उस पार
भाग -9
सुबह नित्यक्रिया से निवृत्त होकर चाय नाश्ता किया और बिना किसी बाधा के स्टेशन पहुंचकर मैंने ट्रेन पकड़ ली और गंतव्य की ओर रवाना हो गया। सुबह के दस बजे के लगभग बरौनी जंक्शन आया। यहां गाड़ी पंद्रह मिनट रुकती थी। मैं गाड़ी से नीचे उतरा और खाने के लिए कुछ फल और गरम सब्जी – पूड़ी ले आया। खाना खाने के बाद मैं आराम करने के लिए लेट गया। शाम को कुछ बिस्किट के साथ चाय पी ली। मुझे भूख बिलकुल नहीं थी सो पुनः सो गया।
देर रात मेरी नींद खुली तो गाड़ी किसी स्टेशन पर खड़ी थी। खिड़की से बाहर झांककर देखा तो असम का रंगिया जंक्शन था। रात के दो बजे थे। मुझे यहां से गाड़ी बदलनी थी। मैंने अपना बैग उठाया और ट्रेन से नीचे उतर गया। अगली ट्रेन के बारे में एक कुली से पूछा तो उसने उंगली से इशारा कर बता दिया। सामने ही डिब्रूगढ़ जाने वाली गाड़ी खड़ी थी। मेरी ट्रेन यही थी। कोच न. देखकर मैं गाड़ी में चढ़ा और मेरी तय सीट पर जा बैठा।
एक बार पुनः मैंने चाय पी और सीट पर लेट गया। यहां से मिसामारी मात्र तीन घंटे का रास्ता था।
आखिर सुबह के पांच बजे मिसामारी स्टेशन आ गया। गाड़ी यहां पांच मिनट के लिए ही रुकती थी सो फटाफट बैग लेकर नीचे उतर गया। दिन पूरी तरह निकल चुका था।
स्टेशन से बाहर निकला ही था कि एक पहाड़ी युवक मेरे पास आया और बोला कि क्या आप काशी से आने वाले शर्मा जी हैं? मैंने हामी भरी तो उसने बताया कि साहब ने बागान से आपको लाने के लिए मुझे भेजा है। कहकर उसने मेरे हाथ से बैग लिया और बाहर खड़ी गाड़ी में रख दिया। मैं घूमकर उसके बगल में आकर बैठ गया। वो एक लेफ्ट हैंड ड्राइव वाली विल्ली जीप थी जैसी पुलिस वाले रखते हैं।
गोराली चाय बागान तक का सफ़र निर्विघ्न पूरा हो गया। ड्राइवर मुझे सीधा मैनेजर के बंगलो पर ले गया। सत्यनारायण जी ने मेरा आत्मीयता से स्वागत किया। सफर की थकान से मैं स्नानादि करके तैयार हुआ तब तक मेज पर नाश्ता लग चुका था। भरपेट नाश्ता करने के बाद चाचाजी (सत्यनारायण जी) ने मुझे उसी जीप में बिठाया और खुद ड्राइव करते हुए पूरा चाय बागान, फैक्ट्री और चायपत्ती की पूरी प्रोसेसिंग दिखाई। बागान में चाय तोड़ने वाली ज्यादातर महिलाएं थीं जिनकी पीठ पर बांस की टोकरी थी जो बांस के ही एक पट्टे से सिर के सहारे लटकी हुई थी।
बातों – बातों में चाचाजी ने पूछ लिया कि आगे कहां जाना है तो मैंने अब तक की सारी घटनाएं जो मेरे साथ घटित हुई, उन्हें बता दी। सारी बातें सुनकर आश्चर्य से उनका दिमाग कुंद हो गया। कुछ देर के लिए उनके मुंह से बोल न फूटा। थोड़ी देर बाद सहज हुए तो मुझसे बोले – ” त -तुम्हें तवांग जाना है न! वहां का रास्ता दुरूह है और आने – जाने के साधन न के बराबर हैं। मैं वीरेन डेका को तुम्हारे साथ भेज दूंगा जो तुम्हें लेने स्टेशन गया था। उसे असम और पूरे नेफा के चप्पे – चप्पे की जानकारी है।”
