54-
शिखर से अंतिम मुलाकात के दस दिन के भीतर अवनीश ने वांछित धन का इंतज़ाम कर दिया और उर्वशी ने अपनी सारी जमापूंजी, व लोन लेकर, शिखर के पास फ्लैट की पूरी धनराशि पहुँचवा दी थी। बाद में वह अवनीश की कृतज्ञ भी हुई थी कि उसने उस दिन उसे ड्रग्स नहीं उपलब्ध करवाया था। उसने अवनीश से अपने व्यवहार के लिए क्षमा भी माँगी। अब वह बेहद हल्का महसूस कर रही थी। अब उस फ़्लैट से भी उसका मन उखड़ गया था। वह शीघ्रातिशीघ्र वहाँ से कहीं और शिफ़्ट कर जाना चाहती थी। इसलिए वह अगले माह एक किराए के फ्लैट में शिफ्ट हो गई. अब पैसे की आवश्यकता को देखते हुए उसने कुछ ऐसे असानमेंट भी साइन किये जिनमें उसका काम सिर्फ नायक के इर्द- गिर्द चक्कर लगाना और कुछ डांस नंबर्स थे. वजह थी उनमें उसे मोटा पैसा ऑफर हुआ था. उधर उसने कई स्टेज शो भी किये. ये वह काम थे जो वह पहले किसी भी क़ीमत पर न करती. इससे मिडिया में उसकी आलोचना भी हुई, पर उसने परवाह न की. आखिर उसकी ज़रूरतें यह फ़िल्में ही पूरा कर रही थीं. भाग्य से उनमें से दो तीन फ़िल्में हिट भी हो गईं. अब उसके घर पर निर्माताओं की लगी हुई थी. वें उसे किसी भी क़ीमत पर अपनी फ़िल्म में लेना चाहते थे, क्योंकि उसे भाग्यशाली माना जा रहा था. यह बातें सुनकर उर्वशी को जोर की हँसी आ जाती. वह सोचती थी कि अगर लाइन दो तीन फ़िल्में फ्लॉप हो जाएं तो यही निर्माता उसे मनहूस मानने लगेंगे. हालाँकि उनमें से कुछ फिल्मों ने पानी भी नहीं माँगा था, पर उनसे उर्वशी को इतना फर्क नहीं पड़ा. क्योंकि अव्वल तो उनमें उसके रोल की लम्बाई बहुत कम थी. दूसरे कई फ़िल्में हिट हो जाने से मार्केट में उसकी डिमांड काफ़ी बढ़ गई थी. हाँ उनके नायकों को काफ़ी नुकसान हुआ. जल्दी ही उसने बांद्रा में एक शानदार बंगला ले लिया, और वहाँ शिफ़्ट हो गई।
इन दिनों उर्वशी को दो- तीन बार फ्रेंच टेनिस स्टार लियो मार्टिन के साथ स्पॉट किया गया था। उनदोनों के मध्य प्रगाढ़ सम्बन्ध होने की चर्चा थी। दूसरी तरफ़ एक अरबपति व्यवसायी सिद्धार्थ सिंहानिया के साथ, उसके गुपचुप विवाह की अफवाह भी उड़ी हुई थी। पर अब इन अफवाहों से उसे कोई फ़र्क न पड़ता था। वह सर उठाकर, अपनी शर्तों पर जीने की आदत डाल चुकी थी। उसका जीवन पूरी तरह से अपनी कला और अपने बेटे प्रखर को बेहतरीन इंसान के रूप में ढालने को लेकर समर्पित हो चुका था। मम्मी और उसके मध्य अब स्नेहबन्धन दृढ़ हो गया था , परन्तु पुत्री की सुखी गृहस्थी की अभिलाषा उनके इस जीवनकाल में पूरी होती नज़र नहीं आती थी।
* * * * * * * *
उस दिन टेलीविजन पर आ रहे आ रहे एक टॉक शो में आज की मेहमान थी उर्वशी। उसका साक्षात्कार चल रहा था और मम्मी पापा बहुत रुचि से कार्यक्रम को देख रहे थे।
साक्षात्कार कर्ता- उर्वशी जी, सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का राष्ट्रीय पुरस्कार पाकर कैसा महसूस हो रहा है ?
