अनिल पुरोहित का उपन्यास ‘उस पार ‘ भाग -7

उस पार

भाग -7

22 दिसंबर 1954 वार बुधवार
देश को आजाद हुए ज्यादा समय नहीं बीता था। विभाजन की त्रासदी लोगों के दिलों – दिमाग पर अभी तक तारी थी। मेरी बीए अंतिम वर्ष की परीक्षा हो चुकी थी और मैं घूमकर दुनियां देखने का इच्छुक था। मेरी कामना थी कि तीर्थाटन करूं।

मेरे पिताजी बीकानेर रियासत के शासक की बनाई ऊंटों की सैन्य टुकड़ी गंगा रिसाला में कर्नल थे। आजादी के बाद महाराजा करणीसिंह जी ने उनकी योग्यता को देखते हुए उन्हें इस सैन्य टुकड़ी का प्रमुख ओहदेदार बना दिया।

मेरी बी.ए. की परीक्षा कब की हो चुकी थी और मैं अव्वल दर्जे में पास हो गया। दीवाली चली गई अब सर्दी का सुहावना मौसम था। काफी दिनों से मेरा मन कर रहा था कि काशी जाकर बाबा विश्वनाथ के दर्शन करूं। आखिर एक दिन पक्का इरादा कर लिया। पिताजी ने जाने की अनुमति दे दी और काशी के अपने एक तांत्रिक मित्र तारापद भट्टाचार्य का पता दिया और उनके नाम एक चिट्ठी लिख दी । उन्होंने कहा कि तुम्हारे रहने और खाने की सारी व्यवस्था वे कर देंगे।

मैंने लोहे के एक संदूक में अपने कपड़े और कुछ जरूरी सामान रखे और एक भूदानी कपड़े का झोला साथ ले लिया। बीकानेर से ट्रेन पकड़कर दिल्ली पहुंचा और फिर वहां से काशी।

काशी में स्टेशन पर पहुंच इक्का किया और उसे पुरुषोत्तम भगवान धर्मशाला चलने को कहा। कुछ ही समय में वहां पहुंच गया। मैंने इक्केवाले को इकन्नी पकड़ाई तो वह बाग -बाग हो गया और मेरा संदूक अंदर धर्मशाला तक पहुंचा दिया। कमरा मुझे आसानी से मिल गया।

यहां से काशी विश्वनाथ मंदिर लगभग पांच सौ गज़ के फासले पर था। दशाश्वमेध और मणिकर्णिका घाट भी पास ही थे। नित्यक्रिया से निवृत होकर नजदीकी घाट पर स्नान के लिए चला गया। वहीं सीढ़ियों पर एक पंडा मिल गया जो लंबे चौड़े शरीर और गौर वर्ण का मालिक था। ललाट पर अष्टछाप चंदन ,बीच में रोली का गोल टीका, मुंह में पान की गिलौरी, आंखों में सुरमा और नंग – धड़ंग बदन। धोती पहने और कंधे पर सोने की जरी वाला डबल बॉर्डर दुपट्टा। गले में रुद्राक्ष आदि की दर्जन भर मालाएं पहन रखी थी। उसके कसरती शरीर की मछलियां चमक रही थी।

गंगा स्नान और संकल्प करने के बाद पंडित जी ( पण्डे) को दक्षिणा में चार आने दिए तो वो प्रसन्न हो गए। वहीं पास ही एक दुकान में जलेबी और कचौड़ी का नाश्ता किया और धर्मशाला में लौट आया। वहां थोड़ा रुककर काशी विश्वनाथ मंदिर के लिए पैदल ही रवाना हुआ। सोचा ज्यादा दूर तो है नहीं , घूमते – घूमते पहुंच जाऊंगा।

मंदिर तक पहुंचने में कोई दिक्कत नहीं हुई। काशी विश्वनाथ के दर्शन किए और काशी के बाजार में यूं ही घूमने लगा। घूमते घूमते याद आया कि तारापद भट्टाचार्य से मिल आते हैं।

दशाश्वमेध घाट के पास काली मंदिर से केदार घाट की ओर चलते हैं तो वहां काफी पुराने मकान और हवेलियां बनी हुई हैं। यहां सोलहवीं सदी की दुकानें और रेस्त्रां बने हुए हैं जो हिप्पियों से भरे रहते हैं। यहां से थोड़ा आगे है मौहल्ला पांडेय घाट। यहीं एक विशाल हवेली थी भट्टाचार्य महाशय की। मैं काशी की तंग गलियों से गुजरता हुआ आखिर वहां पहुंच ही गया।

ब्रिटिश काल की लाल पत्थरों से बनी आलीशान हवेली थी भट्टाचार्य महाशय की। अंदर बैठक में गावतकियों के सहारे गौर वर्ण का अधेड़ आयु और हृष्टपुष्ट काठी का एक व्यक्ति बैठा था। उसके चेहरे पर एक तेज था। मैंने अनुमान लगाया कि भट्टाचार्य महाशय यही होंगे क्योंकि साधना का तेज चेहरे पर झलक रहा था। मैंने हाथ जोड़कर प्रणाम किया और बीकानेर से आने और भट्टाचार्य महाशय से मिलने की बात की और पिताजी की लिखी चिट्ठी उन्हें सौंप दी।

मेरी बात सुनकर वो बोले – ” मैं ही तारापद भट्टाचार्य हूं। क्या तुम शर्मा जी के बेटे हो?”

