राघवेंद्र सैनी का उपन्यास ‘भलोल’ – भाग -4

 

भलोल -4

मैं सुबह उठता, फ्रेश होने के बाद सैर के लिए निकल जाता। बाऊजी सुबह सैर करने कंपनीबाग जाया करते थे। वे ऊँची आवाज में भजन गाया करते थे.

‘उठ जाग मुसाफिर भोर भई अब रैन कहाँ जो सोवत है।’

बाऊजी भगवान कृष्ण जी के भक्त थे। मैं उनकी तरह गा नहीं सका। मैं वाशरूम में खड़ा उनकी उपस्थिति को महसूस करता रहा था। उन्हें याद करके मेरी आँखें नम थीं। मैं जल्दी से तैयार होकर कंपनीबाग के लिए निकला।

गली के मोड़ से मैं बाईं ओर जीटी रोड पर जाने के लिए मुड़ा। बाई तरफ सड़क के साथ-साथ खाली मैदान हुआ करता था जहाँ हम बचपन में खेला करते थे। अब वहाँ कोई मैदान नहीं है। सड़क के किनारे दुकानें बन गई थीं और उनके पीछे लोगों ने अपने घर बना लिए थे। मुंह-अंधरे कोई दुकान नहीं खुली थी। शुरू की दुकानों के सामने एक डेयरी हुआ करती थी जिसे हमारे दूर के रिश्तेदार की एक औरत चलाया करती थी। अब वहाँ कुछ नहीं है। वापसी पर दुकान पर कोई पुराना आदमी मिल गया तो जरूर पूछेंगा कि वह डेयरी कहाँ गई? और उस औरत का कुछ पता है? बहुत सालों तक बाऊजी मुझे दूध लाने भेजते रहे थे। मेरे भाइयों में से और कोई घर का काम नहीं करता था।

मैं जीटी रोड पर आ गया। शरीफपुरा गेट से मैं अपने स्कूल की ओर मुड़ा। शरीफपुरा गेट पर मुझे वह दुकान भी दिखाई दी जहाँ से खरीद कर बड़े भाई ने दो बार अफीम खाई थी। दुकान अब बंद थी। शायद लौटते समय खुली मिले।

मैं गेट से दाहिनी तरफ मुड़ा, मुड़ते ही मेरा स्कूल आता है। मेरे इस स्कूल के सामने पाथी ग्राऊंड शुरू हो जाता था जिसमें से गुजर कर 5वीं क्लास से लेकर 10वीं क्लास तक मैं रामबाग गवर्नमेंट हाईस्कूल में जाया करता था। पाथी ग्राऊंड में अब अमृतसर का अन्तर्राजीय बस अड्डा बन गया है। मैं जल्दी

से हुसैनपुरा चौक की तरफ बढ़ गया। दाहिनी तरफ से रानी बाजार और गोल मसीत के लिए भी रास्ते जाते हैं। हुसैनपुरा चौक से गोपालनगर और मजीठा

रोड के लिए बड़ा पुल बन गया है।

मैं पुल पर नहीं चढ़ा। कंपनी बाग के रेलवे फाटक तक जाने के लिए भी पुल के नीचे से रास्ता बना हुआ है। सड़क के किनारे भी मकान बने हुए थे। उन मकानों के पीछे पूरा हुसैनपुरा बसा हुआ है। यहीं कहीं सड़क के किनारे मेरे क्लासफेलो सुरिंदर सिंह का घर होता था। अब भी होना चाहिए। वह दसवीं तक मेरे साथ पढ़ा था। मुझे बाहर कोई दिखाई नहीं दिया था। आती बार पूछूंगा। वह भी मेरी तरह फौज में चला गया था। वह सिख रेजिमेंट में था। ट्रेनिंग के बाद जब वह पहली बार मुझे मिला तो मेरी तरह गुलाबी हिंदी बोलता था यानी आधी पंजाबी आधी हिंदी। अन्जान लोग सुन कर बहुत हँसते थे।