उर्वशी – ज़ाहिर है बेहद खुश हूँ। मेरी कला को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है।
साक्षात्कार कर्ता – अभी हाल ही में आपने एक फ्रेंच फ़िल्म और एक कोरियन फ़िल्म भी की है, उनमें काम करने के आपके अनुभव कैसे रहे ?
उर्वशी – बेहतरीन, हालाँकि कई बार कुछ दिक्कतें, भावात्मक स्तर पर महसूस की, पर कुल मिलाकर अमेज़िंग एक्सपीरियंस। वहाँ काम करने के तौर तरीके में तो काफ़ी अंतर है ही।
साक्षात्कार कर्ता – सुना है इनमें काम करने का आपको काफ़ी बड़ा अमाउंट मिला है ?
उर्वशी ( हँसते हुए ) – जी, ठीकठाक मिल गया है। पहले दाल रोटी चल जाती थी, अब शाही पनीर भी अपने भोजन में शामिल कर सकती हूँ।
साक्षात्कार कर्ता ( जोर से हँसकर ) – ईश्वर करे ऐसी दाल रोटी सबको नसीब हो जाए। तो क्या अब आप विदेशी फिल्मों की ओर रुख़ कर रही हैं ?
उर्वशी – हरगिज़ नहीं, मैं अपनी हिंदी फिल्मों में बेहद खुश हूँ। हाँ कभी कोई जबर्दस्त रोल हो और अच्छा अमाउंट भी मिले, तो ज़रूर एक दो फ़िल्म कर लूँगी।
साक्षात्कार कर्ता – इधर आपने साउथ की फिल्में भी स्वीकार की हैं।
उर्वशी – जी, वह स्टोरी आईडियाज़ इतने खूबसूरत थे कि मैं उन्हें करने को बेचैन हो उठी।
साक्षात्कार कर्ता – कहते हैं हर सफ़ल व्यक्ति की सफ़लता के पीछे, किसी किसी न किसी का हाथ होता है। आप अपनी सफलता का श्रेय किसे देंगी ?
उर्वशी – सिर्फ अपनी मेहनत, जुनून और ईश्वर के आशीर्वाद को।
साक्षात्कार कर्ता – इंडस्ट्री में आकर अब तक आपने बहुत कुछ पाया है, दौलत शोहरत मान सम्मान। आपके फैन यह अवश्य जानना चाहेंगे कि आपका सिंगल स्टेटस कब बदलेगा ?
उर्वशी ( हँसते हुए ) – अभी थोड़े दिन पहले ही तो लियो के साथ मेरे करीबी सम्बन्धों की बात हो रही थी। इधर यह भी सुना है कि सिद्धार्थ के साथ गुपचुप शादी कर चुकी हूँ मैं। इतने लोगों से मेरे अफ़ेयर होते हैं, शादी होती है, मुझे तो यही समझ नहीं आता कि मैं फिल्में पूरी करने का समय कब निकालती हूँ ?
साक्षात्कार कर्ता – आज आपके सामने मौका है, आप दर्शकों को सच से वाकिफ़ करवा सकती हैं।
उर्वशी – लियो ने फ्रेंच ओपन का सेमीफाइनल देखने का आग्रह किया था। चूँकि मुझे टेनिस में रुचि है, उस दिन मेरे पास वक़्त भी था, तो चली गई मैच देखने। सिद्धार्थ मेरे अच्छे मित्र हैं, उनके जन्मदिन की पार्टी में थोड़ी देर के लिए गई थी।
साक्षात्कार कर्ता – सुना है उस पार्टी की इकलौती गेस्ट आप ही थीं। यह भी सुनने में आया है कि उस दिन उन्होंने आपको अपने पेरेंट्स से भी मिलवाया था।
उर्वशी – तो क्या अपने किसी मित्र के पेरेंट्स से मिलना गुनाह है ?
साक्षात्कार कर्ता – बिल्कुल नहीं। यानी फिलहाल कोई आपकी ज़िन्दगी में नहीं ?
उर्वशी – नए रिश्ते बहुत समर्पण और समय माँगते हैं। फ़िलहाल मुझे फ़ुर्सत नहीं।
साक्षात्कार कर्ता – मतलब जब आप थोड़ा फ्री होंगी, तभी इस विषय सोचेंगी ?
