंग्य किया।
” जल्दी कहाँ, जेट एज है, फिर लोगों का कहना है कि मैं खूबसूरत भी हूँ। ” उर्वशी ने उसके कटाक्ष का उत्तर शांत स्वर में दिया।
” पर यह बच्चा … ?”
” इससे आपका कोई वास्ता नहीं, शायद आप भूल गए हैं, कि आपने तो हमेशा एहतियात बरती। ” उसने कहा तो शौर्य थोड़ी देर हैरानी से उसे देखता रहा, फिर उसके चेहरे पर क्रोध के भाव आ गए
” आपको शर्म नहीं आयी, नाजायज सम्बन्ध बनाते हुए ? “
” वाह, आपने बनाया तो जायज और मैंने बनाया तो नाजायज ? दोहरी मानसिकता और किसे कहते हैं कुँअर सा ? ” उसने तीखी दृष्टि से शौर्य को देखा,फिर बोली ” जहाँ तक मैं समझती हूँ कि अब कहने को कुछ बचा नहीं है। हमारे बीच सब खत्म हो गया है, गुडबाय। ” कहते हुए उसने हाथ जोड़ दिए और शौर्य क्रोध व हताशा के भाव लिए हुए उठकर चला गया।
उर्वशी अपने आपको शांत करने की कोशिश करने लगी। तभी उसका फोन बज उठा। देखा तो रोहित का फोन था। रोहित का नाम देखकर उसे थोड़ा आश्चर्य हुआ। वह कुछ समय पूर्व मुम्बई जा चुका था। उसे एक बड़े प्रोडक्शन हाउस के धारावाहिक में, नायक की भूमिका मिल गई थी। कुशल क्षेम के बाद उसने बताया कि उसके पास उर्वशी के लिए एक बढ़िया प्रपोज़ल है। जिस डेली सोप में वह काम कर रहा है, उसमें एक बढ़िया रोल के लिए एक्ट्रेस की ज़रुरत है।
” पैसा कितना मिलेगा ? “
” तुम्हारी उम्मीद से ज्यादा। “
” गुड, फिर कोई वजह नहीं, कि इनकार करूँ। तुम जानते हो कि इस समय मेरी फर्स्ट प्रायोरिटी पैसा है। “
” रोल ग्रे शेड लिए हुए है, अच्छी बात यह है कि वह पात्र प्रेगनेंट भी दिखाया गया है, तो तुम्हें कोई दिक्कत नहीं होगी। “
” वाह, और क्या चाहिए। “
” इसमें तुम्हें अपनी एक्टिंग के जलवे दिखाने का खूब मौका मिलेगा। छा जाओगी। “
” ग्रेट “
” कुछ बोल्ड सीन भी करने होंगे। मतलब हीरो के साथ कुछ लव मेकिंग सीन।” सुनकर वह कुछ पल को खामोश रह गई।
” ओके, अब जब इस लाइन में आ ही गई हूँ, तो कब तक परहेज करूँगी। ” उसने ठंडी साँस छोड़ी।
” बस तो मुम्बई आने की तैयारी कर लो। कल की ही फ़्लाइट बुक करा लो। “
“ओके, मेरे रहने का इंतज़ाम कर लेना। “
” ओके, सी यू टुमॉरो। ” कहकर रोहित ने फ़ोन रख दिया। थोड़ी देर बाद ही प्रोडक्शन से कास्टिंग डायरेक्टर का फोन आ गया और उन्होंने उसे अगली फ़्लाइट लेकर मुम्बई आने को बोल दिया।

* * * * * * *

उसने उमंग को बताया तो वह सोच में पड़ गया। वह यह नहीं चाहता था कि इस हालत में उर्वशी इतनी दूर जाकर रहे और दिन रात संघर्ष करे। जबकि उर्वशी का कहना था कि अवसर बार बार नहीं मिला करते। एक बार वह मेन स्ट्रीम में जगह बना ले, तो उसके जीवन की राह आसान हो जाएगी। उमंग कुछ पल उसे देखता रहा फिर पूछा कि शौर्य से उसकी क्या बात हुई ? जवाब में उसने बता दिया कि वह माफ़ी मांग रहा था और वापस घर चलने को कह रहा था। इस पर उमंग ने कहा कि अब समझदारी इसी में है कि वह जिद छोड़कर शौर्य के पास वापस चली जाए। क्योंकि वह माँ बनने वाली है।
” अब मैं आपको कैसे समझाऊँ, वापसी की गुंजाइश अब नहीं है । “
” आखिर दिक्कत क्या है ?”
वह सोच विचार में डूबी रही। उमंग ने कुछ देर उसके बोलने की प्रतीक्षा की, पर कोई उत्तर न आता देख पुनः प्रश्न किया
” कोई और बात है, जिसका मुझे नहीं पता ?” उसने सहमति में सिर हिला दिया
” क्या ? तेरे दिल में जो कुछ भी है, मुझे बता। मैं समझने की पूरी कोशिश करूँगा। “
कुछ पल की कश्मकश के बाद, उसने उमंग को सब कुछ बता देने का निश्चय किया। फिर वह सब कुछ बताती चली गई। शिखर का उसके प्रति आकर्षण, हमेशा उसका ख्याल रखना, मुम्बई में उनकी नज़दीकी। सब सुनकर उमंग अवाक रह गया
” इतना कुछ हो गया, और मुझे ख़बर भी नहीं ! वह व्यक्ति तेरी भावनाओं का फ़ायदा उठाता रहा और तू एक के बाद एक मूर्खताएं करती गई। पहले शादी के लिए तैयार हो जाना, फिर शिखर के साथ नज़दीकी, फ़िर इस बच्चे को जन्म देने का निर्णय, और उससे भी बढ़कर मूर्खता, शौर्य को यह सब बताना। ” उमंग ने अपना सिर थाम लिया।

क्रमशः

WhatsApp Image 2026-06-16 at 13.30.59 — Vcare Language Academy

Author

Leave a Comment