मेरे हामी भरने पर उनके चेहरे पर प्रसन्नता के भाव आए और उठकर उन्होंने मुझे गले लगा लिया। फिर चिट्ठी पढ़कर बोले – ” तुम्हारा सामान कहां है?”

” वो तो पुरुषोत्तम धर्मशाला में रखा है।”

” कोई बात नहीं। पुरुषोत्तम भगवान धर्मशाला का मैनेजर मेरा मित्र है। मैं सामान यहीं मंगवा देता हूं।” – कहकर उन्होंने अपने एक नौकर को वहां से सामान ले आने को कहा और एक वर्के पर कुछ लिखकर उसे दे दिया।

थोड़ी ही देर में मेरा सामान वहां आ गया। मेरे लिए उन्होंने बैठक के पास एक कमरा खुलवा दिया जो सभी सुविधाओं से युक्त था।

” इसे अपना ही घर समझो और किसी भी चीज की जरूरत हो तो निस्संकोच बता देना।” – बोले भट्टाचार्य महाशय।

दोपहर का खाना खाकर मैं थोड़ी देर आराम करने के लिए लेट गया। लेटते ही नींद ने आ घेरा। किसी की आवाज सुनाई दी तो आंखे खोली। सामने वही सुबह वाला नौकर हाथ में ट्रे लिए खड़ा था जिसमें पानी का एक लोटा और गिलास में चाय थी। मैंने उठकर पानी पिया और चाय का गिलास थाम लिया। चाय पीने के बाद शरीर में कुछ चुस्ती आ गई थी। सोचा थोड़ा बाहर घूम आते हैं। घूमने के लिए बाजार की तरफ चल दिया।

§§§§
§§§§

 

घूमते – घूमते लाली घाट की सीढ़ियों पर बैठ गया। अचानक आसमान में स्याह भूरे बादल आ गए। वातावरण में घोर सन्नाटा छाया हुआ था। सिर को घुमाकर पीछे देखा तो हरिश्चंद्र घाट के महाश्मशान से एक छाया मेरी ओर आती दिखी। थोड़ा नजदीक आने पर मैंने उसे ध्यान से देखा। पूरे शरीर पर भस्म रमाए और गले में रुद्राक्ष की अनेक मालाएं, पहले वो कोई औघड़ संन्यासी लग रहा था।

मेरे पास आकर सीढ़ियों पर बैठ गया वो। लाल आंखों से उसने पहले मुझे घूरा फिर उसकी आंखों में प्रेम के भाव प्रस्फुटित हुए। अचानक उसने अपने दाहिने हाथ के अंगूठे से मेरी भृकुटि को छुआ तो मुझे बिजली का एक तेज झटका सा लगा। ऐसा लगा मानो संज्ञाहीन हो गया हूं। कुछ ही पलों बाद चेतना जागृत हुई तो वो औघड़ मेरे पास ही बैठा मंद -मंद मुस्कुरा रहा था।

” तुम शीघ्र ही वैराग्य धारण करने वाले हो। मेरे गुरु कालिकानंद अवधूत ने यही कहने के लिए मुझे तुम्हारे पास भेजा है। तुम्हारी उनसे मुलाकात अतिशीघ्र होने वाली है।” – कहकर वो औघड़ तेज कदमों से घाट की सीढियां चढ़ता हुआ गायब हो गया।

शाम को घर पहुंचा तो तारापद महाशय ने पूछा कि दोपहर से अब तक कहां रहे। मैंने उन्हें संक्षेप में सारी बातें बताई फिर पूछ बैठा – ” ये कालिकानंद अवधूत कौन हैं? “

” तुम्हें इनका नाम किसने बताया?” – बोले तारापद महाशय।

मैंने उन्हें सीढ़ियों पर औघड़ के आने की बात बताई तो तारापद भट्टाचार्य के मुख पर एक गंभीरता छा गई। थोड़ा रुककर वे बोले – ” अगर उन्होंने तुम्हारे संन्यास लेने के बारे में कुछ कहा है तो निश्चित ही ऐसा ही होगा। विधाता भी इसे टाल नहीं सकता। कालिकानंद अवधूत के बारे में क्या बताऊं। परम साघक हैं ये। काशी के पातालेश्वर मोहल्ले में रहते हैं। अवधूत संप्रदाय के उच्च साधक हैं। शव सिद्धि सहित अनेक कठोर साधनाएं कर अपने तांत्रिक बल से उच्च कोटि की आत्माओं का आह्वान कर उनसे संपर्क साधा करते थे, जिसके फलस्वरूप ब्रह्मांड के अनेक रहस्यमय लोक – लोकांतरों और उनमें निवास करने वाले प्राणियों का प्रत्यक्ष अनुभव है उन्हें। उनकी कृपा दृष्टि तुम पर है तो तुम्हारा अहोभाग्य है। उनकी वेशभूषा देखकर कोई नहीं कह सकता कि वे इतने पहुंचे हुए साधक हैं।”

