तुम्हारे लिए
************
भाग सत्रह
***********
शाम को चाय पर रखा गया था मिलने मिलाने का प्रोग्राम।वो लोग पहले चाहते थे कि उनके मिलने वालों के
घर में रखा जाए यह प्रोग्राम तो मजिस्ट्रेट साहब ने कहा…
” जब जयपुर में हमारा घर मौजूद है तो आप लोग
ही आइये न यहां, हम लड़के वाले हैं,आप लड़की वाले यह
सब रहने दीजिए,बात तो लड़के और लड़की को एक दूसरे
को पसन्द करने की है,तो वो सब तो यहां हो जाने दीजिए।इसके बाद ही हम बनेंगे लड़का या लड़की वाले,फिर आप
लोग जैसा चाहें और जहां भी बुलायें…”
उसके बाद तो वो लोग कुछ नहीं कह सके,उन्हें
भी मजिस्ट्रेट साहब का प्रस्ताव उन्हें मानना ही पड़ा।
प्रभा जी ने खाने पीने और दूसरा हर इंतजाम बहुत अच्छे से कर दिया था,मेघा भी आज जयपुर अकेली आई
थी टैक्सी ले कर , साना को एक दिन मेड के हवाले छोड़
कर , इसलिए वो भी आज कुछ ज्यादा ही चहक रही थी।
उसने अपनी तरफ से सब जमा दिया था,चाय पान के बाद ऊपर टेरेस पर इंतजाम कर दिया गया था , तन्मय और
अर्चना की मुलाकात के लिए। सब कुछ एकदम पिक्चर परफैक्ट था। अब बस उन लोगों के आने का इंतजार था ,
और वो लोग आये भी, एकदम सही समय पर,यानि दोपहर साढ़े तीन बजे।
शुरूआत में ही बहुत ही सुलझे हुए लोग लगे थे मजिस्ट्रेट साहब को,आमद,बोलचाल,लहजा पहनावा हर
तरह से ,लड़की को भी उन्होंने आते ही एक नज़र देख लिया था,उनकी तरफ से तो सब कुछ ओ.के. था,और उन्होंने तो सोच ही लिया था, अगर लड़का भी अब आर. ए. एस. बन जाता है तो समझो हर बात खत्म ,जो कुछ भी उन्होंने चाहा
था तन्मर को ले कर, सब कुछ मिल गया।
पहली नज़र में तो तन्मय को भी अर्चना सही लग रही
थी पर उसे वो कुछ अधिक ही गंभीर और शान्त प्रवृति की
लग रही थी या फिर शायद यह माहौल ही ऐसा था कि उसे ऐसा ही दिखना था,हंसना मुस्कुराना सब नापतौल कर कर
रही थी और जो भी पूछा गया उसका जवाब भी कम से कम
शब्दों में आ रहा था। थोड़ी देर में आरंभिक तनाव और औप चारिकता सब जाती रही,सब बातचीत में लग गये और उन दोनो को मेघा टैरेस तक छोड़ आई जहां कॉफी का इंतजाम था…” कुछ भी पूछ लीजिए ,जओ कुछ भी आपको मेरे बारे
में जानना हो वो सब..” तन्मय ने तुरंत ही अर्चना को रिलेक्स करने की गरज से कहा,पर उसके बाद जो हुआ उसे अप्रत्या शित ही कहा जायेगा….”देखिए मुझे आपसे कुछ भी नहीं पूछना बल्कि बताना है ,मैं दरअसल किसी और को पसन्द करती हूं , वो भी वहीं का है पर जॉब जयपुर में ही है ,पर
अभी तक मैं यह बात घर में कन्वे नहीं कर पाई हूं.,आपका रिश्ता ही इतना अच्छा था कि मुझे यहां आना ही पड़ा ,और फिर सुहास तो विजातिय है, हमसे कहीं नीचे ,पापा से कहने की हिम्मत ही नहीं हुई ,अब आपसे गुजारिश है कि आप ही मना कर दीजिए, यही एक रास्ता सूझा है मुझे…उम्मीद है
आप मेरी स्थिति समझ कर इनकार नहीं करेंगे..”
