वहाँ कौन है? — भाग 51
वेलकार की आँखें कुछ क्षण तक लैवेरा पर टिकी रहीं। जैसे उसके सामने खड़ी लड़की को पहचानने में उसे कोई कठिनाई नहीं थी, कठिनाई केवल इस बात को समझने में थी कि वह उसे इतने दिनों से पहचान क्यों नहीं पा रहा था।
अचानक उसके चेहरे पर आश्चर्य उभरा, “लैवेरा… तुम?”
लैवेरा हल्के से मुस्कुराई,“हाँ, वेलकार। मैं ही हूँ।”
वेलकार ने जैसे पुराने दिनों को याद करते हुए सिर हिलाया,“तुम यहाँ हो और मैं तुम्हें पहचान तक नहीं पाया।” फिर अचानक उसके चेहरे की सहजता लौट आई। “लेकिन एक बात बताओ… नैव कहाँ है?”
नाम सुनते ही लैवेरा की मुस्कान बुझ गई।वह कुछ नहीं बोली।
वेलकार उसकी आँखों में देखता रहा। धीरे-धीरे उसके चेहरे पर आई प्रसन्नता भी गायब होने लगी, “लैवेरा?”
लैवेरा ने सिर झुका लिया,“वेलकार… तुम सही थे।”
वेलकार कुछ समझ नहीं पाया,“किस बारे में?”
“नैव के बारे में।”
कुछ क्षण तक वहाँ बिल्कुल सन्नाटा रहा।लैवेरा ने बहुत धीमी आवाज में कहा, “तुमने उसे पहली बार देखते ही पहचान लिया था। तुम्हें उस पर भरोसा नहीं था। तुमने मुझसे कहा भी था कि न जाने क्यों पर नैव तुम्हें ठीक नहीं लगता।”
वेलकार की आँखें सिकुड़ गईं, “लेकिन तुमने मेरी बात नहीं मानी थी तब, खूब नाराज भी हुई थीं तो मै भी चुप हो गया।”
लैवेरा ने सिर और झुका लिया।वेलकार उसकी चुप्पी समझ गया, “ क्योंकि तुम उसके प्रेम में थीं, है न ?”
लैवेरा की आँखें भर आईं,“हाँ।”
वेलकार ने मुँह फेर लिया।उसके भीतर कुछ बहुत पुराना और बहुत अपना जैसे अचानक टूटकर गिरा था। वह कभी लैवेरा से अपने मन की बात कह नहीं पाया था। शायद इसलिए कि वह जानता था, लैवेरा की खुशी उसके लिए अपने मन की इच्छा से कहीं अधिक महत्वपूर्ण थी।वह कुछ कदम दूर चला गया।तभी उसके भीतर कोई भूली हुई स्मृति कौंधी।
रंग…उत्सव…हँसती हुई भीड़..और लैवेरा…उसने रंगों से भरी थाली उसकी ओर उछाल दी थी।
वेलकार के चेहरे पर एक हल्की मुस्कान आई और उसी क्षण वह स्मृति फिर धुंधली हो गई, “उसके बाद…” उसने अपना माथा दबाया, “उसके बाद मुझे कुछ याद नहीं।…मुझे सिर्फ इतना याद है कि कुछ समय बाद पूरे द्युतिलोक में बेचैनी फैल गई थी। लोग कह रहे थे कि कुछ बहुत गलत हुआ है।”
उसने लैवेरा की ओर देखा।“एलवारा की चेतना का एक अंश गायब हो गया था।”
लैवेरा ने धीरे से सिर उठा लिया।वेलकार की आवाज अब गंभीर थी,“उस अंश के बिना क्या होता?”
