ज्योत्सना कपिल का उपन्यास ‘ उर्वशी’ भाग -7

( 7 )

क्यों मुलाकात होने पर उसे मुग्ध भाव से देखते रहते थे ? हर बार उनकी दृष्टि ने उसके प्रति अपने लगाव को प्रदर्शित किया था। क्यों उसने उनकी दृष्टि में प्रेम के सन्देश पढ़े ? उसने बिना किसी कारण के तो उनके प्रति आकर्षण महसूस नहीं किया था।

गतांक से आगे –

यह सच है कि वह उनके चुम्बकीय व्यक्तित्व के आकर्षण से अछूती नहीं रही थी, पर उसने स्वयं को उनके स्वप्न देखने की इजाज़त कभी नहीं दी। वह इस असलियत को कभी नहीं भूली की उन दोनों के मध्य जमीन आसमान का फ़र्क है। वह एक मामूली सा ज़र्रा, तो वे आसमान में चमचमाता चाँद।
उसे याद आया वह दिन, जब उन्होंने उसकी ‘ मृच्छकटिकम ‘ की पूरी यूनिट को डिनर करवाया था। क्या सचमुच इसके पीछे उनका एकमात्र उद्देश्य उसके प्रति आकर्षण था , अथवा वास्तव में वह एक विदेशी राष्ट्राध्यक्ष के समक्ष अपने देश के बढ़े हुए सम्मान के प्रति संवेदनशील हुए थे ? लगता तो ऐसा ही है। फिर उसके घर का पता निकाला, यहाँ तक चले आये। उन्हें लड़कियों की क्या कमी। एक इशारे की देर है, प्रस्तावों के ढेर लग जाएंगे। शायद उनकी पत्नी अब … इसीलिए विवाह करना चाहते होंगे। बच्चे अभी इतने बड़े नहीं हैं। उन्हें माँ के स्नेह व ममता की आवश्यकता तो अवश्य ही होगी, पर क्या वह इतने बड़े बच्चों की माँ का दायित्व निभा पाएगी ? जिन्हें उसने जन्म नहीं दिया ? क्या उनके प्रति ममत्व महसूस कर पाएगी ? वह अनुमान नहीं लगा पाई की वह क्या करेगी। क्या वह अब भी शिखर को स्वीकार करना चाहेगी ? मन को टटोला, तो वह कुछ संशय में थी ।
” उर्वशी, आपको यह सम्बन्ध स्वीकार है ?” शिखर का गम्भीर स्वर गूँजा। वह अपने ख्यालों से चौंक पड़ी।
” हूँ ?” उसने प्रश्नवाचक दृष्टि से पिता को देखा।
” बेटा, तुम्हें ये रिश्ता पसन्द है ?” पापा ने बहुत स्नेह से पूछा। उसने एक बार पुनः शिखर को देखा, वह उसे ही देख रहे थे। उसने हृदय को पुनः उनकी ओर खिंचता हुआ महसूस किया। वह इनकार न कर सकी और उसने स्वीकृति में सर झुका दिया।
” तो फिर हम इसी समय इस रिश्ते को स्वीकृति की मुहर लगाते हैं। ” शिखर ने पुनः कहा। उत्तर में उसके माता- पिता ने सहमति दे दी। शिखर के इशारे पर उनकी बहन शिप्रा ने अपना पर्स खोलकर एक मखमली पोटली निकाली। उसमें से जड़ाऊ कंगन निकाल कर छोटे भाई की ओर बढ़ा दिए।
” शौर्य, यह कंगन आप अपनी होने वाली दुल्हन को पहना दीजिये ।” शिप्रा ने कहा।
क्या ! उसने हतप्रभ होकर शौर्य की ओर दृष्टि डाली। उसका विवाह उस अनजान युवक के साथ तय हुआ है, जिसे उसने एक बार दृष्टि उठाकर देखा तक नहीं ! शौर्य के चेहरे पर उत्साह के कोई भाव नहीं थे । वह अन्यमनस्क सा लगा। बहन के कहने पर उसने यन्त्रचलित सा होकर उर्वशी के हाथों में कंगन पहना दिए। अब उसका भाग्य एक ऐसे व्यक्ति के साथ जुड़ गया जिसके प्रति उसके मन में कोई भाव नहीं हैं। जिसे उसने नज़र भर कर देखा तक नहीं। वह उसे जानती नहीं, उसके स्वभाव, उसकी रुचि अरुचि, कुछ नहीं जानती। यह क्या हो गया ? उसे पूरा कमरा गोल गोल घूमता नज़र आया। वह अपना सिर थामकर रह गई। उमंग ने झट से उसे थाम लिया, और सब एकदम से चिंतित हो गए। मम्मी के कहने पर उमंग, उसे उसके कमरे में ले आया, और लिटा दिया। फिर उसे जल्दी से निम्बू पानी बनाकर दिया गया। शिकंजी पीकर वह थोड़ा चैतन्य हुई।