ऊर्वशी – ज़रूरी नहीं।
साक्षात्काकर्ता – क्या आपका विवाह नाम की संस्था पर से विश्वास उठ गया है ?
उर्वशी – बिल्कुल भी नहीं, बस फ़िलहाल मेरे जीवन में किसी भी पुरूष के लिए कोई स्थान नहीं है।
साक्षात्कार कर्ता – गोया कि आप सारी ज़िन्दगी सिंगल ही रहने का इरादा कर चुकी हैं ?
उर्वशी- मेरी पहली प्रायोरिटी मेरा बेटा है। उसे पढ़ा लिखाकर एक बेहतरीन इंसान बनाना है । इसके अलावा अभिनय के नए कीर्तिमान स्थापित करने की भी इच्छा है ।
साक्षात्कार कर्ता – क्या आप थोड़ी बहुत पुरूष विरोधी मानसिकता रखती हैं ?
उर्वशी – बिल्कुल भी नहीं, बस दिक्कत ये है कि पुरूष का अहम बहुत नाज़ुक होता है, जो स्त्री के स्वाभिमान से जीने की कोशिश भर से चोटिल हो जाता है। जबकि मुझे अपनी शर्तों पर जीने की आदत हो चुकी है।
साक्षात्कार कर्ता – तो आपके फैन यह उम्मीद रखें, कि निकट भविष्य में आपकी ज़िंदगी में कोई आएगा ?
उर्वशी – गॉड नोज़, मे बी और मे नॉट बी। वह शरारती से मुस्कुरा दी।
उधर टेलीविजन पर उसका साक्षात्कार देख रहे सिद्धार्थ सिंहानिया के चेहरे की सारी शोखी गायब हो गई थी। वह सामने की दीवार पर लगे अपने और उर्वशी के बड़े से ब्लोअप को, बड़ी हसरत भरी निगाह से घूर रहा था। फिर कुछ सोचकर उसने उर्वशी का नम्बर डायल कर दिया
” हैलो ” उधर से आवाज़ आयी।
” दम घोटती है ये ख़ामुशी, तन्हा सफ़र कब तलक करें ? “
” अब तन्हाई दूर करने वाली ले आइये, हुजूर, कब तक आँटी अंकल को बहु के लिए तरसाएँगे ? “
” बैठे हैं हम तो कबसे, सेहरा सजाए हुए, करें क्या के मलिका ए हुस्न, रजामंद नहीं होतीं ।”
” ख़ाक डालिये ऐसी ख़ातून पर, हिन्दोस्तान की सरजमीं में,एक से बढ़कर एक कोहिनूर छिपे हुए हैं। ” वह शोख स्वर में बोली।
” रूह को राहतें कब, दिल को मशविरा क्या है,
रात और दिन जी जलाना और पूछना माज़रा क्या है। ” आज वह पूरे रंग में था।
” आज बहुत शायराना मिजाज हो रहे हैं जनाब के ?”
” हम लफ्ज़ों में कह देते है दिल की बात,
वो इशारो से पूछते है मायने क्या है ?” वह कहे जा रहा था।
“ इतनी सारी शायरी कहाँ से खोद कर लाए हैं हुजूर? ” वह जोर से हँसी.
“ गूगल बाबा हैं न, कुछ दिलजले शायरों की शायरियाँ आज हाथ आ गईं, सोचा आप पर आजमा कर देखा जाए ”
” सिद्धार्थ, अब बहुत रात हो गई है, मुझे नींद भी आ रही है। बाद में बात करते हैं।”
” हमने तो रख दिया चीर कर दिल, और वह पूछते हैं इसका किया क्या जाए ? ” उसका स्वर आर्द्र हो चला था। जवाब में उर्वशी कुछ पल खामोश रह गई. अब उसे सिद्धार्थ की दीवानगी और अपनी बेचारगी पर तरस आने लगा था.
” मेरी अपनी भी मजबूरियां हैं बहुत,
मैं खारा समुंदर हूं, पीने का पानी नहीं । ” गंभीर स्वर में यह कहकर उर्वशी ने फ़ोन रख दिया।
” देखते हैं, जीत किसकी होती है, मेरे जुनून की या तुम्हारी जिद की। ” फोन को घूरते हुए सिद्धार्थ बुदबुदाया।
समाप्त