कहकर वे एक पल के लिए रुके फिर पुनः बोले – ” एक बात का ध्यान रखना, तेजपुर से नेफा की ओर आगे पूरा आदिवासियों का इलाका है। उनमें कुछ तो आदमखोर हैं और जहरबुझे तीर – भाले रखते हैं। उनके साथ सावधानी से पेश आना। थोड़ा सा गुस्सा आने पर वे आदमी को काट डालते हैं। कानून भी उनका कुछ नहीं बिगाड़ सकता। अतः ध्यान रखना।”
” चाचाजी , आप बिल्कुल फ़िक्र न करें। मैं पूरा ध्यान रखूंगा।”
मैं दो दिन वहां रुका। चाचाजी ने खातिर में कोई कमी नहीं छोड़ी। आगे की यात्रा के लिए खाने – पीने का सामान , बिस्तर, टॉर्च और एक इटेलियन बेरेटा एम 1951 पिस्टल भी दी जो एक सेमी ऑटोमैटिक पिस्टल थी। मैंने उसे हाथ में लिया तो मुझे काफी भारी लगी। लगभग पौन किलो वजन रहा होगा उसका। मैंने उसकी मैगजीन खोलकर देखी तो पूरे दस कारतूस भरे थे। साथ में कारतूस का एक डिब्बा और एक एक्स्ट्रा मैगजीन भी थी। मैगजीन को वापस बंद करके सेफ्टी लॉक लगा दिया मैंने और संतोष की सांस ली। अब मैं विषम परिस्थितियों का सामना कर सकता था। हाथ में हथियार होने पर आत्मविश्वास आ ही जाता है।
§§§§
§§§§
अगले दिन सवेरे हम रांगापाड़ा होते हुए तेजपुर पहुंचे। अब यहां से तवांग की यात्रा बहुत कठिन और खतरों से भरी थी। कदम – कदम पर जान की जोखिम थी। तेजपुर में एक ढाबे में हमने खाना खाया और वहां से चल पड़े। चाचाजी ने जीप में एक पेट्रोल का छोटा ड्रम पहले ही रखवा दिया था।
तेजपुर पहुंचकर हमने सबसे पहले नेफा का इनर लाइन पास बनवाया क्योंकि मिलिट्री एरिया होने के कारण बिना पास एंट्री संभव नहीं थी। तेजपुर से बालीपाड़ा होते हुए हम बोकागांव पहुंचे ही थे कि अचानक बेमौसम की बारिश होने लगी। पहले बूंदों से शुरू हुई फिर झमाझम मूसलाधार वर्षा होने लगी। हमारे भीगने से पहले ही वीरेन ने गाड़ी एक होटल की पार्किंग शेड में लगा दी। बादलों के कारण दिन में भी अंधेरा हो गया था। ऐसा लग रहा था मानो दिन छिपने वाला हो। लगातार बारिश के कारण आगे जाना संभव नहीं था सो हमने वहीं रुकने का फैसला कर लिया।
उस ढाबेनुमा होटल का मालिक अधेड़ावस्था का गोबिंद बसुमतरी नाम का बोड़ो कछारी था जो बरपेटा का रहने वाला था, पर गत चार वर्षों से परिवार के साथ यहीं बस गया था। रहने के लिए उसने हमें एक कमरा दे दिया। हम बारिश रुकने का इंतजार करते रहे पर वो रुकी नहीं। आखिर शाम के पांच बज गए तब कहीं जाकर धीमी होती हुई रुकी।
ढाबे का खाना भी अच्छा था। मैंने और वीरेन डेका ने भरपेट खाना खाया और गोबिंद को रहने – खाने के माकूल इंतजाम के लिए शुक्रिया कहा। आराम करने के लिए हम कमरे में चले गए। कमरे में कोनों में दो खाट लगी हुई थी जिनके ऊपर लकड़ी के फ्रेम में मच्छरदानी बंधी हुई थी। हमें लेटते ही नींद ने आ घेरा।
थोड़ी ही देर बाद किसी तेज़ घरघराहट की आवाज से मेरी नींद उचट गई। देखा तो ड्राइवर वीरेन डेका जो मेरे पास ही लेटा था, के खर्राटे गूंज रहे थे। खर्राटे इतनी तेज़ी से गूंज रहे थे कि मेरा सोना मुश्किल हो रहा था। किसी तरह तौलिए को कानों के चारों तरफ कसकर लपेटा फिर सोने की कोशिश करने लगा आखिर कुछ देर बाद मुझे नींद आ ही गई।