मैं कंपनीबाग का रेल फाटक पार करने के बाद बाईं तरफ से भी कंपनीबाग को रास्ता था। वह बंद हो गया था। मैं बच्चों के पार्क से कंपनीबाग में प्रविष्ट हुआ। दो चक्कर कंपनीबाग के लगाए। महाराजा रंजीत सिंह हाल पर पहुँचा तो उसके सामने की ग्राऊंड में अभी भी सत्संग हो रहा था। बहुत से बुजुर्ग बैठ कर सत्संग सुन रहे थे। बाऊजी यहीं पर सत्संग सुनने आया करते थे। कुछ देर के लिए पाँव वहाँ रुके। लगा, अभी भी बाऊजी वहाँ बैठे सत्संग सुन रहे हैं। मैं बहुत देर तक भ्रमित-सा वहाँ खड़ा रहा था। मैं सातवीं में पढ़ता था। तब भी यहाँ सत्संग हुआ करता था। अब मैं खुद बुजुर्ग हो गया हूँ। सत्संग अब भी हो रहा है। कुछ चीजों को समय भी नहीं बदल सकता।

बहुत देर बाद मुझे एहसास हुआ कि बाऊजी को चोला छोड़े जमाना गुजर गया है। उन्होंने तो हमें सब कुछ दिया था लेकिन लूटने वाले उनके चोला छोड़ने का इंतजार कर रहे थे। उनके जाने के बाद जीवन में जो बिखराव आया, उनके अंशों को समेटने में मुझे 55 साल लग गए।

वहाँ से मैं ठंडी खुई की ओर बढ़ा। उस खुई का ठंडा पानी पीने अमृतसर के ही नहीं बल्कि दूर-दूर से लोग आया करते थे। हम बच्चे थे, प्यास न होने पर भी पानी पीते थे। देखा, ठंडी खुई भी अब वहाँ नहीं है। मेरे परिवार की
तरह वह भी कहीं बिखर गई है। पानी की सेवा अब भी है लेकिन वहाँ पिलाने वाला कोई नहीं है। पियाऊ की तरह टूटियाँ लगी हुई हैं। अन्जान लोग वहीं से पानी पीते रहते हैं, बाकी सब अपने घरों से पानी लाते हैं। हाँ, उस जगह का नाम नहीं बदला है, वह आज भी ‘ठंडी खुई’ के नाम से मशहूर है।

मैं कंपनीबाग से घूम कर फिर पुल पर नहीं चढ़ा। मन में मोह था कि मैं सुरिंदर सिंह के बारे पूँछू । उसके घर के आसपास मैंने एक सरदार जी से पूछा। उसने कहा, “हाँ जी, दो घर छोड़कर तीसरा घर उन्हीं का है।”

मन में जबरदस्त खुशी हुई थी। मैं कोई 50 साल बाद उससे मिलूँगा। एक बार इत्तफाक से मैं दो महीने की छुट्टी पर आया हुआ था तो वह मिल गया था।

मैंने दरवाजा खटखटाया तो एक अनजान महिला ने दरवाजा खोला। मैंने ‘सत श्री अकाल’ की और सुरिंदर के बारे पूछा।

“हाँ जी, यह उन्हीं का घर है।”

‘आओ जी’ कह कर उन्होंने मुझे ड्राइंगरूम में ले जाकर बैठा दिया।

थोड़ी देर बाद सुरिंदर आया तो मैं उसे पहचान नहीं पाया। वह सफेद कुक्कड़ बना हुआ था। उसने भी मुझे कहाँ पहचाना था। जीवन में कितना बिखराव आया था, हम दोनों को सिर्फ अपना, अपना पता था।

हम दोनों एक-दूसरे को देखते रहे। आखिर उसी ने पूछा, “तुसीं कौन? मैं तुहानू पहचाना नहीं।”

“पहचानोगे कहाँ से? 50 साल बाद मिले हैं। सुरिंदर, मैं तुम्हारा क्लासफेलो हूँ, नरेंद्र। गवर्नमेंट हाई स्कूल रामबाग में साथ में पढ़ा करते थे। हम दोनों ही फौज में चले गए थे।”

“ओह, नरेंद्र! हम आपको ‘निन्दी’ कहा करते थे।”

सुरिंदर को सब याद आ गया था। फिर हम बहुत देर तक गले लगे रहे थे। हालचाल पूछने के बाद मैंने पूछा, “सुरिंदर, किस रैंक से रिटायर हुए हो?”