लैवेरा ने कुछ पल उत्तर नहीं दिया। फिर बोली, “वह केवल एलवारा की शक्ति का एक छोटा-सा हिस्सा था लेकिन वही हिस्सा द्युतिलोक की जीव-स्मृति धाराओं को संतुलित रखता था।”
सभी ध्यान से उनकी बातें सुन रहे थे। लैवेरा ने आगे कहा, “हमारे यहाँ जीवन केवल शरीरों से नहीं चलता। द्युतिलोक की हर जीवित वस्तु—मनुष्य, वनस्पति, जलधाराएँ और यहाँ तक कि हमारे प्रकाश-पथ—एक सूक्ष्म चेतन प्रवाह से जुड़े हैं। एलवारा की चेतना उस प्रवाह को संतुलित करती है। उसका वह अंश गायब होने के बाद यह आशंका पैदा हुई कि यदि वह वापस नहीं आया तो धीरे-धीरे द्युतिलोक के कुछ हिस्सों में जीवन-स्मृति कमजोर पड़ने लगेगी।”
“यानी?” प्रभा ने पूछा।
“यानी कोई स्थान जीवित दिखाई देगा लेकिन उसके भीतर जीवन को बनाए रखने वाली चेतना धीरे-धीरे कम होती जाएगी। वृक्षों की वृद्धि रुक सकती है, जलधाराएँ अपना मार्ग भूल सकती हैं और प्रकाश-पथ अस्थिर हो सकते हैं।”
सुक्खी ने पहली बार मजाक किए बिना पूछा, “तो वह अंश अभी तक वापस नहीं आया?”
लैवेरा ने सिर हिला दिया,“नहीं और इस सबके पीछे वही था ‘ नैव ‘”
वेलकार ने गहरी साँस ली,“मुझे शक था।”
“तुम्हें मुझसे भी ज्यादा पता था,” लैवेरा बोली, “लेकिन मैंने तुम्हारी बात नहीं मानी।”
“तुमने मुझसे यह भी छिपाया कि वह द्युतिलोक का था ही नहीं।”
लैवेरा ने आँखें बंद कर लीं,“हाँ।”
“तो फिर वह आया कहाँ से था?”
“मुझे नहीं पता।”
“क्या मतलब?नहीं पता! ..तुम्हारा प्रेमी था वह! और तुम कह रही हो कि तुम्हें उसके बारे में पता ही नहीं!” वेलकार की आँखें जल उठी।
“वेलकार, सच में नहीं पता। जब वह पहली बार मेरे सामने आया था, वह घायल था। उसे अपना नाम तक ठीक से याद नहीं था। उसे यह भी नहीं मालूम था कि वह कहाँ से आया, किस लोक से आया और यहाँ तक कैसे पहुँचा।”
सबकी निगाहें अब लैवेरा पर थीं,“मैंने उसकी सहायता की। लेकिन जब मुझे लगा कि अगर द्युतिलोक के लोग उसके बारे में जान गए तो उसे स्वीकार नहीं करेंगे तब मैंने एलवारा से सहायता माँगी।”
“ क्या?…उसने मदद की? ऐसा तुमने उससे क्या कहा?”, वेलकार की आँखें हैरानी से फैल गई।
“मैंने कहा कि वह मेरा प्यार है। मैं उसकी हर बात की जिम्मेदारी लेती हूँ। मैंने एलवारा से उसका रूप बदलने के लिए कहा ताकि वह हमारे बीच का ही लगे।”
“और एलवारा ने मान लिया?”
“हाँ।”,लैवेरा के चेहरे पर क्षणभर एक पुरानी स्मृति तैर गई।, “एलवारा प्रेम को समझती है। उसके लिए यह मायने नहीं रखता था कि वह कहाँ से आया है। मैंने उससे कहा था कि अगर उसके कारण कोई समस्या हुई तो उसकी जिम्मेदारी मेरी होगी।”
वेलकार ने धीमे स्वर में पूछा, “और तुम्हें एक बार भी नहीं लगा कि तुम्हें पहले यह पता करना चाहिए कि वह है कौन?”
“नहीं।”
“क्यों?”
