42-
उनके आने की ख़बर सुनकर पहले तो वह एकदम से खुश हो गई। क्योंकि वह उनके साथ अपनी सफ़लता के कुछ क्षण साझा करना चाहती थी। आख़िर वह स्वयं को साबित कर चुकी थी। उसे ले जाने के लिए उनकी गाड़ी आ चुकी थी। एक ओर जहाँ मुलाकात होने की खुशी थी, वहीं ये ख़्याल भी आ रहे थे कि अब वह क्यों आये हैं, क्या प्रस्ताव देने वाले हैं ? उसके दिमाग में यही उथल पुथल मची हुई थी। होटल पहुँची तो उनके गनर संजीव ने उनके सुइट के सामने पहुँचाकर, दरवाजे पर दस्तक दी, और फिर दरवाजा खोलकर उसे अंदर जाने का इशारा किया। उसने अंदर प्रवेश किया तो वह उसे सोफ़े पर बैठे नज़र आये। उसे देखकर वह आहिस्ता से मुस्कुरा दिये और आगे बढ़कर गले से लगा लिया। वह देर तक उनके गले लगी रही और वह उसका सिर और पीठ सहलाते रहे। परन्तु इस बार उनके स्पर्श में उसे वह गर्माहट नज़र नहीं आयी, जिसकी अपेक्षा थी। थोड़ी देर बाद अलग होकर उन्होंने उसे सर से पाँव तक ध्यान से देखा
” आप कब आये ?”
” सुबह ही, थोड़ा ऑफिस का काम देखा और फिर सोचा आपसे मुलाकात की जाए। कैसी हैं आप ?”
” बढ़िया। “
” हाँ, बढ़िया तो दिख रही हैं। चेहरे पर थकावट, गिरा हुआ वजन। “
” हाँ, थोड़ा लूज़ किया है। नई जगह, अकेलापन, पाँव जमाने की कोशिश। कोई साथ भी तो नहीं, ध्यान रखने वाला। ” वह मुस्कुराई।
” आजकल कितना कमा रही हैं आप ?”
” मतलब ?” वह उनके लहजे से संशय में दिखी।
” अरे भई, दिन रात काम कर रही हैं, खूब पॉपुलर भी हो रही हैं। आपके एक्ट वायरल हो रहे हैं। ” उनके स्वर में व्यंग्य का पुट था।
वह उन्हें देखती रही, शायद मन्तव्य समझने का प्रयास कर रही थी।
” आपको याद होगा, हमने कहा था, कि अब आप हमारी जिम्मेदारी हैं। अपनी हर ज़रूरत आप हमें बताइये। आप आराम से रहिये। इतनी जद्दोजहद करने की आपको कोई ज़रूरत नहीं।” उनके स्वर में नाराज़गी थी।
” मैंने भी कहा था कि मैं एक सम्मानजनक जीवन जीना चाहती हूँ। अपने दम पर, जहाँ मैं किसी पर निर्भर न रहूँ। ” उसने ठंडे स्वर में कहा।
” और ये ज़िन्दगी पसन्द आ रही है आपको ? दिन रात की मशक्कत, न खाने पीने का समय, न आराम। जबकि इस समय आपको आराम की सख्त ज़रूरत है।”
” संघर्ष का समय है, ये भी निकल जाएगा। जल्दी ही वो वक़्त भी आएगा जब मैं आरामदायक ज़िन्दगी गुज़ार रही हूँगी। “
” वो वल्गर सीन, रोहित के साथ अफ़ेयर के चर्चे, ये सब भी अच्छा लग रहा है आपको ?”
” वो सीन कहानी की डिमांड था । ” उसने शांत रहने का प्रयास किया।
” हमने चलते समय एक ही रिक्वेस्ट की थी आपसे, कि एक्टिंग का मोह छोड़ दीजियेगा। उसे दरकिनार करके आप राणा खानदान की इज्ज़त की धज्जियाँ उड़ा रही हैं। “
” राणा खानदान की इज्ज़त इतनी नाज़ुक क्यों है, जिसकी एक स्त्री के स्वाभिमान से जीने की कोशिश करते ही धज्जियाँ उड़ जाती हैं ? जबकि मर्द कुछ भी करें, उनकी शान ही बढ़ती है। ” अब वह भी आवेश में आ गई थी।
” उर्वशी “
” आप जानते हैं कि एक्टिंग मेरा पैशन भी है और सोर्स ऑफ अर्निंग भी। रही बात अफ़ेयर की, तो इस इंडस्ट्री में ऐसी बातें रोज उड़ाई जाती हैं। पर मैं आपको सफ़ाई क्यों दे रही हूँ ?” उसका मूड एकदम से उखड़ गया था।
” देखिये उर्वशी, हम आपको दिलो जान से चाहते हैं, कोई आपके क़रीब भी आये, ये हमें बर्दाश्त नहीं। इतनी सी बात आपको क्यों नहीं समझ आती ?” उन्होंने पास आकर उसका चेहरा थाम लिया।
” चाहने वाले यूँ तोहमत नहीं लगाया करते। वह विश्वास रखते हैं। अगर विश्वास ही नहीं तो बाकी क्या रहा ? आपने मुझे बहुत मायूस किया है। ” वह मायूस स्वरए बोली.