यह क्या हो गया ? मैंने यह कैसे सोच लिया कि शिखर स्वयम मुझसे विवाह करना चाहते हैं। उमंग ने बताया तो अवश्य होगा कि प्रस्ताव उनके छोटे भाई के लिए है। मैंने कुछ सुना ही नहीं, अपने ही विचारों और खोखली कल्पनाओं में गुम रही। मूर्ख … हद दर्जे की मूर्ख …. कोई सुनेगा , तो यही तो कहेगा मुझे। जागती आँखों से स्वप्न देखने की मेरी आदत आज मुझे एक बड़े द्वंद में डाल गई। उस व्यक्ति के साथ मैं जीवन कैसे बिता सकती हूँ जिसके लिए मन में कोई कोमल भाव ही नहीं। वह भी ऐसे घर में , जहाँ पहले से ही वह व्यक्ति रहता है, जिसके प्रति मैं मन में गहरे भाव रखती हूँ। उसके सगे भाई के साथ ? पर मैंने ही तो अभी इस सम्बंध के लिए स्वीकृति दी है। किसी ने कोई जोर जबरदस्ती तो की नहीं थी मेरे साथ। पापा ने भी कोई दबाव नहीं डाला, और उन्होंने भी नहीं।
मना करूँ तो क्या कहकर ? जब सब कारण पूछेंगे तो क्या जवाब दूँगी ? क्या सोचेंगे मेरे विषय में ? एक दृष्टि में शौर्य में कोई कमी नहीं, आकर्षक है, पर मेरे मन में अभी किसी भी व्यक्ति के लिए कोई जगह नहीं। शिखर ने ऐसा क्यों किया ? पर उन्होंने किया भी क्या है ? मुझसे ऐसा क्या कहा जो मैं उन्हें अपराधी ठहराऊं ? सारा अपराध मेरा है। मेरी ही सोच गलत थी इसलिए मैंने ही हर सही चीज़ को गलत नज़रिए से देखा। इसमें किसी और का दोष कहाँ ? अभी भी वक़्त है, मना कर सकती हूं। पर पहले स्वीकृति और फिर अस्वीकृति का कारण क्या दूँगी ? सोच सोच कर उसके सिर में दर्द होने लगा। वह स्वयम को ऐसे चक्रव्यूह में फंसा हुआ महसूस कर रही थी जिससे बाहर निकलने का रास्ता नहीं नज़र आ रहा था।
” आप कैसी हैं उर्वशी ? ” कदमों की आहट के साथ एक मुलायम स्वर उभरा। उसने स्वर की दिशा में देखा तो शिखर खड़े थे। वह पल भर को उन्हें देखती रही, फिर उसने नज़रें झुक लीं। उसने उठने का प्रयास किया तो उन्होंने मना कर दिया।
‘ इन्हें मैं कैसे मना कर सकती हूँ ? ‘उसने सोचा।
” कोई परेशानी है ?” उन्होंने पुनः पुछा।
” नहीं ” उसने इनकार में सिर हिला दिया। आँखें भर आयीं थीं।
” आई सी , शायद माता- पिता के छूटने के ख्याल से ही आपकी तबियत बिगड़ गई। फिक्र मत करिये, हम आपको थोड़ा समय अवश्य देंगे, शादी में अभी वक़्त है। “
” जी “
” शौर्य के साथ आप थोड़ी देर को कहीं जाना चाहेंगी ? कुछ बात करना हो तो ….”
” जी नहीं। “
” हम एक बात और कहना चाहते हैं। “
” जी “
” अब आपको अभिनय का मोह त्यागना होगा। राणा खानदान की बहू को यह सब करने की इजाज़त नहीं होगी। अब आपको यह ध्यान रखना होगा कि परिवार की प्रतिष्ठा पर कोई आँच न आने पाए। “
अब मुझे जीना भी छोड़ना होगा ? कैसे जियूँगी मैं ? अभिनय मेरे जीवन का पहला प्रेम है। अब मैं कुछ नहीं कर सकती। मेरे पँख कट गए। बस पिंजरे में बंद , पँख फड़फड़ा कर रह जाऊँगी।
” अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखियेगा , हम चलते हैं। पक्का आपको शौर्य से कोई बात नहीं करनी ?”
” नहीं । ” उसने आँखें बंद कर लीं। वह चले गए और वह जल बिन मीन सी तड़पती रह गई।

* * * * *

उनलोगों के विदा लेने के पश्चात उमंग सीधे उर्वशी के पास आया और चिंतित दृष्टि से उसे देखा
” तू ठीक तो है न ?”
” हाँ भाई, ठीक हूँ। ” उसने धीमे स्वर में उत्तर दिया।
” इतनी डल क्यों साउंड कर रही है ? क्या तुझे ये रिश्ता पसन्द नहीं ?”
” ऐसा कुछ नहीं भाई , उनमें पसन्द न आने जैसा है ही क्या ?”
” ह्म्म्म देखने में तो सब कुछ बहुत बढ़िया लग रहा है। कुछ ज्यादा ही चकाचौंध कर देने वाला। “
” वही तो । “
” पर एक बात समझ नहीं आयी, जब मम्मी तेरी शादी की बात करती थीं, तब तो तू भड़क जाती थी। बड़ी -बड़ी दलीलें देती थी, कि अभी शादी नहीं करना है। कुछ कर दिखाना है, आसमान में चमकना है। मैरिज तो तेरे एजेंडे में थी ही नहीं। फिर एकाएक इतनी आसानी से तू मान कैसे गई ?”

WhatsApp Image 2026-06-16 at 13.30.59 — Vcare Language Academy

Author

Leave a Comment