तन्मय तो खुद कुछ ऐसा ही चाह रहा था,पर आज
उसे इस तरह की किसी बात की उम्मीद नहीं थी ,जो कुछ
भी हो रहा था , सब आउट ऑफ सिलेबस था…” हां , ठीक
है ,अब आपने जो कुछ बताया है ,उसके बाद तो और कुछ
हो भी नहीं सकता,बट टेक इट ईजी ,आप.कॉफी पीजिए आराम से..”
” आपको इस तरह मेरा सब साफ साफ कह देना , आपको बुरा तो जरूर लगा होगा..”
अब इस बात का जवाब तो क्या ही देता तन्मय ,बुरा
तो क्या लगता पर उसे इस बार अचंभा जरूर हुआ अपनी
इस स्थिति पर ,पहले तो नहीं ,पर अब जरूर उसकी जिंदगी एक सच्ची कहानी में तब्दील हुई जा रही थी .. ” अरे नहीं , आप परेशान मत होइये,इसमें बुरा लगने.की जैसी तो कोई
बात ही नहीं है।आपकी जिंदगी का सवाल है यह,और अगर सच में एक मन पसन्द आदमी मिल जाए तो फिर कहना ही क्या, मैं सब संभाल लूंगा ,चलिए हम अब नीचे चलते हैं..”
जितने निर्विकार भाव से तन्मय ने अपनी बात कही
थी उससे तो अर्चना भी विस्मित रह गयी थी ,उसकी आंखों
में तन्मय के लिए एक.कृतज्ञता का भाव जागृत हो आया था।
उसके बाद दोनो फिर नीचे आ गये थे ,जहां दोनो ही परिवार काभी गर्म जोशी से अभी तक चर्चा में मशगूल थे।
उनके लिए तो जैसे यह रिश्ता हो ही चुका था। दोनो को नीचे आया देख कर सब उत्सुकता से उन्हीं की तरफ देखने लगे थे।
” आप मना कर दीजिए उन लोगों को, मुझे नहीं करनी
है उस लड़की से शादी…” तन्मय ने तो जैसे किसी और का तैयार किया हुआ जवाब पढ़ दिया था।
वो लोग तो पहले ही चले गये थे ,और अंत में यही तय हुआ कि दोनो पक्ष लड़के लड़की से बातचीत करके, एकाध दिन में आपस में आगे की बात तय करेंगे।
मजिस्ट्रेट साहब ने तो उन लोगों को विदा कर के चैन की एक गहरी सांस ली थी।वो तो हर तरह से आश्वस्त थे, उन्हें तो अब किसी किस्म का शक शुबहा ही नहीं था इस रिश्ते के हो जाने का,उन्हें तो लग रहा था इतना बड़ा काम एक दफ़ह में
ही निपट गया था ,और खुश तो प्रभा जी भी थीं, लड़की थी
ही ऐसी ,हर तरह से तन्मय के काबिल और मेघा तो पहले ही सब कुछ सोच समझ कर अर्चना का रिश्ता यहां लाई थी पर जैसे ही तन्मय से यह पूछा गया,उसने एकदम स्पष्ट शब्दों में इन्कार कर दिया था और ड्राईंग रूम में उसके जवाब से एक सन्नाटा सा छा गया था।एक क्षण के लिए तो किसी को समझ ही नहीं आया कि क्या वास्तव में उन लोगों ने वही सुना है ,जो तन्मय ने कहा है….
” और इस इन्कार की वज़ह क्या है, अब हमें यह भी बता दो…” मजिस्ट्रेट साहब के मन में पिछले चन्द दिनों की उपजी मुलामियत जैसे एक ही क्षण में भाप बन कर उड़ गयी थी,और उन्होंने तमक कर अपना सवाल दाग दिया था।
” अब इस बात का क्या फायदा, मैंने कह तो दिया आप से ,मुझे नहीं करनी है इस लड़की से शादी,दीदी ने भी तो यही कहा था कि इस बारे में जो मेरा फैसला होगा वही फाइनल होगा,अब प्लीज कोई और सवाल नहीं इस बात को ले कर..”