” देखिये आपकी सेहत कितनी खराब हो गई है। चेहरा कैसे कुम्हला गया है। हम आपको इस हालत में नहीं देख सकते। हम आपको दुनिया की हर खुशी देना चाहते हैं ।”
” अगर खुशी देना चाहते हैं, तो मुझे मेरे हाल पर छोड़ दीजिए। घड़ी घड़ी मेरे स्वाभिमान को ठेस मत पहुँचाइए। मुझे आपसे कुछ नहीं चाहिए।”
” हम कैसे भूल जाएं कि आपकी शारिरिक अवस्था कैसी है। फिर यह बच्चा राणा खानदान का अंश है।”
” विश्वास कीजिये, मैं उसे कोई कमी नहीं होने दूँगी। बस थोड़ा सा समय दीजिये मुझे।”
” मतलब आप वही करेंगी, जो आपके दिल में आएगा ? हमारी कोई परवाह नहीं ? हमारी बात की कोई कीमत नहीं ?”
” अगर आपकी परवाह न होती , तो आज मेरी ज़िंदगी किसी और मुक़ाम पर होती। परवाह न होती तो आपके बुलाते ही सारे काम छोड़कर भागी न आती। “
” पर हम जब भी आपके लिए कुछ करना चाहते हैं, आप हमारी कोई पेशकश मंजूर नहीं करतीं। “
” आप बार बार मेरे आत्मसम्मान को चोट पहुँचाते हैं। “
” अगर आपको ऐसा लगा तो सॉरी, पर हमारा ऐसा कोई इरादा न था। ” उन्होंने कहा तो वह मौन रह गई। माहौल पुनः बोझिल होने लगा था।
” चलती हूँ, अब मेरे आराम का समय हो गया है।” अब वह उठ गई थी, और फिर बिना उनकी ओर देखे पलटकर चल दी। “
” उर्वशी ” उन्होंने कुछ कहना चाहा पर वह बाहर निकल गई थी। यह दूसरी बार हुआ था, जबकि उनकी मुलाकात अच्छी नहीं रही थी और दोनों के मध्य तनाव उत्पन्न हो गया था। आवेश में वह तेजी से चलती जा रही थी। बाहर आकर उसने एक टैक्सी को रुकने का इशारा किया, तभी शिखर की गाड़ी उसके पास आकर रुकी
” उर्वशी, गाड़ी में बैठिये। “
वह अनसुना करके टैक्सी में बैठने लगी तो उन्होंने उसकी बाँह पकड़ ली।
” गाड़ी में बैठिये ” उन्होंने उसे आदेश दिया और टैक्सी वाले को जाने को कहा। टैक्सी आगे बढ़ गई और उसे विवश होकर गाड़ी में बैठना पड़ा। वह दूसरी तरफ़ मुँह फेरकर बैठ गई।
” कहाँ रहती हैं आप ?”
” दादर ” उसने संक्षिप्त जवाब दिया। गाड़ी दौड़ती रही और शिखर उसकी हथेली थामकर बैठे रहे। दादर के एक साधारण घर के, कबूतर के दड़बे जैसे उसके कमरे में पहुँचकर, उन्होंने निरीक्षण भरी दृष्टि से चारों ओर देखा। उनके चेहरे को देखकर पता चल रहा था कि वह स्थान उन्हें बिल्कुल अच्छा नहीं लगा है। मध्यमवर्गीय इलाके के एक साधारण से घर में छोटा सा कमरा, जिसमें बहुत आवश्यक सामान ही रखा हुआ था, ज्यादा की गुंजाइश थी भी नहीं।
” यहाँ से तो सेट पर पहुँचने में भी काफ़ी देर लगती होगी। “
” जी “
” खाना पीना ठीक है ?”
” जी “
” जी कहने के अलावा कुछ नहीं कहेंगी आप ?”
” क्या कहूँ ?”
” इतनी नाराज़गी ?”
” अगर आप भी इस तरह की बातें करने लगेंगे तो मेरे लिए कहने को बचता ही क्या है ? मैं दुनिया की परवाह नहीं करती, पर जब कोई अपना ही मुझपर विश्वास न करके अफ़वाहों पर ज्यादा गौर करे, तो क्या करूँ ? “
क्रमशः