मैं मन ही मन सोचने लगा कि जरूर मेरे पूर्वजन्म के संस्कार हैं या शायद प्रारब्ध हो कि मेरा मार्ग संन्यास ही होगा।… और जब कालिकानंद अवधूत जैसे उच्च कोटि के गुरु का वरद हस्त सिर पर हो तो बहुत बड़ी बात है।

काफी देर तक मैं भट्टाचार्य महाशय से बातें करता रहा। उन्होंने बताया कि कालिकानंद अवधूत के साथ उन्होंने हिमालय की दुर्गम यात्रा की है और एक वर्ष का समय उनके साथ बिताया है। उन्होंने मुझे कालिकानंद अवधूत की एक फोटो भी दिखाई।

रात को खाना खाकर मैं बिस्तर पर आया तो मेरे दिमाग में आज दिन भर की घटनाओं का झंझावत चलने लगा। सुबह जल्दी स्नानादि से निवृत्त होकर घूमता – घूमता मणिकर्णिका घाट की सीढ़ियों पर आ बैठा। गंगा नदी के शीतल जल में लहरों की अठखेलियां देखने में मगन हो गया। समय का पता ही नहीं चला कि कब दिन छिप गया।

मैं उठने वाला ही था कि मुझे अहसास हुआ कि कोई मेरे पीछे खड़ा है। मैं अचानक पीछे घूमा तो मेरे सामने कालिकानंद अवधूत खड़े थे। फोटो में मैंने उन्हें देख रखा था अतः पहचानने में कोई भूल नहीं हुई। उनके चेहरे पर ऐसा तेज था कि मैं बता नहीं सकता।

मैं उनके पैरों में गिर पड़ा। मेरे अश्रु बहकर उनके पांवों को धो रहे थे। मुझे लगा कि ऐसे गुरु को पाकर मेरा मनुष्य जीवन सार्थक हुआ। उन्होंने कंधो से पकड़कर मुझे उठाया और स्नेहसिक्त स्वर में बोले – ” तुम तो मेरे शिष्य हो कैलाश। आज से तुम्हारा नाम कैलाश नहीं ,कैलाशनाथ है। मैं तुम्हें आज और इसी वक्त अपना शिष्य बनाता हूं।”

ऐसा कहकर उन्होंने मेरे कान में गुरुमंत्र फूंका और आशीर्वचन कहे। मैं पूर्ण श्रद्धा के साथ उनके चरणों में झुक गया और अपने हाथ में पहना हुआ स्वर्ण का कड़ा गुरु दक्षिणा के रूप में उन्हें अर्पित किया। उन्होंने मेरी भेंट को एकबार स्वीकार किया फिर वापस अपने हाथों से मुझे पहना दिया।

इतना कहकर वे एक पल के लिए रुके फिर पुनः बोले – ” अब तुम्हें शीघ्र ही यहां से रवाना होकर तवांग मठ पहुंचना है। ये लो चिट्ठी , इससे तुम्हें मठ में प्रवेश मिल जायेगा। मैं तुम्हें वहीं मिलूंगा।”

मैंने चिट्ठी को कुर्ते की ऊपरी जेब डालकर सामने देखा तो वहां कोई नहीं था। मुझे आश्चर्य हुआ कि अभी तो गुरुदेव यहीं थे। घाट की सीढियां भी काफी हैं फिर अचानक पल भर में कहां गायब हो गए। मैंने पुनः कुर्ते की जेब से पत्र निकाला और उसे खोलकर देखा तो कुछ भी समझ में नहीं आया। पत्र शायद तिब्बती भाषा में लिखा हुआ था।

घूमता -घामता मैं वापस घर लौट आया। बैठक में तारापद महाशय बैठे थे। मैंने उन्हें गुरुदेव कालिकानंद अवधूत से मिलने और चिट्ठी वाली पूरी बात बताई तो वे बोले – ” कल तुम तैयारी कर लो, परसों सुबह की ट्रेन से मिसामारी चले जाना वहां से तेजपुर आधे घंटे का रास्ता है। मिसामारी की रिजर्वेशन अभी करवा देते हैं। स्टेशन मास्टर मेरा मित्र है, तुम्हें चिंता करने की जरूरत नहीं है।”

” जैसा आप ठीक समझें।”- मैंने जवाब दिया। पूरे दिन घूमते रहने के कारण मैं थक गया था इसलिए खाना वगैरह खा कर अपेक्षाकृत जल्दी सो गया।

WhatsApp Image 2026-07-20 at 15.13.50 (1) — Vcare Language Academy

Author

Leave a Comment