“सूबेदार मेजर! और तुसीं?”

“मुझे अपने ही विभाग में कमीशन मिल गई थी। मैं कर्नल बन कर रिटायर हुआ था।”

तब तक उनकी वाइफ चाय बना कर ले आई थी। जिसने दरवाजा खोला था, वह उसकी वाइफ ही थी। मैंने फिर से उन्हें ‘सत श्री अकाल’ किया। बहुत
देर तक बातें होती रहीं।

मैं घर के लिए निकला तो 8 बज चुके थे। जिन दुकानों से मैं डेयरी के बारे पूछना चाहता था, वे दुकाने अभी तक बंद थी। मैंने घर का दरवाजा खोला तो रंजना काम करने आ गई। मैं नहाने वाशरूम में घुसा। नहा कर बाहर निकला तो नाश्ता तैयार था। नाश्ता किया। रंजना से कहा, “आप साफ-सफाई कर लें, मैं लंच बाहर करूँगा। शाम तक आ जाऊगा। रात का खाना बना देना।”

एक घंटे में उसने पूरा घर चमका दिया था। यहाँ तक कि मेरा वाशरूम भी साफ कर दिया। रंजना ने मुझे कहा, “वाशरूम के लिए हारपिक चाहिए और ओडोनिल ले आइएगा।” मैंने ‘हामी’ भरी।

रंजना के जाने के बाद मैं तैयार हुआ और घर से बाहर निकल गया। घर से निकला तो डेयरी के सामने की एक दुकान पर मेरे पाँव रुक गए। एक बुजुर्ग सरदार कुर्सी पर बैठा पाठ कर रहा था। नौकर दुकान की सफाई कर रहा था। मैंने उन्हें ‘सत श्री अकाल’ किया और डेयरी के बार में पूछा।

“तुसीं डेयरी बारे कैसे जानते हो?”

सरदार जी ने मुझे उत्तर देने की बजाय सवाल पूछा। मैंने कहा, “मेरा बचपन इन्हीं गलियों में बीता है, सरदार साहब। परिवार के बिखराव के कारण सब बिखर गया था, मैं उस मकान को फिर से खरीद कर रहने लगा हूँ।”

“कौन सा मकान? गली नंबर 1 में?”

“जी सरदार साहब, गली नंबर 1 में मकान नंबर 2048”

“वह तो किसी फल बेचने वाले का मकान था?”

“जी, उससे पहले हमारा परिवार रहा करता था।”

“तो तुसीं कमेटी वाले बाऊजी दे मुंडे हो?”

“जी। तुसीं मेरे बाऊजी को जानते थे, सरदार साहब?”

“ज्यादा तो नहीं। जब वे रिटायर हो रहे थे तो मैं कमेटी की नौकरी में आया था। फिर बाद में उनके परिवार दे बरबाद होने की बातें सुनी थी। उन का एक मुंडा फौज में था। उसने परिवार नू संभालने की कोशिश की थी लेकिन बात नहीं बनी। जब सारे बईमान हों तो एक ईमानदार कुज नहीं कर सकदा।”

“सच है, बाऊजी का फौज वाला मुंडा मैं ही हूँ।”

“ओह, तुसीं किस्मत वाले हो जो उजड़े घर नू फिर बसा दित्ता। नहीं तो, घर को बियाबान जंगल बनते तो देखा है लेकिन हराभरा होते नहीं देखा।”
सरदार जी जाने कहाँ खो गए थे। वे भी शायद किसी बियाबान जंगल में खो गए थे। थोड़ी देर बाद बोले, “सामने कमला डेयरी थी। कमला दी मौत हो गई तो उनके बच्चे संभाल नहीं पाए। जगह कमेटी की थी, उन्होंने ले ली। अब मार्किट बन गई है।”