” हां ,कहा था ,मैंने बिल्कुल कहा था… पर तन्मू कुछ कॉमन सैंस भी होता है , कुछ भी तो ऐसा नहीं लग रहा जिस
के बेस पर यह मान लिया जाए कि यह लड़की रिजेक्ट की जानी चाहिए, माने कुछ तो ऐसा हो….”
“रहने दो मेघ ,इसको क्या पता है कॉमनसेंस के बारे में,इसे तो हमेशा पहले गलती कर के बाद में उस गलती को सही करते रहना आता है,सही वक्त पर सही फैसला लेना
इसे अभी तक आता ही कहां है…”
प्रभा जी ,अपने पति के मुंह से इस बात को सुनते
ही एकदम उखड़ गयी थी..” एक मिनिट आप जरा चुप रहिए तन्मू ऐसा बिल्कुल नहीं है कि जो बिना बात एक अच्छी भली लड़की को इसतरह बेवजह रिजेक्ट कर दे,जरूर कोई तो बात है ,तन्मू तुझे मेरी कसम सच सच बता , क्या हुआ है बेटे , मेघा को भी तो कुछ तो कहना पड़ेगा ,आखिर उन लोगों से रोज
का संपर्क है उसका उन लोगों से….”
तन्मय अब विवश हो गया था ,क्योंकि उसकी दीदी भी उसी की तरफ सवालिया निगाहों से देखे जा रही थी…
” मम्मी , वो खुद ही नहीं चाहती मुझसे शादी करना ,वो किसी और को पसन्द करती है ,उसने खुद यह बात कही है मुझसे कि मैं अपनी तरफ से इस प्रपोजल को इनकार कर दूं “
” कुछ भी ,अगर ऐसा ही कुछ होता तो वो यहां आती
ही क्यूं ,मुझे तो लगता है यह अपना दोष..” अपने पापा के तमतमाते गुस्से से भरे इस वाक्य को एक तरफ करते हुए, मेघाने हस्तक्षेप किया था अब , ” तन्मू ,पहले तू मुझे पूरी
बात बता ,तुझसे क्या कहा है अर्चना ने….”
” दीदी ,बात यह है कि वो लड़का वहीं बनस्थली का रहने वाला है ,और यहीं जयपुर में जॉब है उसकी , दिक्कत
यह है कि वो लड़का विजातीय है और शायद निम्न जाति का
है इसी वजह से वो घर पर अभी तक भी कुछ कह नहीं पाई
है और इसी बीच हमारा रिश्ता पहुंच जाने से उसे यहां आना पड़ा है और उसे कुछ और समय मिल जाए,इसलिए उसने मुझसे कहा है इन्कार कर देने को…”
“ओह.! यह बात है ,फिर तो हम कर ही क्या सकते हैं …लड़की जो भी चाहती है,वही बात ही सही है ,अब वो
जाने उसके घर वाले जाने.,हमें इस झमेले से क्या,ठीक है,
अब पापा आपको कुछ भी नहीं करना ,मैं खुद अपने तरीके
से हैंडल कर लूंगी इस सिच्युएशन को….”
” पर दीदी ,वो लड़की शायद यह नहीं चाहती कि हम उसकी बात को बाहर लाएं….”
“और तू इसी वजह से सब अपने ऊपर ले रहा था , पापा की जली कटी बातें सुन रहा था..ठीक है मैं देख लूंगी जैसा करना होगा…तेरा रोल खत्म हुआ…”
मेघा की आंखों में अब अपने भाई की हिमायत
अब साफ दीख पड़ रही थी और यह बात अब यहीं समाप्त
हो गयी थी।
*****************************
(शेष आगे )
अजय कुमार