लैवेरा की आवाज टूट गई, “क्योंकि मैं उसे प्यार करती थी, विश्वास करती थी उस पर।”
वेलकार ने कुछ नहीं कहा। वह आँखें बन्द करके खड़ा रहा। कुछ देर बाद वह धीरे से बोला, “हमारे यहाँ किसी को झूठ बोलने की जरूरत ही नहीं पड़ती थी, लैवेरा।”
लैवेरा ने सिर उठाया।
“तुम जानती हो, एलवारा ने हमें क्या दिया था। हम अपने मन की बात छिपाकर जीना जानते ही नहीं थे। यहाँ का प्रकाश केवल बाहर नहीं है। वह हमारे भीतर के सत्य से भी जुड़ा है।”
उदय ध्यान से सुन रहा था। वेलकार आगे बोला, “हमारे लिए छल कोई सामान्य गलती नहीं थी। जब किसी के मन में कपट पैदा होता है तो उसका प्रभाव उसके आसपास के प्रकाश पर पड़ता है। जिस स्थान पर वह भाव जन्म लेता है, वहाँ का प्रकाश सबसे पहले मंद पड़ता है।”
सुक्खी ने समझ के भाव से पूछा, “इसलिए द्युतिलोक इतना चमकता है?”
“हाँ।”वेलकार ने उत्तर देने के बाद लैवेरा की ओर देखा।“और इसी कारण मुझे तुम्हारे घर के आसपास कुछ अजीब लगा था।”
लैवेरा का चेहरा सफेद पड़ गया।
“वहाँ प्रकाश बाकी जगहों की तुलना में थोड़ा कम था। मैंने देखा था… लेकिन मैंने सोचा कि शायद मेरा भ्रम है।”
वेलकार की आवाज में शिकायत नहीं थी। उससे कहीं ज्यादा गहरा था उसमें दुख, “मैंने तुम पर विश्वास किया था।”
लैवेरा की आँखों से आँसू गिर पड़े,“मुझे पता है।”
“नहीं,” वेलकार ने धीरे से कहा, “तुम्हें पता नहीं था। अगर पता होता तो तुम मुझे सच बता देतीं।”
वहाँ खड़े उदय, मायरा, प्रभा और सुक्खी एक-दूसरे की ओर देखते रहे। अभी तक वे एलवारा के रहस्य को केवल एक शक्ति के रहस्य के रूप में समझ रहे थे। अब उन्हें पहली बार लगा कि इसके पीछे केवल कोई खोई हुई ऊर्जा नहीं, बल्कि एक ऐसी घटना छिपी है जिसने पूरे द्युतिलोक के संतुलन को प्रभावित किया था।
प्रभा ने धीमे से पूछा, “तो एलवारा ने हमें इसलिए बुलाया था?”
लैवेरा ने उसकी ओर देखा,“क्योंकि उसे पता था कि वह अंश वापस लाना होगा।”
“और हमें वही खोजना है?” उदय ने पूछा।
लैवेरा ने उत्तर देने के बजाय वेलकार की ओर देखा।वेलकार भी अब जैसे किसी पुराने गणित को जोड़ रहा था। कुमार के रूप में अपने कार्य और बेलकार के कामों में एकरूपता खोजने का प्रयास कर रहा था। दोनों को एक साथ क्यों आना पड़ा जबकि वे अलग– अलग ग्रहों पर अलग – अलग रूप में जीवन जी रहे थे।
वेलकार ने दोनों हाथ कमर पर रखे और कुछ क्षण पीछे की ओर देखते हुए खड़ा रहा। फिर उसने आँखें बंद कर लीं।उसे अब बहुत कुछ याद आ रहा था।लेकिन एक बात अब भी उसके सामने अंधेरे में थी—नैव द्युतिलोक में आया कहाँ से था?
और सबसे बड़ा प्रश्न यह था कि अगर वह इस लोक का निवासी नहीं था, तो उसे एलवारा की चेतना के उस अंश के बारे में पता कैसे चला?
Megha
( आखिर बेलकार को याद क्यों नहीं कि क्या हुआ था? वे सब द्युतिलोक में एकत्र क्यों हुए थे? जानने के लिए पढ़ें अगला भाग, कमेंट्स में कंजूसी मत कीजिए वरना नैव आपके पास आकर आपका भी कुछ चुरा सकता है।😈)