मैंने उनका नाम पूछा तो उन्होंने अपना नाम गुरमीत सिंह बताया। मैं वहाँ से शरीफपुरा गेट की ओर बढ़ा। जाना तो मुझे संगम, सूरज और चंदा थेटर से होते माना सिंह गेट, फिर कोतवाली जाना था लेकिन मैंने जी.टी. रोड पकड़ी। हुसैनपुरा चौक से मैं पुल पर चढ़ गया। वह पुल सीधा भंडारी ब्रिज से मिलता है। भंडारी ब्रिज को उच्चा पुल भी कहते हैं।

उच्चे पुल पर चढ़ते-चढ़ते मैं अपने बचपन में खो गया। तब मैं 7वीं में पढ़ता था। कमीज, नेकर पहने। पाँव में कैंची चप्पल पहनी थी। बगल में दरियाँ दबाए माडल टाऊन मौसी जी को देने जा रहा था। अपनी ही धुन में उस समय का मशहूर पंजाबी गाना गुनगुनाता चला जा रहा थाः-

“बत्ती बाल के बनेरे उत्ते रखनी आं

अग्गे लंग न जाए चन मेरा”

गीत का भाव यह था कि लालटेन जलाकर मैं बाहर रख देती हूँ कि अंधेरे में उस का प्रेमी कहीं आगे न निकल जाए।

मस्ती इतनी थी कि आसपास क्या हो रहा है, पता ही नहीं था। तभी मेरे पास आकर एक साइकिल वाला रुका। कहा, “काम करोगे?”

मैं अपनी धुन में था। मैंने पूछ लिया, “कैसा काम?”

“वही घर का काम, मुंडू वाला।”

मैंने उसे कहा, “मैं 7वीं में पढ़ता हूँ।”

कह कर मैं आगे बढ़ गया था। उसने मुझे किसी घर का नौकर समझ लिया था कि दरियाँ बगल में उठाए कहीं देने जा रहा हूँ।

मेरा पीछा नहीं छोड़ा। कहा, “अच्छा खाना मिलेगा, बहुत पैसा मिलेगा। रहने की जगह मिलेगी। तुम यह मुंडू का काम कर लो।”

जब मैंने सख्ती से कहा कि मुझे मुंडू नहीं बनना है, मैं 7वीं में पढ़ता हूँ, तब उसने मेरा पीछा छोड़ा था। मन बहुत दुखी हुआ था। मौसी जी के घर जाकर मैंने शीशे में देखा था। बिना प्रेस के पहनी कमीज और नेकर। बिना कंघी के बेतरतीब बाल। मैं किसी मुंडू से भी गया-गुजरा लग रहा था। उससे पहले भी एक घटना हुई थी। तब में 5वीं क्लास में पढता था। मेरे मझले मामा की शादी थी। हम सब भाइयों को नेवी ब्लयू रंग की कमीजें और नेकरें सिला दी थी। सभी रिश्तेदार हमें गड्डियों के चुडे कहने लगे थे। उस समय क्या, शायद आज भी रेलगाडी के सफाई कर्मचारियों की ऐसी ही ड्रेस है। दूसरे उपनामों के साथ मेरा ‘मंडू’ नाम भी मशहूर हो गया था। बाऊजी ने सख्ती से मना किया तो सब रुके। उसी रोज बाऊजी ने मुझे करमो ड्योढ़ी की मार्किट से दो पैंटें और कमीजें लेकर दी। जब सिल कर मैंने पहनी तो बाऊजी की तरह जेंटलमैन बन गया था। बार-बार शीशे में देखता। बाल देव आनन्द की तरह बनाने लगा था। जब अच्छे कपड़े पहन गलियों में घूमता तो सभी हैरान होकर कहते कि यह वही निन्दी है जो अंडरवियर-बनियान में घूमा करता था। अंडरवियर भी ढिलकता रहता। एक हाथ से अंडरवियर पकड़ा होता था, दूसरे हाथ से पतंगें लूटने के लिए भागता था। सुंदर तो मैं था ही।

लेखक -राघविंद्र सैनी

क्रमशः

WhatsApp Image 2026-06-14 at 20.06.06 — Vcare Language Academy

Author

Leave a Comment